Wednesday, 27 September 2023

आजमगढ़ दीदारगंज आमगांव के पास शारदा नहर खण्ड 32 के किनारे एक अज्ञात पुरूष का मिला शव आवश्यक कार्यवाही मे जुटी पुलिस


 आजमगढ़ दीदारगंज आमगांव के पास शारदा नहर खण्ड 32 के किनारे एक अज्ञात पुरूष का मिला शव

आवश्यक कार्यवाही मे जुटी पुलिस 


 उत्तर प्रदेश आजमगढ़ दिनाँक 26/09/23 की रात्रि में लगभग साढ़े दस बजे थाना क्षेत्र दीदारगंज के ग्राम आमगांव के पास शारदा नहर खण्ड 32 के किनारे एक अज्ञात पुरूष, उम्र क़रीब 30 वर्ष, का शव मिला है।जिसने नीले रंग की शर्ट व जीन्स की पैंट; हरे रंग की अंडरवियर जिस पर BIG BOSS लिखा है, कत्थई रंग की गोल गले की हाफ बाँह की बनियान पहन रखा है।


मृतक ने बाएं कान में पीली धातू की बाली पहन रखा है। मृतक के दाहिने हाथ मे गोदने से अंग्रेज़ी में मनोज व दिल के आकार में लता लिखा हुआ है। मृतक की लंबाई लगभग साढ़े पांच फिट है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम व शिनाख्त हेतु मोर्चरी आज़मगढ़ भिजवाया जा रहा है।


यदि किसी व्यक्ति को इस सम्बंध मे कोई जानकारी हो तो प्रभारी निरीक्षक दीदारगंज जनपद आजमगढ़ को अवगत कराए?



आजमगढ़ दीदारगंज से प्रवीण यादव की रिपोर्ट।

उत्तर प्रदेश के 17 और पीसीएस बने आईएएस अधिसूचना जारी, जल्द होगी तैनाती


 उत्तर प्रदेश के 17 और पीसीएस बने आईएएस


अधिसूचना जारी, जल्द होगी तैनाती


उत्तर प्रदेश लखनऊ केंद्रीय कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) ने यूपी के 17 पीसीएस अधिकारियों को आईएएस के पद पर पदोन्नति देने संबंधी अधिसूचना मंगलवार को जारी कर दिया है। अनु सचिव पंकज गंगवार ने इस संबंध में राज्य सरकार को पत्र भेज दिया है। संघ लोक सेवा आयोग ने आईएएस के 22 पदों की रिक्तियां घोषित की थी। नियुक्ति विभाग ने पदोन्नति देने के लिए इसके आधार पर विभागीय पदोन्नति कमेटी (डीपीसी) की बैठक में प्रस्ताव रखा था, लेकिन पांच पीसीएस अफसरों को पदोन्नति देने पर सहमति नहीं बन सकी। मिली जानकारी के अनुसार कुल 17 को पदोन्नति देने पर सहमति बनने के बाद इस संस्तुति को डीओपीटी को भेजा गया था। डीओपीटी ने इसके आधार पर अधिसूचना जारी की है।


 श्रीप्रकाश गुप्ता, प्रीति जायसवाल, संतोष कुमार वैश्य, धर्मेंद्र सिंह, आनंद कुमार शुक्ला, अरविंद कुमार मिश्रा, विजय कुमार, अवनीश सक्सेना, रितु सुहास, राजेश कुमार, शत्रोहन वैश्य, विनोद कुमार, रविंद्र कुमार, हिमांशु गौतम, मुकेश चंद्रा, उमाकांत त्रिपाठी और नरेंद्र सिंह को आईएएस के पद पर पदोन्नति मिली है। डीओपीटी की अधिसूचना के आधार पर नियुक्ति विभाग भी आदेश जारी करेगा।


