Saturday, 14 June 2025

हाथरस, डीएम के चालक की बेटी की गोली मारकर हत्या बुलेट सवार हमलावरों ने दिया घटना को अंजाम

हाथरस, डीएम के चालक की बेटी की गोली मारकर हत्या



बुलेट सवार हमलावरों ने दिया घटना को अंजाम



उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में 14 जून 2025 की शाम करीब साढ़े सात बजे एक सनसनीखेज वारदात ने शहर को दहला दिया। डीएम के चालक राकेश शर्मा की 24 वर्षीय बेटी स्कूटी सवार कल्पिता शर्मा उर्फ टिंकल की बुलेट सवार हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। गोली कल्पिता की बाजू को चीरते हुए फेफड़ों में जा घुसी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। कल्पिता मथुरा के सरकारी अस्पताल में नर्स के पद पर कार्यरत थीं।


घटना उस समय हुई जब कल्पिता अपनी मां उर्मिला के साथ स्कूटी पर बाजार जा रही थीं। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के अनुसार, कल्पिता स्कूटी चला रही थीं और उनकी मां पीछे बैठी थीं। तहसील सदर के गेट पर पहुंचते ही पीछे से आई एक बुलेट ने उनकी स्कूटी को ओवरटेक किया और पीछे बैठे युवक ने कल्पिता पर गोली चला दी। गोली लगते ही कल्पिता स्कूटी समेत गिर पड़ीं। मां उर्मिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग दौड़े, लेकिन हमलावर तब तक फरार हो चुके थे। खून से लथपथ कल्पिता को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।


मृतका के पिता राकेश शर्मा ने अपने बेटे विशाल की पत्नी ज्योति पर हत्या का सनसनीखेज आरोप लगाया है। राकेश ने पुलिस को बताया कि ज्योति से उनके परिवार का पिछले एक साल से मनमुटाव चल रहा था। छह माह पहले ज्योति घर छोड़कर चली गई थी। राकेश का दावा है कि ज्योति ने अपने दोस्त के जरिए इस हत्या को अंजाम दिलवाया। उन्होंने यह भी बताया कि सात माह पहले उनके घर से चोरी हुई लाइसेंसी रिवॉल्वर का इस्तेमाल इस वारदात में हुआ हो सकता है। रिवॉल्वर चोरी के मामले में ज्योति के रिश्तेदार श्याम उर्फ सूरज निवासी खोड़ा हजारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था, लेकिन पुलिस अभी तक रिवॉल्वर बरामद नहीं कर पाई है।


एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर लिया है और सभी संदिग्धों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। पारिवारिक विवाद और चोरी हुई रिवॉल्वर के इस्तेमाल के दावों की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के लिए शव को भेज दिया है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

 

आजमगढ़ सरायमीर फार्मेसी डिप्लोमा परीक्षा में दूसरे के स्थान पर परीक्षा देने के आरोप में 2 गिरफ्तार


 आजमगढ़ सरायमीर फार्मेसी डिप्लोमा परीक्षा में दूसरे के स्थान पर परीक्षा देने के आरोप में 2 गिरफ्तार



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के सरायमीर थाना पुलिस ने 13 जून को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, सरायमीर में आयोजित डिप्लोमा इन फामेर्सी की परीक्षा में दूसरे के स्थान पर परीक्षा देने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया।


प्रधानाचार्य संध्या मौर्या की शिकायत के अनुसार, परीक्षा के दौरान कक्ष निरीक्षण में कक्ष नंबर 05 में सरायमीर थाना क्षेत्र के कमालपुर गाँव निवासी आशीष कुमार (पुत्र राजमन प्रसाद, रोल नंबर 2543372144001) को अनुप कुमार विश्वास के स्थान पर और कक्ष नंबर 08 में गम्भीरपुर थाना क्षेत्र के बेलउ गाँव निवासी आदर्श गौड़ (पुत्र शिवकुमार गौड़, रोल नंबर 2543372144048) को अम्बरीष कुमार के स्थान पर परीक्षा देते पकड़ा गया। दोनों को मौके पर पकड़कर पुलिस को सौंप दिया गया। सरायमीर पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा अपराध संख्या 267/2025 अंतर्गत धारा 61(2),319(2),318(4),338,336(3),340(2),112(2), भारतीय न्याय सहिंता (BNS) 2023 व 3,9,13,उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम 1998 दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

