Monday, 19 February 2024

आजमगढ़ पुलिस अधीक्षक ने कई थानाध्यक्षों का किया तबादला देखें सूची! अतरौलिया थानाध्यक्ष सविन्द्र राय किये गये लाइन हाजिर


 आजमगढ़ पुलिस अधीक्षक ने कई थानाध्यक्षों का किया तबादला देखें सूची!


अतरौलिया थानाध्यक्ष सविन्द्र राय किये गये लाइन हाजिर


उत्तर प्रदेश आजमगढ़ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने कानून व्यवस्था को सुदृढ़ एवं सुव्यवस्थित बनाये रखने के लिए कई थानाध्यक्षों और उपनिरीक्षकों का तबादला कर दिया। पुलिस अधीक्षक ने अतरौलिया थानाध्यक्ष सविन्द्र राय को लाइन हाजिर करते हुए थानाध्यक्ष कंधरापुर वीरेन्द्र कुमार सिंह को अतरौलिया थाने की जिम्मेदारी सौंपी गयी। एक साथ इतने बड़े पैमाने पर किये गये तबादले से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

प्रतापगढ़ यूपी के लड़के को दिल दे बैठी अमेरिकी लड़की परिजनों संग आकर प्रेमी संग लिए 7 फेरे


 प्रतापगढ़ यूपी के लड़के को दिल दे बैठी अमेरिकी लड़की


परिजनों संग आकर प्रेमी संग लिए 7 फेरे



उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में एक अनोखी शादी देखने को मिली। जहां एक युवक के प्यार में अमेरिकी युवती अपने परिजनों के साथ भारत आ गई। बेल्हा के रहने वाले रवि प्रकाश सिह ने सोमवार को हिंदू रीति रिवाज से पुरोहित की मौजूदगी में अग्नि को साक्षी मानकर अमेरिकी दुल्हन के साथ सात फेरे लिए। साथ ही सात जन्मों तक रिश्ता निभाने की कसम खाई। भारतीय परंपरा से कराए गए वैवाहिक आयोजन का साक्षी बनने के लिए दुल्हन के माता-पिता सहित डेढ़ दर्जन से अधिक रिश्तेदार भी अमेरिका से बेल्हा आए हुए थे।


मिली जानकारी के मुताबिक सदर विकास खंड के पूरे माधव सिंह निवासी रमेश प्रताप सिंह सेना से रिटायर होने के बाद गांव के पैतृक मकान में रहते हैं। रमेश सिंह के बेटे रवि प्रकाश सिंह ने गुवाहाटी से बीटेक करने के बाद अमेरिका की जार्जिया टेक यूनिवर्सिटी में डेटा साइंस से एमएस करने के लिए दाखिला लिया। साल 2016 में एमएस की पढ़ाई पूरी करने के बाद रवि को अमेरिका की असुरियन कंपनी में नौकरी में मिल गई। यहीं उसकी मुलाकात अमेरिका निवासी लॉरेन ओमहेन से हुई। दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदली और दोनों ने शादी करने का निश्चय कर लिया। रवि के पिता पहले तो इसके लिए तैयार नहीं हुए लेकिन परिवार वालों के समझाने पर वह मान गए। आखिरकार रवि प्रकाश और लॉरेन ओमहेन की शादी की तिथि 18 फरवरी तय की गई। साथ ही यह भी तय हुआ कि सभी वैवाहिक आयोजन भारतीय परंपरा के तहत हिंदू रीति रिवाज से संपन्न होंगे। रवि संग सात फेरे लेने के लिए अमेरिका से लॉरेन ओमहेन उनके माता-पिता मैरी जॉय ओमहेन और बैरी ओमहेन के अलावा डेढ़ दर्जन रिश्तेदार बेल्हा आ गए। शनिवार को हल्दी के बाद रविवार सुबह से शाम तक शादी की विभिन्न रस्में पूरी की गईं। रात में जयमाल के बाद पुरोहित ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विवाह की रस्में पूरी कराई।

आजमगढ़ मेहनगर नाबालिग विवाहिता से धर्म-परिवर्तन कराकर निकाह करने का आरोप मेहनगर पुलिस ने 3 लोगों को किया गिरफ्तार


 आजमगढ़ मेहनगर नाबालिग विवाहिता से धर्म-परिवर्तन कराकर निकाह करने का आरोप


मेहनगर पुलिस ने 3 लोगों को किया गिरफ्तार



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ मेंहनगर पुलिस ने विवाहिता से धर्म परिवर्तन के बाद निकाह करने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, मेहनगर थाना क्षेत्र के एक पीड़ित ने स्थानीय थाने पर सूचना दिया कि 10 फरवरी 2024 को उसकी भाभी कहीं चली गई थी। जिसके संबंध में पहले की गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज कराया गया था वह वापस आ गई है और उसने बताया कि एक मोबाइल नंबर पर मेरी बात होती थी जो अपना नाम सोनू सिंह बताया था उसी के प्रेमजाल में फंसकर नागौर राजस्थान चल गई।


