Saturday, 3 December 2022

आजमगढ़ गम्भीरपुर सड़क हादसे में राजगीर की मौत कर्ज ली गई रकम की किश्त जमा करने के लिए निकला था घर से


 आजमगढ़ गम्भीरपुर सड़क हादसे में राजगीर की मौत


कर्ज ली गई रकम की किश्त जमा करने के लिए निकला था घर से 


उत्तर प्रदेश आजमगढ़ गम्भीरपुर थाना क्षेत्र के नन्दी-भौजी गांव के समीप शनिवार की सुबह अज्ञात वाहन की चपेट में आ जाने से युवा किसान की मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।


गम्भीरपुर क्षेत्र के ग्राम मुड़हर निवासी 40 वर्षीय राजेश सरोज पुत्र टेल्हू सरोज परिवार की आजीविका चलाने के लिए राजगीर का कार्य करता था। शनिवार की सुबह वह कर्ज ली गई रकम की किश्त जमा करने के लिए घर से साइकिल लेकर सहायता समूह संचालक के यहां जा रहा था। सुबह करीब सात बजे वह नंदी-भौजी गांव के समीप हाईवे रोड पर साइकिल सवार राजेश अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया। घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। 


दुर्घटना के लिए जिम्मेदार चालक वाहन सहित मौके से भागने में कामयाब रहा। स्थानीय लोगों ने इसकी जानकारी मुकामी थाने को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के दो पुत्र व एक पुत्री बताए गए हैं। हादसे में पति की मौत से मृतक की पत्नी रूपमणि की हालत विक्षिप्त जैसी हो गई है।

सीतापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ठुमके लगाती नजर आईं नर्सें तमाशाबीन बनें मरीज, वीडियो वायरल


 सीतापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ठुमके लगाती नजर आईं नर्सें


तमाशाबीन बनें मरीज, वीडियो वायरल


उत्तर प्रदेश के सीतापुर में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में महिला स्टॉफ का डांस करने का वीडियो वायरल हो गया है। वीडियो में तेज आवाज के साथ डांस करते हुए तीन महिलाएं दिख रही हैं। सभी कर्मचारियों की पहचान की जा रही है। ये मामला सीतापुर के परसेंडी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का बताया जा रहा है।


 लेबर रूम में स्टॉफ नर्स और अन्य महिला पैरामेडिकल स्टाफ ने हिंदी गानों पर जमकर ठुमके लगाते हुए नजर आ रही हैं। तेज आवाज में अस्पताल में डांस करते हुए नर्सों का ये वीडियो वायरल हो गया है। वीडियो में डांस कर रही तीनों महिला कर्मचारियों की पहचान की जा रही है। वहीं अस्पताल के अन्य स्टाफ भी बारी-बारी डांस कर रहे हैं। दूसरी तरफ अस्पताल आए मरीज तमाशबीन बने हुए थे।


सीतापुर के सामुदायिक केंद्र में स्टॉफ नर्सों का जमकर ठुमके लगाने का वीडियो वायरल हो गया है। इलाज के लिए पहुंचे मरीज तमाशाबीन नजर आए। बताया जा रहा है कि एक स्टॉफ नर्स के जन्मदिन और दूसरे महिला की वैडिंग एनिवर्सरी थी। उसी में पार्टी आयोजित की गई थी। बताया जा रहा है कि एक महिला स्टाफ नर्स की मैरिज एनिवर्सिरी और एक दूसरे महिला स्टाफ का जन्मदिन था उसी में बड़ी पार्टी आयोजित की गई थी। ये वायरल वीडियो चर्चा का विषय बना हुआ है।

आजमगढ़ गला रेतकर प्रेमिका की हत्या के मामले में SI निलंबित बड़ी लापरवाही सामने आई, इंस्पेक्टर लाइन हाजिर


 आजमगढ़ गला रेतकर प्रेमिका की हत्या के मामले में SI निलंबित



बड़ी लापरवाही सामने आई, इंस्पेक्टर लाइन हाजिर


उत्तर प्रदेश आजमगढ़ में रेलवे स्टेशन पर गुरुवार की शाम ट्रेन से उतरकर प्रेमी ने प्रेमिका की गला रेतकर हत्या कर खुद को भी जख्मी कर लिया था। अब इस मामले में जीआरपी के एसपी ने जीआरपी जवानों की लापरवाही सामने आने के बाद बड़ी कार्रवाई करते हुए ड्यूटी पर तैनात जीआरपी के एसआई राजकुमार को निलंबित कर दिया। साथ ही इंस्पेक्टर भुवनेश्वर  यादव को लाइन हाजिर कर दिया।


