Sunday, 24 December 2023

आजमगढ़ दीदारगंज शबनम हत्याकांड के आरोपी को पुलिस ने मारी गोली दिन दहाड़े युवती की गला रेत कर किया था हत्या


 आजमगढ़ दीदारगंज शबनम हत्याकांड के आरोपी को पुलिस ने मारी गोली



दिन दहाड़े युवती की गला रेत कर किया था हत्या



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ जनपद के दीदारगंज थाना पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान आज सुबह लगभग 11: 30 बजे एक दिन पूर्व हुई युवती की दिन दहाड़े गला रेत कर हत्या किए जाने के मामले में आरोपी को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी है। उसके पास से तमंचा व  कारतूस बरामद किया गया है। उसे इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मार्टिनगंज में भर्ती कराया गया है।


जानकारी के अनुसार दीदारगंज थाना क्षेत्र के सुरहन गांव में 23 दिसंबर 2023 को दोपहर में दिन दहाड़े हुई शबनम पुत्री जैतून राजभर की हत्या के आरोपियों की गिरफ्तार करने के क्रम में पुलिस द्वारा ताबड़तोड़ छापेमारी की जा रही थी। इसी क्रम में मुखबिर द्वारा बदमाश के बारे में मिली सूचना के आधार पर पुलिस द्वारा थाना क्षेत्र के बैरीडीह पुलिया के पास दिन में करीब 11:30 बजे चेकिंग शुरू कर दी गई। इस दौरान सामने से आ रहे मोटर साइकिल सवार को पुलिस द्वारा रोकने का इशारा किया गया तो उक्त बदमाश पुलिस को देखकर गोलीबारी शुरू कर दिया। पुलिस द्वारा किए गए फायरिंग में उसके दाहिने पैर में गोली लग गई। 


घायल अभियुक्त की पहचान शुभम गौतम पुत्र जीतू गौतम निवासी सुरहन थाना दीदारगंज के रुप में की गई। उसे इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मार्टिनगंज में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टर ने उसे हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया।


बता दें कि कल 23 दिसंबर 2023 को दीदारगंज थाना क्षेत्र के सुरहन गांव निवासी शबनम राजभर (22) पुत्री जैतून राजभर की शनिवार की दोपहर करीब 1.15 बजे दिन दहाड़े गला रेत कर हत्या कर दी गई थी। परिजनों द्वारा गांव के ही गांगुली उर्फ नवनीत सिंह पुत्र पूरन सिंह और शुभम गौतम पुत्र जीतू पर युवती की हत्या किए जाने का आरोप लगाया गया था।



बदायूं थाने में इश्क को मिला मुकाम प्रेमी ने सबके सामने थामा प्रेमिका का हाथ


 बदायूं थाने में इश्क को मिला मुकाम


प्रेमी ने सबके सामने थामा प्रेमिका का हाथ



उत्तर प्रदेश बदायूं के उझानी में करीब डेढ़ साल से चल रहे युवक-युवती के प्रेम प्रसंग में शुक्रवार को रोचक मोड़ तब आया, जब प्रेमिका अपने प्रेमी के घर पहुंच गई। इस पर प्रेमी के परिजनों ने पुलिस बुला ली। काफी देर तक बहस और मनौव्वल के बाद प्रेमिका लौट गई लेकिन शनिवार सुबह प्रेमी युगल थाने पहुंच गया। वहां परिजनों की रजामंदी लेकर दोनों की शादी करा दी गई।


मिली जानकारी के मुताबिक गद्दीटोला मोहल्ला निवासी धर्मपाल मौर्य के बेटे विनोद का मोहल्ले के ही भगवान दास की बेटी ज्योति से करीब डेढ़ साल से प्रेम प्रसंग चल था। पिछले दिनों दोनों ने अपने परिजनों को इस बारे में बताया। परिजन उनकी शादी के लिए रजामंद नहीं थे। ज्योति शुक्रवार शाम विनोद के घर पर पहुंच गई।