 लेकिन जब जानकारी हुई कि इरफान पुत्र बाबू खाँ निवासी जाजूलाई थाना कोतवाली नगर जनपद नागौर राजस्थान, अलाऊद्दीन पुत्र लियाकत निवासी गोडा कला थाना पोण्डा जिला नागौर राजस्थान, मुमताज पुत्र बाबू खाँ निवासी जाजूलाई थाना कोतवाली नगर जनपद नागौर राजस्थान के द्वारा धर्म परिवर्तन कराकर निकाह किया गया। यह राजपूत समाज का व्यक्ति नही है तो किसी तरह से भाग कर घर वापस आयी है। इस सूचना पर 17 फरवरी 2024 को मेहनगर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा अपराध संख्या 55/2024 दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। 


पूर्व में पीड़ित ने सूचना दिया था कि उसकी भाभी की उम्र 24 वर्ष है परन्तु बरामद होने के पश्चात प्रमाण पत्र के अवलोकन से उसकी उम्र 16 वर्ष अर्थात नाबालिग पाई गई। मिली जानकारी के अनुसार रविवार को उप निरीक्षक पवन कुमार सिंह ने आरोपी इरफान पुत्र बाबु खाँ, अलाउद्दीन पुत्र लीयाकत व मुमताज पुत्र बाबू खाँ को घटना में प्रयुक्त 2 मोबाइल के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में हेड कांस्टेबिल धुव्र नारायण सिह व नागेश्वर लाल वर्मा व अनितेष सिह शामिल रहे।

Sunday, 18 February 2024

आजमगढ़ शहर के नजदीक पहुंचा तेन्दुआ, वीडियो देख दहशत में आये लोग वन विभाग की टीम ने लगाया पिंजड़ा, टनल से बाहर निकलने का इंतजार


 आजमगढ़ शहर के नजदीक पहुंचा तेन्दुआ, वीडियो देख दहशत में आये लोग


वन विभाग की टीम ने लगाया पिंजड़ा, टनल से बाहर निकलने का इंतजार



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ जनपद में करीब 10 दिनों से तेन्दुए की उपस्थिति ने लोगों में भय की स्थिति पैदा कर दी है। आज जब लोगों के सामने यह खबर आई कि तेन्दुआ शहर के काफी करीब पहुंच चुका है तो लोग काफी दहशत में हैं। तेन्दुए को पकड़ने के लिए स्थानीय पुलिस और वन विभाग की टीम पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो से यह घटना पूरे जनपद में जंगल की आग की तरफ फैल गयी। 


पूर्वांचल एक्सप्रेस वे के नीचे बने टनल में तेन्दुए के होने की पुष्टि हो जाने के बाद वन विभाग की टीम द्वारा टनल पर पिंजड़ा लगा दिया गया है और तेन्दुए के बाहर आने का इंतजार किया जा रहा है। रेस्क्यू टीम उसे सुरक्षित पकड़ने और किसी को कोई नुकसान न हो इसके लिए नजर बनाए हुए है।


बता दें कि पिछले दो सप्ताह से पूर्वाचल एक्सप्रेसवे से सटे अहरौला क्षेत्र में तेंदुआ देखे जाने की सूचना आ रही थी। आज रविवार की सुबह जनपद मुख्यालय से करीब 10 किमी दूर ग्रामीणों ने नैपूरा स्थित पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के पास देखा कि एक तेंदुआ कुत्ते को मारकर टनल नंबर 229 में घुस गया। ग्रामीणों द्वारा तुरंत इसकी सूचना पुलिस और वन विभाग को दी गई। 


मौके पर तहबरपुर और कंधरापुर की पुलिस के साथ वन विभाग की टीम पहुंच गई। वन विभाग के रेंजर निखिल त्रिवेदी ने बताया कि तेंदुआ टनल के अंदर घुसा हुआ है। टनल को एक तरफ से पूरी तरह से ब्लॉक कर दिया है और दूसरी तरफ से पिंजरा लगा दिया गया है। इसको पकड़ने में हमें 2 से 3 दिन का समय लग सकता है। तेंदुआ को पकड़ते समय हमें यह विशेष रूप से ध्यान रखना होगा कि बिना जान माल का नुकसान हुए उसे सुरक्षित पकड़ लिया जाए। इसके लिए टीम लगातार नजर रखें हुए है। क्षेत्रीय वन अधिकारी नरेंद्र चौधरी ने बताया कि तेंदुए होने की सूचना मिली। उसे सुरक्षित पकड़ने के लिए टीम अपना काम कर रही है। पिछले 10 से 12 दिनों से वन विभाग को किसी जानवर के घूमने की सूचना मिल रही थी लेकिन स्पष्ट नहीं हो पा रहा था कि वह तेंदुआ ही है। जब कई थाना क्षेत्र से वीडियो और फोटोज हमारे पास आया तो तेन्दुआ के होने की स्थिति साफ हो गयी।

