Monday, 13 May 2024

मऊ में बदमाशों का दुस्साहस: बैंक कैशियर को दिनदहाड़े मारी गोली वारदात को अंजाम देकर फरार हुए बाइक सवार


 मऊ में बदमाशों का दुस्साहस: बैंक कैशियर को दिनदहाड़े मारी गोली



वारदात को अंजाम देकर फरार हुए बाइक सवार


उत्तर प्रदेश मऊ जिले के मधुबन थाना क्षेत्र के कस्बा स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के कैशियर को बैंक जाते समय रास्ते में बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी। वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। आनन- फानन राहगीरों की मदद से कैशियर को सीएससी में भर्ती कराया गया। जहां स्थिति गंभीर देख चिकित्सकों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस जांच में जुटी है।


 जानकारी के अनुसार कस्बा स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के कैशियर सूर्यनाथ यादव (55) पुत्र किशुन यादव सोमवार की सुबह अपने घर रसुलपुर से बाइक से मधुबन बैंक आ रहे थे। जैसे ही मधुबन-दोहरीघाट मार्ग स्थित कटघरा महलु गांव के गेट के समीप पहुंचे कि पीछे से बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने कैशियर को गोली मार दी। गोली लगते ही कैशियर सड़क पर गिरकर लहुलूहान हो गया। यह देख राहगीरों ने आनन- फानन पुलिस को सूचना दिया और कैशियर को घायल अवस्था में फतहपुर मंडाव मे भर्ती कराया। जहां स्थिति को गंभीर देख चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई।

मुरादाबाद ससुर की नौकरी पाने के बाद बहू ने दिखाया रंग यार के साथ मिलकर करती है दबंगई जान बचाकर भागी-भागी फिर रही सास


 मुरादाबाद ससुर की नौकरी पाने के बाद बहू ने दिखाया रंग


यार के साथ मिलकर करती है दबंगई


जान बचाकर भागी-भागी फिर रही सास



उत्तर प्रदेश मुरादाबाद में ससुर की नौकरी पाने के बाद बहू ने रंग दिखाना शुरू कर दिया तो सास जान बचाकर भागी-भागी फिर रही है। थाना सिविल लाइंस के नवीन नगर एमडीए कॉलोनी निवासी दमयंति देवी पत्नी स्वा0 कुँवरपाल सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनके परिवार के लगभग सभी पुरुष सदस्यों की मौत हो चुकी है। घर में दमयंति देवी के आलावा 13 साल की पोती और पुत्रवधु सुनीता देवी हैं। दमयंति देवी के अनुसार उन्होंने पति की मौत के बाद मृतक आश्रित में मिलने वाली नौकरी बुढ़ापे का सहारा मानते हुए बहू सुनीता देवी को दिलवा दी थी।



आरोप है कि ससुर की नौकरी मिलते ही बहू सुनीता देवी ने अपनी बेटी और सास को मारपीट कर घर से निकाल दिया। दमयंति देवी का आरोप है कि बहू सुनीता अपने सहकर्मी दोस्त फैजान आलम की सहायता से सारी संपत्ति को हड़पना चाहती है। 05 माई 2024 को रात करीब दस बजे सुनीता अपने साथी फैजान आलम को लेकर घर में आ गई और मारपीट करते हुए 50 हजार रुपये की मांग की। मना करने पर दोनों ने दमयंति देवी के साथ मारपीट की। धमकी दी कि यदि संपत्ति उसके नाम नहीं की तो घर में नहीं घुसने देगी और जान से मार देगी, जिसके बाद पीड़िता दमयंति देवी ने थाने पर पहुंचकर जानमाल का खतरा बताते हुए तहरीर दी। 


एसएचओ सिविल लाइंस आरपी शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी सुनीता देवी और फैजान आलम के खिलाफ मुकदमा अपराध सांख्य 424/2024 अंतर्गत धारा 323,506,384, पंजीकृत कर जांच की जा रही है। विवेचना में जो भी तथ्य सामने आएगा उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

Sunday, 12 May 2024

आजमगढ़ में जल्द हो सकती है इंडिया गठबंधन की रैली पूर्वांचल में हुंकार भरेंगे राहुल, ममता और केजरीवाल


