Tuesday, 12 November 2024

आजमगढ़ देवगांव में भीषण हादसा, 2 युवकों की मौके पर हुई मौत गंभीर रूप से घायल 2 युवकों को किया गया रेफर


 आजमगढ़ देवगांव में भीषण हादसा, 2 युवकों की मौके पर हुई मौत


गंभीर रूप से घायल 2 युवकों को किया गया रेफर



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के देवगांव थाना क्षेत्र में बीती रात हुए भीषण सड़क हादसे में जहां दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई वहीं दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मिली जानकारी के अनुसार गंभीर रूप से घायल युवकों को पहले स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनकी हालत को देखते हुए डॉक्टर ने हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतकों के शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। 


मोटरसाइकिल की स्थिति को देखते हुए यह अंदाजा लगाया जा सकता है कि दुर्घटना के समय स्पीड काफी तेज थी। हादसा देवगांव थाना क्षेत्र के हाइडिल तिराहा के पास हुआ। इस दुर्घटना में अपाचे मोटरसाइकिल और पैशन मोटरसाइकिल की आमने-सामने तगड़ी टक्कर हुई है जिसमें अपाचे मोटरसाइकिल सवार दोनों युवकों की मौत हो गई है। पैशन सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इस दुर्घटना में दोनों मोटरसाइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। देवगांव पुलिस ने दोनों मोटरसाइकिल को अपने कब्जे में ले लिया है। मरने वालों में शिवम सिंह 29 वर्ष पुत्र नंदकिशोर सिंह निवासी थाना मेहनाजपुर जनपद आजमगढ़ और इम्तियाज अहमद 30 वर्ष पुत्र मुमताज थाना देवगांव जनपद आजमगढ़ है।


 घायलों में मोहम्मद अरमान उम्र 25 वर्ष पुत्र अकबाल थाना सिपाह जनपद जौनपुर, हुजैफा उम्र 20 वर्ष पुत्र अबुल फैज थाना देवगांव जनपद आजमगढ़ हैं। घटना की जानकारी मृतक और घायलों के परिजनों को दे दी गई हैं।

संत कबीर नगर मामलों का निपटारा करने की थाने की रेट लिस्ट हुई वायरल 10 हजार रुपये गिरफ्तारी और लड़की बरामदगी के 20 हजार


 संत कबीर नगर मामलों का निपटारा करने की थाने की रेट लिस्ट हुई वायरल



10 हजार रुपये गिरफ्तारी और लड़की बरामदगी के 20 हजार




उत्तर प्रदेश के संत कबीर नगर मे किसी मामले में आरोपी की गिरफ्तारी के 10 हजार और लड़की के चले जाने पर उसे बरामद कर लाने और बयान कराने का खर्च 15 से 20 हजार रुपये है। धर्मसिंहवा थाने के वालंटियर व्हाट्सएप ग्रुप में ऐसी अन्य कार्रवाई के भी पुलिस खर्च की सूची किसी प्रमोद के नाम से डाली गई। व्हाट्सएप ग्रुप से पुलिस खर्च की इस सूची का स्क्रीनशॉट वायरल हो रहा है। हालांकि, न्यूज़9यू0पी0 इस वायरल स्क्रीनशॉट की पुष्टि नहीं करता। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है।


धर्मसिंहवा थाने के वालंटियर व्हाट्सएप ग्रुप में क्षेत्र के तमाम जागरूक और गणमान्य लोग शामिल हैं। रविवार को इस ग्रुप के एक संदेश का स्क्रीनशॉट वायरल हुआ जो चर्चा का विषय बन गया। संदेश में पुलिस खर्च के नाम से एक सूची दी गई है, जिसमें वारंट बनवाने का खर्च पांच सौ रुपये साथ ही बयान और अवलोकन का खर्च भी पांच सौ रुपये बताया गया है।


