Saturday, 25 June 2022

लखनऊ वेतन को लेकर होमगार्ड्स स्वयंसेवकों को राहत, 33996 जवानों को मिलेगा लाभ


 लखनऊ वेतन को लेकर होमगार्ड्स स्वयंसेवकों को राहत, 33996 जवानों को मिलेगा लाभ




उत्तर प्रदेश लखनऊ योगी सरकार ने होमगार्ड्स स्वयंसेवकों के वेतन को लेकर बड़ी राहत दी है। शुक्रवार को अपने कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान होमगार्ड्स एवं कारागार राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मवीर प्रजापति ने बताया कि 33996 होमगार्ड्स स्वयंसेवकों का वेतन अब होमगार्ड्स विभाग से दिया जाएगा, जिससे अब उन्हें वेतन मिलने में देरी नहीं होगी। पहले उनका वेतन गृह विभाग से दिया जाता था। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने उनका अनुरोध स्वीकार करके यह बदलाव किया है।




जानकारी के अनुसार  उन्होंने मुख्यमंत्री को अवगत कराया था कि इन जवानों के ड्यूटी एवं वेतन के लिए गृह विभाग पर निर्भर रहने से उनके सामने समय-समय पर असहज स्थिति आती रहती है।

 

इस समस्या को दूर करने के लिए मुख्यमंत्री ने बजट को गृह विभाग से अलग करते हुए होमगार्ड्स विभाग को दे दिया। वर्तमान में 25 हजार होमगार्ड्स जवान गृह विभाग से संबद्ध होकर विभिन्न थानों में एवं 8996 होमगार्ड्स जवान यूपी 112 में तैनात हैं। इनके के लिए 755 करोड़ रुपये एवं 320 करोड़ रुपये की बजट की व्यवस्था है। इस बजट को वित्त विभाग ने अब होमगार्ड्स विभाग को दे दिया है।



 पूर्व की व्यवस्था में होमगार्ड्स जवानों को गृह विभाग से ड्यूटी के भुगतान में विलंब होता था, जिससे उन्हें अपने जीविकोपार्जन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।



योगी सरकार के इस निर्णय से उन्हें बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि आजीवन कारावास के तहत निरुद्ध कैदियों से संबधित नियमावली में परिवर्तन किया गया है। पहले आजीवन कारावास के तहत 16 या 20 साल की सजा पूरी कर लेने के बाद भी कैदियों को 60 वर्ष की आयु सीमा तक जेल में रहना पड़ता था। 



अब इसमें बदलाव करते हुए 60 साल की अनिवार्यता को समाप्त कर दिया गया है। अब कोई भी कैदी अपनी 16 से 20 साल की सजा पूरी करने के बाद जेल से रिहा हो सकेगा। इससे कैदियों की मनोदशा में सकारात्मक बदलाव आया है।

पीलीभीत एक झपकी और लगा लाशों का ढेर बार-बार मुंह धोकर गाड़ी चलाता रहा ड्राइवर मान जाता ये बात तो न जलतीं दस चिताएं


 पीलीभीत एक झपकी और लगा लाशों का ढेर


बार-बार मुंह धोकर गाड़ी चलाता रहा ड्राइवर


मान जाता ये बात तो न जलतीं दस चिताएं



उत्तर प्रदेश पीलीभीत गंगा स्नान कर बृहस्पतिवार सुबह पिकअप में हरिद्वार से लखीमपुर खीरी के गोला लौट रहे एक ही परिवार के दस लोगों की जान पर चालक की झपकी भारी पड़ गई। सुबह करीब चार बजे गजरौला थाना क्षेत्र में असम हाईवे पर पिकअप पेड़ से टकरा गई। हादसे में तीन महिलाओं व चार बच्चों समेत परिवार के दस लोगों और खुद चालक की भी मौत हो गई।




 हादसे में छह लोग घायल भी हुए हैं। घायल कृष्णपाल ने बताया कि बरेली से पीलीभीत के बीच रात दो बजे भी चालक को झपकी आ गई थी। इससे पिकअप डिवाइडर से टकरा गई। इसके बाद मना करने के बावजूद वह रुका नहीं और मुंह धोकर गाड़ी चलाता रहा। लखीमपुर खीरी के थाना गोला गोकर्णनाथ के मोहल्ला तीर्थ निवासी संजीव शुक्ला अपने परिवार और रिश्तेदारों को लेकर सोमवार की शाम पिकअप से हरिद्वार में गंगा स्नान के लिए गए थे। गाड़ी गोला इलाके के ही गांव दत्तेली का दिलशाद चला रहा था। वहां से सभी बुधवार शाम को लौट रहे थे। सुबह चार बजे जब पिकअप गजरौला थाना क्षेत्र में असम हाईवे पर पर पहुंची तो दिलशाद को झपकी आ गई और गाड़ी अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई।




