Tuesday, 12 March 2024

आजमगढ़ गम्भीरपुर उत्तरगांवा बारातियों पर लाठी-डंडा से किया हमला 3 घायल, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा


 आजमगढ़ गम्भीरपुर उत्तरगांवा बारातियों पर लाठी-डंडा से किया हमला


3 घायल, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ गम्भीरपुर थाना क्षेत्र के उत्तरगांवा में डीजे पर नाचने के विवाद में सोमवार की रात्रि लगभग 9 बजे बारातियों पर गांव के लोगों लाठी-डंडे से हमला बोल दिया गया। इस घटना में बाराती पक्ष के तीन लोग घायल हो गए। सभी घायलों को गम्भीरपुर पुलिस प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाई।


 जानकारी के मुताबिक गम्भीरपुर थाना क्षेत्र के उत्तरगावा गांव निवासी रामचंद्र यादव पुत्र स्वर्गीय मुखराम यादव ने गम्भीरपुर थाना में दिनांक 12/03/2024 को तहरीर देकर मुकदमा अपराध संख्या 76/2024 अंतर्गत धारा 323,504,506,34 भादवि दर्ज कराया कि दिनांक 11/03/2024 को मेरी भतीजी की शादी थी, बारात तमौली बेलइसा से आई थी द्वार पूजा से पूर्व बाराती पक्ष के लोग बरात के साथ डीजे पर नाचते हुए जा रहे थे इस बीच गांव निवासी रामचंद्र पुत्र रामजतन चौहान, शुभम चौहान पुत्र सूर्यभान, अभिषेक पुत्र रामचंद्र चौहान, अविनाश चौहान पुत्र रामचंद्र चौहान, जीतन पुत्र त्रिभुवन, धीरज पुत्र आल्हा, दीपक पुत्र रामअचल जबरदस्ती डीजे पर नाचने लगे, जब बारातियों व हम लोगों द्वारा मना किया गया तो ये लोग लाठी डंडा से बारातियों को मारने पीटने लगे जिसमें अंकित यादव पुत्र गोरखनाथ यादव, बिट्टू यादव पुत्र फागु यादव, अन्नू यादव पुत्र शोभा यादव निवासी तमौली थाना रानी की सराय घायल हो गए और जान से मारने की धमकी देते हुए निकल गए।


 सूचना पर पहुंची गम्भीरपुर पुलिस ने सभी घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। थानाध्यक्ष गम्भीरपुर बसंत लाल ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। सभी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जायेगा।

लखनऊ पूरे प्रदेश में हाई अलर्ट, पुलिसकर्मियों की छुट्टियां निरस्त डीजीपी मुख्यालय ने सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए


 लखनऊ पूरे प्रदेश में हाई अलर्ट, पुलिसकर्मियों की छुट्टियां निरस्त


डीजीपी मुख्यालय ने सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए



उत्तर प्रदेश लखनऊ केंद्र सरकार द्वारा समान नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) की अधिसूचना जारी होने के बाद पूरे प्रदेश में हाई अलर्ट है। पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। मिली जानकारी के मुताबिक डीजीपी मुख्यालय ने सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।


 सीएए की अधिसूचना जारी होने की संभावना के दृष्टिगत प्रदेश पुलिस ने 15 दिन पहले से तैयारी शुरू कर दी थी। सभी कमिश्नरेट और जिलों में पुलिसकर्मियों को दंगा आदि से निपटने का प्रशिक्षण देने के साथ उपकरणों से भी लैस किया जा रहा था। पिछली बार इसे लागू करने की कवायद के दौरान करीब डेढ़ दर्जन जिलों में हुए हिंसक प्रदर्शन में 20 लोगों की मौत की वजह से इस बार खास सतर्कता बरती जा रही है। बता दें कि सोमवार को सीएए की अधिसूचना जारी होने से पहले डीजीपी मुख्यालय के निर्देश पर सभी कमिश्नरेट और जिलों में पुलिसकर्मियों के अवकाश निरस्त करने का आदेश भी जारी कर दिया गया। आदेश में उन पुलिसकर्मियों को भी अवकाश से तत्काल वापस बुलाने को कहा गया, जो विभिन्न वजहों से छुट्टी पर हैं। तमाम संवेदनशील जिलों में तो एहतियात के तौर पर सुरक्षा बढ़ाने के साथ अवकाश पर गए पुलिसकर्मियों को सोमवार शाम छह बजे तक अपनी तैनाती के स्थान पर आमद करने का आदेश जारी कर दिया गया है। उन्हें केवल विषम परिस्थिति में उच्चाधिकारी की अनुमति से अवकाश मिल सकेगा।


