Thursday, 14 March 2024

आजमगढ़ मेंहनगर पत्नी के वियोग में युवक ने कुंए में कूदकर दी जान 2 भाईयों में था छोटा, परिजनों का रो-रोकर हुआ बुरा हाल


 आजमगढ़ मेंहनगर पत्नी के वियोग में युवक ने कुंए में कूदकर दी जान


2 भाईयों में था छोटा, परिजनों का रो-रोकर हुआ बुरा हाल



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ मेंहनगर थाना क्षेत्र के बसिला गांव निवासी युवक ने बीती शाम कुंए मे कूदकर अपनी जान दे दी। ग्रामीणो द्वारा शाम को शव को कुंए से निकालने का काफी प्रयास किया गया लेकिन कोई सफलता नहीं मिल पाई। आज सुबह जब रस्सी में कांटा लगाकर कुंए में डाला गया तो शव को बाहर निकाला जा सका। बताया जा रहा है कि युवक शराब पीने का आदी था जिसके चलते उसकी पत्नी भी उसे छोड़कर चली गयी। पत्नी के वियोग में ही घटना को अंजाम देना बताया जा रहा है।


 जानकारी के अनुसार मुकेश चौरसिया उम्र 30 वर्ष पुत्र स्व0 विश्वनाथ चौरसिया ग्राम बसिला ने बुधवार की शाम लगभग 5 बजे पड़ोसी गांव खुटवा चक खुटवा के उत्तरी सिवान स्थित देइया नामक भीटे के समीप कुएं में छलांग लगा दी। कुएं के थोड़ी ही दूरी पर गांव की महिलाएं घास काट रही थी कुंए में आवाज सुनकर महिलाएं भूत-भूत कहते हुए गाँव की तरफ भाग गई। महिलाओं ने गांव में लोगों को इस बारे में जानकारी दी। महिलाओं की बातों पर अमल करते हुए ग्रामीण कुएं के पास पहुँचे। कुएं के पास चप्पल देख कुएं में गिरने की आशंका जताते हुए ग्रामीणों के अलावा मृतक के गांव के भी लोग रात करीब 11 बजे तक बांस के सहारे कुएं से शव निकालने का प्रयास किये लेकिन कोई सफलता नहीं मिल पाई।


 आज दिनांक 14 मार्च 2024 दिन गुरुवार की सुबह मृतक के गांव बसिला व खुटवा चक खुटवा के लोगों ने रस्सी के सहारे कांटा घुमाया तो कांटा मृतक के पैंट में फंस गया और शव को बाहर निकाला गया। ग्रामीणो ने मृतक की मुकेश चौरसिया के रूप में पहचान की। बता दें कि मृतक दो भाइयों में छोटा था। बड़ा भाई रोजी रोटी के लिए महाराष्ट्र प्रांत में रहता है। मृतक की शादी 5 वर्ष पूर्व हुई थी, शराब का आदी होने के चलते पत्नी भी छोड़कर चली गयी थी जिसके वियोग में अत्यधिक शराब का सेवन करने लगा था।


 स्थानीय लोगों के अनुसार पत्नी के वियोग के चलते ही उसने कुंए में कूदकर अपनी जान दे दी। घटना की सूचना मेंहनगर पुलिस को दी गयी। घटना के बावत भांजा आकाश चौरसिया पुत्र विनोद चौरसिया ने थाने में तहरीर दी। थाना प्रभारी संजय कुमार सिंह ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

आजमगढ़ मुबारकपुर सीवान में मिली महिला की लाश सीओ सिटी सहित पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची


 आजमगढ़ मुबारकपुर सीवान में मिली महिला की लाश


सीओ सिटी सहित पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची



 उत्तर प्रदेश आजमगढ़ जनपद के मुबारकपुर थाना क्षेत्र के बसौधा गांव के राजस्व गांव सराय फिरोज की सीवान में एक महिला का शव मिलने के बाद सनसनी मच गयी। शव मिलने की खबर गांव में आग की तरह फैल गयी। सूचना पर सीओ सिटी गौरव शर्मा सहित स्थानीय पुलिस फोर्स मौके पर पहुच गयी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। ग्रामीणों ने महिला की हत्या किये जाने की आशंका व्यक्त की है।


