Friday, 10 October 2025

मेरठ दरोगा की पिस्टल से पत्नी को लगी गोली पहली करवाचौथ पर खून से नहा गई दीपिका, मामला संदिग्ध


 मेरठ दरोगा की पिस्टल से पत्नी को लगी गोली



पहली करवाचौथ पर खून से नहा गई दीपिका, मामला संदिग्ध



उत्तर प्रदेश के मेरठ जनपद के दौराला कस्बा निवासी दरोगा रोबिन की पिस्टल से बृहस्पतिवार को उसकी पत्नी दीपिका को गोली लग गई। दरोगा का कहना है कि पिस्टल की सफाई करते समय फायर हुआ। वहीं चर्चा है कि दरोगा ने ही गोली मारी है। सीओ का कहना है कि जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। घायल दीपिका को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल के अनुसार दौराला के वार्ड नंबर 12 निवासी रोबिन आगरा के खेड़ा राठौर में दरोगा के पद पर तैनात हैं। रोबिन की शादी एक साल पहले हुई और उसकी पहली करवाचौथ है। रोबिन अपने घर पर छुट्टी पर आया हुआ था।


बताया गया है कि रोबिन की सास आभा देवी, ससुर मुकेश, साली चारुका पहली करवाचौथ पर दीपिका के ससुराल सामान लेकर आए थे। इस दौरान रोबिन कमरे में बैठकर पिस्टल साफ कर रहा था। अचानक गोली चल गई जो दीपिका की कमर में लगी। फायर की आवाज सुनकर परिवार में हड़कंप मच गया। आनन फानन में दीपिका को मोदीपुरम स्थित एसडीएस अस्पताल में भर्ती कराया गया।


सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। वहीं चर्चा है कि दंपती में आपसी झगड़े के चलते दरोगा ने अपनी पत्नी को गोली मारी है। हालांकि, पुलिस इस बात की पुष्टि नहीं कर रही है। सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल का कहना है कि पूछताछ जारी है, जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

Thursday, 9 October 2025

आजमगढ़ फूलपुर विद्युत विभाग की सख्त कार्रवाई, 25 कनेक्शन कटे, 1.75 लाख राजस्व वसूला टीम ने की 75 आवासीय और व्यावसायिक परिसरों की जांच, 7 उपभोक्ताओं का किया विधा परिवर्तन


 आजमगढ़ फूलपुर विद्युत विभाग की सख्त कार्रवाई, 25 कनेक्शन कटे, 1.75 लाख राजस्व वसूला



टीम ने की 75 आवासीय और व्यावसायिक परिसरों की जांच, 7 उपभोक्ताओं का किया विधा परिवर्तन



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद में विद्युत वितरण खण्ड फूलपुर के अधिशासी अभियंता हरीश प्रजापति के नेतृत्व में फूलपुर कस्बे में बुधवार को एक विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान में बकाया राशि के चलते 25 उपभोक्ताओं के विद्युत कनेक्शन काटे गए, साथ ही 1 लाख 75 हजार रुपये का राजस्व वसूला गया। अभियान के दौरान फूलपुर स्टेट बैंक से शुरू होकर लखनऊ-बलिया मार्ग के किनारे 75 आवासीय और व्यावसायिक परिसरों की जांच की गई। इस दौरान 7 उपभोक्ताओं का विधा परिवर्तन किया गया और उनके लोड में वृद्धि भी की गई।


 अभियान में उपखण्ड अधिकारी भूप सिंह, अवधेश यादव, गिरीश सिंह, अवर अभियंता मनीष कुमार, ओमप्रकाश गौतम, अवधेश पाल, राजेन्द्र प्रसाद, पंकज और राजकुमार शामिल रहे।


फूलपुर विद्युत वितरण खण्ड में अधिशासी अभियंता के स्थानांतरण और अन्य अभियंताओं के तबादले के बाद बकायादारों द्वारा बकाया राशि जमा न करने के कारण राजस्व प्राप्ति का ग्राफ काफी नीचे चला गया था। नवागत अधिशासी अभियंता हरीश प्रजापति ने पदभार ग्रहण करने के बाद बुधवार को सभी सर्किल के अभियंताओं के साथ आनलाइन समीक्षा बैठक की। इस बैठक में विद्युत केंद्रवार बकाया राजस्व वसूली की स्थिति पर चर्चा की गई और इसे सुधारने के लिए ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए गए।