आजमगढ़/मऊ 50 हजार का इनामी चढ़ा एसटीएफ के हत्थे 2016 में पेशी के दौरान हो गया था फरार


 आजमगढ़/मऊ 50 हजार का इनामी चढ़ा एसटीएफ के हत्थे


2016 में पेशी के दौरान हो गया था फरार



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ एसटीएफ को थाना शहर कोतवाली आजमगढ़ मे दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 341/20216 में वांछित 50 हजार रु के इनामी कुख्यात अपराधी अश्वनी सिंह उर्फ राहुल उर्फ पिन्टू को जनपद मऊ के चिरैयाकोट थाना क्षेत्र से गिरफ्तार करने में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त हुई। उसके पास से एक फार्च्यूनर गाड़ी, एक मोबाइल बरामद किया गया है। वह काफी दिनों से हत्या सहित विभिन्न आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने में सक्रिय था। 


इस सम्बन्ध में एसटीएफ की विभिन्न इकाईयों को कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया था। जिसके अन्तर्गत सत्यसेन, अपर पुलिस अधीक्षक, एसटीएफ, लखनऊ के पर्यवेक्षण में विमल कुमार सिंह, पुलिस उपाधीक्षक, एस0टी0एफ0 उ0प्र0 के नेतृत्व में एसटीएफ मुख्यालय टीम द्वारा अभिसूचना संकलन की कार्यवाही की जा रही थी। इस दौरान ज्ञात हुआ कि थाना कोतवाली आजमगढ़ का वांछित 50 हजार रु का इनामी अपराधी अश्वनी सिंह उर्फ राहुल उर्फ पिन्टू चिरैयकोट, जनपद मऊ में किसी काम से आया है, यदि शीघ्रता की जाये तो उसे पकड़ा जा सकता है। 


इस सूचना पर निरीक्षक दीपक सिंह, उपनिरीक्षक सत्य प्रकाश सिंह, मु0आ0 शमशेर व मु0आ0 भूपेन्द्र जो आपराधिक अभिसूचना संकलन के सम्बन्ध में जनपद मऊ में मौजूद थे। उनके द्वारा तत्काल कार्यवाही करते हुए मुखबिर द्वारा बताये गये स्थान से उक्त अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। 


पूछताछ के दौरान गिरफ्तार अभियुक्त अश्वनी सिंह ने बताया कि उसके ऊपर थाना कोतवाली आजमगढ़ में मुकदमा दर्ज है, जिसमें वह जेल चला गया था। 2016 में मौका पाकर पेशी के दौरान भाग गया था। उसके ऊपर इनाम घोषित हो गया था, जिस पर वह नाम बदल-बदल कर अलग-अलग स्थानों पर रह रहा था। आज किसी काम से अपने घर आया था कि पकड़ लिया गया।


फिरोजाबाद वर्दी की चाहत, लाल जोड़ा और हाथों में मेहंदी.., पुलिस भर्ती परीक्षा देने पहुंची दुल्हन पति भी दूसरे परीक्षा केन्द्र पर देने गया परीक्षा


 फिरोजाबाद वर्दी की चाहत, लाल जोड़ा और हाथों में मेहंदी.., पुलिस भर्ती परीक्षा देने पहुंची दुल्हन



पति भी दूसरे परीक्षा केन्द्र पर देने गया परीक्षा




उत्तर प्रदेश फिरोजाबाद इसे वर्दी की ललक कहें या फिर बेरोजगारी शुक्रवार की रात और शनिवार सुबह परीक्षा केंद्रों का नजारा अलग रहा। शहर की सड़कों पर चारों ओर सिर्फ अभ्यर्थी ही दिखे। सैकड़ों की संख्या में अभ्यर्थी केंद्र के बाहर फर्श पर लेटे व सुबह का इंतजार करते दिखे। अभ्यर्थियों की सुबह भी भागम-भाग से हुई। हर अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र की जानकारी लेते दिखा। कोई पैदल तो कोई ई-रिक्शे से जाता दिखा। परीक्षा केंद्र पहुंचे अभ्यर्थियों की उत्सुकता सबसे ज्यादा नोटिस बोर्ड को लेकर रही। कई अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र पहुंचने के बाद भी बार-बार अपना प्रवेश पत्र व परीक्षा केंद्र देखते रहे। नोटिस बोर्ड में रोल नंबर की पुष्टि के बाद अभ्यर्थियों ने राहत की सांस ली और सैकड़ों अभ्यर्थियों को केंद्र के बाहर रिवीजन करते देखा गया। 


