Wednesday, 8 February 2023

आजमगढ़ लालगंज सीएम योगी का पुतला फूंकना पड़ा महंगा 18 अधिवक्ताओं सहित 150 लोगों पर दर्ज हुआ मुकदमा


 आजमगढ़ लालगंज सीएम योगी का पुतला फूंकना पड़ा महंगा


18 अधिवक्ताओं सहित 150 लोगों पर दर्ज हुआ मुकदमा



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ बार कौंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के आह्वाहन पर मंगलवार को अधिवक्ताओ ने 6 सूत्रीय मांग पत्र के समर्थन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पुतला फूंक कर विरोध प्रदर्शन किया गया था जिसको देवगांव पुलिस ने गंभीरता से लेते हुए नामजद 18 अधिवक्ताओं व 150 से अधिक अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस के इस कार्यवाही का लालगंज बार एसोसिएशन ने घोर निंदा की है। उनका आरोप है कि तहसील बार एसोसिएशन लालगंज द्वारा विरोध प्रदर्शन किया गया।


मिली जानकारी के मुताबिक जिसमें मुख्यमंत्री से प्रदेश के अधिवक्ताओं के लिए 5 लाख रू तक का मुफ्त चिकित्सा बीमा कराने तथा आयुष्मान योजना से जोड़ने, उत्तर प्रदेश अधिवक्ता कल्याण निधि न्यासी समिति लखनऊ में मृतक अधिवक्ताओ के लम्बित दावों का यथाशीघ्र भुगतान करने, जिलों में अधिवक्ताओ के चैम्बर का निर्माण कराने, अधिवक्ता व पत्रकार की मृत्यु पर एक समान धनराशि देने, 60 वर्ष से अधिक आयु के लगभग 40 हजार अधिवक्ताओ के लिए पेंशन योजना लागू करने तथा एडवोकेट्स प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग किया। 


जिसके संदर्भ में अधिवक्ताओं द्वारा जुलूस निकाल कर विरोध प्रदर्शन किया गया लेकिन साजिश के तहत अधिवक्ता जो समाज का सजग प्रहरी है। उसकी जुबान बंद करने के लिए स्थानीय थाना देवगांव में अधिवक्ता विन्धवासिनी राम, हामिद अली, राम सेवक यादव, लल्ले मिश्रा, अध्यक्ष विजय प्रकाश पांडेय, राम विजय सिंह, हरी यादव, देवनरायन सरोज, पंकज सोनकर, धर्मेश पाठक, सहित 18 अधिवक्ताओं के ऊपर नामजद व 150 से अधिक लोगों के ऊपर अज्ञात मुकदमा दर्ज की बार एसोसिएशन घोर निंदा की है।

उत्तर प्रदेश चर्चित आईएएस अधिकारी अभिषेक सिंह किए गए निलंबित बिना छुट्टी के चल रहे हैं गायब, सीएम योगी के निर्देश पर हुई कार्रवाई


 उत्तर प्रदेश चर्चित आईएएस अधिकारी अभिषेक सिंह किए गए निलंबित


बिना छुट्टी के चल रहे हैं गायब, सीएम योगी के निर्देश पर हुई कार्रवाई



लखनऊ उत्तर प्रदेश चर्चित आईएएस अधिकारी अभिषेक सिंह बिना छुट्टी लिए ही गायब हैं। गुजरात चुनाव के दौरान कार के साथ अपनी ही तस्वीर वायरल करने के बाद अभिषेक को प्रेक्षक के पद से हटा दिया गया था। उसके बाद से ही अभिषेक ने यूपी आकर अपना पदभार ग्रहण नहीं किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर नुियक्ति विभाग ने बिना छुट्टी गायब रहने के आरोप में अभिषेक को निलंबित करने का आदेश मंगलवार को जारी कर दिया। निलंबन अवधि में वह राजस्व परिषद से संबद्ध रहेंगे। इसके पहले अक्तूबर 2014 में भी वह निलंबित हो चुके हैं।


अभिषेक सिंह वर्ष 2011 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और मूलत: रायपुर छत्तीसगढ़ के रहने वाले हैं। वह मार्च 2015 में दिल्ली प्रतिनियुक्ति पर गए थे। इसके बाद 30 जून 2022 को उत्तर प्रदेश वापस आए थे। उन्हें गुजरात चुनाव में प्रेक्षक बनाकर भेजा गया था। यहां कार के आगे खड़े होकर फोटो खिंचवाने और सोशल मीडिया पर डालने के बाद उन्हें हटा दिया गया था।


 उन्होंने इसके बाद यूपी में आकर कार्यभार ग्रहण नहीं किया है। नियुक्ति विभाग ने उन्हें नोटिस भी भेजा, लेकिन जवाब नहीं दिया। बिना बताए गायब रहने और आचरण नियमावली का उल्लंघन करने के आरोप में उन्हें निलंबत किया गया है। अभिषेक सिंह सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने के साथ फिल्म में भी रोल करते हैं।

उत्तर प्रदेश में सभी अफसरों की छुट्टियों पर रोक समूह क व ख के समस्त अधिकारी आदेश के दायरे में