आजमगढ़ मुबारकपुर तमसा नदी में मिला ढाई वर्षीय बच्ची का शव पुलिस ने नदी से बाहर निकलवाया, पोस्टमार्टम को भेजा


 आजमगढ़ मुबारकपुर तमसा नदी में मिला ढाई वर्षीय बच्ची का शव


पुलिस ने नदी से बाहर निकलवाया, पोस्टमार्टम को भेजा


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के मुबारकपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पांही जमीन पांहीं में गुरुवार सुबह करीब 11 बजे तमसा नदी में एक ढाई वर्षीय बच्ची का शव मिलने से सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने शव को देखकर तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची मुबारकपुर थाना पुलिस ने नदी से शव को बाहर निकलवाया।


पुलिस ने शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन बच्ची की पहचान नहीं हो सकी। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल के मोर्चरी हाउस भेज दिया।


मुबारकपुर थाना प्रभारी निरीक्षक शशि मौली पाण्डेय ने बताया कि शव को बरामद कर लिया गया है और पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि घटना के संबंध में अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

आजमगढ़ सिधारी अवैध असलहा और कारतूस के साथ लेडी डॉन गिरफ्तार सिधारी पुलिस की सक्रियता, नरौली के पास हुई कार्रवाई, बरामद हुआ तमंचा और कारतूस आजमगढ़ और मऊ के विभिन्न थानों में चोरी, मारपीट, धमकी और अन्य अपराधों से संबंधित कुल 9 मुकदमे हैं दर्ज


 आजमगढ़ सिधारी अवैध असलहा और कारतूस के साथ लेडी डॉन गिरफ्तार


सिधारी पुलिस की सक्रियता, नरौली के पास हुई कार्रवाई, बरामद हुआ तमंचा और कारतूस


आजमगढ़ और मऊ के विभिन्न थानों में चोरी, मारपीट, धमकी और अन्य अपराधों से संबंधित कुल 9 मुकदमे हैं दर्ज



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के सिधारी पुलिस ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक महिला अभियुक्त को अवैध असलहा और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। अभियुक्त की पहचान अंतिमा सिंह (30 वर्ष), पत्नी रविंद्र सिंह, निवासी किशुनपुरा, थाना जहानागंज, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई है।


पुलिस के अनुसार दिनांक 08 अक्टूबर 2025 को सिधारी थाना के प्रभारी निरीक्षक हिमेंद्र सिंह के निर्देशन में उपनिरीक्षक धर्मेंद्र शर्मा की अगुवाई वाली पुलिस टीम ने नरौली से दक्षिण जाने वाले रास्ते पर पुलिया के पास ग्राम नरौली में समय करीब 16:40 बजे अंतिमा सिंह को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक 12 बोर का देशी तमंचा, एक 12 बोर का जिंदा कारतूस और एक 9mm का जिंदा कारतूस बरामद किया गया।


अभियुक्ता के खिलाफ थाना सिधारी में मुकदमा अपराध संख्या 456/25, धारा 3/7/25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। अंतिमा सिंह का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है, जिसमें उसके खिलाफ आजमगढ़ और मऊ के विभिन्न थानों में चोरी, मारपीट, धमकी और अन्य अपराधों से संबंधित कुल नौ मुकदमे दर्ज हैं।


गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक धर्मेंद्र शर्मा, उपनिरीक्षक पूनम विश्वकर्मा, महिला कांस्टेबल प्रीति त्रिपाठी, आरती शुक्ला, कांस्टेबल सतीश गौड़ और अंकित कुमार सिंह शामिल थे। पुलिस अधीक्षक ने इस कार्रवाई की सराहना करते हुए अपराध नियंत्रण के लिए और सख्ती बरतने के निर्देश दिए हैं।

