Friday, 18 April 2025

आजमगढ़ पीसीएस की तैयारी व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मेडल जीतना महिला सिपाही का लक्ष्य परिवार का भरोसा व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के प्रोत्साहन व सहयोग से मिली सफलता, शिरीना बानो


 आजमगढ़ पीसीएस की तैयारी व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मेडल जीतना महिला सिपाही का लक्ष्य



परिवार का भरोसा व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के प्रोत्साहन व सहयोग से मिली सफलता,  शिरीना बानो



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हेमराज मीना द्वारा बुधवार को 24वीं प्री यूपी स्टेट शूटिंग प्रतियोगिता में 10 मीटर एयर पिस्टल के महिला वर्ग के प्रतियोगिता में स्टेट स्तर पर कांस्य पदक जीतने वाली महिला आरक्षी शिरीना बानो को सम्मानित करने के साथ-साथ प्रोत्साहन भी दिया। इस मौके पर एसएसपी ने विजयी खिलाड़ी को उज्ज्वल भविष्य के कामना के साथ आगे और भी पदक लाने की बात कही। 


इस विषय में आरक्षी शिरीना बानो ने बताया कि यह पदक माता-पिता व परिवार के भरोसे व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के प्रोत्साहन व सहयोग से जीतने में सफल रही। सिपाही शिरीना ने बताया कि इस समय मैं आजमगढ़ पुलिस अधीक्षक कार्यालय में तैनात हूं। मूल रूप से प्रतापगढ़ जिले के कुण्डा तहसील क्षेत्र के डेरवा गांव के सामान्य मुस्लिम परिवार में पैदा शिरीना छ: भाई बहनों में दो भाई व दो बहन से छोटी सिपाही शिरीना ने बताया कि उसकी चार बहनों में से तीन बहनें स्रातक तक की पढ़ाई की हैं। बात-चीत में शिरीना ने कहा कि समाज में लड़कियों को लेकर अभी भी कुछ विसंगतियां हैं लेकिन अभी भी सामान्य मुस्लिम परिवार में पैदा होने के बाद भी माता-पिता व परिवार के भरोसे के कारण ही यहां तक पहुंच पाई हूं। पिता मो0 नईन व माता के सकारात्मक सहयोग को अपनी सफलता का सबसे बड़ी कुंजी बताया।


 सिपाही शिरीना बानो ने कहा कि मेरी सफलता में माता-पिता व हमारे अधिकारियों के साथ पीएस शूटिंग अकादमी के कोच रितीक सिंह का काफी सहयोग है। ड्यूटी के बीच पढ़ाई और शूटिंग के सामंजस्य के बारें में शिरीना बानो ने कहा कि अगर समय सारिणी निर्धारण कर कार्य किया जाए तो ड्यूटी, पढ़ाई व शूटिंग तीनों के बीच सामंजस्य बिठाया जा सकता है। 


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ हेमराज मीना के साथ महिला आरक्षी शिरीना बानो


शिरीना ने बताया कि उनका सपना है कि पीसीएस की परीक्षा उत्तीर्ण कर व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर देश व परिजनों के साथ विभाग का नाम रोशन करें। शिरीना बानो ने अपने गांव देहात के साथ परिवार की पहली सरकारी नौकरी करने वाली सदस्य बनकर यह भी संदेश दिया कि अगर माता-पिता व परिजनों का सहयोग मिले तो उसके समाज की लड़कियां भी नौकरी के साथ-साथ देश व समाज का नाम रोशन कर सकतीं हैं।

Thursday, 17 April 2025

आजमगढ़ अतरौलिया बहू ने 10 वर्ष पुराने आशिक को बुलाया ससुराल रंगेहाथ पकड़े जाने पर पुलिस और गांव वालों की सहमति से मंदिर में करायी गयी अनोखी शादी


 आजमगढ़ अतरौलिया बहू ने 10 वर्ष पुराने आशिक को बुलाया ससुराल



रंगेहाथ पकड़े जाने पर पुलिस और गांव वालों की सहमति से मंदिर में करायी गयी अनोखी शादी



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के अतरौलिया क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार को एक बेहद ही चौंकाने वाला मामला सामने आया। एक विवाहित महिला ने अपने प्रेमी को अपनी ससुराल बुलाया, जब महिला के ससुर और अन्य परिवार के लोग गेहूं काट के घर लौटे, तो उन्होंने अपनी बहू और उसके आशिक को घर में एक साथ देखा। इसके बाद ससुर ने तुरंत गांववालों और पुलिस को सूचना दे दी।


