Wednesday, 1 October 2025

जौनपुर सुहाग रात के बाद बुजुर्ग की हुई मौत, गांव में सनसनी कोर्ट मैरिज के बाद मंदिर में रचाई थी शादी, भतीजों ने रोका अंतिम संस्कार


 जौनपुर सुहाग रात के बाद बुजुर्ग की हुई मौत, गांव में सनसनी


कोर्ट मैरिज के बाद मंदिर में रचाई थी शादी, भतीजों ने रोका अंतिम संस्कार



उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के गौरा बादशाहपुर थाना क्षेत्र के कुछमुछ गांव में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। 75 वर्षीय संगरू राम ने 35 वर्षीय मनभावती से सोमवार को कोर्ट मैरिज की और फिर मंदिर में शादी रचाई। संगरू की पहली पत्नी की एक साल पहले मृत्यु हो चुकी थी, और उनकी कोई संतान नहीं थी। वे अकेले खेती करके जीवन यापन कर रहे थे। दूसरी ओर, मनभावती की भी यह दूसरी शादी थी, और उनकी पहली शादी से दो बेटियां और एक बेटा है। मनभावती ने बताया कि संगरू ने उनसे वादा किया था कि वे उनके बच्चों की जिम्मेदारी उठाएंगे और उन्हें केवल घर संभालना होगा।


शादी के बाद रात में संगरू और मनभावती देर तक बातें करते रहे। मंगलवार सुबह अचानक संगरू की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके और उनकी मृत्यु हो गई। इस घटना ने गांव में सनसनी फैला दी। संगरू के भतीजों ने इस मामले को संदिग्ध मानते हुए अंतिम संस्कार रोक दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि सुहाग रात के बाद अचानक तबीयत खराब होने से संगरू की मृत्यु हुई। इस घटना ने पूरे गांव में चचार्ओं का दौर शुरू कर दिया है।

आजमगढ़ अहरौला भाग रहे प्रेमी युगल को पकड़कर ग्रामीणों ने दबोचा जमकर हुई धुनाई, फिर राम जानकी मन्दिर में करा दी शादी


 आजमगढ़ अहरौला भाग रहे प्रेमी युगल को पकड़कर ग्रामीणों ने दबोचा


जमकर हुई धुनाई, फिर राम जानकी मन्दिर में करा दी शादी



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के अहरौला थाना क्षेत्र के रूपाईपुर गांव के मंगलवार को ग्रामीणों द्वारा पकड़े गए प्रेमी युगल की बुधवार को माहुल के राम जानकी मन्दिर में शादी करा दी। उसके बाद प्रेमी उसे अपने घर लेकर चला गया।


पवई थाना क्षेत्र के मंझरिया निवासी सुशील राजभर अहरौला थाना क्षेत्र के मियापुर निवासिनी अपनी प्रेमिका काजल को लेकर बाइक से भाग रहा था और क्षेत्र के रूपाईपुर गांव के पास ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया साथ में सुशील का दोस्त संजय राजभर था। ग्रामीणों ने इन दोनों की धुनाई करने के बाद माहुल पुलिस को सौंप दिया था। पुलिस ने दोनों के अभिभावकों को बुला कर उन्हें सुपुर्द कर दिया था। बुधवार दोपहर में दोनों के स्वजन और गांव के संभ्रांत व्यक्तियों के सामने इन दोनों ने माहुल के राम जानकी मंदिर में सिंदूरदान के बाद वरमाला पहना कर शादी कर लिया। इस अवसर पर पूर्व प्रधान कोरार्घाटमपुर संतोष यादव, सतीश सिंह, विजय यादव शेर बहादुर यादव आशीष सिंह, इसरार अहमद, अर्जुन राजभर, दिलीप सिंह, विनोद राजभर, हरिकेश गुप्ता के साथ ही दोनो गांव के लोग उपस्थित रहे।

आजमगढ़ फूलपुर अमृत सरोवर में मछली मारने गए 2 छात्रों की डूबने से मौत परिजनों में मचा कोहराम, पुलिस ने शव परिजनों को सौंपा


 आजमगढ़ फूलपुर अमृत सरोवर में मछली मारने गए 2 छात्रों की डूबने से मौत



परिजनों में मचा कोहराम, पुलिस ने शव परिजनों को सौंपा



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के अंबारी शाहपुर गांव में अमृत सरोवर में मछली मारने गए दो छात्रों, फरहान (12 वर्ष) और माजिद (17 वर्ष) की डूबने से दुखद मौत हो गई। इस हादसे की खबर सुनकर दोनों के परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने पंचनामा बनाकर शव परिजनों को सौंप दिए।


