Wednesday, 13 July 2022

सिपाही का अपहरण करने के आरोप में आजमगढ़ का युवक गिरफ्तार


 सिपाही का अपहरण करने के आरोप में आजमगढ़ का युवक गिरफ्तार 



उत्तर प्रदेश गोरखपुर में कुछ मनबढ़ों ने यूपी पुलिस के सिपाही को ही अगवा कर लिया। सिपाही ने किसी तरह गाड़ी से कूदकर खुद को बचाया। सिपाही मारपीट की सूचना पर पहुंचे थे। पुलिस ने इस मामले में आजमगढ़ के एक युवक को गिरफ्तार किया है। मामला गोरखपुर के टीपीनगर पुलिस चौकी क्षेत्र का है। सिपाही को अगवा कर मनबढ़ अपने साथ ले जा रहे थे। छात्रसंघ चौराहा पर वह गाड़ी से कूद गए। गाड़ी नंबर के आधार पर अज्ञात युवकों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, बलवा, मारपीट व धमकी देने का मुकदम दर्ज कर जांच कर रही कैंट पुलिस ने मंगलवार की सुबह आजमगढ़ जिले के रहने वाले एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। वारदात में शामिल अन्य आरोपितों की तलाश चल रही है।




जानकारी के अनुसार प्रभारी निरीक्षक थाना कैंट शशिभूषण राय ने बताया कि 9  जुलाई को आजमगढ़ से बेतियाहाता में बारात आयी थी। रात में 10 बजे बारात आए मनबढ़ युवक प्रेमचंद पार्क के पास मारपीट कर रहे थे। सूचना मिलने पर टीपीनगर चौकी पर तैनात सिपाही मंगलदीप यादव अपने सहयोगी सिपाही देवेंद्र यादव, अर्जुन शर्मा व अशोक यादव के साथ मौके पर पहुंचे। बीच-बचाव करने की कोशिश करने पर मारपीट कर रहे मनबढ़ों ने मंगलदीप को खींचकर अपने मालवाहक टेंपो में बैठा लिया। पकड़कर पीटने के बाद अपने साथ ले जाने लगे। छात्रसंघ चौराहा पर मौका मिलते ही गाड़ी से कूद गया। गाड़ी नंबर के आधार पर अपहरण की कोशिश, सरकारी कार्य में बाधा, बलवा, धमकी देने का छह अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही थी। 



छानबीन में जानकारी मिली कि घटना में इस्तेमाल गाड़ी आजमगढ़ जिले के थाना कोतवाली क्षेत्र के मातवरगंज निवासी उमेश साहनी की है। वह घटना के समय मौजूद था। मंगलवार की सुबह आरोपित को बेतियाहाता के पास गिरफ्तार कर लिया गया। वारदात में शामिल अन्य आरोपितों की पहचान हो गई है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

नर्सिंग कालेजों पर सीएम योगी की सख्त कार्रवाई आजमगढ़ के 2 सहित 20 नर्सिंग कालेजों में सत्र 2022-23 में प्रवेश पर लगाई रोक


 नर्सिंग कालेजों पर सीएम योगी की सख्त कार्रवाई


आजमगढ़ के 2 सहित 20 नर्सिंग कालेजों में सत्र 2022-23 में प्रवेश पर लगाई रोक




लखनऊ मानक से कम शिक्षक और संसाधन होने के कारण 20 नर्सिंग कालेजों में दाखिले पर रोक लगा दी गई है। अब यह नर्सिंग कालेज शैक्षिक सत्र 2022-23 में प्रवेश नहीं ले पाएंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर नर्सिंग कालेजों में मानकों की जांच की गई और रिपोर्ट सामने आने के बाद मानक विहीन पाए गए 20 नर्सिंग कालेजों पर कार्रवाई की गई है।



मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नर्सिंग कालेजों में गुणवत्तापरक पढ़ाई पर जोर दे रहे हैं। सीएम योगी के निर्देश पर 161 नर्सिंग कालेज जो डिप्लोमा स्तरीय कोर्स चला रहे थे, वहां शिक्षक व छात्र अनुपात 50 प्रतिशत से कम पाया गया। यूपी राज्य चिकित्सा संकाय की आरे से टेलीफोन के माध्यम से इनसे ब्योरा लिया गया तो यह सच्चाई सामने आई। इन्हें नोटिस भेजकर मानक पूरे करने के निर्देश दिए गए।



32 नर्सिंग कालेजों ने नोटिस का जवाब ही नहीं दिया। इन्होंने अनिवार्य बायोमीट्रिक उपस्थिति का ब्योरा भी नहीं भेजा। इसके बाद इनका ई-सत्यापन किया गया। वीडियो काल के माध्यम से हर ट्यूटर की उनके पंजीकरण दस्तावेजों के साथ उनके आधार कार्ड का उपयोग कर उनकी पहचान की गई। पांच और नर्सिंग कालेज इस प्रक्रिया से भोग निकले। छह संस्थानों के खिलाफ धोखाधड़ी के मामले सामने आए।  9 कालेज सत्यापित संकाय के मानक पूरा नहीं कर पाए। मथुरा और अमरोहा में सबसे ज्यादा गड़बड़ियां मिली हैं। 


प्रमुख सचिव, चिकित्सा शिक्षा आलोक कुमार का कहना है कि गुणवत्तापरक शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।



इन 20 नर्सिंग कालेजों में दाखिले पर रोक



देव एजुकेशन कालेज आगरा,


 चिरंजीव नर्सिंग संस्थान अयोध्या, 


झुनझुनवाला इंस्टीट्यूट आफ मेडिकल साइंस अयोध्या, 


अखिल भारतीय बाल देखभाल एवं शैक्षिक विकास समिति आजमगढ,


 श्री बाबा साधवराम पैरामेडिकल एंड नर्सिंग कालेज आजमगढ़,


 क्लारा स्वैन अस्पताल बरेली,


 एनआइएमटी अस्पताल गौतमबुद्ध नगर, 


मां गायत्री इंस्टीट्यूट आफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंसेज गोंडा,


 उपकर स्कूल आफ नर्सिंग हापुड़,


 भारतीय नर्सिंग कालेज अमरोहा,


 गंगोत्री स्कूल आफ नर्सिंग कालेज अमरोहा, 


संजीवनी नर्सिंग कालेज अमरोहा,


 राय केबी सिंह नर्सिंग एंड पैरामेडिकल कालेज जौनपुर,


 करियर कालेज आफ नर्सिंग लखनऊ, 


मेयो मेडिकल सेंटर लखनऊ,


 लाइफ लाइन स्कूल आफ नर्सिंग मथुरा, 


एसएम नर्सिंग कालेज मथुरा,


 एनआरसी नर्सिंग एंड पैरामेडिकल इंस्टीट्यूट मथुरा,


 रूमा इंस्टीट्यूट आफ मेडिकल साइंस प्रतापगढ़ और वाराणसी का डा. विजय कालेज आफ नर्सिंग एंड मेडिकल शामिल है।

Tuesday, 12 July 2022

आजमगढ़ 5 अपराधियों पर 25-25 हजार रू का ईनाम घोषित लूट, डकैती व छिनैती के आरोप में चल रहे हैं फरार


 आजमगढ़ 5 अपराधियों पर 25-25 हजार रू का ईनाम घोषित


लूट, डकैती व छिनैती के आरोप में चल रहे हैं फरार




उत्तर प्रदेश आजमगढ़ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने मंगलवार को  लूट, डकैती व छिनैती के आरोप में फरार चल रहे जिले के पांच अपराधियों पर 25- 25 हजार रूपए का ईनाम घोषित कर दिया।



