Monday, 15 September 2025

आजमगढ़ विधायक रमाकान्त यादव को एक वर्ष सश्रम कारावास की सजा एमपी एमएलए स्पेशल कोर्ट का फैसला, अर्थदण्ड भी लगाया


 आजमगढ़ विधायक रमाकान्त यादव को एक वर्ष सश्रम कारावास की सजा



एमपी एमएलए स्पेशल कोर्ट का फैसला, अर्थदण्ड भी लगाया




उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के दीदारगंज थाने के सामने चक्का जाम कर सरकारी काम में बाधा डालने के मुकदमे में सुनवाई पूरी करने के बाद अदालत ने पूर्व सांसद वर्तमान विधायक रमाकांत यादव को एक वर्ष के सश्रम कारावास तथा कुल 3800 रुपए अर्थदंड की सजा सुनाई।यह फैसला एमपी एमएलए स्पेशल मजिस्ट्रेट कोर्ट के जज अनुपम कुमार त्रिपाठी ने सोमवार को सुनाया। 


मुकदमे में अभियोजन पक्ष की तरफ से पैरवी कर रहे अभियोजन अधिकारी विपिन चंद्र भास्कर ने बताया कि 6 अप्रैल 2006 को सुबह सात बजे रमाकांत यादव अपने दो ढाई सौ समर्थकों के साथ दीदारगंज थाने पहुंचे रमाकांत यादव थाना प्रभारी मधुप कुमार सिंह पर अपने एक समर्थक के छुड़ाने का दबाव बना रहे थे। जब थानाध्यक्ष ने रमाकांत यादव की बात नहीं मानी दीदारगंज खेता सराय मार्ग पर चक्का जाम कर दिया और सरकारी काम में बाधा पहुंचायी। इस मामले में पुलिस ने जांच पूरी करने के बाद रमाकांत समेत तीन लोगों के विरुद्ध चार्जशीट न्यायालय में प्रस्तुत किया। 


अभियोजन पक्ष की तरफ से कुल छह गवाह न्यायालय में परीक्षित कराए गए। दौरान मुकदमा दो अन्य आरोपियों की मृत्यु हो गई। दोनों पक्षों के दलीलों को सुनने के बाद अदालत में आरोपी रमाकांत यादव को एक वर्ष के सश्रम कारावास तथा 3800 अर्थदंड की सजा सुनाई।

बरेली अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर गोलीबारी में नया मोड़ सीएम के ओएसडी ने लिया संज्ञान, एसएसपी अनुराग आर्य ने कही यह बात


 बरेली अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर गोलीबारी में नया मोड़




सीएम के ओएसडी ने लिया संज्ञान, एसएसपी अनुराग आर्य ने कही यह बात



उत्तर प्रदेश बरेली, हरियाणा राज्य के भिवानी कोर्ट परिसर में हाल ही में एक युवक की गोली मारकर हत्या और अभिनेत्री दिशा पाटनी के उत्तर प्रदेश के बरेली जिले स्थित आवास पर हुई फायरिंग की घटना में गोल्डी बरार और रोहित गोदारा गैंग की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है। दोनों वारदातों की जिम्मेदारी एक ही सोशल मीडिया आईडी से ली गई है, जिसके बाद पुलिस दोनों मामलों के तार जोड़ने में जुट गई है।



पुलिस सूत्रों के अनुसार, भिवानी कोर्ट परिसर में 4 सितंबर को गैंगस्टर हरि उर्फ हरिया के साथी की हत्या की गई थी। इसकी जिम्मेदारी रोहित गोदारा के गुर्गों वीरेंद्र चारण, नवीन बॉक्सर और सोनू उर्फ तिवारी जींद ने ली थी। अब दिशा पाटनी के घर पर हुई फायरिंग में भी वीरेंद्र चारण और उसके साथियों के शामिल होने का शक है। दोनों मामलों में धमकी देने के लिए 'रोहित गोदारा गोल्डी बरार' नाम की एक ही सोशल मीडिया आईडी का उपयोग किया गया। अभिनेत्री के घर पर फायरिंग की जिम्मेदारी लेने वाली फेसबुक आईडी को उसी दिन शाम को बंद कर दिया गया। एक धमकी भरा ऑडियो पोस्ट करने के बाद संबंधित अकाउंट डिलीट कर दिया गया। साइबर सेल ने इस आईडी को ट्रेस किया तो इसका कनेक्शन पुर्तगाल से मिला।