 जानकारी के अनुसार इन्द्रमती 64 वर्ष पत्नी रामअवध यादव निवासी ग्राम बसौधा एक दिन पूर्व बुधवार की सुबह करीब 10 बजे दही बेचने के लिए मुबारकपुर नगर में गयी हुई थी लेकिन वह घर नहीं लौटी। परिजनों द्वारा उसकी काफी खोजबीन की गयी लेकिन उसका कुछ अता-पता नहीं चल सका। आज दिनांक 14 मार्च 2024 दिन गुरूवार को घर से लगभग एक किमी दूर सीवान में गेहूं के खेत में उसका शव पड़ा हुआ मिला। शव के बगल में दही बेचने का बर्तन भी पड़ा हुआ था। शव मिलने की सूचना पर सीओ सिटी गौरव शर्मा व स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुच गयी।


 मृतका के शरीर से उसके पहने हुए आभूषण कनफूल, नथुनी, गले का मंगलसूत्र और पायल गायब थे। ग्रामीणों ने लूट के बाद हत्या किये जाने की आशंका व्यक्त की है। इस सम्बन्ध में मुबारकपुर थाना प्रभारी निहार नंदन कुमार ने बताया कि मृतका के शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं है। घटना की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण का पता चल पायेगा।

कानपुर जांच में फंसे सहारा ग्रुप के 15 अधिकारी 850 लोगों के हड़पे थे 50 करोड़, ऐसे हुआ था खेल


 कानपुर जांच में फंसे सहारा ग्रुप के 15 अधिकारी


850 लोगों के हड़पे थे 50 करोड़, ऐसे हुआ था खेल



उत्तर प्रदेश कानपुर में लोगों की गाढ़ी कमाई हड़पने के आरोप में दिवंगत सुब्रत राय सहारा की सहारा ग्रुप की कंपनियों के 15 बड़े अधिकारियों की गर्दन फंस गई है। शासन के निर्देश पर कानपुर के काकादेव थाने में दर्ज केस की जांच कर रही आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) को आरोपी अधिकारियों के खिलाफ 850 से अधिक लोगों के करीब 50 करोड़ रुपये हड़पने के पुख्ता सबूत मिले हैं। जांच कर रिपोर्ट शासन को भेजी गई थी, जहां हर पहलू पर मंथन के बाद एजेंसी को आगे की कार्रवाई के निर्देश मिल गए हैं। इन साक्ष्यों के आधार पर अब जांच एजेंसी आरोपियों की गिरफ्तारी कर चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी में जुट गई है।


मिली जानकारी के अनुसार बता दें मंधना के रहने वाले अधिवक्ता आशुतोष शर्मा, छोटे लाल पांडेय, सर्वजीत सिंह, संजय कुमार गुप्ता व विनोद त्रिपाठी ने अन्य निवेशकों के साथ मिलकर काकादेव थाने में सहारा ग्रुप की सहारा क्रेडिट कोऑपरेटिव सोसाइटी, स्टार मल्टीपर्पज कोऑपरेटिव सोसाइटी, सहारायन यूनिवर्सल मल्टीपर्पज सोसाइटी, सहारा क्यू शॉप प्रोडक्ट्स रेंज और हमारा इंडिया क्रेडिट कोऑपरेटिव सोसाइटी के अधिकारियों के खिलाफ पैसे हड़पने का आरोप लगाया था।


 पीड़ितों का कहना था कि आरोपियों ने एकराय होकर किस्तों में पैसा लेकर निर्धारित समय में कई गुना कर वापस देने का झांसा दिया था। तय अवधि के बाद भी पैसे न लौटाने की वजह से उनके लिए परिजनों के इलाज, बिजली बिल, किराया, राशन व बच्चों की पढ़ाई जैसे रोजमर्रा के काम में भी मुश्किल आ रही है। पीड़ितों की तहरीर पर कोर्ट के आदेश पर तीन साल पहले काकादेव थाने में केस दर्ज किया गया था। चूंकि मामला बड़ी कंपनी और सैकड़ों लोगों से हुई वित्तीय धोखाधड़ी से जुड़ा था, इसलिए शासन ने इसकी जांच विशेषज्ञ एजेंसी के तौर पर ईओडब्ल्यू को दे दी। इस दौरान कानपुर के अलावा लखनऊ व दिल्ली और मध्यप्रदेश तक से शासन को मिली शिकायतों को भी इसी केस की जांच में शामिल कर दिया गया। तीन साल तक हर पहलू पर जांच करने के बाद जांच एजेंसी ने अपनी विवेचना की रिपोर्ट शासन को भेज दी। शासन में भी कई स्तर पर जांच की समीक्षा के बाद अगली कार्रवाई की मंजूरी दे दी गई है। कंपनी ने पहले लोगों से पांच सौ से लेकर पांच हजार रुपये प्रति महीने के हिसाब से सहारा क्रेडिट कोऑपरेटिव सोसाइटी की एक स्कीम में निवेश कराया। इसमें आरडी, एफडी के तौर पर रकम जमा कराई गई और सभी को हर महीने की रसीद भी दी गई।