हाजीपुर तकिया निवासी फरहान, पुत्र बदरे आलम, और माजिद, पुत्र मो. शरीफ, गुरुवार को अंबारी शाहपुर के अमृत सरोवर में मछली मारने गए थे। मछली मारते समय फरहान गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने की कोशिश में माजिद भी गहरे पानी में डूब गया। ग्रामीणों ने दोनों को बाहर निकाला, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। फरहान कक्षा 6 और माजिद कक्षा 11 का छात्र था। फरहान चार भाइयों में सबसे बड़ा था, जबकि माजिद चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था। माजिद के पिता रोजी-रोटी के लिए विदेश में रहते हैं, जबकि फरहान के पिता घर पर ही थे। पुलिस ने पंचनामा बनाकर शव परिजनों को सौंप दिए। फरहान का अंतिम संस्कार देर रात कर दिया गया, जबकि माजिद के पिता के विदेश से लौटने के बाद उनका अंतिम संस्कार होगा। फूलपुर कोतवाल सच्चिदानंद ने बताया कि परिजनों की इच्छा पर पोस्टमॉर्टम नहीं किया गया और पंचनामा के बाद शव सौंप दिए गए।

Tuesday, 30 September 2025

आजमगढ़ फूलपुर SDM के ड्राइवर की संदिग्ध मौत, कान से निकला खून सरकारी आवास में मिला शव, पुलिस ने शुरू की जांच


 आजमगढ़ फूलपुर SDM के ड्राइवर की संदिग्ध मौत, कान से निकला खून



सरकारी आवास में मिला शव, पुलिस ने शुरू की जांच



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के फूलपुर थाना क्षेत्र में सोमवार शाम एक चौंकाने वाली घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी। फूलपुर SDM के सरकारी आवास में तैनात ड्राइवर मानधाता सिंह (53 वर्ष) का शव एक कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। मृतक के बाएं कान से खून बहता पाया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।


मानधाता सिंह, मूल रूप से कप्तानगंज थाना क्षेत्र के चेवता गांव के निवासी थे और स्वर्गीय त्रिभुवन सिंह के पुत्र थे। वे लंबे समय से फूलपुर SDM के ड्राइवर के रूप में कार्यरत थे। उनके भाई जयसिंह ने बताया कि मानधाता दो पुत्रों और एक पुत्री के पिता थे। सोमवार शाम करीब 5 बजे SDM के पेशकार ने फोन कर मानधाता की मौत की सूचना दी। परिवार में शोक की लहर है, और पुलिस मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

आजमगढ़ रौनापार 10 हजार रुपये के इनामी ठग को पुलिस ने दबोचा विदेश भेजने के नाम पर 88 लोगों को बना चुका है ठगी का शिकार


 आजमगढ़ रौनापार 10 हजार रुपये के इनामी ठग को पुलिस ने दबोचा


विदेश भेजने के नाम पर 88 लोगों को बना चुका है ठगी का शिकार



उत्तर प्रदेश के आज़मगढ़ जनपद की रौनापार पुलिस ने मंगलवार तड़के एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए ₹10,000 के इनामी और फरार अभियुक्त अखिलेश कुमार को गिरफ्तार किया। अखिलेश पर विदेश भेजने के नाम पर 88 लोगों से फर्जी वीजा देकर लाखों रुपये की ठगी करने का आरोप है। उसे लाटघाट-गोरखपुर मार्ग से सुबह 4:10 बजे मुखबिर की सूचना पर पकड़ा गया।


मामला 24 दिसंबर 2021 का है, जब ग्राम जमुवा हरिराम निवासी मनोज कुमार ने थाना रौनापार में शिकायत दर्ज की थी। मनोज ने बताया कि अखिलेश कुमार ने विदेश भेजने का झांसा देकर उनसे और 87 अन्य लोगों से पैसे ऐंठे और फर्जी वीजा थमा दिए। इस ठगी के आधार पर थाना रौनापार में मुकदमा अपराध संख्या 236/2021, धारा 419/420/467/468/471 भा.दं.वि. के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच में अखिलेश फरार पाया गया, जिसके बाद उसके खिलाफ 14 फरवरी 2023 को गिरफ्तारी वारंट और कुर्की की कार्रवाई की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आज़मगढ़ ने उसकी गिरफ्तारी के लिए ₹10,000 का इनाम घोषित किया था।