 इसके बाद पीसीएस से आईएएस बनने वाले अधिकारियों को तैनाती देने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इससे पहले पिछले ही हफ्ते इन अफसरों का प्रमोशन किया गया था। इसके बाद योगी सरकार ने उनके उच्चतर वेतनमान देने का आदेश जारी किया था। वेतनबैण्ड-4, रुपये-37, 400-67000 ग्रेड पे रुपये-8700 (पे मैट्रिक्स लेवल-13) में कार्यरत इन अफसरों को उच्चतर वेतनमान वेतन बैण्ड-4 रुपये 37, 400-67000 ग्रेड पे (पे मैट्रिक्स लेबल-13 क) में वर्तमान पद पर कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से प्रोन्नति प्रदान की गई है।

बागपत दरोगा ने नौकरी से दिया इस्तीफा लिखी ऐसी बात, हर कोई हैरान


 बागपत दरोगा ने नौकरी से दिया इस्तीफा



लिखी ऐसी बात, हर कोई हैरान



बागपत परिवार के लिए समय नहीं मिलने की बात कहकर एसआई ने नौकरी से इस्तीफा दे दिया। वह तीन साल पहले सैमसंग कंपनी में असिस्टेंट मैनेजर की 94 हजार रुपये की नौकरी छोड़कर यूपी पुलिस में भर्ती हुए थे। उधर, एसआई के नौकरी छोड़ने का मामला मंगलवार को सुर्खियों में रहा। यूपी के अलीगढ़ जनपद के गोंडा गांव के रहने वाले विनोद शर्मा इंजीनियरिंग करने के बाद सैमसंग कंपनी में असिस्टेंट मैनेजर की नौकरी कर रहे थे। उन्होंने यूपी पुलिस में एसआई की भर्ती के लिए तैयारी की और वर्ष 2020 में एसआई भर्ती हो गए। ट्रेनिंग के बाद बागपत जिले में तैनात हो गए और वह कई जगह चौकी प्रभारी रहे।


पुलिस की नौकरी में अधिक व्यस्तता के कारण परिवार के लिए समय नहीं मिलने पर एसआई विनोद शर्मा ने तीन साल बाद ही नौकरी छोड़ने का मन बनाया और अपना इस्तीफा एसपी अर्पित विजयवर्गीय को सौंप दिया। जिसमें उन्होंने परिवार के लिए कम समय मिलने की परेशानी बताई। एसआई विनोद शर्मा का कहना है कि इस्तीफा देने के बाद वह तीन दिन की छुट्टी पर गांव आ गए हैं। इस्तीफा मंजूर होने के बाद प्राइवेट नौकरी करेंगे।


एसआई विनोद शर्मा के इस्तीफा देने के बाद चर्चा शुरू हो गई कि उन्होंने छुट्टी नहीं मिलने के कारण इस्तीफा दिया है। जिसको लेकर विनोद शर्मा ने बातचीत में कहा कि छुट्टी की कोई बात नहीं है और वह केवल परिवार के लिए समय चाहते है, इसलिए इस्तीफा दिया है। एसपी को दिए इस्तीफे में भी उन्होंने यही कारण लिखा है।


एसआई ने परिवार के लिए समय नहीं मिलने का कारण बताकर इस्तीफा दिया है। जिसमें एसआई और उसके परिवार वालों के बयान दर्ज किए जाएंगे कि वह किसी के दबाव में तो इस्तीफा नहीं दे रहे। इसके बाद फाइल शासन को भेजी जाएगी और वहां से अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। - अर्पित विजयवर्गीय, एसपी

Tuesday, 26 September 2023

आजमगढ़ जिला मजिस्ट्रेट ने 4 अपराधियों को किया जिला बदर गोवध, छेड़खानी व लूट के अपराध में सक्रिय अपराधियों पर गुण्डा अधिनियम के तहत की गई कार्यवाही


 आजमगढ़ जिला मजिस्ट्रेट ने 4 अपराधियों को किया जिला बदर


गोवध, छेड़खानी व लूट के अपराध में सक्रिय अपराधियों पर गुण्डा अधिनियम के तहत की गई कार्यवाही



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ अनुराग आर्य द्वारा अपराध नियंत्रण में चलाये जा रहे विशेष अभियान के अन्तर्गत गोवध, छेड़खानी व लूट के अपराध में सक्रिय अपराधियों पर गुण्डा अधिनियम के अन्तर्गत कार्यवाही की गयी है, जिसमें जिला मजिस्ट्रेट महोदय आजमगढ़ द्वारा 04 अपराधियों को 22 सितम्बर 2023 से 06 माह के लिए जिलाबदर किया गया है। थाना देवगांव से 02 तथा थाना गम्भीरपुर व कप्तानगंज से 01-01 अपराधी जिलाबदर हुए है।


