Thursday, 7 December 2023

लखनऊ 3 एसपी सहित 15 आईपीएस अफसरों के हुए तबादले आईपीएस चंद्र प्रकाश शुक्ला को एसपी इंटेलिजेंस आजमगढ़ की जिम्मेदारी


 लखनऊ 3 एसपी सहित 15 आईपीएस अफसरों के हुए तबादले


आईपीएस चंद्र प्रकाश शुक्ला को एसपी इंटेलिजेंस आजमगढ़ की जिम्मेदारी



लखनऊ उत्तर प्रदेश में एक बार फिर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। बुधवार देर रात को 6 आईएएस और 15 आईपीएस अधिकारियों के तबादलों किया गया है। विजय किरन आंदन को मेला अधिकारी, कुंभ मेला, प्रयागराज बनाया गया है। जबकि कंचन वर्मा को महानिदेशक, स्कूल शिक्षा की जिम्मेदारी दी गई है। ऐसे ही रुपेश कुमार को प्रभारी महानिरीक्षक, निबंधन, यूपी, सुखलाल भारती को विशेष सचिव, माध्यमिक शिक्षा विभाग, अनिल कुमार को प्रभारी आयुक्त एवं निबंधन सहकारी समितियां और बिपिन कुमार मिश्र को अपर खाद्य आयुक्त, यूपी तथा सचिव, सतर्कता आयोग, लखनऊ भेजा गया है।


 वहीं योगी सरकार ने राज्य के 15 आईपीएस अधिकारियों के भी तबादले किए हैं। एक डीआईजी रेंज और 3 एसपी बदले गए हैं। देर रात जारी की गई लिस्ट के मुताबिक आईपीएस के. सत्यनारायण को एडीजी सीबीसीआईडी बनाया गया है। अरविंद मिश्रा को एसपी पावर कॉरपोरेशन लखनऊ की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वह वर्तमान में एसपी क्षेत्रीय अभिसूचना के पद पर कानपुर में तैनात थे। जबकि आईपीएस पवन कुमार को अपर पुलिस आयुक्त प्रयागराज बनाया गया है। आईपीएस शैलेंद्र राय को पुलिस अधीक्षक (एसपी) पीटीएस के पद पर मेरठ भेजा गया है। वह वर्तमान में आजमगढ़ में एसपी क्षेत्रीय अभिसूचना के पद पर तैनात थे। आईपीएस चंद्र प्रकाश शुक्ला को एसपी इंटेलिजेंस आजमगढ़ भेजा है। जबकि विपिन कुमार मिश्रा की तैनाती वाराणसी में डीआईजी पीएसी के पद पर की गई है। आईपीएस भारती सिंह को डीआईजी पीटीएस मेरठ भेजा गया है। अजय कुमार सिंह को डीआईजी चित्रकूट धाम रेंज भेजा है।

Wednesday, 6 December 2023

लखनऊ चकबंदी आयुक्त बर्खास्त, 2 सस्पेंड, 5 अन्य अधिकारियों पर भी एक्शन कार्यों में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ योगी सरकार का एक्शन


 लखनऊ चकबंदी आयुक्त बर्खास्त, 2 सस्पेंड, 5 अन्य अधिकारियों पर भी एक्शन


कार्यों में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ योगी सरकार का एक्शन



लखनऊ उत्तर प्रदेश में योगी सरकार कार्यों में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ एक्शन में है। चकबंदी आयुक्त जीएस नवीन कुमार ने कार्यों में लापरवाही बरतने वाले मुजफ्फरनगर के चकबंदी आयुक्त को बर्खास्त कर दिया है। मेरठ के सहायक चकबंदी अधिकारी मनोज कुमार नीरज व इटावा के चकबंदी लेखपाल ओम नारायण को निलंबित कर दिया गया है।