 आजमगढ़ में जल्द हो सकती है इंडिया गठबंधन की रैली


पूर्वांचल में हुंकार भरेंगे राहुल, ममता और केजरीवाल


उत्तर प्रदेश आजमगढ़ कांग्रेस नेता राहुल गांधी, पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव सहित इंडिया गठबंधन के कई बड़े नेता जल्द ही पूर्वांचल में हुंकार भरेंगे। छठे चरण में आजमगढ़ समेत पूर्वांचल की पांच लोकसभा सीटों पर 25 मई 2024 को चुनाव होने हैं। ऐसे में आजमगढ़ में इंडिया गठबंधन की पहली बड़ी रैली कराने की तैयारी है। 


सपा नेताओं ने गठबंधन के संयोजक को इस बाबत पत्र भी लिखा है। इस रैली के जरिये विपक्ष ने पूर्वांचल को साधने की व्यूहरचना तैयार की है। सपा के निवर्तमान जिलाध्यक्ष हवलदार यादव का कहना है कि इंडिया गठबंधन की रैली तय है मगर अभी तारीख तय नहीं है। वहीं, अतरौलिया विधायक डॉ. संग्राम यादव ने कहा कि 13 मई 2024 के बाद यह रैली मंदुरी एयरपोर्ट के आसपास आयोजित की जाएगी। 


आजमगढ़ के एक छोर वाराणसी है जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का निर्वाचन क्षेत्र है जबकि दूसरी ओर सीएम योगी आदित्यनाथ का गोरक्ष क्षेत्र है। इन दोनों क्षेत्रों के बीच में आजमगढ़ आता है। जो सपा का गढ़ है। इस गढ़ को जीतने के लिए सपा पूरा जोर लगाए हुए हैं। लोकसभा उपचुनाव में मिली हार को फिर से जीत में बदलने के लिए सपा बेताब है। वहीं पूर्वांचल की अहमियत को सपा अच्छी तरह से समझती है। यहां की हर सीट को लेकर वह काफी गंभीर है। लोकसभा चुनाव में भाजपा के विजय रथ को रोकने के लिए ही इंडिया गठबंधन तैयार किया गया है। इसमें हर प्रांत के नेता शामिल हैं।

आजमगढ़ फूलपुर पुलिस मुठभेड़ में 50 हजार के इनामी केे दोनों पैर में लगी गोली हिस्ट्रीशीटर, डी-34 गैंग का सदस्य है गो-तस्कर, अवैध तमंचा व कारतूस बरामद


 आजमगढ़ फूलपुर पुलिस मुठभेड़ में 50 हजार के इनामी केे दोनों पैर में लगी गोली



हिस्ट्रीशीटर, डी-34 गैंग का सदस्य है गो-तस्कर, अवैध तमंचा व कारतूस बरामद



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ जनपद की फूलपुर पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान 50 हजार के इनामी हिस्ट्रीशीटर, डी-34 गैंग के सदस्य गो तस्कर अपराधी को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान बदमाश के दोनों पैर में गोली लगी है। पुलिस ने उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। बदमाश के पास से अवैध तमंचा व कारतूस बरामद किया गया है।


 जानकारी के अनुसार 12 मई 2024 को बीती रात करीब 2 बजे प्रभारी निरीक्षक शशिचन्द्र चौधरी को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि थाना अहरौला के गैगेंस्टर एक्ट में 50 हजार रूपये का कुख्यात इनामियां, हिस्ट्रीशीटर, डी-34 गैंग का सदस्य शातिर गो-तस्कर अपराधी दिलशाद पुत्र शमसाद किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने के उद्देश्य से मद्धूपुर कलवारी रोड़ जाने वाले मार्ग पर कौड़िया प्राइमरी पाठशाला के पास खड़ा है। इस सूचना पर तत्काल थाना प्रभारी फूलपुर अपने हमराहियों के साथ मुद्धूपुर कलवारी रोड़ जाने वाली मार्ग कौड़िया प्राइमरी पाठशाला के नजदीक पहुँचे। वहां एक व्यक्ति खड़ा दिखायी दिया, जिसके तरफ पुलिस बल आगे बढ़े तो बदमाश पुलिस बल को देखकर बगल की झाड़ी में जाकर छिप गया, अपने को चारो तरफ से घिरा देखकर जान से मारने की नियत से पुलिस बल पर फायरिंग करने लगा। पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में बदमाश के दोनों पैरों मे गोली लग गई। उपचार हेतु सीएचसी फूलपुर भेजा गया।


