Sunday 9 April 2023

लखनऊ दुराचार का आरोपी सिपाही गिरफ्तार मुकदमा दर्ज होने के बाद चल रहा था फरार


 लखनऊ दुराचार का आरोपी सिपाही गिरफ्तार


मुकदमा दर्ज होने के बाद चल रहा था फरार


लखनऊ, नोएडा की शोध छात्रा के साथ दुराचार करने के आरोप में निलंबित हुए विभूतिखंड कोतवाली के सिपाही विवेक सिंह को शनिवार रात अवध बस स्टेशन से गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ 26 मार्च को पीड़िता ने विभूतिखंड कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराई थी। सिपाही ने शादी का झांसा देते हुए यौन शोषण किया था।


इंस्पेक्टर राम सिंह ने बताया कि मथुरा निवासी विवेक सिंह कोतवाली में सिपाही के पद पर तैनात था। 26 मार्च को नोएडा निवासी युवती ने विभूतिखंड कोतवाली में आरोपी विवेक के खिलाफ तहरीर दी थी। आरोप था कि वर्ष 2016 में सिपाही ने शादी का प्रस्ताव रखा था। युवती के हामी भरने के बाद आरोपी उसका यौन शोषण करने लगा। सिपाही ने युवती की आपत्तिजनक हालत में कई फोटो बना ली थी। जिन्हें वायरल करने की धमकी दे रहा था। इंस्पेक्टर के मुताबिक दिसंबर 2022 में सिपाही विवेक सिंह ने शादी कर ली थी। इस बात पर पीड़िता ने विरोध किया था। जिसके चलते विवेक ने आपत्तिजनक वीडियो और फोटो युवती के परिचितों को भेजी थी। सिपाही विवेक सिंह से परेशान युवती ने डीसीपी पूर्वी हृदयेश कुमार से मुलाकात कर उन्हें घटना की जानकारी दी। जिसके बाद सिपाही को निलंबित करने के साथ ही विभूतिखंड कोतवाली में दुराचार, ब्लैकमेलिंग और आईटी एक्ट की धारा में मुकदमा लिखा गया था। एफआईआर दर्ज होने के बाद से विवेक फरार था। शनिवार को उसकी लोकेशन अवध बस स्टैण्ड पर मिली। जहां से सिपाही को गिरफ्तार किया गया।

No comments:

Post a Comment