मिली जानकारी के अनुसार प्रथम पाली में जिले के 26 केंद्रों पर संपन्न हुई परीक्षा में 11856 अभ्यर्थियों में 341 अभ्यर्थी नदारद रहे। वहीं दूसरी पाली में भी 11856 अभ्यर्थियों में 424 अभ्यर्थी नदारद रहे। कुल 765 ने परीक्षा छोड़ दी। महात्मा गांधी कॉलेज में दुल्हन भी पुलिस भर्ती परीक्षा देने के लिए पहुंची। परीक्षार्थी शिल्पी का विवाह एक दिन पूर्व हुआ था। वह दुल्हन की लाल चुनरी ओढ़कर परीक्षा केंद्र पहुंची। शिल्पी ने बताया कि उसके पति दूसरे परीक्षा केंद्र पर परीक्षा देने गए हैं।

आजमगढ़ रानी की सराय/मुबारकपुर पुलिस भर्ती परीक्षा में 2 मुन्ना भाई धराये बिहार के रहने वाले हैं दोनों अभियुक्त


 आजमगढ़ रानी की सराय/मुबारकपुर पुलिस भर्ती परीक्षा में 2 मुन्ना भाई धराये


बिहार के रहने वाले हैं दोनों अभियुक्त



आजमगढ़ उ0प्र0 पुलिस (आरक्षी) भर्ती परीक्षा में दूसरे के स्थान पर परीक्षा दे रहे दो मुन्ना भाई को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा बायोमैट्रिक मिलान एवं आधार पर लगे फोटो का प्रवेश पत्र एवं उपस्थित पत्रक से मिलान किया गया तो फोटो सही नहीं मिल सका। एक अभियुक्त रानी की सराय थाना तो दूसरा अभियुक्त मुबारकपुर थाने की पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया है।


थाना रानी की सराय में 17 फरवरी को डा0 अनूप कुमार सिंह पुत्र स्व0 शिवमूर्ति सिंह ग्राम शम्भूपुर (पुरा) पोस्ट गहजी थाना अहरौला, वर्तमान पता राजेन्द्र स्मारक इण्टर कालेज सेठवल थाना रानी की सराय जनपद आजमगढ़ में प्राधानाचार्य़ पद पर तैना हैं। डा0 अनूप कुमार सिंह द्वारा थाने पर लिखित तहरीर दिया गया कि 17 फरवरी को उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा में द्वितीय पाली की परीक्षा चल रही थी। इस दौरान बायोमैट्रिक मिलान एवं आधार पर लगे फोटो का प्रवेश पत्र एवं उपस्थित पत्रक से मिलान किया गया तो फोटो सही नहीं मिला एवं बायोमैट्रिक मिलान से पता चला की अनुक्रमांक 3135984 अभ्यर्थी प्रशान्त कुमार पुत्र शिवपूजन ग्राम ढोलीपुर थाना जीयनपुर जनपद आजमगढ़ के स्थान पर राजेश कुमार यादव पुत्र सूर्य नरायन यादव पता रौआही थाना अन्ध्रामठ जिला मधुबनी बिहार परीक्षा देते हुए पकडा गया, जिसके पास से एडमिट कार्ड संख्या-3135984 ,आधार कार्ड सख्या- 940174525538, प्रश्न पुस्तिका संख्या 86082234, ओ.एम.आर. शीट संख्या-12079359 बरामद हुई है। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर राजेश कुमार यादव को हिरासत में ले लिया।



इसी क्रम में मुबारकपुर थाना क्षेत्र में 17 फरवरी को साकेत पब्लिक स्कूल गढ़वल थाना मुबारकपुर जनपद आजमगढ के प्रधानाचार्य संत कुमार श्रीवास्तव पुत्र स्व0 प्रेमनारायण श्रीवास्तव निवासी मोहल्ला सदावर्ती अठवरिया मैदान कोतवाली आजमगढ़ द्वारा प्रार्थना पत्र दिया गया कि साकेत पब्लिक स्कूल गढवल थाना मुबारकपुर में उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा में अभ्यर्थी प्रिन्स कुमार पुत्र अशोक कुमार ग्राम मसूदपुर बड़हलगंज थाना जहानागंज जनपद आजमगढ के स्थान पर रत्नेश कुमार पुत्र दिलीप कुमार यादव निवासी ग्राम भवारा थाना मधुबनी कोतवाली जनपद मधुबनी बिहार परीक्षा देते हुए पकड़ा गया। जिसके पास से फर्जी आधार कार्ड बरामद हुआ। प्रधानाचार्य संतकुमार द्वारा अभियुक्त रत्नेश कुमार को मौके पर ही मौजूद प्रभारी निरीक्षक मुबारकपुर थाना मुबारकपुर जनपद आजमगढ को सुपुर्द किया गया। प्रधानाचार्य की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।