Thursday, 18 April 2024

आजमगढ़ सरायमीर सोती रही पुलिस, CRPF जवान के घर से लाखों की चोरी मामले में ग्रामीणों को मिला सामान 3 दिन पहले की है घटना


 आजमगढ़ सरायमीर सोती रही पुलिस, CRPF जवान के घर से लाखों की चोरी मामले में ग्रामीणों को मिला सामान



3 दिन पहले की है घटना




उत्तर प्रदेश आजमगढ़ सरायमीर थाना क्षेत्र के नंदाव गांव निवासी सीआरपीएफ जवान के घर से 15 अप्रैल 2024 की रात लाखों की चोरी हुई थी। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस जांच-पड़ताल में जुटी थी। पुलिस सोती रही और परिजनों व ग्रामीणों ने ही गुरुवार की सुबह चोरी गए कुछ सामान व बैग गांव से गुजरी नहर के बाहा से बरामद कर लिया। चोर कीमती सामान निकालने के बाद बैग को बाहा में फेक गए थे। 


नंदाव गांव निवासी दिनेश सरोज सीआरपीएफ में जवान हैं। इन दिनों वह छुट्टी पर घर आए हुए हैं। उनकी पत्नी चंदा सरोज गांव की प्रधान हैं। सोमवार की रात दिनेश के घर से चोरों ने नकदी व जेवरात पर हाथ साफ कर दिया था। वे कई बैग साथ उठा ले गए थे। जिसमें बच्चों के कॉपी-किताब के साथ ही ग्राम प्रधान की साड़ी, सीआरपीएफ जवान की वर्दी आदि थे।


 पीड़ित की तहरीर पर सरायमीर थाना पुलिस मौका-मुआयना करने पहुंची थी। इसके बाद मूकदर्शक बन गई थी। जबकि परिजन व ग्रामीण चोरी गए सामानों की बरामदगी व चोर की तलाश में जुटे हुए थे। इस बीच, गुरुवार की सुबह सीआरपीएफ जवान के घर से चोरी हुए कई बैग गांव से कुछ दूरी पर गुजरी नहर के बाहा से ग्रामीणों ने बरामद किया। जिसमें दो अटैची व चार छोटे बैग शामिल हैं। कुछ जरूरी कागजात, सीआरपीएफ जवान की वर्दी, जूता, बेल्ट, कुछ महिलाओं की साड़ीयाँ , कॉपी-किताब आदि सामान मिले हैं।

आजमगढ़ अहरौला पेड़ पर लटका मिला मजदूर का शव


 आजमगढ़ अहरौला पेड़ पर लटका मिला मजदूर का शव



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ अहरौला थाना अंतर्गत अतरडीहा गांव से गुजरी ओंगरी नदी के किनारे गुरुवार की सुबह एक मजदूर का शव जंगली पेड़ से गमछे के सहारे लटकता मिला। ग्रामीणों ने शव देखा तो सूचना पुलिस को दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतरवा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अतरडीहा गांव में इन दिनों नल से जल योजना के तहत पानी की टंकी का निर्माण चल रहा है। इस निर्माण कार्य में शाहजहांपुर जिले के जलालपुर थाना अंतर्गत चंदौना गांव निवासी अर्जुन जाटव (28) बतौर मजदूर काम कर रहा था। 


गुरुवार की सुबह ग्रामीण नदी किनारे शौच के लिए गए तो अर्जुन का शव एक पेड़ से गमछे के सहारे लटकता देखा। ग्रामीणों की सूचना पर अहरौला थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को फंदे से उतरवा कर पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भेज दिया। एसओ अहरौला सुनील कुमार दुबे ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। परिजनों के आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

आजमगढ़ दीदारगंज भाजपा संविधान व लोकतंत्र समाप्त करना चाहती है -विधायक कमलाकांत


 

आजमगढ़ दीदारगंज भाजपा संविधान व लोकतंत्र समाप्त  करना चाहती है -विधायक कमलाकांत 


उत्तर प्रदेश आजमगढ़ विधानसभा दीदारगंज क्षेत्र के गद्दोपुर में बुधवार देर शाम लोक सभा सामान्य निर्वाचन 2024 के मद्देनजर लोक सभा क्षेत्र लालगंज के सपा चुनाव प्रभारी पूर्व प्रमुख इसरार अहमद की अध्यक्षता में बूथ संगठन को मजबूत करने लिए सपा पार्टी कार्य कर्ताओं पदाधिकारियों की बैठक सम्पन्न हुई। इस अवसर पर विधायक कमलाकांत राजभर ने कहा कि लोकतंत्र समाप्त होने जा रहा है संविधान खतरे में है दलित, शोषित ,पिछड़ा तथा अल्पसंख्यक को मिटाना ही भाजपा का उद्देश्य है। 


