Saturday, 28 December 2024

आजमगढ़ अहरौला परिजनों से नाराज महिला ने कुएं में लगाई छलांग मौके पर पहुंचे लोगों ने बचाई महिला की जान


 आजमगढ़ अहरौला परिजनों से नाराज महिला ने कुएं में लगाई छलांग


मौके पर पहुंचे लोगों ने बचाई महिला की जान




उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के अहरौला थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला अपने गांव से लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर परिवार से किसी बात से नाराज होने पर शिकायत करने के लिए थाने पर जाने को निकली थी। महिला रास्ते में ही उदैना गांव के पास एक कुएं में कूद गई। जैसे ही इस बात की जानकारी अगल-बगल के लोगों को हुई तो उसके घर पर लोगों को फोन कर इस बात की जानकारी दी। मौके पर 112 के पुलिस मौके पर पहुंच कर महिला की जान बचाई।


जानकारी के अनुसार अहरौला थाना क्षेत्र के पीठापुर गांव निवासिनी शाहिदा(28) पत्नी सद्दाम अपने परिवार में किसी बात को लेकर नाराज हो गई। नाराज होकर वह शिकायत को अहरौला थाने पर जाने लगी। घर से लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर पहुंचने पर उदैना गांव में सड़क के किनारे एक कुएं में शाहिद ने छलांग लगा दी। मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने जब देखा तो शोर मचाने लगे। किसी ने इसकी जानकारी महिला के परिजनों को दी और परिजनों ने इसकी जानकारी उसके मायके वालों को दे दी।


मायके से शाहिदा के पिता इबारत के द्वारा 112 पुलिस को फोन कर घटना की सूचना दी गई। सूचना पर अतरौलिया से 5014 पीआरबी बाइक के जवान पहुंच गए। ग्रामीणों के सहयोग से महिला को कुएं से बाहर निकाला गया। अहरौला थाने पर भी 112 पीआरबी के आरक्षियों ने सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंच कर महिला को लेकर घर चले गए। थानाध्यक्ष अहरौला मनीष पाल ने बताया कि महिला के परिजनों का कहना है महिला कभी कभी आपे से बाहर हो जाती है और ऊटपटांग हरकतें करती है। इसके पहले भी वह ऐसा कर चुकी है। फिलहाल महिला ठीक है।

आजमगढ़ जीयनपुर जालसाज ने दी सिस्टम को चुनौती 20 साल में बनवाया 4 पासपोर्ट, पुलिस ने किया गिरफ्तार


 आजमगढ़ जीयनपुर जालसाज ने दी सिस्टम को चुनौती


20 साल में बनवाया 4 पासपोर्ट, पुलिस ने किया गिरफ्तार





उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले मे एक व्यक्ति ने पुलिस व लोकल इंटेलीजेंस को बड़ी चुनौती दी। आजमगढ़ जिले के तीन थाना क्षेत्रों से तीन पासपोर्ट व गोरखपुर जिले से एक पासपोर्ट बनवाया। ऐसे में ये बड़ा सवाल है कि पुलिस व एलआईयू टीम को कैसे चकमा देकर निकल गया। यह घटना पुलिस व एलआईयू की कार्यशैली पर सवाल खड़ा कर रहा है। उक्त मामला सोशल मीडिया के माध्यम से प्रकाश में आया तो पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर शुक्रवार को आरोपी को लाटघाट बाजार से गिरफ्तार कर लिया।