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत रौनापार थानाध्यक्ष मन्तोष सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संदिग्धों की चेकिंग के दौरान अखिलेश को धर दबोचा। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक विवेक सिंह, हेड कांस्टेबल दिनेश कुमार, दिनेश यादव, कांस्टेबल जयप्रकाश वर्मा, दिलीप कुमार और अमितेश कुमार शामिल थे। पुलिस का कहना है कि इस गिरफ्तारी से ठगी जैसे अपराधों पर अंकुश लगेगा। अभियुक्त को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

आजमगढ़ रानी की सराय कूटरचित दस्तावेज के आधार पर धोखाधड़ी करने वाली महिला गिरफ्तार फर्जी रजिस्ट्रेशन और हस्ताक्षर से तैयार किए गए थे दस्तावेज


 आजमगढ़ रानी की सराय कूटरचित दस्तावेज के आधार पर धोखाधड़ी करने वाली महिला गिरफ्तार



फर्जी रजिस्ट्रेशन और हस्ताक्षर से तैयार किए गए थे दस्तावेज



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद की रानी की सराय पुलिस ने कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर धोखाधड़ी करने वाली एक महिला अभियुक्ता को गिरफ्तार किया है। अभियुक्ता की पहचान विद्यावती देवी (उम्र करीब 45 वर्ष) के रूप में हुई, जो बलिया कल्याण, थाना मुबारकपुर की निवासी है और वर्तमान में कोतवाली थाना क्षेत्र के मड़या जयराम मुहल्ले में रह रही थी।


दिनांक 10 जुलाई 2025 को संतोष कुमार यादव, निवासी चक सेठवल, थाना रानी की सराय, ने शिकायत दर्ज की थी कि विद्यावती देवी ने फर्जी रजिस्ट्रेशन और कूटरचित दस्तावेज तैयार कर उनके और उनकी मां के फर्जी हस्ताक्षर के साथ-साथ फर्जी आईडी पेश की थी। इस शिकायत के आधार पर थाना रानी की सराय में मुकदमा अपराध संख्या 213/2025, धारा 319(2), 318(4), 339, 336(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, आजमगढ़ के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत, क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में उपनिरीक्षक संतोष कुमार यादव के साथ पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर विद्यावती देवी को तहसील परिसर सदर, आजमगढ़ से दोपहर लगभग 3:50 बजे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में कांस्टेबल आलोक यादव और महिला कांस्टेबल सुनैना वर्मा भी शामिल थीं। वर्तमान में अभियुक्ता के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई प्रचलित है।

Monday, 29 September 2025

आजमगढ़ सिधारी बच्चों के झगड़े से शुरू हुए बवाल ने लिया हिंसक रूप सूचना पर पहुंचे पुलिस पर पत्थरबाजी, महिला सिपाही घायल, 4 हिरासत में


 आजमगढ़ सिधारी बच्चों के झगड़े से शुरू हुए बवाल ने लिया हिंसक रूप


सूचना पर पहुंचे पुलिस पर पत्थरबाजी, महिला सिपाही घायल, 4 हिरासत में



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के सिधारी थाना क्षेत्र के जाफरपुर गांव में रविवार रात एक मामूली चोरी का विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। रात करीब आठ बजे दो बच्चों के बीच चोरी के आरोप को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते पूरे गांव में फैल गया। एक पक्ष के परिजनों ने मौके पर पहुंचकर पत्थरबाजी शुरू कर दी, जिससे गांव में तनाव का माहौल बन गया।


सूचना मिलने पर डायल 112 की पीआरवी टीम मौके पर पहुंची, लेकिन हालात बेकाबू हो गए। दलित बस्ती के कुछ लोगों ने पुलिस पर पत्थरबाजी की, जिसमें पीआरवी वाहन का शीशा टूट गया और एक महिला पुलिसकर्मी घायल हो गई। बताया गया कि ग्रामीणों ने चोरी के शक में एक युवक को पकड़ा था, जिसके बाद उसके परिजनों ने ग्रामीणों और पुलिस पर हमला बोल दिया। अतिरिक्त पुलिस बल की मदद से स्थिति को नियंत्रित किया गया।


पुलिस ने चार युवकों को हिरासत में लिया और इलाके में शांति बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया। थाना प्रभारी हिमेंद्र सिंह ने बताया कि पत्थरबाजी करने वालों की वीडियोग्राफी के आधार पर चिन्हित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। संदिग्धों से पूछताछ जारी है।