 लावारिश शव के मामले में खर्च पांच हजार रुपये बताया गया है। इसके साथ ही गाय मर जाने पर उसे दबाने का खर्च ढाई हजार रुपये दर्ज है। इसी तरह अभियोजन अनुमति, बेल लिखवाने, गुमशुदगी अखबार में छपवाने समेत अन्य कई काईवाई के खर्च भी सूची में बताए गए हैं। थाने के वालंटियर व्हाट्सएप ग्रुप में यह संदेश किसने डाला इस पर पुलिस अधिकारी फिलहाल अनभिज्ञता जाहिर कर रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ पुलिस खर्चा नाम से डाले गए संदेश में विभिन्न खर्चों की सूची दी गई है लेकिन यह खर्च कौन करता है इसका कोई जिक्र नहीं है। एसओ पूनम मौर्य ने बताया कि वालंटियर ग्रुप में पुलिस कर्मियों के साथ ही बाहरी लोग भी जुड़े हुए है। यह मैसेज किसने डाला इसकी जांच की जा रही है।


सीओ मेंहदावल केशवनाथ ने बताया कि धर्मसिंहवा थाने के वालंटियर व्हाट्सएप ग्रुप में मैसेज डाले जाने की सूचना मिली है। संदेश किसने और क्यों डाला है इसकी जांच कराई जा रही है।

मऊ बेकाबू ट्रक ने सिपाही को रौंदा, हुई मौत सीओ सिटी को उनके आवास पर छोड़कर वापस जाते समय हुआ हादसा, आरोपी चालक हिरासत में


 मऊ बेकाबू ट्रक ने सिपाही को रौंदा, हुई मौत



सीओ सिटी को उनके आवास पर छोड़कर वापस जाते समय हुआ हादसा, आरोपी चालक हिरासत में




उत्तर प्रदेश के मऊ मे शहर कोतवाली क्षेत्र के बलिया मोड़ पर सोमवार की देर रात एक बेकाबू ट्रक ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चालक पुलिसकर्मी की मौत हो गई। घटना के बाद भाग रहे आरोपी ट्रक चालक को पुलिसकर्मियों ने पीछा कर पकड़ लिया। सूचना मिलने पर रात में पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।


 जानकारी के अनुसार अवनीश सिंह शहर कोतवाली में आरक्षी के पद पर तैनात थे। वह सोमवार को सीओ सिटी को उनके आवास पर छोड़कर वापस बाइक से लौट रहे थे। अभी वह लगभग 500 मीटर दूर बलिया मोड़ पहुंचे थे कि गोरखपुर की तरफ से आ रहे बेकाबू ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से अवनीश घायल हो गए। 


मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने घायल आरक्षी को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत से पुलिसकर्मियों में मातम पसर गया। घटना को लेकर एसओ अनिल सिंह ने बताया कि घटना के आरोपी ट्रक चालक को पुलिस ने पीछा कर पकड़ लिया है।

आगरा सिपाही ने बीच सड़क पर चौकी के सामने किया ऐसा काम शर्म से पानी-पानी हुए लोग, वीडियो वायरल


 आगरा सिपाही ने बीच सड़क पर चौकी के सामने किया ऐसा काम



शर्म से पानी-पानी हुए लोग, वीडियो वायरल



उत्तर प्रदेश के आगरा के थाना सदर क्षेत्र के शहीद नगर पुलिस चौकी पर तैनात सिपाही ने बीच सड़क पर पेंट की जिप खोलकर पेशाब करना शुरू कर दिया। ये देख राहगीर हैरान रह गए। सिपाही का कुछ लोगों ने वीडियो बनाना शुरू कर दिया, इसके बाद भी सिपाही को शर्म नहीं आई। ये वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। न्यूज़9यू0पी0 किसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता। 



बताया जा रहा है की शहीद नगर पुलिस चौकी पर तैनात इस सिपाही का नाम बबलू गौतम है। बताया जा रहा है कि जिस वक्त की ये घटना है, उस समय वो ड्यूटी पर तैनात नहीं था। सोमवार सुबह आठ बजे वर्दी में पुलिस चौकी के सामने शमशाबाद रोड पर पेशाब करने लगा। ये देख लोगों के कदम ठहर गए। सिपाही के इस कृत्य का लोगों ने वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वहीं इस मामले में अधिकारियों ने संज्ञान लिया है। सिपाही बबलू गौतम को तलाश किया गया, लेकिन वो नहीं मिला। वहीं इस घटना के बाद सिपाही को निलंबित कर दिया गया है।