 बदमाश के पास से एक देशी तमंचा .315 बोर व 3 खोखा कारतूस 315 बोर, तीन जिन्दा कारतूस .315 बरामद किया गया। घायल बदमाश की पहचान दिलशाद पुत्र शमशाद सा0 चकशाहकाफी खुरासो थाना फूलपुर आजमगढ के रूप में की गयी। पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त ने बताया कि वह अपने दोस्तों के साथ गोवंशो को बिहार ले जाकर वध करने हेतु बेचता है। गोतस्करी में थाना अहरौला से जेल गया तथा वहीं से मेरे खिलाफ गैंगेस्टर का मुकदमा भी लिखा गया है, जिसमे थाना अहरौला जनपद आजमगढ़ की पुलिस मुझे काफी दिनो से तलाश रही है, मुझे जानकारी हुई कि गैंगेस्टर के मुकदमें में मेरे खिलाफ इनाम घोषित हुआ है।

आजमगढ़ पीएम मोदी 16 मई को करेंगे जनसभा निजामाबाद विधानसभा क्षेत्र स्थित गंधुवई में जनसभा को करेंगे संबोधित


 आजमगढ़ पीएम मोदी 16 मई को करेंगे जनसभा


निजामाबाद विधानसभा क्षेत्र स्थित गंधुवई में जनसभा को करेंगे संबोधित



उत्तर प्रदेश आजमगढ़, लोकसभा चुनाव की सरगर्मी जिले में तेज हो गई है। सपा की ओर से जिले में इंडिया गठबंधन की रैली आयोजित करने की तैयारी की गई है। वहीं अब जिले में 16 मई 2024 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आगमन हो रहा है। इस दौरान वह लालगंज सुरक्षित सीट के निजामाबाद विधानसभा क्षेत्र स्थित गंधुवई में जनसभा को संबोधित करेंगे। उनके आगमन को लेकर जिला प्रशासन के साथ ही पार्टी कार्यकर्ता भी जी-जान से जुट गए हैं।


 जनपद में चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों की गतिविधियां तेज हो गई हैं। समाजवादी पार्टी की ओर से मंदुरी एयरपोर्ट के पास इंडिया गठबंधन की रैली कराने की तैयारी की जा रही है। जिसमें राहुल गांधी, ममता बनर्जी, स्टालिन, केजरीवाल, फारुक अब्दुल्ला आदि के शामिल होने की उम्मीद है। इस रैली को 13 मई 2024 के बाद आयोजित होने की बात सपा नेताओं द्वारा कही जा रही है। अभी इंडिया गठबंधन के रैली की डेट फिक्स हो उसके पहले ही भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री की जनसभा का कार्यक्रम निर्धारित हो गया।


 16 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लालगंज सुरक्षित लोकसभा क्षेत्र के निजामाबाद स्थित गंधुवई गांव में जनसभा को संबोधित करेंगे। यह कार्यक्रम शनिवार की देर रात फिक्स हुआ। लोकसभा क्षेत्र अंबेडकर नगर और जौनपुर की सीमा से जुड़ती है। यह जनसभा भले ही आजमगढ़ और लालगंज लोकसभा क्षेत्र के लिए आयोजित हो रही है, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस जनसभा के जरिए कई लोकसभा क्षेत्रों को साधेंगे। कार्यक्रम निर्धारित होते ही जिला प्रशासन और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ पदाधिकारी जनसभा की तैयारियों में जुट गए हैं।

Saturday, 11 May 2024

कानपुर मार्ग दुर्घटना में सिपाही की हुई मौत टक्कर के बाद बाइक सवार सिपाही लोडर का शीशा तोड़कर घुस गया अंदर; नजारा देख कांप गई रूह


 कानपुर मार्ग दुर्घटना में सिपाही की हुई मौत



टक्कर के बाद बाइक सवार सिपाही लोडर का शीशा तोड़कर घुस गया अंदर; नजारा देख कांप गई रूह