 वहीं पुलिस अधिकारियों की मानें तो प्रदेश में करीब 3-4 हजार शरणार्थी रहते हैं। हालांकि यह संख्या अनुमानित है। केंद्र सरकार द्वारा सोमवार को सीएए की अधिसूचना जारी होने के बाद सतर्कता बढ़ा दी गयी। दंगारोधी उपकरणों के साथ पुलिस सड़कों पर फ्लैग मार्च करने लगी। डीजीपी मुख्यालय के अधिकारी पूरे प्रदेश से लगातार पल-पल की जानकारी ले रहे हैं। वहीं पुलिस ने सोशल मीडिया पर भी पैनी नजर रख रही है। डीजीपी प्रशांत कुमार ने सभी कमिश्नरेट और जिलों को अलर्ट पर रहने और अभिसूचना तंत्र को विशेष रूप से सतर्कता बरतने का आदेश दिया है। वर्ष 2019 में हुए सीएए विरोधी प्रदर्शनों के दौरान चिन्हित अराजक तत्वों पर भी पैनी निगाह रखी जा रही है। अफवाह फैलाने वालों पर तत्काल सख्त कार्रवाई करने को कहा गया है।

आजमगढ़ मोटर गैरेज में भीषण आग लगने से लाखों की क्षति अग्निशमन की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच कर आग बुझाने में जुटी


 आजमगढ़ मोटर गैरेज में भीषण आग लगने से लाखों की क्षति


अग्निशमन की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच कर आग बुझाने में जुटी



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ शहर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत करतारपुर बाईपास मार्ग पर स्थित जीडी ग्लोबल स्कूल के बगल में सोमवार की रात एक मोटर गैरेज में अज्ञात कारणों से लगी आग के चलते लाखों की क्षति आंकी गई है। समय रहते सूचना पाकर अग्निशमन की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच कर आग बुझाने में जुट गई। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।


 शहर क्षेत्र के रहने वाले अमित श्रीवास्तव करतालपुर तिराहे के निकट जीडी ग्लोबल स्कूल के बगल में फैंसी कार केयर नाम से चारपहिया वाहनों का गैरेज संचालित करते हैं। सोमवार की रात करीब साढ़े नौ बजे बंद गैरेज से आग की लपटें उठने लगीं। यह देख आसपास के लोगों ने अग्निशमन विभाग को सूचना दी। कुछ ही देर बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंच गई। अग्निशमन कर्मी आग बुझाने में जुट गए लेकिन गैरेज में रखे ज्वलनशील पदार्थों के चलते आग भयावह रूप धारण कर चुकी थी। आग पर काबू पाने के लिए अग्निशमन विभाग की तीन गाड़ियां आग बुझाने में लगाई गई। काफी प्रयास के बाद किसी तरह आग बुझाई गई। इस घटना में लाखों की क्षति का अनुमान लगाया गया है।

Monday, 11 March 2024

हापुड़ सिपाही ने खुद को मारी गोली, हुई मौत घटना के समय पत्नी और 4 साल के बेटे के साथ सो रहा था सिपाही


 हापुड़ सिपाही ने खुद को मारी गोली, हुई मौत


घटना के समय पत्नी और 4 साल के बेटे के साथ सो रहा था सिपाही



उत्तर प्रदेश के हापुड़ के हाफिजपुर इलाके में एक सिपाही ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। सिपाही दो दिन पहले ही छुट्टी लेकर घर आया था। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। आत्महत्या करने की वजह का खुलासा नहीं हुआ है। 


जानकारी के अनुसार, हाफिजपुर थाना इलाके के गांव चितौली में देर रात सिपाही ने कमरे में देशी पिस्टल से सिर में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। गृहक्लेश के चलते आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। मृतक सिपाही वर्तमान में मुज्जफरनगर पुलिस लाइन में तैनात था। सिपाही दो दिन पहले ही छुट्टी लेकर गांव आया था। पुलिस और फोरेंसिक टीम मामले की जांच में जुटी है।


 गांव चितौली के साधारण किसान नरेश पाल सिंह का पुत्र जोनी बाना (28) वर्ष 2019 में यूपी पुलिस में भर्ती हुआ था। रविवार की रात वह अपनी पत्नी शिवानी और चार वर्षीय पुत्र शौर्य के साथ एक कमरे में सो गया था। देर रात घर के दूसरे कमरे से गोली चलने की आवाज पर उसकी पत्नी शिवानी की नींद खुल गई, जब वह पति को ढूंढते हुए दूसरे कमरे में पहुंची तो वहां पति का शव खून से लथपथ मिला। मौके पर एक देशी पिस्टल भी पड़ी थी।