 लाटघाट चौकी प्रभारी जाफर खान को सोशल मीडिया के माध्यम से पता चला कि जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के मोहम्मदपुर कोड़रा गांव निवासी प्रभुनाथ यादव पुत्र त्रिलोकी यादव द्वारा चार पासपोर्ट अलग-अलग पता पर बनवाया गया है। इसे लेकर चौकी प्रभारी लाटघाट उप निरीक्षक जाफर खान ने मुकदमा पंजीकृत कराया। एक पासपोर्ट लखनऊ से 13 जून 1996 जन्म तिथि 01 सितंबर 1976 में मोहम्मदपुर कोड़रा पोस्ट डिघवनिया काजी थाना जीयनपुर जनपद आजमगढ़ के पते पर जारी हुई जिसका पासपोर्ट स0वी 450129 है। दूसरा पासपोर्ट 10 जून 2002 को जन्म तिथि 01 सितंबर 1976 ग्राम चक्की हाजीपुर थाना रौनापार जनपद आजमगढ के पते पर जारी हुआ जिसका पासपोर्ट स0ई- 2306352 है जारी स्थान लखनऊ। तीसरा पासपोर्ट 02 जुलाई 2009 जन्म तिथि 02 अप्रैल 1975 बदला नाम दीनानाथ यादव मझवलिया थाना बडहलगंज जिला गोरखपुर के पते पर जारी किया गया जिसका पासपोर्ट स0एच 5122388 है जारी स्थान लखनऊ। वहीं चौथा पासपोर्ट 14 जून 2016 को जन्म तिथि 01 जनवरी 1964 पता ग्राम चुटही थाना मुबारकपुर जनपद आजमगढ के पते पर जारी किया गया है जिसका पासपोर्ट स0पी-0847832 है जारी स्थान लखनऊ। उक्त प्रकरण की जांच लाटघाट चौकी प्रभारी जाफर खान द्वारा पूर्व की गई थी जिसकी जांच आख्या क्षेत्राधिकारी सगड़ी को भेजी गयी थी। एसपी ग्रामीण आजमगढ़ चिराग जैन के निर्देश पर उक्त प्रकरण में जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के मोहम्मदपुर कोड़रा गांव निवासी प्रभुनाथ यादव पुत्र त्रिलोकी यादव के खिलाफ जीयनपुर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या  569/2024 अंतर्गत धारा 420,467,468,471भा0द0स0 व 12(1)(B) पासपोर्ट अधिनियम 1967 दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की गई। पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी प्रभुनाथ को लाटघाट बाजार के पास से गिरफ्तार कर लिया। साथ ही फर्जी पासपोर्ट को बरामद किया गया।

आगरा एक पति की 2 दावेदार! अरेंज और लव मैरिज में फंसा युवक दोनों पत्नियों ने किया हाई वोल्टेज ड्रामा 2 पत्नियों की लड़ाई सुनकर पुलिस का दिमाग भी घूम गया


 आगरा एक पति की 2 दावेदार! अरेंज और लव मैरिज में फंसा युवक


दोनों पत्नियों ने किया हाई वोल्टेज ड्रामा


2 पत्नियों की लड़ाई सुनकर पुलिस का दिमाग भी घूम गया




उत्तर प्रदेश के आगरा मे साजन चले ससुराल फिल्म की हुबहू कहानी गुरुवार को आगरा के परिवार परामर्श केंद्र में चरितार्थ हुई। एक पति, दो पत्नी और ड्रामा। अपने पति को पाने के लिए दोनों औरतों के बीच परिवार परामर्श केंद्र में खूब ड्रामा हुआ। परिवार परामर्श केंद्र में बहुत ही दिलचस्प मामला सामने आया है। जिसमें दो पत्नियों की लड़ाई सुनकर पुलिस का दिमाग भी घूम गया। परिवार परामर्श केंद्र में गुरुवार को दो महिलाएं पहुंचीं और दोनों ने एक ही आदमी को अपना पति होने का दावा किया। साथ ही उस आदमी को अपने साथ ले जाने की जिद पर अड़ गई।


दोनों ही महिलाएं एक ही जिले की रहने वाली हैं। फर्क इतना था कि एक अपनी मर्जी की थी। दूसरी घरवालों के मर्जी की। दोनों ही एक दूसरे पर बाहर वाली होने का आरोप लगाने लगीं। परामर्श केंद्र में एक युवक पर दो महिलाओं ने पति होने का दावा कर दिया। दोनों एक- दूसरे पर अपने पति को जाल में फंसाने का दावा करने लगीं। काउंसिलिंग के दौरान एक ने 2020 में शादी होने और दूसरी ने 2022 में शादी होने की जानकारी दी।


बातचीत में पता चला कि पति ने एक महिला से प्रेम विवाह कर उसे अलग रखा था और दो साल बाद परिवार वालों के कहने पर उसकी शादी दूसरी से हो गई। काउंसलर ने दोनों महिलाओं से साक्ष्य दिखाने की बात कही तो 2022 वाली ने तो शादी के कार्ड से लेकर फेरे तक की तस्वीरें दिखा दीं। वहीं, पहली वाली ने कहा कि उसकी शादी मंदिर में हुई थी। घरवालों की मर्जी से शादी वाली पत्नी ने रिश्तेदारों के साथ हंगामा खड़ा कर दिया।

