Tuesday, 7 October 2025

आजमगढ़ पवई दर्दनाक हादसे में 2 युवकों की हुई मौत मित्तूपुर बाजार के पास तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को मारी टक्कर


 आजमगढ़ पवई दर्दनाक हादसे में 2 युवकों की हुई मौत



मित्तूपुर बाजार के पास तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को मारी टक्कर



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के पवई थाना क्षेत्र के मित्तूपुर बाजार के पास सोमवार देर रात एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार दो युवकों को कुचल दिया। हादसे में दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान सलारपुर (बलईपुर) गांव निवासी अनुज (19) पुत्र रामजीत निषाद और दीपक (18) पुत्र मनीराम के रूप में हुई।


हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। ट्रेलर चालक मौके से फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश जारी है।

Monday, 6 October 2025

आजमगढ़ मुबारकपुर चोरी की वारदातों का पर्दाफाश, 2 अभियुक्त गिरफ्तार, चोरी का माल बरामद मुबारकपुर पुलिस की सक्रियता से चोरों पर शिकंजा


 आजमगढ़ मुबारकपुर चोरी की वारदातों का पर्दाफाश, 2 अभियुक्त गिरफ्तार, चोरी का माल बरामद



मुबारकपुर पुलिस की सक्रियता से चोरों पर शिकंजा



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के मुबारकपुर थाना पुलिस ने चोरी की दो बड़ी घटनाओं का खुलासा करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। अभियुक्तों के कब्जे से चोरी किए गए टैबलेट, जेवरात, नकदी और अवैध हथियार बरामद किए गए हैं। यह कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक शशि मौलि पाण्डेय के नेतृत्व में गजहड़ा मोड़ पर की गई।


पहली घटना 6 सितंबर को कुकुड़ीपुर गांव में हुई, जहां सहर्ष राय ने सूचना दी कि अज्ञात चोरों ने उनके स्कूल के कार्यालय का ताला तोड़कर 5 टैबलेट और महत्वपूर्ण दस्तावेज चुरा लिए। इस मामले में थाना मुबारकपुर में मुकदमा अपराध संख्या 399/2025 धारा 305,331(4) BNS दर्ज किया गया, जिसकी जांच उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार यादव कर रहे हैं।


 दूसरी घटना 12 जुलाई 2025 को बोहना सेमा गांव में हुई, जहां गुड्डू राम के घर से चोरों ने सोने-चांदी के जेवरात और 2000 रुपये नकद चुराए। इस मामले में थाना जहानागंज में मुकदमा संख्या 230/2025 दर्ज हुआ, जिसकी जांच उपनिरीक्षक विनय कुमार कर रहे हैं। 6 अक्टूबर 2025 को मुखबिर की सूचना पर मुबारकपुर पुलिस ने गजहड़ा मोड़ पर चेकिंग के दौरान दो अभियुक्तों, पंकज गुप्ता (35 वर्ष) और अभय गौड़ उर्फ बहादुर गौड़ (21 वर्ष), दोनों निवासी फरीदपुर, थाना मोहम्मदाबाद, जनपद मऊ, को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से दो .315 बोर तमंचे, दो कारतूस, पांच टैबलेट, एक बैग, लोहे की रॉड, हथौड़ा, वायर कटर, तीन चार्जर, एक मंगलसूत्र, एक अंगूठी, दो जोड़ी मीना, एक जोड़ी किलिफ, एक जोड़ी पायल और 2000 रुपये नकद बरामद किए गए। पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया और गलती की माफी मांगी। दोनों के खिलाफ मुबारकपुर थाना में मुकदमा अपराध संख्या 436/2025 और 437/2025 धारा 3/25 आयुध अधिनियम के तहत भी कार्रवाई की गई है।


गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार यादव, कांस्टेबल अंजनी कुमार, सुनील सोनकर, सर्वेश चौरसिया, नीरज कुमार, सतेंद्र कुमार और हेड कांस्टेबल उमेश यादव शामिल थे। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद है।

सहारनपुर एक लाख रुपये का इनामी बदमाश ढेर, थाना प्रभारी को लगी गोली चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़, डकैती-लूट के 13 मुकदमे थे दर्ज


 सहारनपुर एक लाख रुपये का इनामी बदमाश ढेर, थाना प्रभारी को लगी गोली



चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़, डकैती-लूट के 13 मुकदमे थे दर्ज



उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जनपद के थाना सरसावा क्षेत्र में दिनांक 05/06 अक्टूबर 2025 की देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस को बाइक लूटकर फरार बदमाशों की सूचना मिली थी। चेकिंग के दौरान संदिग्ध बाइक को रोकने की कोशिश पर बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली से एक लाख रुपये का इनामी बदमाश इमरान घायल हो गया। उसे मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।


पुलिस के अनुसार घायल बदमाश की पहचान इमरान पुत्र रज्जाक निवासी सोंटा रसूलपुर, थाना भवन जिला शामली के रूप में हुई। इमरान पर मेरठ, मुजफ्फरनगर, शामली और सहारनपुर में डकैती, लूट और गैंगस्टर सहित करीब 13 मुकदमे दर्ज थे। पुलिस ने उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। मुठभेड़ में थानाध्यक्ष गागलहेड़ी के बायें हाथ में गोली लगने से घायल व थानाध्यक्ष सरसावा की बुलट प्रुफ जैकेट में लगी गोली। एसएसपी आशीष तिवारी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी ली। पुलिस फरार बदमाशों की तलाश में जुटी है।

Sunday, 5 October 2025

उत्तर प्रदेश में निरीक्षक से प्रोन्नत 82 डिप्टी एसपी को मिली तैनाती, देखें पूरी सूची


 




उत्तर प्रदेश में निरीक्षक से प्रोन्नत 82 डिप्टी एसपी को मिली तैनाती, देखें पूरी सूची



लखनऊ उत्तर प्रदेश में निरीक्षक के पद से प्रोन्नत होकर डिप्टी एसपी बने 82 अधिकारियों को नई तैनाती प्रदान कर दी गई है। इस संबंध में पुलिस मुख्यालय ने आदेश जारी कर सूची प्रकाशित कर दी है। यह प्रोन्नति पुलिस विभाग में लंबे समय से प्रतीक्षित कदम है, जो कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से उठाया गया है। सूची में शामिल अधिकारियों को विभिन्न जिलों और इकाइयों में जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

आजमगढ़ कप्तानगंज फर्जी दस्तावेजों से जमीन बैनामा करने की साजिश नाकाम, पुलिस ने एक और अभियुक्त को दबोचा पूर्व में 4 अभियुक्त हो चुके हैं गिरफ्तार, धोखाधड़ी का मामला दर्ज


 आजमगढ़ कप्तानगंज फर्जी दस्तावेजों से जमीन बैनामा करने की साजिश नाकाम, पुलिस ने एक और अभियुक्त को दबोचा



पूर्व में 4 अभियुक्त हो चुके हैं गिरफ्तार, धोखाधड़ी का मामला दर्ज


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के कप्तानगंज थाना पुलिस ने फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड और बैंक खातों का उपयोग कर जमीन बैनामा करने की कोशिश में शामिल एक और अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 05 अक्टूबर 2025 को पासीपुर पुलिया के पास सुबह करीब 10:40 बजे की गई। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अभिषेक यादव उर्फ पप्पू यादव, पुत्र स्व. रामनयन, निवासी ग्राम मुखलिसपुर, थाना कप्तानगंज, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई है।


इस मामले की शुरुआत 26 सितंबर को हुई, जब कप्तानगंज पुलिस ने तहसील बूढ़नपुर परिसर में त्वरित कार्रवाई करते हुए चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया था। ये अभियुक्त वादी अखिलेश राजभर के चाचा और रिश्तेदारों के नाम पर फर्जी पहचान पत्र और बैंक खातों का उपयोग कर जमीन का बैनामा करने का प्रयास कर रहे थे। इस घटना के आधार पर थाना कप्तानगंज में मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान अभिषेक यादव का नाम सामने आया, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार करने की योजना बनाई।


05 अक्टूबर 2025 को वरिष्ठ उपनिरीक्षक विजय सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अभिषेक यादव उर्फ पप्पू यादव को पासीपुर पुलिया के पास से धर दबोचा। अभियुक्त पर आरोप है कि उसने फर्जी दस्तावेजों के जरिए धोखाधड़ी से जमीन हड़पने की साजिश रची थी। गिरफ्तारी के बाद अभियुक्त को माननीय न्यायालय में पेश किया गया। इस कार्रवाई में वरिष्ठ उपनिरीक्षक विजय सिंह, आरक्षी अप्पू प्रसाद और आरक्षी बृजेश गोंड शामिल थे।

फर्रुखाबाद कोचिंग सेंटर में भीषण धमाका, उड़े छात्रों के चीथड़े... बटरोने पड़े अंग 50 मीटर तक बिखरा मलबा और वाहन, सामने आई विस्फोट की ये वजह