 स्कीम की मियाद पूरी होने पर दो से चार गुना तक पैसे लौटाने की बात कही गई थी। करोड़ों रुपये कमाने के बाद आनाकानी शुरू कर दी लेकिन जब समय आया, तो कंपनी ने बिना लोगों को बताए सहारा क्रेडिट से पैसे क्यू शॉप नाम की दूसरी कंपनी की स्कीम में डाल दिए। उस स्कीम की अवधि पूरी हुई, तो फिर तीसरी और चौथी स्कीम में पैसा घुमाया गया और आम लोगों के पैसे से कंपनी ने करोड़ों रुपये कमाने के बाद लौटाने के समय आनाकानी शुरू कर दी। मामले के मुख्य शिकायतकर्ता व अधिवक्ता आशुतोष कुमार शर्मा ने बताया कि गरीब से लेकर सामान्य और उच्च वर्ग के लोगों ने अपनी गाढ़ी कमाई कंपनी में लगाई थी। लोगों ने समय से स्कीम के अनुसार अपनी किस्तें भरीं लेकिन कंपनी ने पूरी रकम हड़प ली। जब तक कंपनी से पूरे पैसे ब्याज सहित नहीं मिलते हैं तब तक उनके खिलाफ न्याय की जंग जारी रहेगी। 


जिन अधिकारियों के खिलाफ पुख्ता सबूत मिले हैं, उनमें सहारा क्रेडिट कोऑपरेटिव सोसाइटी के चेयरमैन एके श्रीवास्तव, एमडी करुणेश अवस्थी, क्षेत्रीय प्रमुख वीके वर्मा, एनके सेंगर, जोनल मैनेजर तारिक हुसैन, शाखा प्रबंधक एचएस बाजपेई और क्षेत्रीय प्रबंधक मनोज तिवारी प्रमुख रूप से शामिल हैं। इन सभी के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। साक्ष्य मिलने के बाद अब इन सभी पर गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है।

आजमगढ़ सरायमीर अवैध कब्जों पर चला प्रशासन का बुलडोजर दो गांवों में राजस्व टीम द्वारा की गई कार्रवाई से मचा हड़कंप


 आजमगढ़ सरायमीर अवैध कब्जों पर चला प्रशासन का बुलडोजर


दो गांवों में राजस्व टीम द्वारा की गई कार्रवाई से मचा हड़कंप


आजमगढ़ न्यायालय के आदेश के क्रम में राजस्व विभाग की टीम ने बुधवार को पुरन्दरपुर गांव में भीटे पर अवैध रूप से किए गए कब्जे को बुलडोजर से गिरवाया। साथ ही रंगडीह में भी भीटे पर हुए अवैध कब्जे को भी हटवा दिया। एहतियातन बड़ी संख्या में फोर्स भी रही। मौके पर तमाशबीनों की भीड़ जुटी रही।


 सरायमीर थाना क्षेत्र के पुरन्दरपुर गांव निवासी शिकायकर्ता सुरेन्द्र राय ने तहसील मार्टीनगंज सम्पूर्ण समाधान दिवस पर शिकायती पत्रक देकर भीटा पर न्यायालय द्वारा पारित आदेश के अनुपालन में गुणवक्तापूर्ण निरस्तारण कराए जाने की मांग की थी। वहीं सरायमीर थाना क्षेत्र के रंगडीह गांव निवासी शिकायतकर्ता सुनील आदि ने तहसील मार्टीनगंज में ही शिकायती प्रार्थना पत्र देकर ग्राम रंगडीह में भीटा पर हुए अवैध कब्जा को हटाने की मांग की थी। 