 इसके अलावा इटावा के ग्राम बनी में कामों की अनियमितता पर चकबंदी अधिकारी अवधेश कुमार गुप्ता, सहायक चकबंदी अधिकारी, संतोष कुमार यादव व अखिलेश कुमार के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू की गई है। बलिया में कार्यरत चकबंदी अधिकारी शिव शंकर प्रसाद सिंह की एक वेतन वृद्धि स्थायी रूप से रोकने व अमरोहा में कार्यरत सहायक चकबंदी अधिकारी नितिन चौहान के खिलाफ अनुशासनिक कार्रवाई शुरू की गई है। प्रदेश के समस्त चकबन्दी प्राधिकारियों को चकबन्दी आयुक्त महोदय द्वारा निर्देशित किया गया कि अपने पदीय दयित्वों का निर्वहन सही रूप से नहीं किया तो उनके विरूद्ध कठोर कार्यवाही की जायेगी।

आजमगढ़ एआरटीओ प्रशासन तथा एआरटीओ प्रवर्तन के विरुद्ध अवमानना का नोटिस जारी आदेश का अनुपालन न करने पर कोर्ट ने जताई नाराजगी


 आजमगढ़ एआरटीओ प्रशासन तथा एआरटीओ प्रवर्तन के विरुद्ध अवमानना का नोटिस जारी


आदेश का अनुपालन न करने पर कोर्ट ने जताई नाराजगी


उत्तर प्रदेश आजमगढ़ आदेश का अनुपालन न करने पर नाराजगी जताते हुए अदालत ने एआरटीओ प्रशासन तथा ए आरटीओ प्रवर्तन के विरुद्ध अवमानना का नोटिस जारी किया है। इस मामले में अनुराग सिंह निवासी रैदोपुर थाना कोतवाली के वाहन का चालान एआरटीओ ने 10 मार्च 2023 को कर दिया था। अनुराग सिंह ने ए सीजेएम कोर्ट नंबर दस में इस चालान को खत्म कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिया। न्यायालय ने 11 अक्टूबर 2023 को ए आरटीओ से इस विषय में चलानी रिपोर्ट तलब किया। कोर्ट के आदेश के बावजूद एआरटीओ कार्यालय से चलानी रिपोर्ट न्यायालय में नहीं भेजी गई। मंगलवार को सुनवाई के दौरान अदालत को बताया गया कि अभी तक चालानी रिपोर्ट नहीं आई है। मामले की सुनवाई कर रहे एसीजेएम कोर्ट नंबर दस देवेंद्र प्रताप सिंह ने इस स्थिति गंभीरता से लेते हुए एआरटीओ के कृत्य को अदालत के आदेश के अनुपालन में उदासीनता और लापरवाही का होना पाया।


 अदालत ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश का हवाला देते हुए कहा कि एआरटीओ समय अवधि के भीतर चलानी रिपोर्ट न्यायालय भेजने के लिए बाध्य है। इसलिए ए आरटीओ प्रशासन तथा ए आरटीओ प्रवर्तन एक सप्ताह के अंदर न्यायालय में उपस्थित होकर अपना स्पष्टीकरण दें और बताएं कि क्यों न उनके विरुद्ध न्यायालय की अवमानना की कार्रवाई प्रारंभ की जाए।


 अदालत में इस आदेश की कॉपी संभागीय परिवहन अधिकारी को भी भेजने का आदेश दिया है कि वह भी सुनिश्चित करें कि भविष्य में इस तरह की कोई लापरवाही ना हो।

आजमगढ़ दीदारगंज सड़क पार करते समय अज्ञात वाहन की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल वृद्ध की इलाज के दौरान हुई मौत


 आजमगढ़ दीदारगंज सड़क पार करते समय अज्ञात वाहन की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल वृद्ध की इलाज के दौरान हुई मौत




उत्तर प्रदेश, आजमगढ़ दीदारगंज थाना क्षेत्र के संग्रामपुर गांव में सोमवार देर शाम लगभग सात बजे सड़क पार करते समय घायल वृद्ध की इलाज के दौरान मंगलवार शाम लगभग 5:00 बजे वाराणसी के शिवपुर स्थित एक ट्रामा सेंटर में मौत हो गई स्वजन देर रात शव को घर लेकर आये।घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। बुधवार को मृतक का दाह संस्कार किया गया। 