बरेली और हरियाणा पुलिस की संयुक्त जांच में कई अहम सुराग सामने आए हैं। सर्विलांस और साइबर सेल ने महत्वपूर्ण इनपुट जुटाए हैं, जिनके आधार पर पुलिस जल्द ही हरियाणा और दिल्ली में दबिश देने की तैयारी कर रही है। बरेली पुलिस की एक टीम भिवानी में हुई हत्या के आरोपियों से पूछताछ कर फायरिंग की घटना में शामिल शूटरों की तस्दीक करेगी। अधिकारियों को शक है कि दोनों घटनाओं में वीरेंद्र चारण के शूटर शामिल हो सकते हैं।


इस हाई प्रोफाइल मामले में मुख्यमंत्री के ओएसडी राजभूषण सिंह ने अभिनेत्री के पिता जगदीश चंद्र पाटनी से फोन पर बात की। उन्होंने आश्वासन दिया कि आरोपियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और उत्तर प्रदेश पुलिस उन्हें "पाताल से भी खोज निकालेगी।" उन्होंने परिवार की सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी सरकार की होने की बात भी कही।


एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि दिशा पाटनी के घर फायरिंग मामले की जांच के लिए छह टीमें गठित की गई हैं। कुछ अहम सुराग मिले हैं और दो टीमें जल्द ही दिल्ली और हरियाणा रवाना होंगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही इस मामले में ठोस नतीजे सामने आएंगे।

Sunday, 14 September 2025

आजमगढ़ फूलपुर डीसीएम की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, 2 गंभीर घटना के बाद डीसीएम चालक फरार, पुलिस तलाश में जुटी


 आजमगढ़ फूलपुर डीसीएम की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, 2 गंभीर




घटना के बाद डीसीएम चालक फरार, पुलिस तलाश में जुटी


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के पलिया कुँवर नदी पुल के पास रविवार को एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब तीनों युवक एक बाइक पर सवार होकर शाहगंज की ओर से आ रहे थे और सामने से आ रही एक डीसीएम ने उन्हें टक्कर मार दी। मृतक की पहचान बीरेंद्र (25 वर्ष), पुत्र राजमनि, निवासी बैरमपुर, थाना तहबरपुर, के रूप में हुई है। घायलों में शनि (20 वर्ष), पुत्र रमेश, निवासी बैरमपुर, थाना तहबरपुर, और कौशल राजभर (22 वर्ष), पुत्र बनवारी, निवासी माहुल, थाना अहरौला, शामिल हैं।


 प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद डीसीएम चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही अम्बारी पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल फूलपुर सीएचसी अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मृतक बीरेंद्र के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस फरार डीसीएम चालक की तलाश में जुट गई है।

आजमगढ़ फूलपुर उपभोक्ताओं के लिए स्मार्ट मीटर अनिवार्य, नए कनेक्शन पर बढ़ा खर्च इस बदलाव से उपभोक्ताओं पर आर्थिक बोझ बढ़ना तय


 आजमगढ़ फूलपुर उपभोक्ताओं के लिए स्मार्ट मीटर अनिवार्य, नए कनेक्शन पर बढ़ा खर्च



इस बदलाव से उपभोक्ताओं पर आर्थिक बोझ बढ़ना तय



उत्तर प्रदेश के आज़मगढ़ जनपद के फूलपुर तहसील क्षेत्र के सुदनीपुर विद्युत सबस्टेशन के अंतर्गत नए बिजली उपभोक्ताओं को अब कनेक्शन के लिए 872 रुपये की जगह 6016 रुपये खर्च करने होंगे। साथ ही, पुराने उपभोक्ताओं के घरों में भी पुराने मीटर हटाकर स्मार्ट मीटर लगाए जाएंगे। इस बदलाव से उपभोक्ताओं पर आर्थिक बोझ बढ़ना तय है।


प्रदेश सरकार के निर्देश पर फूलपुर विद्युत उपखंड क्षेत्र, जिसमें सुदनीपुर, फूलपुर ग्रामीण, गद्दोपुर और बरईपुर विद्युत उपकेंद्र शामिल हैं, के 41,500 उपभोक्ताओं के लिए स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। उपखंड अधिकारी भूप सिंह के नेतृत्व में 13 सितंबर से स्मार्ट मीटर स्थापना का कार्य शुरू हुआ। पुराने उपभोक्ताओं को मीटर बदलने के लिए कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं देना होगा, लेकिन नए सिंगल फेज कनेक्शन के लिए अब 6016 रुपये का भुगतान करना होगा।



इसके चलते ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली कनेक्शन लेने की लागत 7,000 से 8,000 रुपये तक पहुंच सकती है। अब ग्रामीण उपभोक्ताओं को भी शहरी क्षेत्रों की तरह बिजली बिल का भुगतान करना होगा। सरकार ने किसानों और व्यापारियों के बीच कोई भेदभाव नहीं रखा है, सभी के लिए स्मार्ट मीटर अनिवार्य होगा। उपखंड अधिकारी भूप सिंह ने बताया कि कस्बों और गांवों में स्मार्ट मीटर लगाने का काम तेजी से चल रहा है। इससे बिजली बिल से संबंधित शिकायतों में कमी आएगी और उपभोक्ताओं को बेहतर सेवा मिलेगी।