इस बाबत तहसीलदार मार्टीनगंज राजू कुमार द्वारा गठित राजस्व टीम ने राजस्व निरीक्षक विजयप्रकाश सिंह के नेतृत्व में पुरंदरपुर के क्षेत्रीय लेखपाल अजय कुमार गुप्ता, रंगडीह के क्षेत्रीय लेखपाल महेंद्र कुमार सहित राजस्व टीम ने पुलिस बल के साथ न्यायालय के आदेश का पालन कराया।

Wednesday, 13 March 2024

आजमगढ़ सरायमीर 5 चोरियों का राजफाश, 5 चोर गिरफ्तार भारी मात्रा में चोरी के सामान बरामद, एक अभियुक्त फरार


 आजमगढ़ सरायमीर 5 चोरियों का राजफाश, 5 चोर गिरफ्तार


भारी मात्रा में चोरी के सामान बरामद, एक अभियुक्त फरार



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ सरायमीर पुलिस ने सरायमीर थाना क्षेत्र में हुई पांच चोरियों का बुधवार को राजफाश कर दिया। चोरी के सामानों के साथ पांच चोरों को गिरफ्तार किया है। सरायमीर थाना क्षेत्र के ग्राम बस्ती में 13 फरवरी को हुई चोरी , पुंरदरपुर एवं कस्बा फतेहपुर गांव में 15 फरवरी को रात में हुई चोरी , लकी कॉन्वेंट स्कूल खनकाह में 9 मार्च को हुई चोरी एवं सिकरौर सहबरी से आगे घर में 10 मार्च को चोरो ने चोरी की थी। एस0आई0 अभिषेक सिंह ने मुखबिर की सूचना पर शेरवां नहर से आगे बस्ती मार्ग से चोरों को गिरफ्तार कर लिया। चोरों के पास से 2 बाइक , 02 अदद मानिटर, 01 अदद कीपैड, 01 अदद माऊस, 02 अदद पेट्रो मेक्स, 01 अदद गैस चुल्हा (छोटा), 03 अदद कार आडियो प्लेयर, 01 अदद बैट्री फैन, 01 अदद पिलास, 20 अदद रिंच (छोटा बड़ा) व 8590/- रूपये व एक अदद तमंचा 315 बोर व एक अदद जिन्दा कारतूस 315 बोर बरामद किया।


 प्रभारी निरीक्षक यादवेंद्र पाण्डेय ने बताया कि गिरफ्तार चोरों में सोनू , वीरेंद्र कुमार एवं गोलू उर्फ गुल्लू कुमार ग्राम ठोठिया थाना मेंहनगर जनपद आजमगढ़ , तथा राजेश चौहान ग्राम अहियाई (मुहम्मदपुर) थाना गंभीरपुर जनपद आजमगढ़ एवं बादशाह शेख ग्राम कालिकापुर थाना याहीकोर जनपद वीरभूमि , (प० बंगाल) हाल मुकाम मुहम्मदपुर थाना गंभीरपुर जनपद आजमगढ़ के निवासी हैं। जबकि एक चोर मोनू यादव ग्राम पवई लाडपुर, थाना सरायमीर फरार है।


 पूर्व में सोनू पर विभिन्न जिलों में 14 मुकदमे दर्ज बताए गये है। , वीरेंद्र कुमार पर जनपद के विभिन्न थानों में 6 मुकदमे दर्ज बताए गये हैं एवं गोलू पर भी जिले के विभिन्न थानों में 7 मुकदमे दर्ज बताए गये हैं।



गिरफ्तारी का विवरण– आज दिनांक 13.03.2024 को उ0नि0 अभिषेक सिंह मय हमराह द्वारा शेरवा नहर पुलिया से 02 मोटर साइकिल सवार (01 होण्डा साइन, 01 आपाची), 03 अभियुक्तों 1. सोनू कुमार पुत्र रामचरण, 2. गुल्लू कुमार पुत्र कैलाश, 3. विरेन्द्र कुमार पुत्र शंकर समस्त निवासी ग्राम ठोठिया थाना मेंहनगर जनपद आजमगढ़ को समय करीब 01.30 बजे गिरफ्तार किया गया तथा अभियुक्त मोनू यादव पुत्र रोहित यादव सा0 पवई लाड़पुर थाना सरायमीर आजमगढ़ मौके से फरार हो गया।