दीदारगंज थाना क्षेत्र के संग्रामपुर गांव निवासी राम आसरे यादव पुत्र हरखू 67 वर्ष सोमवार को देर शाम सात बजे के करीब गांव के ही एक भोज कार्यक्रम मे भोजन करने जा रहे थे कि घर के पास सड़क पार करते समय अज्ञात वाहन की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गए। स्वजन व गांव के लोग घायलावस्था में शाहगंज जौनपुर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया जहां से हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें ट्रामा सेंटर के लिए भेज दिया। उसके बाद घायल को जौनपुर के एक ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें वाराणसी के लिए रेफर कर दिया गया। आनन फानन में लोग उन्हें वाराणसी के शिवपुर स्थित एक ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया, जहां पर इलाज के दौरान मंगलवार शाम 5:00 बजे के करीब मौत हो गई, रोते बिलखते हुए स्वजन देर रात को शव लेकर संग्रामपुर स्थित घर पर आए, और बुधवार को दुर्वासा में शव का अंतिम संस्कार किया गया। मृतक के पास एक पुत्र और तीन पुत्रियां हैं सभी का विवाह हो गया है। पत्नी की मौत पहले ही हो चुकी है।


आजमगढ़ दीदारगंज से प्रवीण यादव की रिपोर्ट

आजमगढ़ निजामाबाद, एसडीएम सदर के झूठे आश्वासन से सिख समाज में रोष आगामी त्यौहार शहीदी दिवस तथा गुरु पर्वों को न मानने का लिया निर्णय


 आजमगढ़ निजामाबाद, एसडीएम सदर के झूठे आश्वासन से सिख समाज में रोष


आगामी त्यौहार शहीदी दिवस तथा गुरु पर्वों को न मानने का लिया निर्णय



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ आज दिन में 2 बजे गुरुद्वारा साहिब निजामाबाद में मीडिया को संबोधित करते हुए जत्थेदार बाबा सतनाम सिंह ने कहा कि गुरुद्वारा विट्ठल घाट सदर जहां पर अपनी पहली उदासी यात्रा में गुरु नानक जी के चरण पड़े थे उस ऐतिहासिक स्थान की जमीनों को कुछ अवांछनीय तत्वों द्वारा कब्जा कर लिया गया है जिनके विरुद्ध सक्षम न्यायालयों से आदेश पारित हो चुका है और उस स्थान से उनकी अवैध कब्जे को खाली करने के लिए भी आदेशित हो चुका है।


 इसी क्रम में 25 तारीख को तहसील प्रशासन के नासमझी के कारण मौके पर पुलिस की मौजूदगी न होने से भू माफिया द्वारा सिख संगतो से झड़प किया गया तथा सिख कौम के प्रतीक चिन्हों से भी बेअदबी की गई। जिससे सिख कौम ने गुरु पर्व के कोई भी आयोजन पूरे जनपद के किसी गुरुद्वारे में नहीं किया आज इसी सिलसिले में ऐतिहासिक गुरुद्वारा निजामाबाद में बैठक बुलाई गई, जिसमें सिख समाज ने निर्णय लिया कि आगामी शहीदी दिवसों तथा गुरु पर्वों को तब तक नहीं मनाएगा जब तक की प्रशासन गुरुद्वारे की भूमि से अवैध कब्जे को खाली नहीं करा देगी। उन्होंने बताया कि इस सिलसिले में प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री तथा प्रमुख सचिव को भी पत्रक भेजे जा चुके हैं। जत्थेदार बाबा सतनाम सिंह ने कहा है कि आजमगढ़ जिला प्रशासन यदि इस बात को गंभीरता से नहीं लेगा तो सिख संगते इस लड़ाई को आगे ले जाएगा और जहां भी गुरु नानक नाम लेवा सिख संगते हैं हर जगह विरोध किया जाएगा।

आजमगढ़ महात्मा गांधी कहते थे कि खादी वस्त्र नहीं विचार है-सूर्यप्रताप शाही 15 दिवसीय मंडल स्तरीय खादी ग्रामोद्योग प्रदर्शनी का हुआ उद्घाटन


 