जिलाबदर हुए 4 अपराधियों में 1. मो0 शाहिद पुत्र सगीर अहमद, निवासी कटौली खुर्द थाना देवगांव, आजमगढ़ (गोवध)

 2. मकसूद अहमद पुत्र नियाज अहमद, निवासी कटौली खुर्द थाना देवगांव, आजमगढ़ (गोवध)

 3. अबुशाद पुत्र गोगा, निवासी अरारा, थाना गम्भीरपुर, आजमगढ़ (छेड़खानी) 

4. बन्टी राय उर्फ दिव्यांशु राय, निवासी बैरमपुर, थाना तहबरपुर, आजमगढ़ (लूट) शामिल हैं।

आजमगढ़ फूलपुर गैस गोदाम से सिलेंडर चोरी की पर्दाफाश 22 सिलेंडर और 2 बाइक के साथ 4 गिरफ्तार


 आजमगढ़ फूलपुर गैस गोदाम से सिलेंडर चोरी की पर्दाफाश


22 सिलेंडर और 2 बाइक के साथ 4 गिरफ्तार



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ थाना प्रभारी फूलपुर गजानंद चौबे ने मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर माहुल रेलवे क्रासिंग की तरफ कैफ़ी आज़मी पार्क के दाहिने दीवाल की आड़ में गैस सिलेंडर पर बैठे चार लोगों को पकड़ लिया। पकड़े गये लोगों में शहबाज पुत्र अनीस निवासी गौसपुर माहुल थाना अहिरौला, विजय प्रताप तिवारी पुत्र बृजराज निवासी शनिचर बाजार फूलपुर, रवि कुमार गुप्ता पुत्र रामनाथ ग्राम शेख अशरफपुर थाना खुटहन जौनपुर, मो अख्तर पुत्र मंसूर निवासी चूड़ीहारा मुहल्ल्ला थाना सरायमीर शामिल हैं। इन चारों ने पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल किया।


इस सम्बंध में क्षेत्राधिकारी फूलपुर अनिल वर्मा ने बताया कि 16 सितंबर की रात झकहा गांव स्थित गैस गोदाम से 37 गैस सिलेंडर चोरी हो गया था। अनामिका पुत्री कंसराज ग्राम शाहपुर अंबारी द्वारा दी गई तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत किया गया था। उक्त मामले में पुलिस ने आज चार लोगों को 22 गैस सिलेण्डर के साथ गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि चोरों ने नगर के कई व्यापारियों को गैस सिलेण्डर को बेचा था जिनको पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ किया और बाद में छोड़ दिया। सीओ फूलपुर ने बताया जांच के दौरान कई लोगों से पूछताछ की गई, जो संदिग्ध थे वे पुलिस हिरासत में हैं और अन्य को छोड़ दिया गया।

आजमगढ़ पवई पुलिस वैन पलटी, चौकी इंचार्ज सहित 4 पुलिसकर्मी घायल दबिश देकर वापस लौट रही थी टीम, पूर्वांचल एक्सप्रेस पर हुआ हादसा


 आजमगढ़ पवई पुलिस वैन पलटी, चौकी इंचार्ज सहित 4 पुलिसकर्मी घायल


दबिश देकर वापस लौट रही थी टीम, पूर्वांचल एक्सप्रेस पर हुआ हादसा


उत्तर प्रदेश आजमगढ़ दबिश देकर वापस लौट रही पुलिस वैन का टायर पूर्वांचल एक्सेप्रेसवे पर फट जाने से वाहन अनियंत्रित होकर पलट गयी। इस घटना में चौकी इंचार्ज सहित चार पुलिसकर्मी घायल हो गये। घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