मिली जानकारी के अनुसार जहानागंज थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव निवासी 22 वर्षीय धनंजय पुत्र शिवचंद का बिलरियागंज थाना क्षेत्र के धौरहरा गांव की रहने वाली एक युवती से प्रेम प्रसंग था। करीब पांच माह पूर्व वह लड़की को लेकर फरार हो गया था। वह गुरुवार की शाम गोदान एक्सप्रेस ट्रेन से उसके साथ आजमगढ़ रेलवे स्टेशन पहुंचा। जहां प्रेमी ने प्रेमिका के गले पर चाकू से वार कर दिया। जिससे प्रेमिका की मौत हो गई। वहीं खुद को भी चाकू मारकर जख्मी कर लिया। घटना की सूचना पर गुरुवार की देर रात पहुंचे एसपी जीआरपी अवधेश सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान जीआरपी के जवानों की लापरवाही सामने आई। इतनी बड़ी घटना के बाद सूचना किसी स्तर पर न देना, किसी तरह की कोई कार्रवाई न करना उन्होंने पाया। एसपी जीआरपी ने तत्काल प्रभाव से चार्ज में रहे एसआइ राजकुमार को निलंबित करते हुए व थाना प्रभारी भुनेश्वर यादव को लाइन हाजिर कर दिया। 


पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले की जांच गहनता से की जा रही है। वहीं पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सिधारी थाने में मृतिका की चचेरी बहन नीलम की तहरीर पर सिरफिरे प्रेमी पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। सिधारी थाने के इंस्पेक्टर नंद कुमार तिवारी ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

लखनऊ एसटीएफ ने शिक्षा माफिया विजय यादव को भाई समेत किया गिरफ्तार आयुष कॉलेजों में छात्रों के दाखिले में हुए चर्चित घोटाले में की कारवाई


 लखनऊ एसटीएफ ने शिक्षा माफिया विजय यादव को भाई समेत किया गिरफ्तार


आयुष कॉलेजों में छात्रों के दाखिले में हुए चर्चित घोटाले में की कारवाई



लखनऊ आयुष कॉलेजों में छात्रों के दाखिले में हुए चर्चित घोटाले में यूपी एसटीएफ की टीम ने शुक्रवार को गाजीपुर के शिक्षा माफिया विजय यादव और उसके भाई धर्मेन्द्र यादव को गिरफ्तार कर लिया है। एसटीफ ने विजय को पूछताछ के लिए विजय को वाराणसी एयर पोर्ट से उठाकर लखनऊ लाई थी। पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार किया गया है। विजय भाजपा के प्रदेश किसान मोर्चा का कोषाध्यक्ष है।


मिली जानकारी के अनुसार बता दें आयुष कॉलेजों में हुए घोटाले की जांच-पड़ताल कर रही एसटीएफ को पूर्वांचल के आधा दर्जन से अधिक कॉलेज प्रबंधकों के भी शामिल होने की जानकारी मिली थी। इसी आधार पर एसटीएफ की टीम लगातार इन प्रबंधकों की गतिविधियों पर नजर रखते हुए इनके बारे में जानकारी एकत्र कर रही थी। इसी कड़ी में एसटीएफ एक दिन पहले विजय को वाराणसी से लखनऊ लाकर पूछताछ कर रही थी। एसटीएफ यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि छात्रों के दाखिले में कॉलेज के किन.किन लोगों की भूमिका रही है।


सूत्रों के मुतबिक आयुष घोटाले में पूर्व में गिरफ्तार किए गए अन्य आरोपियों से हुई पूछताछ में मिले इनपुट के आधार पर एसटीएफ ने कई कॉलेज संचालकों और प्रबंधकों के बारे में गोपनीय सूचना जुटा रही थी। इसके आधार पर ही गिरफ्तार शिक्षा माफिया से पूछताछ हो रही है।

सूत्रों ने बताया कि विजय और उसके भाई धर्मेन्द्र से अब तक की पूछताछ में कई अहम जानकारी मिली है। जिसके आधार पर एसटीएफ कुछ और लोगों को जल्द ही गिरफ्तार कर सकती है। इसके अलावा कई कॉलेजों के प्रधानाचार्य भी एसटीएफ के निशाने पर हैं। सूत्रों का कहना है कि अभी कुछ और प्रबंधकों की भी गिरफ्तारी हो सकती है।

आजमगढ़ तहबरपुर प्रेम प्रसंग में बदमाशों ने युवक को मारी गोली


 आजमगढ़ तहबरपुर प्रेम प्रसंग में बदमाशों ने युवक को मारी गोली


उत्तर प्रदेश आजमगढ़ प्रेम प्रसंग में बीती रात कुछ बदमाशों ने युवक को गोली मार दी। घायल को उपचार के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।