बरेली सिपाही ने पत्नी के पेट में घोंपा चाकू, बाहर निकल आईं आंतें मकान दिलाने की करता था डिमांड, कोतवाल ने एसएसपी अनुराग आर्य को भेजी रिपोर्ट, होगा निलंबन


 बरेली सिपाही ने पत्नी के पेट में घोंपा चाकू, बाहर निकल आईं आंतें


मकान दिलाने की करता था डिमांड, कोतवाल ने एसएसपी अनुराग आर्य को भेजी रिपोर्ट, होगा निलंबन




उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के पुलिस लाइन के सरकारी आवास में रह रहे सिपाही अमित सोलंकी ने अपने पत्नी के पेट में चाकू घोंप दिया। इससे उसकी आंतें बाहर निकल आईं। निजी अस्पताल में उसका ऑपरेशन कराया गया है। आरोपी सिपाही के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।


 बागपत निवासी गौरव कुमार ने बताया कि उनके पिता ने बड़ी बहन सोनिका की शादी बागपत के थाना बिनौली के गांव गोलियो का जिवाना निवासी अमित सोलंकी से की थी। शादी में दस लाख रुपये खर्च किए थे। अमित थाना फतेहगंज पश्चिमी में सिपाही के पद पर तैनात है और इन दिनों उसकी ड्यूटी जिला कारागार बिथरी चैनपुर में चल रही है। अमित पुलिस लाइन के आवास में परिवार के साथ रहता है। वह शादी के बाद सोनिका को यह कहकर परेशान करने लगा कि मायके वालों से कहकर उसे मेरठ में मकान बनवाकर दिलवा दो। सोनिका ने बताया कि उनके मायके वालों की इतनी हैसियत नहीं है तो अमित उसे प्रताड़ित करने लगा।



आरोप है कि रविवार को मकान दिलवाने की बात कहकर अमित ने सोनिका को बेरहमी से पीटा। विरोध पर सोनिका के पेट में चाकू घोंप दिया। इससे उसके पेट से आंतें बाहर आ गईं। आसपास के लोग आए तो घायल सोनिका को निजी अस्पताल ले गए। पीछे से सिपाही अमित भी पहुंच गया। उसने अस्पताल स्टाफ को सोनिका का इलाज करने पर जान से मारने की धमकी दी। सोनिका के भाई गौरव की तरफ से कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज की गई है।


 सदर कोतवाल डीके शर्मा ने पीड़िता के घरवालों से बात करने के साथ ही आसपास रह रहे लोगों से अमित सोलंकी के बारे में जानकारी जुटाई। पता लगा कि वह नशे का आदी है और ज्यादा नशा होने पर परिवार व साथियों से झगड़ा करने लगता है। जांच में पता लगा कि उसने जेल की ड्यूटी से आठ नवंबर से दस दिन की छुट्टी ली थी। पड़ोसियों ने बताया कि दो दिन से वह लगातार शराब पीकर सोनिका से झगड़ा कर रहा था। कोतवाल ने एफआईआर के साथ जांच आख्या एसएसपी अनुराग आर्य को भेज दी है। बताया जा रहा है कि जानलेवा हमले के आरोपी सिपाही को निलंबित किया जा सकता है।

Monday, 11 November 2024

आजमगढ़ फूलपुर जाली नोट के साथ 3 अभियुक्त गिरफ्तार मेले में खपाने की तैयारी में थे तस्कर, 2 लखनऊ, एक जनपद का निवासी