आजमगढ़ जिलाधिकारी पर एक्सईएन की डंडों से पिटाई का आरोप अमिताभ ठाकुर ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर मामले की जांच की किया मांग कुछ लोग काम में रुचि लेते हैं और विकास पर ध्यान देते हैं, जबकि कुछ लोग करते हैं राजनीति-डीएम


 आजमगढ़ जिलाधिकारी पर एक्सईएन की डंडों से पिटाई का आरोप


अमिताभ ठाकुर ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर मामले की जांच की किया मांग


कुछ लोग काम में रुचि लेते हैं और विकास पर ध्यान देते हैं, जबकि कुछ लोग करते हैं राजनीति-डीएम


उत्तर प्रदेश, आजमगढ़ जिले में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है, जिसमें सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) अरुण सचदेव ने जिलाधिकारी (डीएम) रविंद्र कुमार पर डंडों से पिटाई करने का गंभीर आरोप लगाया है। यह खबर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। अरुण सचदेव के अनुसार, 13 जून 2025 की शाम डीएम ने उन्हें कैंप कार्यालय में बुलवाया। वहां पहुंचने से पहले उनके स्टेनो ने उनका मोबाइल जमा करवा लिया।


 सचदेव ने बताया कि डीएम ने उन्हें अपमानित करते हुए कहा, तुम अपने आप को हीरो समझते हो, तुमसे बड़ा हीरो मैं हूं। तुम उप जिलाधिकारी को लेटर लिखोगे, तुम्हें तो मारना चाहिए। इसके बाद डीएम ने कथित तौर पर हाथ उठाया और दो-तीन डंडों से उनकी पिटाई की। डीएम ने धमकी देते हुए कहा, जिस बाप को बताना है, बता दो, मेरा कोई कुछ नहीं कर पाएगा। इसके बाद सचदेव को कार्यालय से बाहर निकाल दिया गया। सचदेव ने इस मामले की शिकायत मुख्य अभियंता और लखनऊ में विभागाध्यक्ष से की है।


सचदेव के अनुसार, 13 जून 2025 को मुख्य सचिव की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई थी। इसमें डीएम ने पिछले 15 सालों में बाढ़ प्रभावित गांवों की संख्या और विस्थापित लोगों की सूची मांगी थी। इसी बैठक के बाद उन्हें कैंप कार्यालय बुलाया गया, जहां यह कथित घटना हुई। दूसरी ओर, डीएम रविंद्र कुमार ने वायरल खबरों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कुछ लोग काम में रुचि लेते हैं और विकास पर ध्यान देते हैं, जबकि कुछ लोग राजनीति करते हैं। उन्होंने जिले में आईजीआरएस रैंकिंग और ग्रेडिंग में सुधार का हवाला देते हुए कहा कि सभी योजनाएं सुचारू रूप से चल रही हैं। आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर ने इस मामले को गंभीर बताते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर तत्काल जांच की मांग की है।

आजमगढ़ जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार द्वितीय ने किया रक्तदान विश्व रक्तदाता दिवस पर मंडलीय चिकित्सालय में रक्तदान शिविर का आयोजन

 

आजमगढ़ जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार द्वितीय ने किया रक्तदान



विश्व रक्तदाता दिवस पर मंडलीय चिकित्सालय में रक्तदान शिविर का आयोजन


उत्तर प्रदेश, आजमगढ़ विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर आजमगढ़ के मंडलीय चिकित्सालय में एक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी रविंद्र कुमार द्वितीय ने किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने स्वयं रक्तदान कर लोगों के लिए प्रेरणा प्रस्तुत की और उपस्थित लोगों को रक्तदान की शपथ दिलाई।


शिविर में रक्तदान करने वाले स्वैच्छिक रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही, थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों को पोषण पोटली भी वितरित की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया।