जानकारी के अनुसार तहबरपुर थाना क्षेत्र में देर रात युवक प्रेम प्रसंग में गोली मारने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार प्रेम प्रसंग में इस घटना को अंजाम दिया गया है। 


गोली से घायल राही यादव (26) की हालत गंभीर बनी है। राही ने बदमाशों को पहचान लिया है। गोली मारने में कंधरापुर थाना क्षेत्र के हरिहरपुर गांव के दो युवक शामिल हैं। तहबरपुर के थाना प्रभारी रमेश कुमार का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह मामला प्रेम-प्रसंग का है। घायल राही यादव का एक लड़की से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसी प्रेम-प्रसंग के चलते आरोपियों ने हमला किया है। हालांकि पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है।

Friday, 2 December 2022

आजमगढ़ बिजली कर्मचारियों का अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार चौथे दिन भी जारी प्रदेश भर में हजारों बिजली कर्मियों ने कार्य छोड़कर दिनभर किया विरोध प्रदर्शन।


 आजमगढ़ बिजली कर्मचारियों का अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार चौथे दिन भी जारी


 प्रदेश भर में हजारों बिजली कर्मियों ने कार्य छोड़कर दिनभर किया विरोध प्रदर्शन।



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ ऊर्जा निगमों के शीर्ष प्रबंधन के मनमाने एवं दमनकारी रवैए के चलते कार्य का वातावरण समाप्त हो चुका है। ऐसे वातावरण में बिजली कर्मियों के लिये अब कार्य कर सकना असम्भव हो गया है कई और संगठन संघर्ष समिति में हुए शामिल


विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति, उप्र के आह्वान पर ऊर्जा निगमों में 29 नवम्बर से प्रारम्भ अनिश्चिकालीन कार्य बहिष्कार आज चौथे दिन भी जारी रहा। प्रदेश भर में हजारों बिजली कर्मचारियों, जूनियर इंजीनियरों और अभियन्ताओं ने काम बन्द कर दिन भर विरोध प्रदर्शन किये और ऊर्जा निगमों के शीर्ष प्रबन्धन के रवैये की तीव्र भर्त्सना की। संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि जहां एक ओर ऊर्जा मंत्री ऊर्जा निगमों में कार्य का स्वस्थ और बेहतर वातावरण बनाने हेतु प्रयासरत है वही ऊर्जा निगमों के शीर्ष प्रबंधन का रवैया इतना स्वेच्छाचारी है कि वह ऊर्जा मंत्री के निर्देशों के अनुरूप कार्य करने हेतु तैयार नहीं है। यह स्थिति अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। 


बिजली कर्मी मुख्यमंत्री एवं ऊर्जा मंत्री के लक्ष्यों के अनुरूप कार्य करने हेतु संकल्पबद्ध है किंतु ऊर्जा निगमों के शीर्ष प्रबंधन खासकर चेयरमैन ने निगमों में नकारात्मक एवं भय का वातावरण बना रखा है जिससे कार्य का वातावरण पूरी तरह समाप्त हो चुका है।



ऊर्जा निगमों में स्वेच्छाचारिता समाप्त करने एवं कार्य का स्वस्थ वातावरण स्थापित करने हेतु बिजलीकर्मी पूर्ण लोकतांत्रिक तरीके से शान्तिपूर्ण आन्दोलन कर रहे हैं एवं कार्य बहिष्कार का आज चौथा दिन है।


ऊर्जा निगमों को स्वेच्छाचारिता व तानाशाही मुक्त कराने हेतु बिजली कर्मियों के चल रहे सफल आंदोलन में आज विद्युत मजदूर संगठन भी संघर्ष समिति में शामिल हुआ।


 विद्युत मजदूर संगठन उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष आर वाई शुक्ला, महामंत्री श्रीचन्द्र, पूर्व अध्यक्ष शमीम अहमद , पूर्व महामंत्री आलोक सिन्हा, पूर्व महामंत्री आर सी पाल सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ हाईडिल फील्ड हॉस्टल में आये और विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति में सम्मिलित होने की घोषणा की। विद्युत मजदूर संगठन के अध्यक्ष आर वाई शुक्ला ने संघर्ष समिति की नोटिस पर हस्ताक्षर कर विद्युत मजदूर संगठन,उत्तर प्रदेश ने जारी आन्दोलन में सम्मिलित होने की सूचना अपर मुख्य सचिव एवं ऊर्जा निगम शीर्ष प्रबन्धन को दे दी है।


विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के प्रमुख पदाधिकारियों राज नारायण सिंह ,धरमू प्रसाद यादव ,निखिल, शेखर सिंह ,काशी गुप्ता ,वेद प्रकाश यादव आदि ने आज यहां जारी बयान में कहा कि ऊर्जा निगमों के चेयरमैन के दमनात्मक रवैए से बिजलीकर्मियों में इतना गुस्सा है कि वे इस अत्यधिक तनावपूर्ण एवं नकारात्मक माहौल में कार्य कर सकने में हतोत्साहित महसूस कर रहे हैं और दिन प्रतिदिन तमाम बिजलीकर्मी इसमें शामिल होकर अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार को सफल बना रहे हैं।


 बिजलीकर्मियों ने ऊर्जा मंत्री की अपील को देखते हुए कार्य बहिष्कार से उन सभी जनपदों के बिजलीकर्मियों को अलग रखा है जहाँ आदर्श चुनाव आचार संहिता लगी है। साथ ही बिजली उत्पादन घरों, पारेषण उपकेंद्रों, सिस्टम ऑपरेशन और वितरण उपकेंद्रों की शिफ्ट में कार्यरत बिजलीकर्मियों को भी कार्य बहिष्कार से अलग रखा गया है जिससे बिजली व्यवस्था पूरी तरह ठप्प न हो और आम जनता को तकलीफ न हो।


सभी ऊर्जा निगमों के बिजलीकर्मियों का कार्य बहिष्कार आन्दोलन पूरे प्रदेश में पूर्ण सफलता के साथ हो रहा है जिसमें भारी संख्या में बिजलीकर्मी उपस्थित हुए एवं प्रबन्धन के प्रति अपना रोष एवं आक्रोश व्यक्त किया। कार्य बहिष्कार आन्दोलन के आज चौथे दिन कई जिलों की विद्युत व्यवस्था प्रभावित हुई है जिनमें गोरखपुर, लखनऊ, आजमगढ़, बलिया, मऊ, गाजीपुर, वाराणसी, सहारनपुर, सुल्तानपुर, अयोध्या, सिद्धार्थनगर, चित्रकूट, गाजियाबाद, देवीपाटन, प्रयागराज प्रमुख हैं। 


संघर्ष समिति ने पुनः स्पष्ट किया कि बिजलीकर्मियों के शान्तिपूर्ण आन्दोलन से आम जनता को कोई तकलीफ न हो इसका पूरा ध्यान रखा जा रहा है किन्तु जनता को हो रही परेशानी के लिए ऊर्जा निगम का शीर्ष प्रबन्धन जिम्मेदार है, जो सरकार को गुमराह कर जनता के बीच सरकार व बिजलीकर्मियों की छवि खराब कर रहे हैं।


पदाधिकारियों ने कहा कि यदि शान्तिपूर्ण आन्दोलन पर या किसी भी बिजलीकर्मी पर कोई दमनात्मक या उत्पीड़न की कार्यवाही करने की कोशिश भी की गयी तो इसकी तीखी प्रतिक्रिया होगी।

आजमगढ़ महाराजगंज लूट व छिनैती की वारदात का खुलासा 3 बदमाश गिरफ्तार


 आजमगढ़ महाराजगंज लूट व छिनैती की वारदात का खुलासा


3 बदमाश गिरफ्तार


उत्तर प्रदेश आजमगढ़ महाराजगंज थाने की पुलिस ने गुरुवार की रात गश्त के दौरान क्षेत्र के भीलमपुर पुलिया के समीप तीन बदमाशों की गिरफ्तारी के साथ ही एक दिन पूर्व छिनैती की घटना का खुलासा कर दिया। पकड़े गए आरोपी के कब्जे से पुलिस ने असलहा व कारतूस भी बरामद किया है।

महाराजगंज क्षेत्र के निवासी अनिल पुत्र अरविंद ने स्थानीय थाने में बीते बुधवार को असलहे के बल पर गले में मौजूद सोने की चेन छीनने का प्रयास करने वाले बाइक सवार तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। घटना की छानबीन में जुटी पुलिस ने गुरुवार की रात क्षेत्र के भीलमपुर पुलिया के समीप किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में रहे तीनों अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से पुलिस ने तमंचा व कारतूस भी बरामद किया है।


 गिरफ्तार आरोपियों में अनिल यादव पुत्र सूर्यभान व अवनीश यादव पुत्र श्यामसुंदर स्थानीय ग्राम जमालपुर तथा सुग्रीव निषाद पुत्र ज्योति लाल ग्राम गोपालपुर के निवासी बताए गए हैं।