परिजनों ने अंदर बैठाने की बजाय लौट जाने की हिदायत देकर पुलिस बुला ली। देर रात तक हंगामे की स्थिति बनी रही। ज्योति हालांकि अपने घर लौट गई, लेकिन शनिवार सुबह करीब 10 बजे विनोद और ज्योति कोतवाली पहुंच गए। उन्होंने पुलिस को बताया कि वे दोनों शादी करना चाहते हैं।


प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि दोनों के परिजन शुरू में तो ना-नुकर करते दिखे, लेकिन बालिग ज्योति और विनोद की जिद के आगे वह मान गए। दोनों के परिजनों ने उनकी शादी करा देने का लिखित पत्र भी पुलिस को सौंप दिया। इसके बाद पुलिस कर्मियों की मौजूदगी में शाम करीब पांच बजे कोतवाली के मंदिर में ज्योति और विनोद ने एक-दूसरे को जयमाला पहना दी।


शादियां 15 दिसंबर से बंद हैं। खर मास में कोई शादी नहीं होती। अगला मुहुर्त मकर संक्रांति के बाद से शुरू होगा। यह बात पुलिस कर्मियों ने कही तो विनोद ने परिजनों के सामने ही यह कहते हुए ज्योति का हाथ पकड़ लिया कि अब और इंतजार नहीं करेंगे। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक ने दोनों के परिजनों से युगल के आधार कार्ड मंगा लिए। आधार कार्ड में जन्मतिथि के आधार पर दोनों बालिग पाए गए।

लखनऊ 77 आईपीएस अफसरों की होगी प्रोन्नति प्रशांत समेत 6 बनेंगे डीजी, रमित शर्मा व संजीव गुप्ता बनेंगे एडीजी


 लखनऊ 77 आईपीएस अफसरों की होगी प्रोन्नति



प्रशांत समेत 6 बनेंगे डीजी, रमित शर्मा व संजीव गुप्ता बनेंगे एडीजी



उत्तर प्रदेश लखनऊ मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्रा की अध्यक्षता में शनिवार को हुई डीपीसी के बाद प्रदेश में तैनात कई आईपीएस अफसरों की पदोन्नति का रास्ता साफ हो गया है। समिति ने 80 अफसरों के नामों पर विचार किया गया। इनमें से 77 को प्रोन्नत करने की सिफारिश की गई, जबकि तीन के लिफाफे बंद हैं। छह अधिकारियों को पुलिस महानिदेशक (डीजी) और 1999 बैच के दो अधिकारियों अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) के पद पर प्रोन्नति दी जाएगी। 2006 बैच के पांच अधिकारियों को डीआईजी से आईजी बनाया जाएगा। 2010 बैच के अधिकारियों को एसपी से डीआईजी और 2011 बैच के अधिकारियों को सेलेक्शन ग्रेड दिया गया है।


1990 बैच के अधिकारी प्रशांत कुमार को डीजी का स्केल पहले ही दे दिया गया था। अब पद रिक्त होने पर उन्हें डीजी का पद दिया गया है। मिली जानकारी के अनुसार हाल ही में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से लौटी तिलोत्मा वर्मा, 1991 बैच के राजीव कृष्ण, अभय कुमार प्रसाद व प्रेमचंद मीना और 1992 बैच के दीपेश जुनेजा को भी डीजी बनाने की संस्तुति की गई है। ऐसे ही 1999 बैच के रमित शर्मा और डॉ. सजीव गुप्ता एडीजी बनेंगे। रमित प्रयागराज के पुलिस कमिश्नर और डॉ. संजीव सचिव गृह के पद पर तैनात हैं। 2006 बैच के आईजी पद प्रोन्नत होने वालों में अब्दुल हमीद, शलभ माथुर, धर्मेन्द्र सिंह, एलआर कुमार और आकाश कुलहरि शामिल हैं।