➡ अभियुक्त सोनू के पास से 01 तमंचा .315 बोर व 01 जिन्दा कारतूस .315 बोर व 3300/- रूपये, अभियुक्त विरेन्द्र कुमार के पास से 2240/- रूपये, अभियुक्त गोलू उर्फ गुल्लू कुमार के पास से 2840/- रूपये बरामद हुये।


➡ गिरफ्तार अभियुक्तो की निशादेही पर अभियुक्त 4. राजेश चौहान पुत्र परविन्द चौहान निवासी अहियाई (मुहम्मदपुर) थाना गम्भीरपुर आजमगढ़ उम्र करीब 19 वर्ष को फरिहा – मुहम्मदपुर मार्ग से समय करीब 2.25 बजे गिरफ्तार किया गया जिसके पास से 02 पेट्रो मेक्स, 01 गैस चुल्हा (छोटा), 01 बैट्री फैन बरामद हुआ।


➡ अभियुक्त बादशाह शेख पुत्र टुटुल शेख मूल निवास कालिकापुर, थाना याहिकोर जनपद वीरभूमि (पं0बंगाल) हाल पता कस्बा मुहम्मदपुर थाना गम्भीरपुर आजमगढ़ उम्र करीब 24 वर्ष को मोहम्मदपुर बाजार से समय करीब 2.55 बजे गिरफ्तार किया गया जिसके पास से 20 छोटी/बड़ी रिंच व 01 पिलास बरामद हुआ।


➡ मौके से फरार अभियुक्त मोनू यादव पुत्र रोहित यादव सा0 पवई लाड़पुर थाना सरायमीर आजमगढ़ के घर पर दबिश के दौरान 02 मानिटर 01 कीबोर्ड, 01 माऊस, 03 कार आडियो प्लेयर बरामद हुआ।


गिरफ्तार अभियुक्त – 1. सोनू कुमार पुत्र रामचरण, 2. गुल्लू कुमार पुत्र कैलाश, 3. विरेन्द्र कुमार पुत्र शंकर समस्त निवासी ग्राम ठोठिया थाना मेहनगर जनपद आजमगढ़, 4 राजेश चौहान पुत्र परविन्द चौहान सा0 अहियाई (मुहम्मदपुर) थाना गम्भीरपुर आजमगढ़, 5. बादशाह शेख पुत्र टुटुल शेख मूल निवास कालिकापुर, थाना याहिकोर, जनपद वीरभूमि (पं0बंगाल) हाल पता कस्बा मुहम्मदपुर थाना गम्भीरपुर आजमगढ़।


बरामदगी का विवरण- 02 मोटर साइकिल, 02 मानिटर, 01 कि-बोर्ड, 01 माऊस, 02 पेट्रो मेक्स, 01 गैस चुल्हा (छोटा), 03 कार आडियो प्लेयर, 01 बैट्री फैन, 01 पिलास, 20 रिंच (छोटा बड़ा) व 8380/- रूपये व 01 तमंचा .315 बोर व 01 जिन्दा कारतूस .315 बोर ।


पंजीकृत अभियोग-

1.मु0अ0सं0 112/24 धारा 457/380 भादवि थाना सरायमीर जनपद आजमगढ़।

2.मु0अ0सं0-116/24 धारा 3/25 आय़ुद्ध अधिनियम थाना सरायमीर जनपद आजमगढ।


पूछताछ का विवरण- अभियुक्तों ने बताया कि यह मोटर साइकिल सोनू और वीरेन्द्र ने साथ मिलकर दिनांक 09.03.2024 निकामुद्दीनपुर थाना निजामाबाद पेट्रोल पम्प से चोरी किये थे। पेट्रोल पम्प के पीछे खड़े ट्रक से गैस चुल्हा, बैट्री पंखा, आडियो प्लेयर चोरी किये थे।


➡ दिनांक 13.02.2024 की रात में सोनू, मोनू यादव, गुल्लू और वीरेन्द्र कुमार ने मिलकर बस्ती गाँव के 01 घर से कुछ सामान और 2000 रूपये चोरी किये थे।