आजमगढ़ महात्मा गांधी कहते थे कि खादी वस्त्र नहीं विचार है-सूर्यप्रताप शाही



15 दिवसीय मंडल स्तरीय खादी ग्रामोद्योग प्रदर्शनी का हुआ उद्घाटन



 आजमगढ़ उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड आजमगढ़ द्वारा डी0ए0वी0 डिग्री कालेज के मैदान आजमगढ़ में आयोजित मण्डल स्तरीय खादी ग्रामोद्योग प्रदर्शनी (दिनांक 05 दिसम्बर 2023 से 19 दिसम्बर 2023 तक) का शुभारम्भ मंत्री, कृषि, कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान विभाग, उ0प्र0 शासन/प्रभारी मंत्री आजमगढ़ सूर्य प्रताप शाही द्वारा महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यापर्ण एवं दीप प्रज्जवलित कर के किया गया।


अपने संबोधन में मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि मंडल स्तरीय खादी ग्रामोद्योग प्रदर्शनी 15 दिवस के लिए लगाया जा रहा है, इस प्रदर्शनी के माध्यम से खादी उत्पादों को आम जन तक पहुंचाने में सुविधा होगी। उन्होंने कहा की खादी का रिश्ता हमारे आजादी के लड़ाई से ही जुड़ा हुआ है। उन्होने कहा कि महात्मा गाँधी ने ब्रिटेन के औद्योगीकरण के बाद जब वह अपना अध्ययन पूरा करके भारत वापस आए, तो उन्होंने स्वदेशी के ऊपर बहुत ही बल दिया और स्वदेशी के माध्यम से जो अपने देश का कुटीर उद्योग-धंधा था, उसको बढ़ाया जाना और विशेष रूप से जो भारत के लिए प्रसिद्ध हमारा ढाका का जो मलमल रहा है, वह भी हथकरघा के रूप में खादी का ही एक हिस्सा रहा है। जितना महीन कार्य मशीन नहीं कर पाती थी, उससे भी ज्यादा महीन कार्य हमारे देश के लोग करते थे हमारे देश के ढाका का मलमल पूरी दुनिया के भीतर प्रसिद्ध था, उसको जीवंत करने के लिए जागृत करने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में हमारे कुटीर उद्योग-धंधे बढे। महात्मा गांधी ने चरखे से इसकी शुरूआत किया था और कहा था कि कम से कम अपने दिनचर्या के भीतर एक घंटा आप सूत काटिये, जिससे कि स्वदेशी वस्त्र को आप धारण कर सकें।


उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री ने इस दिशा में और ज्यादा पहल किया है। गांधी कहते थे कि खादी वस्त्र नहीं विचार है, वह विचार है अपने स्वदेशी का, वह विचार है लोकल को वोकल बनाए जाने का, जिससे कि हमारे गांव की जो उपलब्धियां है, उसको बहुत दूर-दूर तक प्रसारित कर सके और उस दिशा में कार्य कर सके। इसलिए आज यहां मंडलीय खादी ग्रामोद्योग प्रदर्शनी का आयोजन हुआ है। सरकार प्रयास कर रही हैं कि सभी मंडलों के भीतर इस तरह की प्रदर्शनी का आयोजन किया जाये। 


उन्होंने कहा कि जनपद आजमगढ़ में एक जनपद एक उत्पाद के अंतर्गत मुबारकपुर की साड़ी एवं निजामाबाद की ब्लैक पॉटरी का जो कारोबार है, पिछले वर्षों के भीतर इसको भी यहां के जिला प्रशासन ने उसको काफी बढ़ाने का कार्य किया है। इनके भीतर और अच्छी प्रतिस्पर्धा हो सके, इस दृष्टि से सरकार ने कुछ कार्यों के लिए फैसिलिटेशन सेंटर के रूप में भी बनाए जाने का प्रयास किया है। फैसिलिटेशन सेंटर के माध्यम से जो उद्यमी सक्षम नहीं है, वे इसके माध्यम से सरकार द्वारा दी गई व्यवस्था के अंतर्गत जो मशीनरी होगी, उसका इस्तेमाल करेंगे और जो न्यूनतम उसका किराया होगा, उसको देंगे और जिससे उनको भी कार्य करने में सुविधा हो जाएगी। उन्होंने सभी लोगों से अपील किया कि जो लोग आज यहां पर आएं, तो कम से कम एक सामग्री यहां से अवश्य ही खरीद कर अपने साथ लेकर जाये, इससे कार्य करने वाले ग्रामीण कलाकारों के भीतर कार्य करने का उत्साह बढ़ेगा। प्राचार्य/प्रदर्शनी प्रभारी पवन कुमार श्रीवास्तव द्वारा बताया गया कि इस प्रदर्शनी में सूती खादी, खादी रेशम, खादी पोली, खादी रेडीमेड वस्त्र लेडीज और जेन्ट्स, हर्बल उत्पाद, अचार मुरब्बे, कास्मेटिक्स एवं जूते आदि के स्टाल लगाये गये है, साथ ही खादी वस्त्रों पर विशेष छूट भी उपलब्ध है।