मामला बिगड़ते देख दोनों को काउंसलर ने अगली तिथि पर शादी के साक्ष्य और स्वजन को लेकर आने के निर्देश दिए हैं।

आजमगढ़ कंधरापुर जानलेवा हमला के 5 दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली गेहूं की सिंचाई के दौरान फावड़ा, कुल्हाड़ी से किया गया था हमला घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी हुआ था वायरल


 आजमगढ़ कंधरापुर जानलेवा हमला के 5 दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली


गेहूं की सिंचाई के दौरान फावड़ा, कुल्हाड़ी से किया गया था हमला


घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी हुआ था वायरल



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के कंधरापुर थाने में तहरीर देकर अरविन्द यादव पुत्र स्व0 बैजनाथ यादव ग्राम हरीपुर थाना कन्धरापुर ने अवगत कराया था कि 22 दिसम्बर 2024 की शाम करीब 4 बजे गांव के श्यामलाल, शिवधनी, रामधनी पुत्रगण रामलखन उर्फ लखन मौर्या, प्रदीप, गनेश पुत्रगण रामधनी, आर्यन पुत्र प्रदीप से पुराना जमीनी विवाद चला आ रहा है। गेहूं की सिंचाई करने को लेकर आपस में कहासुनी हुई, इतने में उक्त लोगों द्वारा गाली गुप्ता देते हुए फावड़ा और लाठी, डंडा व कुल्हाड़ी से लैश होकर घर की महिलाओं को जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया गया। इस हमले में करीब दर्जन भर लोग लहूलुहान हो गये। अचेत व गंभीर स्थिति में लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़ित की तहरीर पर कंधरापुर पुलिस ने आरोपी अभियुक्तों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। घटना के पांच दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं कर पाई है।


बताते चलें कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें एक पक्ष द्वारा लाठी-डंडे से लैश होकर दूसरे पक्ष पर हमला करने का मामला सामने आया था जिसमें एक पक्ष के लोगों को काफी गंभीर चोटें भी आयी थी। बताया जा रहा है कि सांघातिक चोट होने के कारण घायल लोगों को गंभीर हालत में अस्पताल में आईसीयू में भर्ती कराया गया है। विदित हो कि कंधरापुर पुलिस द्वारा इस मामले में दोनों पक्षों की तहरीर पर पुलिस ने करीब बीस लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है। कंधरापुर थाने का प्रभार देख रहे रमेश कुमार ने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

Friday, 27 December 2024

बलिया क्षेत्र पंचायत सदस्य को फर्जी तरीके से फंसाने की कोशिश दरोगा को पड़ी भारी पुलिस अधीक्षक ने तत्काल प्रभाव से किया लाइनहाजिर जांच के दौरान खुद झोले में गांजा लेकर आने का आरोप


 बलिया क्षेत्र पंचायत सदस्य को फर्जी तरीके से फंसाने की कोशिश दरोगा को पड़ी भारी 


पुलिस अधीक्षक ने तत्काल प्रभाव से किया लाइनहाजिर


जांच के दौरान खुद झोले में गांजा लेकर आने का आरोप




उत्तर प्रदेश के बलिया मे पुलिस अधीक्षक डॉ. ओमवीर सिंह ने बांसडीह रोड थाने पर तैनात उपनिरीक्षक ओमनरायण पाठक को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है। पुलिस अधीक्षक ने यह कार्रवाई जनहित एवं प्रशासनिक हित में की है। हालांकि इस कार्रवाई को बांसडीह रोड थाना क्षेत्र के मनियारी जसांव गांव की घटना से जोड़कर देखा जा रहा है।


बता दे कि बुधवार की देर शाम बांसडीहरोड थाने की पुलिस मनियारी जसांव गांव निवासी क्षेत्र पंचायत सदस्य के घर में घुस कर जांच-पड़ताल की थी। इस दौरान पुलिस पर फंसाने के लिए खुद झोले में गांजा लेकर आने का आरोप संग ग्रामीण हंगामा करने लगे। इसके बाद भीड़ ने पुलिसकर्मियों को घेर लिया। वे किसी प्रकार जवान जान बचाकर वहां से निकलने में कामयाब हो सके। इस मामले को लेकर ग्रामीणों ने बुधवार की रात सड़क जाम किया, जबकि गुरुवार को बाजार बंद कर कार्रवाई की मांग की। वहीं, पुलिस पर फर्जी तरीके से फंसाने का आरोप लगाते हुए दुकानदारों ने एसआई व दो सिपाहियों पर कार्रवाई की मांग की। जानकारी होने पर पहुंचे सीओ (बांसडीह) प्रभात कुमार ने बातचीत कर लोगों को शांत कराया। गुरुवार की दोपहर बाद दुकानें खुल सकीं थी। एसपी डॉ. ओमवीर सिंह ने मामले की जांच सीओ बांसडीह को सौंपी थी।