➡ दिनांक 15.02.2024 की रात में चारो अभियुक्तों ने पुरन्दरपुर और कस्बा फतेहपुर गाँव से कपड़ा, जेवर और कुछ पैसे चोरी किये थे।


➡ दिनांक 10.03.24 को सिकरौर सहबरी बाजार के 01 घर से कुछ जेवर और 5000/- रूपये चोरी किये थे।

Tuesday, 12 March 2024

फिरोजाबाद घूंघट में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची एसडीएम स्वास्थ्य कर्मियों मे मचा हड़कंप


 फिरोजाबाद घूंघट में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची एसडीएम



स्वास्थ्य कर्मियों मे मचा हड़कंप


उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में मंगलवार को एसडीएम सदर कृतिराज ने घूंघट की ओट में मरीज बनकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, दीदामई के निरीक्षण के लिए पहुंची। वह मरीजों के साथ कतार में खड़ी हुईं। पर्चा बनवाया और इंजेक्शन लगवाने के लिए काउंटर पर पहुंची। एंटी रेबीज का इंजेक्शन मनमाने ढंग से लगाया जा रहा था। वहीं अस्पताल में मौजूद डॉक्टर का व्यवहार भी मरीजों के प्रति अड़ियल रहा।


 उन्होंने दवाएं चेक करनी शुरू की तो स्टोर में करीब आधी दवाईयां एक्सपायरी डेट की मिलीं। स्थिति देखकर वह हैरान रह गईं। कई मरीजों ने उनसे अस्पताल स्टाफ और व्यवस्थाओं की शिकायत की। स्टॉफ को एसडीएम के छापेमारी की जानकारी हुई तो वह सन्न रह गए। एसडीएम कृतिराज ने बताया कि निरीक्षण के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर काफी अवस्थाएं मिलीं। कई डॉक्टरों के हस्ताक्षर थे लेकिन वह अस्पताल में मौजूद नहीं थे। इसकी रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी जा रही है। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

आजमगढ़ अम्बारी फायरिंग मामले में विधायक रमाकांत यादव की हुई पेशी सुनवाई के लिए अगली तारीख 28 मार्च मुकर्रर


 आजमगढ़ अम्बारी फायरिंग मामले में विधायक रमाकांत यादव की हुई पेशी



सुनवाई के लिए अगली तारीख 28 मार्च मुकर्रर


उत्तर प्रदेश आजमगढ़ जिले के फूलपुर कोतवाली के अम्बारी बाजार में हुई फायरिंग के मामले में मंगलवार को विधायक रमाकांत यादव की एमपी- एमएलए कोर्ट के न्यायाधीश ओम प्रकाश वर्मा की अदालत में पेशी थी। किसी भी गवाह के मौजूद न होने के चलते न्यायाधीश ने मामले में सुनवाई के लिए अगली तारीख मुकर्रर कर दिया।


 यह है पूरा मामला-वर्ष 1998 के चुनाव के दौरान फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के अम्बारी बाजार में दो पूर्व सांसदों रमाकांत यादव व अकबर अहमद डंपी का आमना-सामना हो गया था। जिस पर दोनों पक्षों से जमकर हवाई फायरिंग की गई थी। जिससे अंबारी बाजार में हड़कंप मच गया था। 


हालांकि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन बाजार की शांति व कानून व्यवस्था गड़बड़ा गई थी। जिस पर पुलिस ने दोनों पूर्व सांसदों समेत उनके पक्ष के लगभग छह दर्जन भर लोगों को नामजद करते हुए मुकदमा दर्ज किया था। इसी मुकदमें में पूर्व सांसद व वर्तमान में फूलपुर-पवई क्षेत्र से सपा विधायक रमाकांत यादव की कोर्ट में पेशी थी। रमाकांत यादव वर्तमान में फतेहगढ़ जेल में बंद है। वहीं से वीसी के माध्यम से वे मंगलवार को एमपी एमएलए कोर्ट में पेश हुए। मंगलवार को इस मुकदमें में कोई गवाह नहीं मौजूद था। जिसके चलते न्यायाधीश ओम प्रकाश वर्मा ने अगली सुनवाई के लिए 28 मार्च 2024 की तारीख मुकर्रर कर दिया।