 फर्रुखाबाद कोचिंग सेंटर में भीषण धमाका, उड़े छात्रों के चीथड़े... बटरोने पड़े अंग


50 मीटर तक बिखरा मलबा और वाहन, सामने आई विस्फोट की ये वजह


उत्तर प्रदेश, फर्रुखाबाद शहर के सेंट्रल जेल चौराहे के पास सन लाइब्रेरी सेल्फ स्टडी पॉइंट कोचिंग के गेट पर शनिवार दोपहर करीब 3 बजे हुए भीषण विस्फोट में दो छात्रों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य छात्र-छात्राएं घायल हो गए। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि घटनास्थल पर धुएं का गुबार छा गया और इमारत का मलबा करीब 50 मीटर दूर तक बिखर गया। कुछ ईंटें तो करीब 200 मीटर दूर जा गिरीं।


हादसे में मृत छात्रों की पहचान आकाश कश्यप (22) और आकाश सक्सेना (24) के रूप में हुई। आकाश कश्यप का शव करीब 50 मीटर दूर एक गड्ढे में क्षत-विक्षत हालत में मिला, जबकि आकाश सक्सेना का शव कोचिंग सेंटर के बाहर खून से लथपथ पड़ा था। घायलों को तत्काल लोहिया और अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जिसमें एक गंभीर घायल को कानपुर रेफर किया गया।


दमकल प्रभारी आशीष वर्मा ने बताया कि कोचिंग सेंटर के बेसमेंट में बने सीवर टैंक से मीथेन गैस के रिसाव और सबमर्सिबल स्विच बोर्ड में स्पार्किंग से आग लगने के कारण विस्फोट की आशंका है। हालांकि, घटनास्थल से बारूद की दुर्गंध ने अवैध पटाखा भंडारण की संभावना को भी बल दिया है। डीएम आशुतोष कुमार द्विवेदी ने बताया कि प्राथमिक जांच में मीथेन गैस रिसाव को विस्फोट का कारण माना जा रहा है। फॉरेंसिक विशेषज्ञ और लखनऊ से पहुंची एटीएस टीम मामले की गहन जांच कर रही है। दो मंजिला कोचिंग सेंटर में हादसे के वक्त 50 से अधिक छात्र-छात्राएं पढ़ रहे थे। विस्फोट के बाद आईटीआई और सेंट्रल जेल चौकी पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू किया। कोचिंग के अवैध संचालन की भी जांच की जा रही है।

Saturday, 4 October 2025

आजमगढ़ गंभीरपुर दयालपुर युवक की चाकू मारकर हत्या, गांव में मचा कोहराम नागपुर (महाराष्ट्र) में दुर्गा मूर्ति विसर्जन के दौरान विवाद बना मौत का कारण, 3 युवकों के खिलाफ मामला दर्ज, जांच जारी


 आजमगढ़ गंभीरपुर दयालपुर युवक की चाकू मारकर हत्या, गांव में मचा कोहराम


नागपुर (महाराष्ट्र) में दुर्गा मूर्ति विसर्जन के दौरान विवाद बना मौत का कारण, 3 युवकों के खिलाफ मामला दर्ज, जांच जारी


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के गंभीरपुर थाना क्षेत्र के दयालपुर गांव निवासी 25 वर्षीय देवेंद्र चौहान की नागपुर (महाराष्ट्र) में 2 अक्टूबर 2025 को दुर्गा मूर्ति विसर्जन के दौरान मामूली विवाद में चाकू मारकर हत्या कर दी गई। शनिवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद जब शव गांव पहुंचा, तो परिवार में चीख-पुकार मच गई। मां बिंदु चौहान और परिजन बेसुध हो गए, जबकि गांव में शोक की लहर दौड़ गई।


   जानकारी के अनुसार, देवेंद्र चौहान पुत्र अजय चौहान नागपुर में एल्युमिनियम का काम करता था। वह करीब 20 दिन पहले पासपोर्ट बनवाने के लिए घर आया था और फिर नागपुर लौट गया था। 2 अक्टूबर 2025 को दुर्गा मूर्ति विसर्जन देखते समय सड़क किनारे तीन युवकों से धक्का-मुक्की को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर एक युवक ने देवेंद्र पर चाकू से कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। देवेंद्र के मित्र दुर्गेश चौहान ने नागपुर पुलिस में तीनों आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने तीनों को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच कर रही है।                                     

शनिवार सुबह करीब 11 बजे देवेंद्र का शव एंबुलेंस से गांव पहुंचा। परिवार में दो भाइयों और दो बहनों में तीसरे नंबर पर रहे देवेंद्र की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।