Saturday, 13 September 2025

आजमगढ़ जिले में 7 लाख 90 हजार डुप्लीकेट वोटर, सत्यापन के बाद हटाए जाएंगे नाम सबसे अधिक 50718 डुप्लीकेट मतदाता ठेकमा विकास खंड में मिले


 आजमगढ़ जिले में 7 लाख 90 हजार डुप्लीकेट वोटर, सत्यापन के बाद हटाए जाएंगे नाम



सबसे अधिक 50718 डुप्लीकेट मतदाता ठेकमा विकास खंड में मिले


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के 22 विकास खंडों में 790775 संभावित डुप्लीकेट मतदाता हैं। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से भेजी गई सूची में इन नामों का खुलासा हुआ है। डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची सत्यापन कराने के लिए बीएलओ को सौंप दी गई है।


बीएलओ घर-घर जाकर सूची का सत्यापन कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि इनमें कई नाम शहर और गांव दोनों जगह की सूची में शामिल हैं। सत्यापन के बाद सही तस्वीर सामने आएगी।


अलग-अलग विकास खंड में डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची जारी कर दी गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी के आदेश पर नगर पालिका के कई मतदाता हैं प्रधान और जिला पंचायत सदस्य ग्रामीण इलाकों की बड़ी आबादी शहर में निवास कर रही है।


वे नगर पालिका व नगर पंचायत में वोटर भी बन गए हैं। साथ ही उनका नाम गांव की वोटर लिस्ट में भी बरकरार है। पंचायत चुनाव आते ही वह गांव की राजनीति में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं। कई प्रधान व जिला पंचायत सदस्य ऐसे हैं, जो शहर के मतदाता होने के बाद भी गांव की राजनीति कर रहे हैं। इन मतदाताओं की सूची सत्यापन कराने के लिए बीएलओ को भेज दी गई है।


अंकुर श्रीवास्तव, उपजिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग से प्राप्त संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची सभी बीएलओ को उपलब्ध करा दी गई है। बीएलओ इसका सत्यापन कर रहे हैं। सत्यापन पूर्ण होने पर ही डुप्लीकेट मतदाताओं की वास्तविक स्थिति सामने आएगी।


ब्लॉक वार डुप्लीकेट मतदाताओं की संख्या : रानी की सराय 32189, तहबरपुर 34990, मिर्जापुर 31415, मुहम्मदपुर 31211, पल्हनी 48998, लालगंज 46566, ठेकमा 50718, तरवां 48637, मेंहनगर 41212, जहानागंज 30858, सठियांव 34933, बिलरियागंज 29540, अजमतगढ़ 39336, महराजगंज 37318, हरैया 39196, फूलपुर 36681, पवई 41227, मार्टीनगंज 21169, कोयलसा 31168, अतरौलिया 20524, अहरौला 39459, पल्हना 23430 है।


निर्वाचन आयोग द्वारा विकास खंडों में मिले डप्लीकेट मतदाताओं की सूची का अवलोकन करें तो सबसे अधिक 50718 डुप्लीकेट मतदाता ठेकमा विकास खंड में मिले हैं। वहीं सबसे कम 20524 डुप्लीकेट मतदाता अतरौलिया विकास खंड में मिले हैं।

आजमगढ़ पंचायत चुनाव के 40 हजार 686 उम्मीदवारों की 3.18 करोड़ रुपये जमानत राशि जब्त 15 लोगों ने जमानत राशि वापस पाने के लिए किया था आवेदन, 13 की हुई वापस


 आजमगढ़ पंचायत चुनाव के 40 हजार 686 उम्मीदवारों की 3.18 करोड़ रुपये जमानत राशि जब्त



15 लोगों ने जमानत राशि वापस पाने के लिए किया था आवेदन, 13 की हुई वापस



उत्तर प्रदेश, आजमगढ़ पंचायत चुनाव 2021 में चुनाव लड़ने वाले लगभग 40 हजार 686 प्रत्याशियों की करीब 3 करोड़ 18 लाख 71 हजार 110 रुपये की जमानत धनराशि निर्वाचन विभाग ने जब्त कर ली है। मात्र 15 लोगों ने जमानत राशि वापस पाने के लिए आवेदन किया था।