इससे संजीव की मां सरला देवी (55), पुत्र हर्ष (12), पुत्री खुशी (दो) बड़े भाई श्यामसुंदर शुक्ला (40), छोटे भाई कृष्णपाल की पत्नी रचना (27), भतीजे शशांक (11) व आनंद (चार) और चालक दिलशाद (35) की मौके पर ही मौत हो गई। 



संजीव की पत्नी लक्ष्मी (28) और पिता लालमन शुक्ला (60) ने जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया।



 संजीव और उनकी भाभी शीलम, भाई कृष्णपाल, भतीजा प्रशांत, शाहजहांपुर के पुवायां इलाके के गांव अगोना खुर्द निवासी पूनम पत्नी कृपाशंकर, उनके बेटे प्रवीण और रिशु घायल हो गए। 



संजीव, प्रशांत, प्रवीण और रिशु की हालत गंभीर होने पर बरेली रेफर कर दिया गया। वहीं, कृष्णपाल, शीलम और पूनम का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। 



मौके पर पहुंचे सिपाही देवेश चौधरी और होमगार्ड निरंजन ने बताया दो घायलों के पैर गाड़ी के डैश बोर्ड और पेड़ के बीच फंस गए थे। इन्हें क्रेन के आने पर ही सुरक्षित निकाला जा सका।

Friday, 24 June 2022

यूपी में 52 पीसीएस अफसरों के हुए तबादले ट्रेनिंग पूरी कर चुके अफसरों को मिली नई तैनाती


 यूपी में 52 पीसीएस अफसरों के हुए तबादले


ट्रेनिंग पूरी कर चुके अफसरों को मिली नई तैनाती




लखनऊ योगी सरकार ने यूपी में एक बार फिर बड़े स्तर पर पीसीएस अफसरों के तबादले किए हैं। इसके अलावा ट्रेनिंग पूरी कर चुके पीसीएस अफसरों को भी नई तैनाती मिली है।


 यूपी सरकार के आदेश को विशेष सचिव की ओर से जारी किया गया है। 



प्रीति तिवारी को अमेठी, सौरभ यादव को पीलीभीत, हरिशंकर लाल को अंबेडकरनगर, विपिन कुमार द्विवेदी को अयोध्या, अंशुमान सिंह को अयोध्या, दिव्या सिंह को आगरा, पूनम गौतम को कानपुर देहात, अभय सिंह को आगरा, विक्रम सिंह राघव को इटावा, प्रियंका कुमार को बुलंदशहर, कार्तिकेय सिंह को लखीमपुर खीरी, सिद्धार्थ चौधरी को मथुरा, विवेक राजपूत को फिरोजाबाद, 



अजेन्द्र सिंह को फतेहपुर, आकाश कुमार को गाजीपुर, अंकित कुमार को जौनपुर, शिवम सिंह को गोरखपुर, सिद्धार्थ पाठक को गोरखपुर, कुंवर सचिन सिंह को गोरखपुर, कुमार सत्यम जीत को इटावा में तैनाती दी गई है।




इसी तरह ट्रेनिंग पूरी कर चुकीं


 हर्षिता तिवारी को गाजीपुर, कुणाल गौरव को जौनपुर, सुनील कुमार भारती को जौनपुर, शिखा शुक्ला को पीलीभीत, अखिलेश सिंह यादव को मऊ, शैलेन्द्र कुमार वर्मा को प्रतापगढ़, अभिषेक कुमार सिंह को प्रयागराज, गणेश कुमार कनौजिया को प्रयागराज, अविनाश सिंह यादव को प्रयागराज, आदेश सिंह सागर को फिरोजाबाद, श्रीकुणाल को सिद्धार्थनगर, ऋषभ पुंडीर को अलीगढ़, राखी वर्मा को सीतापुर, सत्येन्द्र सिंह को मैनपुरी, विकास यादव को बांदा, शिवेंद्र कुमार वर्मा को उन्नाव, उदित नारायण सेंगर को उन्नाव, अजीत प्रताप सिंह को रायबरेली, रितू रानी को बिजनौर, युगान्तर त्रिपाठी को मैनपुरी, सुश्री विकल्प को फिरोजाबाद, अभिनव द्विवेदी को बुलंदशहर, संतबीर सिंह को लखनऊ, मोहित यादव को लखनऊ, अभिनव कुमार यादव को सीतापुर, प्रीती सिंह को बाराबंकी, नीलिमा यादव को कानपुर देहात, अखिलेश कुमार यादव को बलिया, नीतू रानी को मथुरा, शना, अख्तर मंसूरी को जालौन, अंजलि सिंह को मैनपुरी, इला प्रकाश को हापुड़ में उपजिलाधिकारी पद पर तैनात किया है।