मंगलवार को पुलिस अधीक्षक से जारी विज्ञप्ति के अनुसार पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने जहानागंज थाना में पंजीकृत गैगेस्टर एक्ट में वांछित और फरार चल रहे पांच अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु सभी अभियुक्तों पर 25-25 हजार रू का पुरस्कार घोषित किया है।



 संगठित गिरोह बनाकर लूट, डकैती एवं छिनैती की वारदातों को अंजाम देने वाले इस गैंग के विरूद्ध थाना जहानांगज थाने में छह संगीन मुकदमें दर्ज हैं। फरार चल रहे इन अभियुक्तों के खिलाफ बीते 8 जुलाई को जिला प्रशासन की संस्तुति के आधार पर गैंगस्टर एक्ट की कार्यवाही की गयी है। अब पुलिस अधीक्षक की ओर से वांछित चल रहे इन अपराधियों पर 25-25 हजार रुपए ईनाम घोषित किया गया है।




 ईनाम घोषित अपराधियों में



 अवधराज राजभर पुत्र महेश राजभर ग्राम सिगाड़ी थाना मोहम्मदाबाद, 

अजय यादव पुत्र ओमप्रकाश उर्फ मुन्ना निवासी कयामपुर थाना मोहम्मदाबाद , 

 हरेंद्र यादव पुत्र फौजदार यादव ग्राम मानपुर चिरकुटहा थाना सराय लखंसी, जनपद मऊ,

 रोहित यादव उर्फ बीएसएफ भाई पुत्र रामचेत निवासी भीखमपुर थाना जहानागंज आजमगढ़ ,

मनोज यादव उर्फ मोनू यादव पुत्र अशोक यादव ग्राम श्रीनगर सियरहा थाना बिलरियागंज, जनपद आजमगढ़ के निवासी बताए गए हैं।

आजमगढ़ फूलपुर खानजहांपुर अज्ञात कारणों से झोपड़ी में लगी आग तीन मुसहर परिवारों की गृहस्थी जलकर हुई राख


 आजमगढ़ फूलपुर खानजहांपुर अज्ञात कारणों से झोपड़ी में लगी आग


तीन मुसहर परिवारों की गृहस्थी जलकर हुई राख




उत्तर प्रदेश आजमगढ़ फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के खानजहांपुर भीटवा मुसहर बस्ती में मंगलवार की सुबह लगभग दस बजे अज्ञात कारणों से तीन झोपड़ी में आग लग गई। अगलगी की इस घटना में तीनों मुसहर परिवारों की पूरी गृहस्थी ही जल कर स्वाहा हो गई। ग्रामीणों ने ही किसी तरह आग पर काबू पाया।



मुसहर बस्ती निवासी संजय, गुड्डू व पुरूषोत्तम झोपड़ी में परिवार के साथ रहते थे। मंगलवार की सुबह तीनों परिवार के साथ धान की रोपाई करने गए थे। इसी दौरान अज्ञात कारणों से झोपड़ी में आग लग गई। घटना के समय घर पर सिर्फ तीनों परिवारों के बच्चे ही मौजूद थे। बच्चो के शोर मचाने पर गांव के लोग मौके पर जुट गए। वहीं धान की रोपाई करने गए संजय, गुड्डू व पुरषोत्तम भी भाग कर मौके पर पहुंच गए। आग बुझाने की कवायद शुरू हुई।



जब तक आग पर काबू पाया जाता तब तक तीनों परिवारों की पूरी गृहस्थी ही जल कर स्वाहा हो गई। पीड़ित परिवारों के अनुसार अगलगी की इस घटना में अनाज, चारपाई, तीन साइकिल, 6500रू नकद, कपड़ा समेत गृहस्थी का सारा सामान जल गया। 



अगलगी की इस घटना में लगभग एक लाख का नुकसान हुआ है। ग्राम प्रधान सूबेदार यादव ने पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। इसके साथ ही प्रधान ने 50 किग्रा चालव व 50 किग्रा गेहूं पीड़ित परिवारों को सहायता उपलब्ध कराया है।