उत्तर प्रदेश कानपुर के बिधनू इलाके में गुरुवार रात दोस्त को छोड़कर बाइक से घाटमपुर की ओर जा रहे सिपाही को विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार लोडर ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि लोडर का शीशा तोड़कर सिपाही अंदर घुस गया। हादसे में सिपाही की मौत हो गई। मथुरा जिले के थाना जुमनापार के दूधाधारी गांव निवासी हरीओम शर्मा का बेटा कृष्ण कुमार उर्फ केके पंडित (26) वर्ष 2020 बैच का सिपाही था। पिता ने बताया कि वह कानपुर कोतवाली में पैरोकार था। 15 दिन की छुट्टी काटकर गुरुवार को थाने में आमद कराई थी। 


रात करीब आठ बजे के अपने दोस्त प्रवीण को बेकनगंज में छोड़कर सरकारी काम से घाटमपुर की ओर जा रहा था। उसी दौरान बिधनू थानाक्षेत्र में रमईपुर मार्ग पर पेट्रोल पंप के पास विपरीत दिशा में आ रहे तेज रफ्तार लोडर से टक्कर हो गई। सिपाही लोडर के आगे का शीशा तोड़कर आधा अंदर घुस गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे सीएचसी पहुंचाया। वहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। बिधनू पुलिस ने बताया कि सिपाही के बड़े भाई कुलदीप शर्मा की तहरीर पर अज्ञात वाहन व चालक के खिलाफ लापरवाही से लोडर चलाने पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। 


पिता ने बताया कि कुलदीप शर्मा, नरेश और चंद्रमुनी में कृष्ण कुमार तीसरे नंबर का था। उसकी शादी भी तय हो गई थी। बेटे की मौत की सूचना पर मथुरा से पोस्टमार्टम हाउस पहुंची मां मीना शव देखते ही बेहोश हो गई। इधर, पोस्टमार्टम हाउस में परिजनों में कोतवाली पुलिस को लेकर गुस्सा दिखा। उनका आरोप था कि रात से सुबह हो गई लेकिन कोतवाली में तैनाती के बावजूद एक भी पुलिस कर्मी नहीं दिखा। सुबह करीब 11ः51 बजे कोतवाली प्रभारी संतोष कुमार के पहुंचने पर लोग शांत हुए। बाद में अन्य पुलिसकर्मी भी पहुंचे। पोस्टमार्टम के बाद शव को पुलिस लाइन ले जाया गया। लाइन में पुलिस कर्मियों ने श्रद्धांजलि अर्पित की। गार्ड ऑफ ऑनर देकर सलामी दी गई। इसके बाद पुलिस कमिश्नर और कोतवाली पुलिस ने कंधा देकर शव परिजनों को सौंप दिया। परिजन सरकारी वाहन से शव गांव ले गए। पुलिस कमिश्नर सिपाही के परिजनों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है।

आजमगढ़ गम्भीरपुर बाइक की टक्कर से साइकिल सवार घायल की इलाज के दौरान हुई मौत साइकिल से बिंद्राबाजार जाने के लिए घर से निकला था मृतक


 आजमगढ़ गम्भीरपुर बाइक की टक्कर से साइकिल सवार घायल की इलाज के दौरान हुई मौत


साइकिल से बिंद्राबाजार जाने के लिए घर से निकला था मृतक




उत्तर प्रदेश आजमगढ़ गम्भीरपुर थाना के बाहोरापुर गांव के मोड़ पर बाइक सवार ने साइकिल में टक्कर मार दी। हादसे में साइकिल सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान घायल की मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। 


बाहोरापुर गांव निवासी सीताराम (61) शुक्रवार के देर शाम साइकिल से बिंद्राबाजार जाने के लिए घर से निकले। अभी वे गांव के मोड़ पर ही पहुंचे थे कि बाइक सवार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में सीताराम गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे परिजन उन्हें लालगंज स्थित एक निजी अस्पताल ले गए। जहां हालत गंभीर देख उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। परिजन जिला अस्पताल ले जाकर भर्ती कराए। जहां देर रात सीताराम की मौत हो गई।


 मृतक दो पुत्र व दो पुत्रियों के पिता थे। मौत के बाद परिजन शव ले कर घर चले आए और सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव को कब्जे मे लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भेज दिया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। घटना के बाद बाइक सवार मौके पर बाइक छोड़कर फरार हो गया। जिसे पुलिस ने अपनी कस्टडी में ले लिया।