आजमगढ़ मेहनगर मार्निंग रेड में कटी 121 उपभोक्ताओं की बिजली, 3 लाख रू की हुई वसूली


 आजमगढ़ मेहनगर मार्निंग रेड में कटी 121 उपभोक्ताओं की बिजली, 3 लाख रू की हुई वसूली





उत्तर प्रदेश आजमगढ़ विद्युत चोरी व लाईन लास पर अंकुश लगाने की कवायद में जुटे विद्युत विभाग द्वारा शुक्रवार की सुबह मेंहनगर कस्बे में चलाए गए मार्निंग रेड अभियान के दौरान कनेक्शन लिए जाने के बाद विद्युत शुल्क जमा न करने वाले 121 उपभोक्ता की बिजली आपूर्ति भंग कर उनसे तीन लाख रुपए की वसूली की गई।




विद्युत वितरण खंड-तृतीय के अधिशासी अभियंता मनोज कुमार अग्रवाल, उपखंड अधिकारी तुषार श्रीवास्तव, अवर अभियंता रवि कुमार राव की उपस्थिति में कस्बे के सात वार्डाे में शुक्रवार की सुबह सात बजे से ग्यारह बजे तक सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान 121 बिजली उपभोक्ता ऐसे पाए गए, जिनके द्वारा कनेक्शन लेने के बाद एक भी बिलों का भुगतान नही किया गया था। जिनके विद्युत कनेक्शन काट कर उनसे तीन लाख रुपये की वसूली की गई। 




चेकिंग के दौरान कई उपभोक्ताओं ने शाम तक बिल जमा करने का वादा किया। विद्युत अधिकारियों ने अन्य उपभोक्ताओं को समय से बिजली बिल जमा करने की हिदायत दी। चेकिंग अभियान से कस्बे सहित ग्रामीण इलाकों में हड़कंप मचा रहा। 



इस मौके पर मुख्य रूप से मनोज कुमार, सर्वेश, प्रदीप, रामाश्रय, साजिद, विजय कुमार, संदीप सिंह, रमेश प्रजापति आदि मौजूद रहे।

आजमगढ़ कप्तानगंज डबल मर्डर में हत्यारोपी पुत्र भी गिरफ्तार संपत्ति विवाद को लेकर पिता-पुत्र की गोली मारने का मामला


 आजमगढ़ कप्तानगंज डबल मर्डर में हत्यारोपी पुत्र भी गिरफ्तार



संपत्ति विवाद को लेकर पिता-पुत्र की गोली मारने का मामला





उत्तर प्रदेश आजमगढ़ कप्तानगंज थाने की पुलिस ने मंगलवार की रात संपत्ति विवाद को लेकर पिता-पुत्र की गोली मारकर हत्या के आरोप में गिरफ्तार युवक के पुत्र को भी शुक्रवार को दिन में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।




गौरतलब है कि कप्तानगंज थाना क्षेत्र के धनधारी गांव में मंगलवार की रात संपत्ति विवाद को लेकर पूर्व सैनिक मनोज सिंह ने अपने पिता श्रीनारायण सिंह एवं भाई मनीष सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद हत्यारोपी पूर्व सैनिक ने स्थानीय थाने में जाकर समर्पण कर दिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी असलहा भी बरामद कर लिया है। इस दौरान बीच बचाव करने गई परिवार की बुजुर्ग महिला अवधराजी देवी को भी बुरी तरह घायल कर दिया गया। घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।





 घटना को लेकर मृतक मनीष की पत्नी कामिनी सिंह की तहरीर पर पुलिस ने मनोज सिंह के साथ ही उसके पुत्र यशवंत सिंह के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। घटना के बाद से यशवंत फरार चल रहा था। शुक्रवार को दिन में पुलिस को सूचना मिली डबल मर्डर की घटना में आरोपी यशवंत क्षेत्र के छाता का पूरा हाईवे के समीप मौजूद है। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