पूर्व विधायक आदिल शेख ने कहा कि हमें फिरका परस्त ताकतों से लड़ना होगा। समय बहुत कम है संगठन को शीघ्र मजबूत कर लिया जाए अभी समय है अपने बूथों पर मतदाताओं को बढ़ा लिया जाय संगठन ही चुनाव जीतने की सबसे बड़ी ताकत है।


मुस्लिम सिर्फ बहाना है बैकवर्ड निशाना है।  इस भाजपा सरकार में पिछड़ों की पीठ में छूरा भोका जा रहा है। इसरार अहमद ने कहा कि भाजपा से भ्रष्ट पार्टी इस देश में कोई नहीं है। भाजपा इस देश की सबसे बड़ी चंदा इकट्ठा करने वाली पार्टी है। उन्होनें यह भी कहा कि ईमानदारी मेहनत से काम करके संगठन व पार्टी को मजबूत किया जा सकता है।


 वरिष्ठ सपा नेता राम अचल यादव ने कहा कि जिस दिन आप भाजपा की बारीकियों को समझ जाएंगे उसी दिन आप चुनाव जीत जाएंगे। इस अवसर पर राम आसरे चौहान, विभूती सरोज ,राजीव गौतम ,श्री राम प्रजापति ,मेराज अहमद ,चंचल यादव, राम स्वभाव यादव, डब्बू चौहान ,हरिश्चंद्र गौतम ,महावीर गौतम ,सौरभ चौहान ,संतोष राजभर सहित सैकड़ो पार्टी कार्य कर्ता उपस्थित थे।


आजमगढ़ दीदारगंज से प्रवीण यादव की रिपोर्ट।

Wednesday, 17 April 2024

आजमगढ़ एसपी ने 3 गिरोहों को किया सूचीबद्ध इन गैंगों में कुल 8 अपराधी हैं शामिल

 

आजमगढ़ एसपी ने 3 गिरोहों को किया सूचीबद्ध


इन गैंगों में कुल 8 अपराधी हैं शामिल



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने आपराधिक गतिविधियों एवं पशु तस्करी में चिन्हित किए गए तीन गिरोहों को पुलिस रिकार्ड में सूचीबद्ध किया है। इन गैंगों में कुल आठ अपराधी शामिल हैं। अवैध टेलीफोन एक्सचेंज का संचालन कर विदेशी काल को लोकल काल में परिवर्तित कर भारतीय राजस्व को क्षति पहुंचाने वाले गिरोह के मुखिया शहर कोतवाली क्षेत्र के बाजबहादुर मोहल्ला निवासी फारुख करीम उर्फ गोल्डी एवं उसकी गैंग में शामिल शमीम अहमद निवासी ग्राम चिउटहीं, थाना गंभीरपुर, कलीम अहमद ग्राम हुसामपुर थाना निजामाबाद तथा आसिफ उर्फ मुन्ना निवासी कुरैशनगर रामबाग की गैंग को कोड नंबर डी-234 आवंटित किया गया है। 


वहीं पशु तस्करी में लिप्त गैंग के लीडर सलीम नट निवासी मोहम्मदपुर बाबूपुर थाना कोपागंज जिला मऊ एवं उसकी गैंग के सदस्यों में मोहम्मद अली एवं संदीप उर्फ आशीष गुप्ता निवासी मोहम्मदपुर बाबूपुर थाना कोपागंज,मऊ तथा सुरेन्द्र यादव निवासी ग्राम मोईनाबाद थाना क्षेत्र मुबारकपुर जनपद आजमगढ़ की गैंग का कोड नंबर- डी- 235 होगा।


 वहीं पशु तस्करी में लिप्त एक अन्य गिरोह के सरगना शमशाद निवासी ग्राम नेवादा थाना फूलपुर जनपद आजमगढ़ के साथ ही उसी गांव के रहने वाले गिरोह के सदस्य जमालुद्दीन व रेहान को पुलिस रिकार्ड में कोड नंबर डी-236 गैंग के नाम से सूचीबद्ध किया गया है।

लखनऊ गरीब को कंधा नहीं मिला तो इंस्पेक्टर और दारोगा ने उठा ली अर्थी पुलिस ने कराया दाह संस्कार