आजमगढ़ ट्रक के धक्के से रोडवेज बस के नीचे आया युवक, हुई मौत दीवानी कचहरी में तारीख देख कर वापस लौट रहा था घर


 आजमगढ़ ट्रक के धक्के से रोडवेज बस के नीचे आया युवक, हुई मौत


दीवानी कचहरी में तारीख देख कर वापस लौट रहा था घर




उत्तर प्रदेश आजमगढ़ शहर कोतवाली अंतर्गत बवाली मोड़-करतालपुर बाईपास बंधे पर मंगलवार को दिन में लगभग दो बजे ट्रक के धक्के से स्कूटी सवार रोडवेज बस के नीचे आ गया। जिससे कुचल कर उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के समय मृतक दीवानी कचहरी में तारीख देख कर वापस घर लौट रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।




जानकारी के अनुसार कप्तानगंज थाना क्षेत्र के मेहमौनी गांव निवासी अमन उर्फ गोलू (25) पुत्र विजय चंद्र चौहान मंगलवार की सुबह अपने ममेरे भाई की स्कूटी से जिला मुख्यालय स्थित दीवानी न्यायालय मुकदमें की तारीख देखने आया था। दिन में लगभग दो बजे वह स्कूटी से वापस घर लौट रहा था। अभी वह शहर कोतवाली अंतर्गत बवाली मोड़-करतालपुर बाईपास बंधा पर पेट्रोलपंप के पास ही पहुंचा था कि पीछे से आ रहे ट्रक ने धक्का मार दिया। जिससे वह स्कूटी लेकर सड़क पर गिर पड़ा और सामने से आ रही रोडवेज की बस उसे रौंदते हुए निकल गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।



 सूचना पर शहर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भेज दिया। पुलिस की सूचना पर परिजन भी मर्चरी हाऊस पहुंच गए। मृतक मां-बाप का इकलौता पुत्र था और उसकी एक बहन बतायी गई है। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है।

असदुद्दीन ओवैसी के लिए यूपी से बुरी खबर एआईएमआईएम नेता आज देंगे सामूहिक इस्तीफा; जानिए नाराजगी का कनेक्शन


 असदुद्दीन ओवैसी के लिए यूपी से बुरी खबर


एआईएमआईएम नेता आज देंगे सामूहिक इस्तीफा; जानिए नाराजगी का कनेक्शन




प्रयागराज एआईएमआईएम चीफ असदुद्दीन ओवैसी के लिए यूपी के प्रयागराज से बुरी खबर है। वहां जिला और महानगर कमेटी ने आज सामूहिक इस्तीफा देने का ऐलान कर दिया है। बताया जा रहा है कि अटाला प्रकरण में एआईएमआईएम जिलाध्यक्ष मो. शाह आलम के आरोपी बनने के बाद प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर के पार्टी पदाधिकारियों की खामोशी के खिलाफ यह ऐलान हुआ है।




पार्टी के जिला मुख्य महासचिव फैसल वारसी ने आरोप लगाया कि पार्टी के पूर्वांचल और प्रदेश स्तर के नेताओं से कई बार इस मामले में आवाज उठाने का अनुरोध किया गया लेकिन उन्होंने इस पर ध्यान नहीं दिया। वारसी का दावा है कि अटाला प्रकरण में जिलाध्यक्ष शाह आलम पूरी तरह निर्दाेष हैं। उन्हें बेवजह इस मामले में आरोपी बनाया गया है। उन्हें राजनीतिक कारणों से फंसाया गया। 




वारसी के मुताबिक शाह आलम हमेशा से शांति और सौहार्द के लिए लोगों से अपील करते आए हैं। प्रयागराज जिलाध्यक्ष को लेकर प्रदेश पदाधिकारियों की चुप्पी के खिलाफ पदाधिकारियों में आक्रोश है। इसी क्रम में जिला और महानगर के पदाधिकारियों ने सामूहिक रूप से इस्तीफा देने का फैसला किया है।