मौके पर पुलिस पहुंची और दोनों को हिरासत में लेकर गांववालों से पूछताछ की। फिर पुलिस और गांव वालों की आपसी सहमति से मामला शांत कराने की कोशिश की गई लेकिन बात नहीं बनी। गांववालों और पुलिस के सहमति से दोनों की शादी का फैसला लिया गया और शाम होते-होते दोनों को स्थानीय सम्मो माता मंदिर में एक-दूसरे से शादी के बंधन में बांध दिया गया।


 मामला स्थानीय थाना क्षेत्र के चत्तुरपुर मधई पट्टी गांव का है, जहां गांव निवासी अमित कुमार पुत्र चंद्रिका प्रसाद की शादी अभी 6 माह पूर्व ही 2024 में अंबेडकर नगर जनपद के जैतपुर थाना अंतर्गत प्रतापपुर कला गांव निवासी शिवपाल निषाद की पुत्री मंजू के साथ हुई थी। कुछ दिन पहले ही पति अमित कुमार के चाचा का देहांत हो गया तो इसी बीच बहू भी अपनी ससुराल चत्तुरपुर मधईपट्टी आई थी। सुनसान मौका देख बहु मंजू ने अपने 10 वर्ष पुराने आशिक संजय निषाद पुत्र रामानंद जो इसके मायके का ही रहने वाला था उसे अपने घर बुला लिया। गेहूं की कटाई कर परिजन जब घर वापस आए तो दोनों को रंगे हाथ पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दे दी। 


मंजू और उसके आशिक संजय ने बताया कि दोनों पिछले 10 वर्षों से हमेशा एक-दूसरे से संपर्क में थे, और अब उन्होंने एक साथ अपना नया जीवन शुरू करने का निर्णय भी ले लिया था। पुलिस ने दोनों पक्षों को काफी समझाया और फिर सभी पक्षों की सहमति से मंदिर में उनकी शादी करवा दी गयी।

आजमगढ़ कार से खतरनाक स्टंट कर रहे युवकों का वीडियो वायरल 4 कार में से 2 का पुलिस ने लगाया पता, 2 की तलाश जारी


 आजमगढ़ कार से खतरनाक स्टंट कर रहे युवकों का वीडियो वायरल



4 कार में से 2 का पुलिस ने लगाया पता, 2 की तलाश जारी



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में खतरनाक स्टंटबाजी का मामला सामने आया है। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे और एक कस्बे में तेज रफ्तार कार में सवार युवकों का स्टंट करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ युवक कार की खिड़कियों से बाहर लटककर और हाथ लहराकर खतरनाक तरीके से स्टंट करते नजर आ रहे हैं। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने इसे संज्ञान में लिया है। पुलिस युवकी की तलाश कर रही है। चार कार में से दो का पुलिस ने पता लगा लिया है। दो की तलाश जारी है।


 वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक सफेद और कई काली रंग की कार तेज गति से पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर फरार्टा भर रही है। कार की खिड़कियों से युवक बाहर निकलकर बैठे हैं, जबकि एक अन्य युवक कार की छत पर बैठकर हुड़दंग मचा रहा है। कार चालक भी तेज गति से गाड़ी को खतरनाक तरीके से चला रहा है, जिससे अन्य वाहन चालकों को परेशानी हो रही थी। पीछे से आ रहे उनके साथी की ओर से इसका रील बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया। जिसके बाद यह तेजी से वायरल हो गया। 


वीडियो के वायरल होने के बाद एसपी यातायात विवेक त्रिपाठी ने त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने वीडियो में दिख रही कार के नंबर के आधार पर वाहन को ट्रेस करना शुरू कर दिया। चार कार में दो कार को ट्रेस कर लिया गया है। बाकी की तलाश जारी है। सोशल मीडिया पर एक व्यक्ति की ओर से वीडियो डाला गया है। उनमे तीन चार वीडियो पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की है। एक जनपद के किसी कस्बे का वीडियो है। दो वाहनों की पहचान हो चुकी है। एक इस जनपद का पंजीकरण है। दूसरा अन्य जनपद का पंजीकरण है।


इस मामले में कार्रवाई करने के लिए यातायात उपनिरीक्षक को सौंपा गया है। सभी वाहनों की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। इस प्रदर्शन में शामिल वाहनों पर भारी जुमार्ना लगाया जाएगा। काफिला बनाकर स्टंट करने के संबंध में मुकदमा पंजीकृत कराया जाएगा।- विवेक त्रिपाठी, एसपी यातायात आजमगढ़

आजमगढ़ शहर कोतवाली/मुबारकपुर प्रेम ने तोड़ी धर्म की दीवार, मुस्लिम युवती ने हिंदू प्रेमी संग रचाई शादी राजा बाबू को वरमाला पहनाकर सदमा नूरी बनी रानी


 आजमगढ़ शहर कोतवाली/मुबारकपुर प्रेम ने तोड़ी धर्म की दीवार, मुस्लिम युवती ने हिंदू प्रेमी संग रचाई शादी