 गांव में चर्चा है कि सोमवार की सुबह उसके परिजन मृतक जोनी को लेकर मुज्जफरनगर पुलिस लाइन भी पहुंचे थे। इसके बाद वह जोनी को लेकर गांव पहुंचे। स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना मुज्जफरनगर पुलिस के माध्यम से मिली। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस व फोरेंसिक टीम मामले की जांच में जुटी है। थाना प्रभारी विजय कुमार गुप्ता ने बताया कि मुज्जफरनगर पुलिस के माध्यम से सिपाही जोनी बाना द्वारा आत्महत्या करने की जानकारी उन्हें मिली है। सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मामले की जांच में जुटी है। पुलिस सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

आजमगढ़ मंदूरी एयरपोर्ट से पहली फ्लाइट ने भरी उड़ान सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ लखनऊ जाने वाले यात्रियों को दी विदाई बुधवार को छोड़कर सप्ताह में 6 दिन जनपद से होगी उड़ान-मुकेश यादव, निदेशक एयरपोर्ट


 आजमगढ़ मंदूरी एयरपोर्ट से पहली फ्लाइट ने भरी उड़ान


सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ लखनऊ जाने वाले यात्रियों को दी विदाई


बुधवार को छोड़कर सप्ताह में 6 दिन जनपद से होगी उड़ान-मुकेश यादव, निदेशक एयरपोर्ट



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ आखिरकार पीएम मोदी के ऐलान के बाद मंदूरी एयरपोर्ट से जहाज की उड़ान शुरू हो गई। लखनऊ से रनवे पर पहली फ्लाइट 10.45 पर उतरी। फ्लाइट अपने निर्धारित समय से 35 मिनट विलंब से पहुंची। इसका कारण खराब मौसम बताया गया है। इस अवसर पर सदर सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ आजमगढ़ से लखनऊ जाने वाले यात्रियों को विदाई देने के लिय मौजूद रहे।


 वहीं पहली फ्लाइट को लेकर यात्री काफी उत्साहित दिखाई दिए। यात्रियों ने कहा कि आजमगढ़ से पहली फ्लाइट में उड़ान भरना हम सभी के लिए ऐतिहासिक पल है। प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री ने आजमगढ़ को बहुत बड़ी सौगात दिया है। आजमगढ़ के विकास में यह मील का पत्थर साबित होगा। एयरपोर्ट डायरेक्टर मुकेश कुमार यादव ने बताया कि सप्ताह में बुधवार को छोड़ 06 दिन सेवा प्रदान की जाएगी। वहीं सांसद निरहुआ ने कहा कि यह आजमगढ़ की जरूरतों को लेकर मोदी जी के रोडमैप का पहला कदम है। उन्होंने कहा कि आगे एयरपोर्ट के विस्तारीकरण का पुरजोर प्रयास किया जायेगा ताकि यहां बड़े विमान भी उतर सकें और आम जन को फायदा मिल सके।

आजमगढ़ बरदह पुलिस मुठभेड़ में पूर्व प्रधान के हत्यारोपी को लगी गोली हत्या के लिए सिपाही से तय हुआ था 7 लाख रुपए में सौदा असलहा व बाइक बरामद, 2 गिरफ्तार


 आजमगढ़ बरदह पुलिस मुठभेड़ में पूर्व प्रधान के हत्यारोपी को लगी गोली



हत्या के लिए सिपाही से तय हुआ था 7 लाख रुपए में सौदा


असलहा व बाइक बरामद, 2 गिरफ्तार




 उत्तर प्रदेश आजमगढ़ बरदह थाना क्षेत्र में कमालपुर बरौना मार्ग पर स्थित कोदहरा चौराहे के समीप सोमवार को तड़के पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया जबकि उसके दो साथी पुलिस टीम द्वारा काबू में कर लिए गए। घायल बदमाश के दोनों पैरों में गोली लगी है, जिसे पुलिस अभिरक्षा में इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। मुठभेड़ स्थल से तमंचा, जिंदा व खोखा कारतूस तथा बाइक बरामद किए गए हैं। 


मिली जानकारी के अनुसार गौरतलब है कि बीते 8 फरवरी 2024 की शाम बरदह क्षेत्र के बेलवाना गांव के समीप सब्जी खरीद कर बाइक से घर लौट रहे सोनहरा गांव के पूर्व प्रधान रणविजय यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस मामले में मृतक के चचेरे भाई चंदेलाल यादव ने चुनावी एवं पुरानी रंजिश को लेकर की गई हत्या का आरोप लगाते हुए सोनहरा गांव निवासी महेंद्र, वीरेंद्र, फुर्तीलाल, सुरेश, रामगनी, छोटेलाल एवं शर्मिला के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई।