 लखनऊ गरीब को कंधा नहीं मिला तो इंस्पेक्टर और दारोगा ने उठा ली अर्थी


पुलिस ने कराया दाह संस्कार



उत्तर प्रदेश के लखनऊ पुलिस का मंगलवार को मानवीय चेहरा देखने को मिला। दरअसल हजरतगंज स्थित नेशनल कॉलेज के सामने फुटपाथ पर पत्नी और दो बच्चों के साथ जिंदगी गुजार रहे चाय विक्रेता की तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। शव की अंतिम क्रिया कैसे होगी। यह सोच कर चाय विक्रेता की बीवी परेशान हो रही थी जब उसे रास्ता नहीं समझ आया तो उसने मदद के लिए इंस्पेक्टर हजरतगंज को फोन मिला कर पति की मौत के बारे में बताया। जिसके कुछ ही देर बाद इंस्पेक्टर टीम के साथ नेशनल कॉलेज के पास पहुंचे और शव को कंधा देते हुए अंतिम संस्कार के लिए बैकुंठधाम ले गए। गोंडा जिले के खमरौनी के रहने वाले 48 साल के बबलू तिवारी, बीवी सपना, 8 साल की बेटी आंचल और 9 साल के बेटे विश्वजीत के साथ राणा प्रताप मार्ग नेशनल कॉलेज के पास चाय की दुकान चलाते थे। मंगलवार तड़के बबलू की हार्ट अटैक पड़ने से मौत हो गई। पति को मरा देख बीवी जोर जोर से रोने लगी। वहीं, मां की रोने की आवाज सुनकर आंचल और विश्वजीत की नींद खुल गई। वह भी पिता का शव देख बच्चे भी रो पड़े। 


शहर में ऐसा कोई नहीं था, जिससे वह मदद मांग सके। कुछ समझ नहीं आ रहा था। इन हालात में शव की अंतिम क्रिया कैसे होगी, अर्थी को कांधा कौन देगा। यह बात सपना को परेशान कर रही थी। इस पर उसने सिपाही अभि सिंह को पूरी बात बताई। जिसके बाद परिवार पर आई विपत्ति का पता इंस्पेक्टर विक्रम सिंह को चला। वह तत्काल ही मौके पर पहुंच गए और सपना के साथ बच्चों को ढांढ़स बंधाते हुए कहा कि चिंता मत करो हम लोग हैं। बबलू की अंतिम क्रिया हिंदू पद्धति के अनुसार पूरी होगी। सामाजिक दायित्व का निर्वाहन करने के लिए इंस्पेक्टर विक्रम सिंह को आगे बढ़ते देख दरोगा और सिपाही भी उनके साथ हो लिए। बबलू तिवारी के अंतिम संस्कार के लिए सामान जुटाया गया। जिसके बाद इंस्पेक्टर दरोगा अभिषेक तिवारी, सुलतानगंज चौकी इंचार्ज आलोक, सिपाही राजकुमार और अभि सिंह के साथ शव को बैकुंठधाम ले गए। जहां पद्धतिनुसार अंतिम क्रिया पूरी कराई।

जौनपुर बाहुबली पूर्व सांसद धनंजय सिंह के करीबी की बेरहमी से हत्या बरसों से साए की तरह धनंजय सिंह के साथ रहता था अनीस


 जौनपुर बाहुबली पूर्व सांसद धनंजय सिंह के करीबी की बेरहमी से हत्या


बरसों से साए की तरह धनंजय सिंह के साथ रहता था अनीस



उत्तर प्रदेश जौनपुर पूर्व सांसद धनंजय सिंह के जेल जाते ही उनके समर्थकों की हत्या होनी शुरू हो गई है। मंगलवार की देर शाम बदमाशों ने धारदार हथियार से हमला कर उनके बेहद करीबी और कभी सुरक्षा में लगे रहने वाले अनीस को मौत के घाट उतार दिया। अनीस पर हमला सिकरारा थाना क्षेत्र के रीठी गांव में हुआ। हत्या की सूचना मिलने के बाद धनंजय सिंह के समर्थक और पुलिस प्रशासन जिला अस्पताल में डटे रहे। लगभग सवा महीने से धनंजय सिंह जेल में बंद हैं। वहीं उनकी पत्नी श्रीकला धनंजय सिंह को बसपा ने अपना जौनपुर से उम्मीदवार बनाया है।