 उत्तर प्रदेश में सभी अफसरों की छुट्टियों पर रोक



समूह क व ख के समस्त अधिकारी आदेश के दायरे में



लखनऊ उत्तर प्रदेश सरकार ने ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट व जी-20 की बैठकों के चलते शासन व विभागों के समूह क व ख के सभी अधिकारियों की छुट्टियों पर 10 से 15 फरवरी तक रोक लगा दी है। इनमें आईएएस व पीसीएस अधिकारियों के साथ विभागाध्यक्ष व उनके अधीन कार्यरत अधिकारी भी शामिल हैं। जिन अधिकारियों की छुट्टी पहले से स्वीकृत थीं, उन छुट्टियों को भी निरस्त कर दिया गया है।


प्रदेश में 10 से 12 फरवरी तक ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट और 13 से 15 फरवरी तक जी-20 की बैठकें हो रही हैं। इनमें लखनऊ मंडल के समूह क व ख के ज्यादातर अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है।


दोनों आयोजनों के दौरान वीवीआईपी मूवमेंट वाले पांच मार्गों पर आठ दिन (नौ से 16 फरवरी) तक ट्रैफिक व्यवस्था बदली रहेगी। यह डायवर्जन सुबह सात बजे से कार्यक्रम की समाप्ति तक रहेगा। साथ ही शहर में भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। वहीं शहर में शहीद पथ, हजरतगंज से अहिमामऊ, गोल्फ क्लब से शहीद पथ, गोल्फ क्लब चौराहे से 1090 चौराहा और 1090 चौराहे से इंदिरागांधी प्रतिष्ठान पर सामान्य वाहन प्रतिबंधित रहेंगे।

Tuesday, 7 February 2023

आजमगढ़ मेहनगर सपा विधायक ने पवन की मदद के लिए बढ़ाया हाथ विधायक निधि से कराऊंगी बालक का उपचार-पूजा सरोज


 आजमगढ़ मेहनगर सपा विधायक ने पवन की मदद के लिए बढ़ाया हाथ


विधायक निधि से कराऊंगी बालक का उपचार-पूजा सरोज



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ रुपहले पर्दे के आलावा रियल जिंदगी के हीरो सोनू सूद के साथ ही ब्लड कैंसर से पीड़ित बालक पवन राजभर का उपचार कराने के लिए मेंहनगर क्षेत्र की सपा विधायक पूजा सरोज ने मदद का हाथ बढ़ाया है। 


बीमार पवन के बारे में जानकारी पाकर क्षेत्रीय विधायक पूजा सरोज मंगलवार को अपने समर्थकों के साथ जमीरपुर गांव पहुंची। बीमार पवन एवं उसके परिजनों से मिलकर विधायक ने ब्लड कैंसर पीड़ित पवन का उपचार अपने निधि से कराने का आश्वासन दिया है। सपा विधायक ने समाजसेवा के क्षेत्र में अलग मुकाम हासिल करने वाले रामकुंवर यादव द्वारा पवन के लिए क्षेत्र में भिक्षाटन करने की सराहना करते हुए समाजसेवी रामकुंवर यादव के जज्बे को सलाम किया है।


 इस मौके पर हरी राजभर, सुनील यादव,रशीद अहमद, उमेश सिंह, राजेन्द्र प्रसाद पाण्डेय,लालमन यादव, अजीत,शेरू,राज आदि मौजूद रहे।

आजमगढ़ बरदह जबरन सुलह कराना दरोगा जितेंद्र राय को पड़ा महंगा महिला की शिकायत पर एसपी ने किया निलम्बित


 आजमगढ़ बरदह जबरन सुलह कराना दरोगा जितेंद्र राय को पड़ा महंगा


महिला की शिकायत पर एसपी ने किया निलम्बित



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर बरदह थाने पर तैनात उपनिरीक्षक उपनिरीक्षक जितेंद्र राय द्वारा जबरन सुलह कराने का आरोप लगाने वाली महिला की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसपी अनुराग आर्य ने आरोपी दरोगा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।


बताते हैं कि बरदह थाना क्षेत्र की रहने वाली महिला ने एसपी को दिए गए प्रार्थना पत्र के माध्यम से आरोप लगाया कि किसी विवाद के मामले में थाने पर तैनात उपनिरीक्षक जितेंद्र राय ने महिला पर दबाव बनाते हुए उसके मामले में जबरन सुलह करा दिया है।


 इस प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए उपनिरीक्षक जितेंद्र राय को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए संबंधित थाना प्रभारी को पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करने का निर्देश दिया है। पुलिस ने पीड़ित महिला की शिकायत पर विपक्षी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

फिरोजाबाद सड़क हादसे में एडीजे पूनम त्यागी की मौत डिवाइडर से कार टकराने के बाद हुआ हादसा