 पुलिस द्वारा इस मामले में आरोपित आधा दर्जन लोगों की गिरफ्तारी बीते 13 फरवरी 2024 को क्षेत्र के बर्रा मोड़ से कर ली गई। पुलिस विवेचना में इस घटना को अंजाम देने वाले भाड़े के हत्यारों में अहरौला थाना क्षेत्र के गहजी गांव निवासी दीपचंद निषाद उर्फ दीपू उर्फ सिपाही, पवई थाना क्षेत्र के ओरिल गढ़वा निवासी हरेन्द्र यादव तथा फूलपुर थाना क्षेत्र के खानजहापुर निवासी संजय यादव के नाम प्रकाश में आए। पुलिस तीनों हत्यारोपियों की तलाश में जुटी रही। 


सोमवार को तड़के बरदह थाना प्रभारी अखिलेश कुमार मौर्य को सूचना मिली कि बाइक सवार तीन बदमाश किसी वारदात की फिराक में कमालपुर से बरौना की ओर आ रहे हैं। सूचना पाकर पुलिस ने कोदहरा चौराहे पर घेरेबंदी कर ली। सुबह करीब पांच बजे कमालपुर की ओर से आ रहे बाइक सवार युवकों को रोका गया तो सभी बाइक मोड़ वापस भागने का प्रयास किए लेकिन बाइक फिसल कर गिर पड़ी। पुलिस ने दो बदमाशों को काबू में कर लिया जबकि एक बदमाश पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए पैदल भागने लगा। पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के दोनों पैरों में गोली लगी और उसे भी पकड़ लिया गया। 


पकड़े गए बदमाशों की पहचान हरेन्द्र यादव निवासी ग्राम ओरिल गढ़वा थाना पवई जनपद आजमगढ़ व संजय यादव निवासी ग्राम खानजहापुर थाना फूलपुर जनपद आजमगढ़ तथा घायल की पहचान दीपचंद निषाद उर्फ दीपू उर्फ सिपाही निवासी ग्राम गहजी थाना अहरौला जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई। पुलिस ने दीपचंद उर्फ सिपाही के कब्जे से 315 बोर तमंचा, दो जिंदा और तीन खोखा कारतूस तथा स्पलेंडर बाइक बरामद किया है। 


पुलिस के अनुसार पकड़े गए हरेन्द्र यादव के बहनोई अनिल यादव की वर्ष 2021 में चुनावी रंजिश को लेकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पूर्व प्रधान रणविजय यादव को आरोपित किया गया था। हत्या से कुछ महीने पहले रणविजय यादव जमानत पर जेल से रिहा हुए थे। बहनोई की हत्या का बदला लेने के लिए हरेन्द्र ने रणविजय यादव की हत्या के लिए भाड़े के हत्यारे दीपचंद उर्फ सिपाही से इस कार्य के लिए सात लाख रुपए में सौदा तय किया और योजना के अनुसार बीते आठ फरवरी 2024 को घटना को अंजाम दे दिया गया। 


पुलिस अभिरक्षा में घायल बदमाश का इलाज अस्पताल में चल रहा है। गिरफ्तार किए गए दीपचंद निषाद उर्फ सिपाही तथा हरेन्द्र यादव के खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में हत्या, जानलेवा हमला, चोरी आदि के कई संगीन मामले दर्ज बताए गए हैं।

आजमगढ़ आज जनपद से होगी पहली उड़ान लखनऊ से विमान सुबह 08:55 पर रवाना हो 10:10 बजे पंहुचेगा


 आजमगढ़ आज जनपद से होगी पहली उड़ान



लखनऊ से विमान सुबह 08:55 पर रवाना हो 10:10 बजे पंहुचेगा



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के उद्घाटन के बाद जनपद वासियों का अपने जिले के एयरपोर्ट से 'उड़ान' का सपना सोमवार को पूरा होगा। फ्लाइ बिग कंपनी की 19 सीटर विमान की पहली हवाई सेवा सोमवार को लखनऊ एयरपोर्ट से सुबह 8.55 शुरू होगी, जो आजमगढ़ एयरपोर्ट पर सुबह 10.10 बजे पहुंचेगी। लखनऊ के लिए सप्ताह में दो दिन सोमवार व गुरुवार को होने वाली उड़ान के तहत सोमवार को ही आजमगढ़ से सुबह 11.10 बजे उड़ान भरकर विमान 12.25 बजे लखनऊ पहुंचेगा। 


शुरुआती दो दिन का आने और जाने का टिकट फुल हो चुका है। न्यूनतम किराया तो एक हजार 48 रुपये से शुरू है, जो सीट की उपलब्धता के अनुसार बढ़ भी सकता है। खास बात यह है कि गुरुवार से आजमगढ़ से लखनऊ पंहुचने के बाद आधे घंटे में ही अलीगढ़ के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट भी उपलब्ध रहेगी। वर्तमान में हवाई मार्ग से आजमगढ़ से अलीगढ़ पंहुचने में कुल सवा तीन घंटे लगेंगे।