 आजमगढ़ फूलपुर जाली नोट के साथ 3 अभियुक्त गिरफ्तार


मेले में खपाने की तैयारी में थे तस्कर, 2 लखनऊ, एक जनपद का निवासी





उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के फूलपुर थाना की पुलिस ने एक लाख की जाली नोट के साथ तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। अभियुक्तों में दो लखनऊ जनपद और एक आजमगढ़ का निवासी है। इन जाली नोटों को मेले में खफाने की तैयारी थी। अभियुक्तों के पास से तीन मोबाइल भी बरामद किया गया है। 


पुलिस अधीक्षक हेमराज मीना ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक फूलपुर शशीचन्द चौधरी द्वारा दुवार्षा गेट ग्राम सदरपुर बरौली के पास से 3 अभियुक्तों हसमत पुत्र स्व0 अलई अहमद ग्राम भावा खेड़ा थाना रहिमाबाद जनपद लखनऊ, महेन्द्र कुमार यादव पुत्र स्व0 रमेश चन्द्र यादव निवासी 35 हर्षनगर बुधेश्वर मोहान रोड़ थाना पारा जनपद लखनऊ, मोहम्मद नासीर पुत्र स्व0 सहाबुद्दीन निवासी ग्राम सतुवहिया थाना फूलपुर जनपद आजमगढ़ को सदरपुर बरौली दुवार्षा गेट के पास से आज सोमवार को गिरफ्तार किया गया। इन लोगों के पास से एक लाख रूपये की जाली भारतीय मुद्रा व तीन अदद मोबाईल फोन बरामद की गई है।


पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि जो नोट बरामद हुई है वह जाली नोट है हम तीनों जाली नोट का धंधा मो0 शोएब पुत्र मो0 शरीफ ग्राम तिलोई कला थाना सण्डीला जनपद हरदोई तथा फुरकान पुत्र स्व0 रसुलवक्श ग्राम तकिया रहीमाबाद जनपद लखनऊ के साथ करते हैं। मो0 शोएब व फुरकान को बीते 17 अक्टूबर को थाना औरास जनपद उन्नाव में पुलिस ने जाली नोट व नोट बनाने की मशीन के साथ गिरफ्तार किया गया। वह इस समय जेल में है। पुलिस अधीक्षक हेमराज मीना ने बताया कि अभियुक्तों द्वारा इन जाली नोटों को मेले में खफाने की तैयारी थी।

आजमगढ़ अहरौला सांड़ से टकराई बाइक, एक की मौत, दूसरे की हालत गंभीर वैवाहिक कार्यक्रम से लौट रहे थे घर


 आजमगढ़ अहरौला सांड़ से टकराई बाइक, एक की मौत, दूसरे की हालत गंभीर



वैवाहिक कार्यक्रम से लौट रहे थे घर



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ मे मांगलिक कार्य से सोमवार की सुबह पांच बजे घर लौट रहे फोटोग्राफर व सहयोगी की पल्सर बाइक अहरौला थाना क्षेत्र के गनवारा गांव के पास सड़क पर अचानक आए सांड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया और घायल को अस्पताल पहुंचाया।


 मिली जानकारी के अनुसार अहरौला थाना के उदैना गांव निवासी अजय अग्रहरि (30) पुत्र सूरज चांदनी चौक पर स्टूडियो चलाते हैं। मांगलिक कार्यों में फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी की बुकिंग करते हैं। रविवार को एक बुकिंग पर माहुल गए हुए थे। सोमवार की सुबह काम निपटा कर वह अपने सहयोगी बलेंदर राम (25) पुत्र जोखू निवासी दनियालपुर के साथ घर लौट रहे थे कि गनवारा गांव के पास सड़क पर अचानक आवारा पशु आ गया। जब तक वह संभल पाते तब तक बाइक पशु से टकरा गई। इस दुर्घटना में बाइक चालक अजय अग्रहरि की मौके पर मौत हो गई, जबकि उसका साथी बलेंदर राम गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। घायल को सीएचसी अहरौला में भर्ती कराया। मृतक दो भाइयों में दूसरे नंबर पर था। मृतक अविवाहित था।