जिलाधिकारी रविंद्र कुमार द्वितीय ने "रक्तदान एक महान कार्य है, जो न केवल दूसरों की जिंदगी बचाता है, बल्कि मानवता की सेवा का भी प्रतीक है। मैं सभी स्वैच्छिक रक्तदाताओं को उनके इस नेक कार्य के लिए हृदय से धन्यवाद देता हूँ। जनपद के लोग हमेशा से सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं, और आज का यह आयोजन उसका जीवंत उदाहरण है। मैं सभी से अपील करता हूँ कि वे रक्तदान के इस पुण्य कार्य में नियमित रूप से भाग लें, ताकि जरूरतमंदों को समय पर रक्त उपलब्ध हो सके।"

आजमगढ़ फूलपुर ट्रैक्टर पलटने से चालक की दर्दनाक मौत भोरमऊ पुलिया के पास ट्रैक्टर अनियंत्रित होने से हुआ हादसा


 आजमगढ़ फूलपुर ट्रैक्टर पलटने से चालक की दर्दनाक मौत



भोरमऊ पुलिया के पास ट्रैक्टर अनियंत्रित होने से हुआ हादसा


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के भोरमऊ पुलिया के पास शनिवार सुबह करीब आठ बजे बालू लदा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे चालक की दबकर मौके पर ही मौत हो गई। घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी और मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।


मृतक की पहचान खोजापुर गांव निवासी जोगिंदर (35) पुत्र मानकु के रूप में हुई। जोगिंदर पूना में रहकर काम करता था और शनिवार सुबह अपने गांव लौटा था। वह फूलपुर से लाल बालू लदी ट्राली लेकर भोरमऊ जा रहा था। भोरमऊ नहर पुलिया के पास फूलपुर-भोरमऊ मार्ग पर ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया, जिससे जोगिंदर ट्रैक्टर के इंजन के नीचे दब गया।


आसपास के लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस और ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद जोगिंदर को ट्रैक्टर के नीचे से निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। एंबुलेंस के जरिए शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां से पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।


जोगिंदर तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसके चार बेटियों और दो बेटों के साथ पत्नी सुनीता का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंचे, जहां शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Friday, 13 June 2025

आजमगढ़ मुबारकपुर नौकरी के नाम पर 13 लाख रुपये की ठगी फर्जी नियुक्ति पत्र भेजकर धोखा देने का आरोप, आरोपी गिरफ्तार


 आजमगढ़ मुबारकपुर नौकरी के नाम पर 13 लाख रुपये की ठगी



फर्जी नियुक्ति पत्र भेजकर धोखा देने का आरोप, आरोपी गिरफ्तार



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के थाना मुबारकपुर पुलिस ने नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अंकित प्रजापति (27 वर्ष), पुत्र स्व. रघुवंश, निवासी धर्मपुर (असलपुर), थाना जहानागंज, आजमगढ़, हाल पता बड़ा पोखरा (सलहाबाद मोड़), थाना कोतवाली, मऊ के रूप में हुई है।


राधेश्याम प्रजापति, निवासी अमिलो, थाना मुबारकपुर ने 12 जून को शिकायत दर्ज कराई थी कि अंकित प्रजापति ने नौकरी दिलाने के बहाने उनसे 11-12 दिसंबर 2023 व अन्य तिथियों पर 7.5 लाख रुपये बैंक खाते में और 5.5 लाख रुपये नकद, कुल 13 लाख रुपये लिए। अभियुक्त ने फर्जी नियुक्ति पत्र भेजकर धोखा दिया और रुपये वापस मांगने पर गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी दी। इस आधार पर थाना मुबारकपुर में मुकदमा अपराध संख्या 246/2025 अंतर्गत धारा 419,420,467,468,406,504,506, भा0द0स0 दर्ज किया गया, जिसकी विवेचना वरिष्ठ उपनिरीक्षक सुरेश सिंह यादव कर रहे हैं। गुरूवार को वरिष्ठ उपनिरीक्षक सुरेश सिंह यादव अपनी टीम के साथ वादी की सूचना पर अंकित प्रजापति को कौड़िया मोड़ से शाम 7:05 बजे हिरासत में लिया गया।