इसमें से 13 लोगों की जमानत राशि वापस हुई। अब प्रत्याशियों की जमानत राशि वापस नहीं होगी। आजमगढ़ जिले के 22 विकास खंडों की 1811 पंचायतों के प्रधान पदों के लिए 2021 में हुए चुनाव में 14715 प्रत्याशी मैदान में उतरे थे।


ग्राम पंचायत सदस्य के लिए 144375, क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए 10333 और जिला पंचायत सदस्य के लिए 1262 उम्मीदवार मैदान में उतरे थे। इसमें अनारक्षित वर्ग के साथ ही आरक्षित वर्ग के भी प्रत्याशी शामिल हैं।


अनारक्षित वर्ग के प्रत्याशियों को दो हजार और आरक्षित वर्ग के प्रत्याशियों के लिए एक हजार जमानत राशि जमा करनी थी। चुनाव में प्रत्याशियों की ओर से जमानत राशि के तौर पर तीन करोड़ 18 लाख 71 हजार 110 रुपये जमा किए गए थे।


चुनाव लड़ने के बाद 15 लोगों को छोड़कर अब तक किसी जीते या हारे उम्मीदवार ने राशि वापस लेने के के लिए आवेदन नहीं किया। सहायक निर्वाचन अधिकारी(पंचायत) राजाराम वर्मा ने बताया कि वर्ष 2021 में संपन्न हुए चुनाव में किसी प्रत्याशियों ने व्यय विवरण जमा करके जमानत राशि वापस लेने के लिए आवेदन नहीं किया।

इसके चलते अब जमानत राशि जब्त कर ली गई है। जबकि पंचायत चुनाव में जमानत राशि वापस लेने के लिए कोई अधिक झंझट नहीं है। अपने चुनाव परिणाम के साथ ही जमानत राशि की रसीद और एक दस के स्टांप पर खर्च का विवरण देना है। इसके बाद जमानत राशि वापस मिल जाती है।


1/5 प्रतिशत से कम मत पाने पर जब्त होती है जमानत : जीतने वाले प्रत्याशी के अलावा कुल वैध मतों में 1/5 प्रतिशत से कम मत पाने वाले प्रत्याशी की जमानत धनराशि जब्त कर ली जाती है। इससे अधिक मत प्राप्त करने वालों की जमानत धनराशि नगरीय निकाय व पंचायत चुनाव कार्यालय द्वारा आवेदन करने के बाद वापस किया जाता है। जमानत धनराशि वापस करने के लिए उम्मीदवारों को खर्च का विवरण देते हुए छह माह के भीतर आवेदन करना होता है। जनपद में 15 लोगों ने जमानत राशि वापसी के लिए आवेदन किया था। इनमें से 13 लोगों की धनराशि वापस हो गई लेकिन दो लोगों को 1/5 से कम मत मिलने के बाद जमानत राशि जब्त कर ली गई।

Friday, 12 September 2025

आजमगढ़ सिधारी भीषण सड़क हादसा, एक मजदूर की मौत, 5 गंभीररूप से घायल छतवारा हुसैनगंज के पास तेज रफ्तार ट्रक ने मजदूरी से भरी ट्राली में मारी टक्कर


 आजमगढ़ सिधारी भीषण सड़क हादसा, एक मजदूर की मौत, 5 गंभीररूप से घायल 


छतवारा हुसैनगंज के पास तेज रफ्तार ट्रक ने मजदूरी से भरी ट्राली में मारी टक्कर


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के सिधारी थाना क्षेत्र के छतवारा हुसैनगंज के पास गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से मंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां एक मजदूर की हालत गंभीर होने के कारण उसे पीजीआई रेफर किया गया है।

पुलिस के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब ट्रैक्टर चालक शिव प्रकाश मजदूरों को इटौरा हुसैनगंज के पास छत की ढलाई के बाद ट्रैक्टर पर बैठाकर ले जा रहा था। इसी दौरान एक तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य मजदूर बेहोश हो गए।

मृत मजदूर की पहचान प्रकाश राम (42) पुत्र अरविंद राम, सूतरही, थाना मोहम्मदाबाद, मऊ के रूप में हुई है। घायल मजदूरों में लाल बिहारी यादव (60) पुत्र चंद्रदेव, दुर्जन राम (48) पुत्र शिव चंद्र, प्रेमचंद (50) पुत्र रैमल, हरिद्वार (44) पुत्र बसंता और धर्मराज (27) पुत्र झारखंडे शामिल हैं। इनमें दुर्जन राम और प्रेमचंद आजमगढ़ के मुबारकपुर थाना क्षेत्र के निवासी हैं, जबकि हरिद्वार और धर्मराज मऊ जिले के रहने वाले हैं। घायलों में लाल बिहारी की हालत सबसे गंभीर बताई जा रही है।

हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।