उत्तर प्रदेश मे 7 दिन का राजकीय शोक, जारी किया गया राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा, नहीं होगा किसी मनोरंजक कार्यक्रम का आयोजन


 उत्तर प्रदेश मे 7 दिन का राजकीय शोक, जारी किया गया



राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा, नहीं होगा किसी मनोरंजक कार्यक्रम का आयोजन




उत्तर प्रदेश लखनऊ देश के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर उत्तर प्रदेश में भी सात दिनों के लिए राजकीय शोक की घोषणा की गई है। जो कि 26 दिसंबर से प्रारंभ होकर एक जनवरी तक चलेगा। इस संबंध में आदेश जारी कर दिए गए हैं। इस दौरान राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा और राज्य सरकार की ओर से किसी मनोरंजक कार्यक्रम का आयोजन नहीं किया जाएगा।


पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का 92 साल की उम्र में दिल्ली के एम्स में बृहस्पतिवार की रात निधन हो गया। उन्हें उम्र संबंधी दिक्कतों की वजह से गुरुवार रात 8:06 बजे भर्ती कराया गया था। रात 9:51 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। मनमोहन सिंह प्रखर अर्थशास्त्री थे। 1991 में देश में शुरू किए गए आर्थिक उदारीकरण के वे शिल्पकार रहे। 2004 से 2014 तक वे प्रधानमंत्री रहे। उनके निधन से देशभर में शोक की लहर है। केंद्र सरकार ने कल ही सात दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित कर दिया था। शुक्रवार को यूपी सरकार ने भी सात दिन का राजकीय शोक घोषित कर दिया।

आजमगढ़ पवई शर्मनाक! ढाई साल की बच्ची का किया दुष्कर्म पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज, आरोपी को पुलिस ने लिया हिरासत में


 आजमगढ़ पवई शर्मनाक! ढाई साल की बच्ची का किया दुष्कर्म


पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज, आरोपी को पुलिस ने लिया हिरासत में




उत्तर प्रदेश आजमगढ़ जनपद के पवई थाना क्षेत्र में मानवता शर्मसार करने की घटना सामने आई है। एक 27 वर्षीय युवक द्वारा अपने पड़ोसी की ढाई साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म जैसी शर्मनाक घटना को अंजाम दिया गया। बच्ची की चीख सुनकर पिता मौके पर पहुंचा और आरोपी के चुंगल से बच्ची को छुड़ाया। खून से लथपथ बच्ची को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। इस मामले में पुलिस ने बिटिया के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर बच्ची को ईलाज हेतु जिला अस्पताल भेज दिया। घटना गुरुवार शाम पांच बजे के करीब की बताई जा रही है।


पवई थाना क्षेत्र में गुरूवार की शाम को ढाई वर्षीय बालिका घर के बाहर खेल रही थी, अचानक उसके पिता ने उसके चीखने चिल्लाने की आवाज सुनी, जब वह भागकर घर से बाहर आया तो देखा कि उसकी बच्ची बगल के घर में चिल्ला रही है, जब वह वहां गया तो देखा कि उसका पड़ोसी 27 वर्षीय इंद्रेश उसकी बच्ची के साथ दुष्कर्म कर रहा है और बच्ची चीख रही है, बच्ची के पिता को देख कर वह युवक बच्ची को लहुलुहान हालत में छोड़कर भाग गया। उसके बाद उसने घटना की सूचना डायल 112 की पुलिस को दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बच्ची और उसके पिता को थाने लेकर आई। उसके बाद पुलिस ने बच्ची को अस्पताल भेजवाने के साथ ही साथ पिता की तहरीर पर रात में ही युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया।


अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि पवई थानान्तर्गत ढाई साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। दुष्कर्म पीड़िता बच्ची को मेडिकल व इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसको हिरासत में ले लिया है। जो भी तथ्य प्रकाश में आयेंगे उसके हिसाब से अग्रिम विधिक कार्यवाही की जायेगी।