 इस अवसर पर जिलाधिकारी आजमगढ़ विशाल भारद्वाज, अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 आजाद भगत सिंह, एसपी सिटी शैलेन्द्र लाल, एसडीएम सदर ज्ञानचन्द गुप्ता, उप कृषि निदेशक मुकेश कुमार, जिला कृषि मण्डलीय ग्रामोद्योग अधिकारी रामकृपाल यादव सहित संबंधित अधिकारीगण एवं जन प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

लखनऊ सीएम योगी ने डा0 भीमराव अंबेडकर के परिनिर्वाण दिवस पर किया एलान इन छात्रों को प्रदेश सरकार द्वारा दी जाएगी छात्रवृत्ति


 लखनऊ सीएम योगी ने डा0 भीमराव अंबेडकर के परिनिर्वाण दिवस पर किया एलान


इन छात्रों को प्रदेश सरकार द्वारा दी जाएगी छात्रवृत्ति



उत्तर प्रदेश लखनऊ डॉ भीमराव आंबेडकर के परिनिर्वाण दिवस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनके अस्थिकलश स्थल का जायजा लिया और उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस मौके पर उन्होंने एलान किया निर्माणाधीन आंबेडकर स्मारक में शोध करने वाले छात्रों को प्रदेश सरकार की तरफ से छात्रवृत्ति दी जाएगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश वासियों की ओर से श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। बाबा साहब ने कहा था कि हम सबसे पहले और अंत में भारतीय हैं। जो लोग भारत को कोसते हैं वह बाबा साहब का भी अपमान करते हैं। 


दुनिया में जब भी दबे-कुचले समाज के उत्थान की बात आती है तो बाबा साहब का नाम याद आता है। हमने समाज को जाति के आधार पर नहीं बांटा बल्कि गरीब, दलित, कमजोर वर्ग के विकास पर ध्यान दिया। हर गरीब और वंचित को प्रधानमंत्री आवास और शौचालय की सुविधा का लाभ मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि यूपी में सपा की सरकार चेहरा देखकर लाभ देती थी। दलितों और गरीबों के नाम पर राजनीतिक रोटी सेकी जाती थी लेकिन करते कुछ नहीं थे। मोदी सरकार ने बाबा साहब के सपनों को साकार किया है। जो लोग भारत विरोधी गतिविधियां चला रहे हैं वह बाबा साहब का अपमान करते हैं। यह सरकार हर गरीब और दलित के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि बाबा साहब की प्रेरणा से हर गरीब और दलित को आवास और राशन कार्ड की सुविधा दी गई है। किसी प्रकार का छुआछूत नहीं हो इस मिशन पर काम कर रहे हैं। प्रत्येक गरीब को आवास दिलाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। 


श्रमिकों के बच्चों के लिए कॉन्वेंट स्कूल की तर्ज पर अटल आवासीय विद्यालय बनाया गया है। हर जिले में परिनिर्वाण दिवस के कार्यक्रम हो रहे है। बाबा साहब के संकल्प से लोगों को जोड़ रहे हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि आधुनिक भारत के निर्माण में अविस्मरणीय योगदान देने वाले बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर का पूरा जीवन लोकतंत्र की जीवंत पाठशाला है। संविधान शिल्पी, भारत रत्न बाबा साहब का हर कार्य, हर निर्णय अंत्योदय को समर्पित था। ऐसे हुतात्मा को उनके महापरिनिर्वाण दिवस पर विनम्र श्रद्धांजलि! आधुनिक भारत के निर्माण में अविस्मरणीय योगदान देने वाले बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर का पूरा जीवन लोकतंत्र की जीवंत पाठशाला है।