2010 बैच के डीआईजी के पद पर प्रोन्नत होने वाले अफसरों में वैभव कृष्ण, कलानिधि नैथानी, प्रभाकर चौधरी, संजीव त्यागी, पूनम, कुंतल किशोर, हरीशचंद्र, सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज, राठौर किरीट एच भाई, शिव हरि मीना, शैलेश कुमार यादव, राहुल राज, शफीक अहमद, राधेश्याम, कल्पना सक्सेना, सुरेश्वर, रामजी सिंह यादव, संजीव सिंह, राम किशुन, राकेश पुष्कर, मनोज कुमार सोनकर, कुलदीप नारायण, मनीराम सिंह, किरण यादव, प्रमोद कुमार तिवारी, शहाब रसीद खान, एस आनंद व राजीव नारायण मिश्रा हैं। डॉ. धर्मवीर सिंह, अशोक कुमार (चतुर्थ), प्रदीप गुप्ता और डॉ. ओम प्रकाश सिंह को भी डीआईजी बनाने की संस्तुति की गई है।


इनका लिफाफा बंद सुनील कुमार सिंह, शगुन गौतम और हिमांशु कुमार को प्रोन्नति नहीं मिल पाई है। इनका लिफाफा बंद होने से इनके नामों पर विचार नहीं किया गया। 31 अन्य अफसरों को सेलेक्शन ग्रेड दिया गया है।

Saturday, 23 December 2023

आजमगढ़ दीदारगंज दिन दहाड़े युवती की चाकू मारकर हत्या एसपी सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची


 आजमगढ़ दीदारगंज दिन दहाड़े युवती की चाकू मारकर हत्या


एसपी सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ दीदारगंज थाना क्षेत्र के सुरहन में शनिवार को दिन में युवती की ताबड़तोड़ चाकू से वार से हत्या कर दी गई। घटनास्थल एसडीएम आवास से करीब पांच सौ मीटर की दूरी पर स्थित है। घटना के बाद मौके पर कई थानों की फोर्स के साथ अधिकारी गण भी पहुंच गए थे।


मृतका का नाम शबनम पुत्री जैतून राजभर उम्र लगभग 22 वर्ष है शबनम की मां आशा खेत में काम कर रही थी। शबनम उसके लिए खाना लेकर जा रही थी। तभी हमलावर रास्ते में उसको घेर लिए। घटना के बाद जहां आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब रहे। वही मौके पर थोड़ी देर में भारी भीड़ जुट गई और लोग हंगामा करने लगे। सूचना के बाद पुलिस अधीक्षक सहित कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गयी। बताया गया की मृतक शबनम का पिता बाहर रहता है। घर पर पत्नी व तीन पुत्रियां थी।


पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने बताया कि आज दोपहर युवती के हत्या होेने की सूचना मिली, युवती के गर्दन पर घाव के निशान है। परिजनों द्वारा बताया कि गांव के ही गांगुली उर्फ नवनीत सिंह पुत्र पूरन सिंह 21 साल और शुभम गौतम पुत्र जित्तू 20 साल द्वारा घटना को अंजाम दिया गया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच टीमों का गठन किया गया है। जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

लखनऊ यूपी पुलिस में 60 हजार सिपाहियों की भर्ती का कार्यक्रम जारी आवेदन के लिए तिथि की गई निर्धारित


 लखनऊ यूपी पुलिस में 60 हजार सिपाहियों की भर्ती का कार्यक्रम जारी


आवेदन के लिए तिथि की गई निर्धारित



लखनऊ यूपी पुलिस में भर्ती के लिए इंतजार कर रहे युवाओं के लिए खुशखबरी है। आरक्षी नागरिक पुलिस के 60244 पदों पर भर्ती के लिए कार्यक्रम जारी कर दिया गया है।


अभ्यर्थी 27 दिसंबर से 16 जनवरी तक आवेदन कर सकेंगे। आवेदन के लिए शुल्क समायोजन और आवेदन में संशोधन की अंतिम तिथि 18 जनवरी है। 60244 पदों पर भर्ती में अनारक्षित पदों की संख्या 24102, ईडब्ल्यूएस के लिए पदों की संख्या 6024, अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए पदों की संख्या 16264, अनुसूचित जाति के लिए 12650 और अनुसूचित जनजाति के लिए 1204 पद निर्धारित किए गए हैं। भर्ती से संबंधित सभी सूचनाएं https://uppbpb.gov.in/ पर उपलब्ध हैं।