राजा बाबू को वरमाला पहनाकर  सदमा नूरी बनी रानी



उत्तर प्रदेश, आजमगढ़ प्यार में न मजहब की दीवारें टिकती हैं, न सामाजिक बंधन। ऐसा ही एक नजारा आजमगढ़ में देखने को मिला, जहां मुस्लिम युवती सदमा नूरी ने अपने हिंदू प्रेमी राजा बाबू प्रजापति के साथ सात फेरे लेकर नई जिंदगी की शुरुआत की। शादी के बाद सदमा ने अपना नाम बदलकर रानी रख लिया। यह विवाह शहर के पुरानी कोतवाली स्थित शिव मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुआ, जिसमें विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के सदस्यों ने साक्षी की भूमिका निभाई और नवदंपति को सुखी दांपत्य जीवन का आशीर्वाद दिया।


मुबारकपुर थाना क्षेत्र के निवासी राजा बाबू और सदमा नूरी का प्रेम फरवरी 2025 में परवान चढ़ा। तीन महीने के प्रेम के बाद दोनों ने शादी का फैसला लिया, लेकिन धर्म आड़े आ गया। राजा बाबू, जो विहिप के कार्यकर्ता हैं, ने अपने संगठन से मदद मांगी। गुरुवार को पहले कोर्ट मैरिज हुई और फिर शिव मंदिर में वैदिक रीति-रिवाज से शादी संपन्न हुई। राजा बाबू ने रानी की मांग में सिंदूर भरा, दोनों ने अग्नि को साक्षी मानकर सात फेरे लिए और एक-दूसरे को जयमाला पहनाई।


शादी में राजा बाबू के परिजन मौजूद थे, लेकिन रानी के परिवार वाले शामिल नहीं हुए। नवदंपति शादी के बाद बेहद खुश नजर आए। विहिप के प्रांत संयोजक (गोरखपुर क्षेत्र) गौरव रघुवंशी ने बताया, "राजा बाबू हमारे कार्यकर्ता हैं। उन्होंने सदमा से प्रेम और शादी की इच्छा जताई थी। धर्म की अड़चन को दूर कर आज कोर्ट और मंदिर में उनकी शादी संपन्न हुई।"

आजमगढ़ बूढनपुर 10 हजार घूस लेते तहसीलदार के पेशकार को एंटी करप्शन ने दबोचा किसी कार्य के एवज में 50 हजार की मांगी थी रिश्वत


 आजमगढ़ बूढनपुर 10 हजार घूस लेते तहसीलदार के पेशकार को एंटी करप्शन ने दबोचा



किसी कार्य के एवज में 50 हजार की मांगी थी रिश्वत



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के बूढनपुर तहसील में एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तहसीलदार के पेशकार राजवंश उर्फ चंदन बाबू को ₹10,000 की घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई कप्तानगंज थाने के अंतर्गत की गई, जहां मामले की जांच और कार्यवाही जारी है।


जानकारी के अनुसार, चंदन बाबू ने पीड़ित से किसी कार्य के एवज में ₹50,000 की रिश्वत मांगी थी। पीड़ित ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन टीम से की, जिसके बाद टीम ने जाल बिछाकर चंदन बाबू को ₹10,000 की घूस लेते मौके पर दबोच लिया। इस मामले में तहसीलदार और उनके स्टेनो राजबहादुर का नाम भी सामने आया है, जिनके खिलाफ जांच चल रही है।


एंटी करप्शन टीम के अधिकारियों ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच की गई और आरोप सही पाए जाने पर यह कार्रवाई की गई। चंदन बाबू को गिरफ्तार कर कंधरापुर थाने में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस और विजिलेंस टीम अन्य संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। इस घटना से तहसील कार्यालय में हड़कंप मच गया है, और कर्मचारियों में खलबली का माहौल है। स्थानीय लोगों ने इस कार्रवाई की सराहना करते हुए भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग की है।

Wednesday, 16 April 2025

आजमगढ़ तहबरपुर पुलिस मुठभेड़, कुख्यात गो-तस्कर रोहित यादव को लगी गोली; 20 प्रतिबंधित पशु बरामद अभियुक्त के खिलाफ आजमगढ़ सहित 7 जिलों में हत्या के प्रयास सहित अन्य मामलों में दर्ज हैं कुल 13 मुकदमे


 आजमगढ़ तहबरपुर पुलिस मुठभेड़, कुख्यात गो-तस्कर रोहित यादव को लगी गोली; 20 प्रतिबंधित पशु बरामद



अभियुक्त के खिलाफ आजमगढ़ सहित 7 जिलों में हत्या के प्रयास सहित अन्य मामलों में दर्ज हैं कुल 13 मुकदमे