आजमगढ़ मुबारकपुर पेड़ से गिरकर घायल बालक ने तोड़ा दम


 आजमगढ़ मुबारकपुर पेड़ से गिरकर घायल बालक ने तोड़ा दम

 




उत्तर प्रदेश आजमगढ़ मुबारकपुर कस्बे के अमिलो स्थित बाग में गुरुवार को पेड़ पर चढ़कर आम तोड़ते समय गिरकर घायल हुए 11 वर्षीय बालक ने निजी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।




 इस मामले में मृतक के परिजनों ने इलाके के रहने वाले एक युवक पर मृत बालक को आम का लालच देकर पेड़ पर चढ़ाने का आरोप लगाया है।




मुबारकपुर कस्बे के अमिलो मोहल्ला निवासी 11 वर्षीय रोशन पुत्र गुड्डू राजभर को गुरुवार की शाम मोहल्ले का ही एक युवक आम देने का लालच देकर उसे बगीचे में ले गया और फल तोड़ने के लिए उसे पेड़ पर चढ़ा दिया। बताते हैं कि फल तोड़ते समय बालक का संतुलन बिगड़ा और वह पेड़ से गिरकर घायल हो गया। यह देख वहां मौजूद युवक मौके से भाग निकला। 




स्थानीय लोगों ने बाग में घायल पड़े बालक को देख इसकी सूचना उसके परिजनों को दी। आनन-फानन उसे उपचार के लिए शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां देर शाम उसने दम तोड़ दिया। घटना के संबंध में मृतक के परिजनों द्वारा थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया गया कि अमिलो मोहल्ले के रहने वाले युवक ने बालक को आम का लालच देकर पेड़ पर चढ़ाया था, जिसकी वजह से बालक की पेड़ से गिरकर मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले में मुबारकपुर थाना प्रभारी योगेंद्र बहादुर सिंह का कहना है कि घटना की छानबीन कर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस घटना में मृत बालक के घर कोहराम मचा हुआ है।

मैनपुरी कुर्रा वसूली करने गए नायब तहसीलदार और राजस्व कर्मियों को ग्रामीणों ने दौड़ाया


 मैनपुरी वसूली करने गए नायब तहसीलदार और राजस्व कर्मियों को ग्रामीणों ने दौड़ाया






उत्तर प्रदेश मैनपुरी कुर्रा थाना क्षेत्र के ग्राम गढ़ीकोडर में वसूली करने गई राजस्व और बैंक की टीम पर ग्रामीणों ने हमला बोल दिया। टीम पर पथराव किया गया तो टीम के सदस्यों ने भागकर अपनी जान बचाई। घटना की जानकारी पाकर पहुंची कुर्रा पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।



 तहसील करहल के संग्रह अमीन की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ सरकारी काम में बाधा और हमला करने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

घटना गुरुवार की दोपहर बाद की है।



 आर्यावर्त बैंक कुर्रा के शाखा प्रबंधक मनीष कुमार, नायब तहसीलदार करहल अविनाश कुमार, संग्रह अमीन विजयकांत पांडेय आदि की टीम गढ़ीकोडर गांव में 7 लाख 20 हजार रुपये की आरसी की वसूली करने गई थी। टीम को देखकर ग्रामीण जमा हो गए। टीम आरोपी सुखवीर के घर पहुंची तो ग्रामीणों के साथ आरोपियों ने टीम पर हमला बोल दिया। पथराव शुरू कर दिया गया। जमकर गाली-गलौज भी की गई। पथराव हुआ तो टीम के सदस्यों ने भागकर अपनी जान बचाई।




बैंक मैनेजर मनीष कुमार ने बताया कि सुखवीर के ऊपर 7.20 लाख रुपये बकाया है जिसकी आरसी तहसील से जारी करा दी गई है। कुर्रा क्षेत्र में लगभग 7 करोड़ की बकाएदारी है इसमें से 3.5 करोड़ की आरसी जारी कराई गई है। टीम के साथ वे वसूली करने गए थे जहां पथराव किया गया। कुर्रा थाना प्रभारी कैलाश बाबू ने बताया कि पुलिस ने मौके पर जाकर दो आरोपी राहुल और राजू को हिरासत में लिया है, इनसे पूछताछ की जा रही है।