आजमगढ़ सिपाही की ब्रेन हैमरेज से गई जान 2 दिन पूर्व ड्यूटी के दौरान बिगड़ गई थी हालत


 आजमगढ़ सिपाही की ब्रेन हैमरेज से गई जान



2 दिन पूर्व ड्यूटी के दौरान बिगड़ गई थी हालत



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ रौनापार थाना क्षेत्र के बीबीपुर गांव निवासी सिपाही की ब्रेन हैमरेज से मौत हो गई। उनकी चंदौली जनपद में तैनाती थी। दो दिन पूर्व ड्यूटी के दौरान हालत बिगड़ गई थी। शहर के एक निजी अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था।


रौनापार थाना क्षेत्र के बीबीपुर गांव निवासी चंद्रसेन यादव (51) हेड कांस्टेबल के पद पर चंदौली जनपद के चकरघट्टा थाना क्षेत्र के पुलिस चौकी मझगावां में तैनात थे। बुधवार की रात ड्यूटी के दौरान उनकी तबियत बिगड़ गई। उन्हें ब्रेन हैमरेज हो गया। जानकारी मिलने पर परिजन चंदौली गए। चंद्रसेन को इलाज के लिए आजमगढ़ लाया गया। शहर के एक निजी अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था। गुरुवार की शाम उनका निधन हो गया। चंदौली जनपद से पूर्व उनकी तैनाती वाराणसी व बलिया जनपद में रही थी। निधन की सूचना मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया। चंद्रसेन के दो पुत्र बताए गए हैं

आजमगढ़ 14 दरोगा का हुआ तबादला बलरामपुर चौकी प्रभारी संजय कुमार तिवारी का गैर जनपद स्थानांतरण


 आजमगढ़ 14 दरोगा का हुआ तबादला


बलरामपुर चौकी प्रभारी संजय कुमार तिवारी का गैर जनपद स्थानांतरण



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ एसपी अनुराग आर्य ने जिले की कानून-व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने के लिए गुरुवार की रात तीन चौकी प्रभारी समेत 14 दरोगाओं के कार्यक्षेत्र में बदलाव कर दिया। फेरबदल से पुलिस महकमे में खलबली मची रही।


एसपी ने मेंहनगर थाने से संबद्ध सिंहपुर चौकी प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह को शहर में बलरामपुर चौकी का प्रभारी बनाया है। जब कि पुलिस लाइन में तैनात सब इंस्पेक्टर दल प्रताप सिंह को चौकी प्रभारी सिंहपुर व बलरामपुर चौकी प्रभारी संजय कुमार तिवारी का गैर जनपद स्थानांतरण होने पर कार्यमुक्त कर दिया।


 इसी क्रम में पुलिस लाइन में तैनात सब इंस्पेक्टर नागेंद्र सिंह को प्रभारी रिट सेल, जयंती लाल को पुलिस लाइन से प्रभारी विशेष जांच प्रकोष्ठ, गुरुज्ञानचंद पटेल को पुलिस लाइन से प्रभारी नई किरण, नागेश चौधरी को पुलिस लाइन से थाना रानी की सराय, अमित कुमार पाल को पुलिस लाइन से थाना कंधरापुर, विनोद कुमार सिंह को पुलिस लाइन से कोतवाली देवगांव भेजा गया है।


 महिला सब इंस्पेक्टर आरती यादव को पुलिस लाइन से महिला थाना, सब इंस्पेक्टर विजय कुमार सिंह को पुलिस लाइन से थाना बरदह, नवनीत सिंह को पुलिस लाइन से कोतवाली फूलपुर, धीरेंद्र नारायण शुक्ल को पुलिस लाइन से थाना मुबारकपुर व संजय सिंह को पुलिस लाइन से थाना गंभीरपुर में तैनाती दी गई है।