उत्तर प्रदेश, आजमगढ़ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हेमराज मीना के निर्देशन में अपराध और अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना तहबरपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 15 अप्रैल 2025 को एक पुलिस मुठभेड़ में कुख्यात अंतरजनपदीय गो-तस्कर रोहित यादव को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई में 20 प्रतिबंधित पशुओं को ट्रक से बरामद किया गया, साथ ही अभियुक्त के कब्जे से अवैध असलहा और कारतूस भी जब्त किए गए।


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हेमराज मीना ने बताया कि 15 अप्रैल 2025 को तहबरपुर थाना प्रभारी निरीक्षक सुदेश कुमार सिंह को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर एक ट्रक में प्रतिबंधित पशु लादकर ले जाए जा रहे हैं। पुलिस ने चेकिंग के दौरान ट्रक को रोका, लेकिन चालक रोहित यादव और उसका साथी अबिद मौके से फरार हो गए। ट्रक से 20 प्रतिबंधित पशु बरामद किए गए, जिसके आधार पर थाना तहबरपुर में गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 के तहत मामला दर्ज किया गया।


15 अप्रैल 2025 की रात 21:30 बजे, पुलिस को सूचना मिली कि रोहित यादव और उसका साथी ग्राम करियावर के पास एक खंडहर में छिपे हैं। पुलिस ने जब वहां घेराबंदी की, तो रोहित ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसका गोली प्रभारी निरीक्षक के दाहिने कान के पास से निकल गई। आत्मरक्षा में पुलिस ने नियंत्रित फायरिंग की, जिसमें रोहित के दाहिने पैर में गोली लगी। उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तहबरपुर में भर्ती कराया गया। उसका साथी अबिद अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। रोहित के कब्जे से एक देशी तमंचा (315 बोर), एक खोखा कारतूस और एक मिस कारतूस बरामद हुआ। इस मुठभेड़ के आधार पर थाना तहबरपुर में सुसंगत धाराओं मे मामला दर्ज किया गया।


पुलिस के मुताबिक रोहित यादव (उम्र 26 वर्ष), निवासी ग्राम कोहड़ा, थाना शाहगंज, जौनपुर, एक कुख्यात गो-तस्कर है। उसके खिलाफ आजमगढ़, जौनपुर, गोरखपुर, फतेहपुर, प्रयागराज, अमेठी और उन्नाव में गोवध, गैंगस्टर एक्ट, हत्या का प्रयास, और अन्य धाराओं में 13 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पूछताछ में उसने बताया कि वह राजस्थान से पशु खरीदकर बिहार के सिवान जिले में व्यापारियों को बेचता था। एसएसपी हेमराज मीना ने इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। फरार अभियुक्त अबिद की तलाश के लिए पुलिस टीमें गठित की गई हैं।

आजमगढ़ हाईकोर्ट के आदेश पर बिलरियागंज थाना भवन निर्माण कार्य रोका जिलाधिकारी ने थाने के लिए आवंटित भूमि को किया निरस्त


 आजमगढ़ हाईकोर्ट के आदेश पर बिलरियागंज थाना भवन निर्माण कार्य रोका



जिलाधिकारी ने थाने के लिए आवंटित भूमि को किया निरस्त



उत्तर प्रदेश, आजमगढ़ हाईकोर्ट के निर्देश पर बिलरियागंज थाना भवन का निर्माण कार्य तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया है। कोर्ट ने इस मामले में अधिकारियों को उपस्थित होकर जवाब देने का आदेश दिया है। साथ ही, जिलाधिकारी ने थाने के लिए आवंटित भूमि को निरस्त कर दिया है।


बिलरियागंज थाना वर्तमान में किराये के भवन में संचालित हो रहा है। कुछ माह पूर्व थाने के पीछे स्थित पोखरी और भीटे की भूमि को थाना भवन निर्माण के लिए आवंटित किया गया था। शासन ने इसके लिए 20 करोड़ रुपये की धनराशि भी स्वीकृत की थी। धनराशि मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू हुआ और पोखरी को मिट्टी डालकर पाटा गया। 


हालांकि, गांव के राधेश्याम, सुरेश सहित अन्य ग्रामीणों ने इस निर्माण के खिलाफ जनवरी में हाईकोर्ट में जनहित याचिका (पीआईएल) दाखिल की थी। हाईकोर्ट ने सुनवाई के बाद निर्माण कार्य रोकने का निर्देश दिया। उस समय भूमि पर नींव की खोदाई और कुर्सी भरने का काम चल रहा था। कोर्ट के आदेश के बाद प्रशासन ने निर्माण कार्य बंद कर दिया और आवंटित भूमि को निरस्त कर दिया। अब राजस्व विभाग थाना भवन के लिए वैकल्पिक भूमि की तलाश में जुट गया है।