आजमगढ़ फूलपुर माफिया रमाकांत यादव की 23 करोड़ से अधिक की संपत्ति कुर्क शराब हत्या कांड के मास्टर माइंड रमाकांत यादव के खिलाफ बड़ी कार्रवाई गैंगेस्टर एक्ट के तहत कुर्क हुई माफिया की अवैध जमीन, पुलिस का अभियान जारी


 आजमगढ़ फूलपुर माफिया रमाकांत यादव की 23 करोड़ से अधिक की संपत्ति कुर्क



शराब हत्या कांड के मास्टर माइंड रमाकांत यादव के खिलाफ बड़ी कार्रवाई


गैंगेस्टर एक्ट के तहत कुर्क हुई माफिया की अवैध जमीन, पुलिस का अभियान जारी


उत्तर प्रदेश, आजमगढ़ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हेमराज मीना के निर्देशन में आजमगढ़ पुलिस ने अपराध और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की। थाना अहरौला क्षेत्र के कस्बा माहुल में शराब हत्या कांड और प्रदेश स्तर पर चिह्नित माफिया हिस्ट्रीशीटर 30-ए एवं IS-133 गैंग के लीडर रमाकांत यादव की अवैध रूप से अर्जित संपत्ति को कुर्क किया गया। इस संपत्ति की अनुमानित कीमत 23 करोड़ 42 लाख 81 हजार 400 रुपये है।


पुलिस के अनुसार जिला मजिस्ट्रेट आजमगढ़ रविंद्र कुमार के आदेश पर 11 जून 2025 को उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रिया-कलाप निवारण अधिनियम-1986 की धारा 14(1) के तहत यह कार्रवाई की गई। कुर्क की गई संपत्ति में ग्राम बसही असरफपुर, परगना माहुल, तहसील फूलपुर में स्थित विभिन्न गाटा संख्याओं की भूमि शामिल है, जिनका कुल मूल्य निम्नलिखित है: गाटा संख्या 945: 2,13,56,400 रुपये, गाटा संख्या 959: 2,59,700 रुपये, गाटा संख्या 963: 2,54,93,000 रुपये, गाटा संख्या 967: 2,17,85,600 रुपये, गाटा संख्या 981 (कमर्शियल): 16,33,25,000 रुपये, गाटा संख्या 942: 20,61,700 रुपये है।


रमाकांत यादव, जो वर्तमान में केंद्रीय कारागार फतेहगढ़ में निरुद्ध है, पर 21 फरवरी 2022 को थाना अहरौला में मुकदमा संख्या 39/2022 दर्ज किया गया था। यह मामला अवैध अपमिश्रित शराब के सेवन से 7 लोगों की मृत्यु और कई लोगों के गंभीर रूप से बीमार होने से संबंधित है। इस मामले में रमाकांत यादव सहित 13 अभियुक्तों के नाम सामने आए। इसके अतिरिक्त, रमाकांत यादव के खिलाफ विभिन्न जनपदों में 58 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें हत्या, लूट, अपहरण और अपमिश्रित शराब का व्यापार जैसे जघन्य अपराध शामिल हैं।


रमाकांत यादव, जो 1977 से आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त है, थाना दीदारगंज का A-श्रेणी का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ आजमगढ़, जौनपुर, वाराणसी, लखनऊ और अन्य जनपदों में हत्या, लूट, अपहरण, और गैंगेस्टर एक्ट जैसे गंभीर अपराधों के मामले दर्ज हैं। उसने आपराधिक गतिविधियों से अर्जित धन से अपने परिवार और रिश्तेदारों के नाम पर भारी मात्रा में अचल संपत्ति अर्जित की।


इस कार्रवाई में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन, तहसीलदार फूलपुर कमल कुमार सिंह, थानाध्यक्ष अतरौलिया अमित कुमार मिश्रा, थानाध्यक्ष अहरौला प्रदीप कुमार, थानाध्यक्ष फूलपुर सच्चिदानंद यादव, और अन्य पुलिस व राजस्व अधिकारियों की टीम शामिल थी।


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हेमराज मीना ने कहा कि अपराधियों और माफियाओं के खिलाफ ऐसी कार्रवाइयां जारी रहेंगी। यह कार्रवाई अपराध पर अंकुश लगाने और समाज में शांति स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।