Wednesday, 8 October 2025

आजमगढ़ महाराजगंज किशोरी ने फांसी लगाकर की आत्महत्या स्नातक की थी छात्रा, ब्यूटी पार्लर का कर रही थी कोर्स फोरेंसिक टीम ने की जांच, पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव


 आजमगढ़ महाराजगंज किशोरी ने फांसी लगाकर की आत्महत्या



स्नातक की थी छात्रा, ब्यूटी पार्लर का कर रही थी कोर्स


फोरेंसिक टीम ने की जांच, पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के महाराजगंज कोतवाली क्षेत्र के नौबरार देवारा जदीद किता प्रथम गांव में बुधवार सुबह 18 वर्षीय पूजा चौहान का शव उसके कमरे में रस्सी से लटकता पाया गया। मृतका स्नातक की छात्रा थी और ब्यूटी पार्लर का कोर्स भी कर रही थी। सुबह परिजनों ने उसे जगाने के लिए कमरे में प्रवेश किया तो यह दिल दहलाने वाला दृश्य देखा। परिजनों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।


महाराजगंज कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतारा और फोरेंसिक टीम को बुलाया। टीम ने घटनास्थल की गहन जांच की। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक केदारनाथ मौर्य ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत के सटीक कारणों का पता चलेगा। परिजनों ने बताया कि पूजा रात में खाना खाकर सोने गई थी और उन्हें इस घटना की कोई जानकारी नहीं थी। मृतका के दो भाई और तीन बहनें हैं। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

आजमगढ़ सब इंस्पेक्टर सहित 2 पुलिसकर्मी निलम्बित कर्तव्यों में लापरवाही बरतने पर एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने की कार्रवाई


 आजमगढ़ सब इंस्पेक्टर सहित 2 पुलिसकर्मी निलम्बित




कर्तव्यों में लापरवाही बरतने पर एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने की कार्रवाई




उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने कर्तव्य में लापरवाही बरतने के आरोप में सब इंस्पेक्टर सहित दो पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने थाना अहिरौला में तैनात उप निरीक्षक उदय शंकर तिवारी को उच्च न्यायालय इलाहाबाद में शपथ पत्र दाखिल करने में लापरवाही बरतने के कारण निलंबित किया गया है।

वहीं थाना महराजगंज में नियुक्त आरक्षी मुकेश कुमार को राज्यपाल के कार्यक्रम से अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित रहने के कारण तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।


 आजमगढ़ में तैनाती के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के द्वारा यह पहली कार्रवाई की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस विभाग में अनुशासनहीनता और कर्तव्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोनों मामलों की जांच के आदेश दिए गए हैं।

Tuesday, 7 October 2025

आजमगढ़ जिला अस्पताल के सर्जिकल वार्ड में लगी आग, मची भगदड़ आक्सीजन पाइपलाइन के पास आग लगने से तत्परता दिखाते हुए मरीजों को निकाला गया बाहर, टला बड़ा हादसा


 आजमगढ़ जिला अस्पताल के सर्जिकल वार्ड में लगी आग, मची भगदड़



आक्सीजन पाइपलाइन के पास आग लगने से तत्परता दिखाते हुए मरीजों को निकाला गया बाहर, टला बड़ा हादसा


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिला मण्डलीय अस्पताल के मेल सर्जिकल वार्ड में मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे हड़कंप मच गया। वार्ड नंबर 13 में भर्ती मरीज सुदेशी निषाद के बेड के पास लगे विद्युत बोर्ड में अचानक आग लग गई।


 प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग आक्सीजन पाइपलाइन के बगल में लगे बोर्ड से शुरू हुई, जहां पास के मरीज का चार्जर प्लग किया हुआ था। आग की चपेट में बेड की चादर भी आ गई, जिससे पूरे वार्ड में भय का माहौल बन गया। आग लगते ही सुदेशी निषाद के परिजनों ने फुर्ती दिखाते हुए उन्हें बेड से उठाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया। सूचना मिलते ही अस्पताल का स्टाफ तुरंत हरकत में आ गया और आग बुझाने के उपकरणों की मदद से आग पर काबू पा लिया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग का मुख्य कारण बताया जा रहा है। अस्पताल प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है।