बता दें कि पवई थाना पुलिस आज प्राइवेट बोलेरो वाहन से वापस लौट रही थी। जनपद सुल्तानपुर के अखंडनगर थाना क्षेत्र के सजनपुर गांव के पास पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बोलेरो का टायर फट गया। टायर फटने से अनियंत्रित बोलेरो डिवाइडर से टकराकर पलट गयी। इस दुर्घटना में बोलेरो में सवार चौकी इंचार्ज मित्तूपुर धर्मेंद्र कुमार सिंह, महिला कांस्टेबल विजेता पांडेय, कांस्टेबल बसंत कुमार और चालक अनिल कुमार निवासी ग्राम मित्तूपुर घायल हो गए। घायल पुलिसवालों को यूपीडा की एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पवई ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।

लखनऊ सीएम योगी इन 5 पुलिस कप्तानों के काम से नाराज कई सीओ का भी प्रदर्शन खराब; जल्द हो सकता है ऐक्शन


 लखनऊ सीएम योगी इन 5 पुलिस कप्तानों के काम से नाराज


कई सीओ का भी प्रदर्शन खराब; जल्द हो सकता है ऐक्शन



उत्तर प्रदेश लखनऊ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को कानून-व्यवस्था की समीक्षा के दौरान कई जिलों के पुलिस कप्तानों की कार्यशैली पर नाराजगी जताई। माना जा रहा है कि जल्द ही इनके विरुद्ध कार्रवाई भी हो सकती है। इस दौरान अच्छा और खराब प्रदर्शन करने में चिह्नित सर्किल की रिपोर्ट भी पेश की गई। 


सूत्रों के अनुसार बैठक में चंदौली, ललितपुर, कासगंज, बलरामपुर और महोबा जिले के पुलिस कप्तानों के प्रति योगी ने नाराजगी व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने एक पुलिस कमिश्नर पर भी नाराजगी जताई। बैठक में उन्होंने वैसे तो आने वाले त्योहारों पर की जाने वाली तैयारियों को लेकर भी निर्देश दिए, लेकिन तैयारियों की विधिवत समीक्षा के लिए जल्द ही एक और बड़ी बैठक होने की संभावना है। 


बैठक में सबसे खराब प्रदर्शन करने वाले 10 सर्किल के क्षेत्राधिकारियों में कोतवाली कानपुर शहर, बरहज देवरिया, मिल्कीपुर अयोध्या, सैदपुर गाजीपुर, राजापुर चित्रकूट, खेकड़ा बागपत, कैसरबाग लखनऊ, फतेहाबाद आगरा, सलेमपुर देवरिया और सहायक पुलिस आयुक्त नोएडा-3 शामिल रहे। 


सबसे अच्छा प्रदशर्न करने वाले 10 सर्किल के क्षेत्राधिकारियों में दातागंज बदायूं, सिरसागंज फिरोजाबाद, छर्रा अलीगढ़, नगर अयोध्या, डेरापुर कानपुर देहात, सीसामऊ कानपुर नगर, नौगढ़ सिद्धार्थनगर, सदर फिरोजाबाद और अनवरगंज कानपुर शहर शामिल हैं।


मुख्यमंत्री ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2023-24 की दूसरी तिमाही समाप्त होने वाली है। सभी विभागों द्वारा वर्तमान बजट में प्राविधानित धनराशि का यथोचित खर्च किया जाना सुनिश्चित किया जाए। आवंटन और व्यय में तेजी की अपेक्षा है। विभाग स्तर भी पर खर्च की समीक्षा की जाए। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि विभिन्न कार्यों में तैनात आउटसोर्सिंग कार्मिकों ने उत्कृष्ट कार्य किया है। यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी कार्मिकों को न्यूनतम मानदेय अवश्य मिले, समय पर मिले और पूरा मिले।


 किसी भी दशा में एक भी कर्मचारी का शोषण नहीं होना चाहिए। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश के समग्र विकास के लिए केंद्र सरकार द्वारा हमें हर संभव सहायता मिल रही है। केंद्र से सामंजस्य स्थापित कर अवशेष धनराशि प्राप्त करें। भारत सरकार के मंत्रियों से संवाद करें। सभी विभाग शत-प्रतिशत उपयोगिता प्रमाण पत्र समय पर भेजना सुनिश्चित करें।