 फिरोजाबाद सड़क हादसे में एडीजे पूनम त्यागी की मौत


डिवाइडर से कार टकराने के बाद हुआ हादसा



फिरोजाबाद के शिकोहाबाद में मंगलवार सुबह आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे पर नगला खंगर थाना क्षेत्र अंतर्गत माइल स्टोन-65 के समीप मैनपुरी में तैनात एडीजे (पाक्सो) पूनम त्यागी कार हादसे का शिकार हो गई। जिसमें चालक और एडीजे गंभीर रूप से घायल हो गईं। जानकारी होते ही थाना प्रभारी मौके पर पहुंच गए। गंभीर रूप से घायल एडीजे और उनके चालक को सैंफई पीजीआई में भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद एडीजे को मृत घोषित कर दिया, जबकि चालक का उपचार चल रहा है।


दो दिन की छुट्टी बिताने के बाद एडीजे (पाक्सो) पूनम त्यागी अपनी कार से मैनपुरी आ रही थीं। जब उनकी कार आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे पर 65.700 माइल स्टोन के समीप पहुंची, तभी चालक को नींद आ गई। जिससे कार आगे जा रहे ट्रक में पीछे से घुस गई। कार को सचिन पुत्र संतराम निवासी कस्तला थाना इंचोली जिला मेरठ चला रहा था। 


हादसा होने के बाद दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की जानकारी होते ही थानाध्यक्ष महेश चंद्र फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। एडीजे (पाक्सो) की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त होने की जानकारी होते ही प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पुहंच गए। तत्काल प्रभाव से घायलों को पीजीआई सैंफई भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने पूनम त्यागी को मृत घोषित कर दिया। क्षतिग्रस्त कार पुलिस चौकी उरावर पर खड़ी करा दी गई है। 


अधिकारियों ने बताया कि पूनम के पति भी मेरठ न्यायालय में तैनात बताए गए हैं। इस संबंध में एसपी ग्रामीण रणविजय सिंह ने बताया कि हादसे में मैनपुरी में तैनात एडीजे पूनम त्यागी की सड़क हादसे में मौत हो गई है। शव का पोस्टमार्टम सैंफई पीजीआई में हो रहा है, जबकि उनके चालक का उपचार चल रहा है। उसकी हालत भी गंभीर है।

आजमगढ़ गम्भीरपुर मां-बेटी की पिटाई करने वाले चौकी प्रभारी निलंबित पुलिस चौकी गोसाई की बाजार की घटना


 आजमगढ़ गम्भीरपुर मां-बेटी की पिटाई करने वाले चौकी प्रभारी निलंबित


पुलिस चौकी गोसाई की बाजार की घटना




उत्तर प्रदेश आजमगढ़ गम्भीरपुर थाना अंतर्गत गोसाई की बाजार पुलिस चौकी पर बुलाई गई महिला और उसकी दो बेटियों की पिटाई का मामला चौकी प्रभारी के लिए भारी पड़ गया। घटना की जानकारी के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस चौकी का घेराव कर दिया। मामले की जानकारी पाकर मौके पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक ने पुलिस के खिलाफ लोगों में उबाल देख उनसे वार्ता की और गोसाई की बाजार चौकी इंचार्ज राकेश कुमार तिवारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। इसके बाद ग्रामीण अपने घर वापस लौटे।


बताते हैं कि गोसाई की बाजार से लगभग एक किलोमीटर दक्षिण वाराणसी मार्ग पर ग्रामसभा मई खरगपुर में पुलिस चौकी स्थित है। पुलिस चौकी के ठीक सामने मई खरगपुर की दलित बस्ती आबाद है। उसी बस्ती की निवासिनी सुशीला पत्नी गुल्लू सरोज गेहूं की सिंचाई के लिए अपने खेत में पानी ले जा रही थी। जिसका विरोध करते हुए उसकी पड़ोसी रीना पत्नी हीरा सरोज ने पानी ले जाने से मना किया। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया।इस मामले में एक पक्ष की सुशीला पत्नी गुल्लू सरोज अपनी दो बेटियो संजू और पिंकी के साथ रीना पत्नी हीरा सरोज के खिलाफ मंगलवार की सुबह तहरीर लेकर पुलिस चौकी पर पहुंची। तहरीर पढ़ने के बाद चौकी प्रभारी ने दूसरे पक्ष की रीना पत्नी हीरा को बुलवाया। दोनों पक्ष की बात सुनने के बाद गाली देते हुए चौकी प्रभारी ने सुशीला पत्नी गुल्लू सरोज और उसकी दोनों बेटियों संजू और पिंकी की पिटाई कर दी। 


इस बात की जानकारी होने पर सरोज बस्ती के ग्रामीण आक्रोशित होकर पुलिस चौकी के सामने बांस-बल्ली लगाकर आजमगढ़-वाराणसी मार्ग जाम कर दिये। उग्र ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। इसकी सूचना चौकी प्रभारी ने पुलिस विभाग के आला अधिकारियों को दी। जानकारी के बाद मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक तथा क्षेत्राधिकारी लालगंज के साथ ही कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। घटना की पूरी जानकारी लेने के बाद पुलिस अधीक्षक नगर ने चौकी प्रभारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए ग्रामीणों को पूरे प्रकरण की जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन देकर सुबह करीब 10ः30 बजे जाम समाप्त कराया। इस मौके पर पूर्व सांसद दरोगा प्रसाद सरोज समेत क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।