बताया जा रहा है कि आज शाम 4 बजे दोनों कमेटियों के पदाधिकारियों के साथ करीब ढाई-तीन सौ लोग दाराशाह अजमल स्थित नगर कार्यालय में सामूहिक इस्तीफा देंगे। हालांकि पार्टी की महानगर इकाई के एक पदाधिकारी ने कहा कि अभी भी उन्हें उम्मीद है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी पूरे मामले का संज्ञान लेंगे। बता दें कि एआईएमआईएम के जिलाध्यक्ष शाह आलम पर आटाला हिंसा में भूमिका होने का आरोप है। हाल में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने उनकी अग्रिम जमानत की याचिका को खारिज कर दिया था।

आजमगढ़ टीईटी नकल मामला! जल्द ही होगी कुर्की की कार्रवाई पूर्व प्रमुख इसरार अहमद सहित चार आरोपियों पर घोषित किया जा चुका है दस-दस हजार रुपये का पुरस्कार


 आजमगढ़ टीईटी नकल मामला! जल्द ही होगी कुर्की की कार्रवाई


पूर्व प्रमुख इसरार अहमद सहित चार आरोपियों पर घोषित किया जा चुका है दस-दस हजार रुपये का पुरस्कार




उत्तर प्रदेश आजमगढ़ टीईटी में नकल कराने का ठेका लेने वाले चार आरोपी अभी भी फरार चल रहे हैं। इन फरार आरोपियों के घर जल्द ही कुर्की की कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए पुलिस कोर्ट में आवेदन करने की तैयारी शुरू कर दी है। रानी की सराय ब्लाक के पूर्व प्रमुख इसरार अहमद सहित चार आरोपियों पर पुलिस ने दस-दस हजार रुपये का पुरस्कार घोषित किया है। इसके बाद भी आरोपी गिरफ्तार नहीं हो सके। ऐसे में पुलिस अब इस मामले में और सख्त कार्रवाई शुरू करने जा रही।




जानकारी के मुताबिक जिले में इसी वर्ष 22 जनवरी को टीईटी था। इस परीक्षा में नकल कराने का बहुत बड़ा ठेका हुआ था, लेकिन पुलिस ने नकल माफियाओं के मंसूबे पर पानी फेरते हुए नकल माफिया गिरोह के 22 सदस्यों को 21 जनवरी की रात को ही गिरफ्तार कर ली। जिसमें डीआईओएस कार्यालय का लिपिक समेत कई नामचीन कालेजों के अध्यापक, प्रबंधक और कर्मचारी शामिल थे। इन आरोपियों से पूछताछ के दौरान आठ और आरोपियों के नाम और पते की जानकारी हुई। जिसमें से चार गिरफ्तार कर लिए गए। जबकि चार अभी भी फरार चल रहे हैं।




 इन फरार आरोपियों की गिरफ्तार न होने पर पुलिस ने सभी पर दस-दस हजार रुपये का ईनाम घोषित किया। जिन पर ईनाम घोषित किया गया। उसमें रानी की सराय ब्लाक के पूर्व प्रमुख इसरार अहमद, महराजगंज थाने के सिंघवारा खास गांव निवासी जगजीवन, शहर के आहोपट्टी गांव निवासी सुनील यादव और शहर के रैदोपुर गांव निवासी तुषार सिंह का नाम शामिल है। इन आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर पुलिस करीब एक माह पूर्व कोर्ट के आदेश पर 82 की नोटिस चस्पा कर डुगडुगी पिटवाई। इसके बाद भी आरोपी ना तो गिरफ्तार हुए, ना ही कोर्ट में समर्पण किए। ऐसे में पुलिस इन फरार आरोपियों के घर कुर्की की कार्रवाई के लिए अदालत में अपील करेगी।



 रानी की सराय थाने की पुलिस कोर्ट में आवेदन करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।