 टिकट मिलने के बाद धनंजय सिंह के समर्थक चुनावी तैयारी में जुटे हुए थे कि देर शाम उनको एक बुरी खबर मिली। बरसों से धनंजय सिंह के साथ साये की तरह रहने वाले रीठी निवासी अनीस (45) कहीं से घर की तरफ आ रहे थे। गांव के पास पहले से ही घात लगाए बैठे युवकों ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। चर्चा है कि इस दौरान अनीस को गोली भी मारी गई। ताबड़तोड़ हमले में अनीस वहीं लहूलुहान होकर गिर पड़े। आस-पास के लोगों ने शोर सुना तो भाग कर मौके पर पहुंचे। तब तक हमलावर फरार हो चुके थे और अनीस वहीं तड़प रहे थे। किसी तरह उनको जिला अस्पताल लाया गया, लेकिन यहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। अनीस को मृत घोषित करने वाले चिकित्सक डॉ. पीके पांडेय ने बताया कि उनके शरीर पर धारदार हथियार से चोट के निशान साफ दिखाई दे रहे थे। गोली लगी है या नहीं ये एक्सरे में ही साफ हो पाएगा।


 अनीस की हत्या की खबर पूरे जिले में आग की तरफ फैल गई। देखते ही देखते थोड़ी देर में जिला अस्पताल में धनंजय समर्थकों की भीड़ जुट गई। पुलिस अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे। वहीं, एसपी डॉक्टर अजय पाल शर्मा ने भी घटनास्थल का मुआयना किया। अनीस की हत्या के बाद पुलिस ने जब प्रारंभिक जांच शुरू की तो उसमें वर्चस्व के लिए ही हत्या किए जाने की बात सामने आई है। एएसपी ग्रामीण शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि अनीस को गोली और धारदार हथियार से मौत की घाट उतारा गया। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Tuesday, 16 April 2024

आजमगढ़ जहानागंज एसकेडी में संपन्न हुआ रामनवमी व नवरात्र महोत्सव, पूजी गयी कन्यायें नवरात्र के नवों दिन विशेष महत्व के होते हैं-विजय बहादुर सिंह, संस्थापक


 आजमगढ़ जहानागंज एसकेडी में संपन्न हुआ रामनवमी व नवरात्र महोत्सव, पूजी गयी कन्यायें



नवरात्र के नवों दिन विशेष महत्व के होते हैं-विजय बहादुर सिंह, संस्थापक



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ जहानागंज क्षेत्र के धनहुंआ स्थित एसकेडी विद्या मन्दिर में मंगलवार को नवरात्र महोत्सव मनाया गया। महामाया के आठवें स्वरूप महागौरी की विधिवत पूजा के साथ साथ नवदुर्गा की भव्य झांकी निकाली गयी जो काफी आकर्षक लग रही थी। आगामी रामनवमी पर्व के उपलक्ष्य में भवगान श्रीराम के बालक स्वरूप में सजे बच्चे को देखकर लोग मंत्रमुग्ध हो जा रहे थे। कार्यक्रम की शुरूआत विद्यालय के संस्थापक विजय बहादुर सिंह द्वारा मां सरस्वती एवं नव देवियों की पूजन अर्चन एवं आरती से हुई। 


इसके पश्चात विद्यालय की बालिकाओं द्वारा मां दुर्गा की स्तुति करते हुए भक्ति संगीत एवं मोहक नृत्य प्रस्तुत किया गया। नवदुर्गा के रूप में सजी दिव्यांशी, आयुषी, आराध्या, परी, अंशिका, आस्था, अदिति आदि बच्चियो का प्रदर्शन देखते ही बन रहा था। आयुषी यादव की प्रस्तुति जय जय हे महिषासुर मर्दिनि लोगों को खुब भाया। अपने वक्तव्य में संस्थापक विजय बहादुर सिंह ने कहा कि नवरात्र के नवों दिन विशेष महत्व के होते हैं। मां के प्रथम स्वरूप शैलपुत्री से लेकर नवें स्वरूप सिद्धिदात्री के पूजन अर्चन का विधान ऐसे समय में बनाया गया है जो दो ऋतुओं का संधिकाल होता है। ऐसे में पूजा उपवास आदि के माध्यम से ब्रह्माण्डीय ऊर्जा को अपने अंदर समाहित किया जाता है। रामनवमी के पावन पर्व पर श्री सिंह ने कहा कि भगवान राम की पूरी जीवन गाथा लोगों के लिए प्रेरणास्रोत है। आज पूरा विश्व प्रभु श्रीराम द्वारा स्थापित आदर्शों को स्वीकार कर रहा है। पूजा अर्चन के पश्चात विद्यालय के अध्यापक/अध्यापिकाओं द्वारा कन्याभोज संपन्न कराया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रधानाचार्य रामजी चौहान, संतोष, दिनेश, रूबी, वर्तिका, रेनू , सुरभि आदि का योगदान सराहनीय रहा।