Monday, 14 August 2023

आजमगढ़ स्वतंत्रता दिवस पर सभी पंजीकृत वाहनों पर लहरेगा तिरंगा एआरटीओ प्रशासन ने सभी यूनियनों व संगठनों से की अपील


 आजमगढ़ स्वतंत्रता दिवस पर सभी पंजीकृत वाहनों पर लहरेगा तिरंगा


एआरटीओ प्रशासन ने सभी यूनियनों व संगठनों से की अपील



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ स्वतंत्रता दिवस के पावन पर्व पर जनपद के सभी पंजीकृत वाहनों पर 14 व 15 अगस्त को राष्ट्रीय ध्वज लगाया जायेगा। इसके लिए सभी यूनियनों व संगठनों से अपील की गई है।


सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) आजमगढ़ सत्येन्द्र कुमार सिंह यादव ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश के क्रम में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 14 व 15 अगस्त को जनपद में सभी पंजीकृत वाहनों (निजी एवं व्यावसायिक वाहनों) पर राष्ट्रीय ध्वज लगाया जाना है उन्होंने जनपद के समस्त टैक्सी-टेंपो यूनियन, बस-ट्रक यूनियन तथा अन्य संगठनों से अपील किया कि वह अपने संगठन से जुड़े सभी वाहन स्वामियों, चालकों व परिचालकों को सूचित कर दें कि वह अपने-अपने वाहनों पर राष्ट्रीय ध्वज लगाना सुनिश्चित करें।

आजमगढ़ जो बंटवारे की बलि चढ़ गये आज उन्हें याद करने का दिन-दिनेश लाल विभीषिका दिवस पर भाजपा सांसद ने कहा उन भारतवासियों को श्रद्धापूर्वक याद करने का अवसर श्रेया आत्महत्या मामले पर कहा परिजनों को जरूर मिलेगा न्याय, न्यायालय अभी है


 आजमगढ़ जो बंटवारे की बलि चढ़ गये आज उन्हें याद करने का दिन-दिनेश लाल


विभीषिका दिवस पर भाजपा सांसद ने कहा उन भारतवासियों को श्रद्धापूर्वक याद करने का अवसर


श्रेया आत्महत्या मामले पर कहा परिजनों को जरूर मिलेगा न्याय, न्यायालय अभी है


उत्तर प्रदेश आजमगढ़, आज के दिन भारत देश के दो टुकड़े हुए, लाखों लोगों की जानें गयी, करोड़ों लोग बेघर हो गये। देश में यह क्यों हुआ, इसे देश को हमेशा याद रखना होगा, आज की युवा पीढ़ी इस बात को न भूले इसलिए पूरा देश आज 14 अगस्त को इसे विभीषिका दिवस के रूप में मना रहा है। उक्त बातें भाजपा कार्यालय पर भाजपा सांसद दिनेश लाल निरहुआ ने प्रेस वार्ता के दौरान कही। चिल्ड्रेन कालेज में छात्रा द्वारा आत्महत्या किये जाने के बावत सांसद निरहुआ ने कहा कि छात्रा के परिजनों को न्याय मिलेगा, अगर पुलिस अपना काम सही से नहीं किया है तो न्यायालय अभी है।


विभीषिका दिवस पर भाजपा कार्यालय पर आयोजित एक प्रेस वार्ता को सम्बोधित करते हुए भाजपा सांसद दिनेश लाल निरहुआ ने कहा कि आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रमों के तहत आज यानी 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाया जा रहा है। 14 अगस्त 1947 को देश के बंटवारे के दौरान विस्थापन का दर्द झेलने वाले लोगों की याद में ये दिन मनाया जाता है।


विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस उन भारतवासियों को श्रद्धापूर्वक याद करने का अवसर है, जिनका जीवन देश के बंटवारे की बलि चढ़ गया। यह दिन उन लोगों के कष्ट और संघर्ष की भी याद दिलाता है, जिन्हें विस्थापन का दंश झेलने को मजबूर होना पड़ा। ऐसे सभी लोगों को मेरा शत-शत नमन। इस दिन लाखों लोगों की जानें गयी, करोड़ों लोग बेघर हो गये। देश में यह क्यों हुआ, इसे देश को हमेशा याद रखना होगा।


मीडिया द्वारा चिल्ड्रेन गर्ल्स कालेज की छात्रा की आत्महत्या के मामले में परिजनों द्वारा न्याय के लिए किये जो रहे संघर्ष के बावत सांसद निरहुआ ने बताया कि घटना की जानकारी हमें हुई, काफी दुख हुआ। हम बस यही कहेंगे कि युवा पीढ़ी, छात्र या कोई भी हो अगर कहीं किसी प्रकार की दिक्कत हो तो जान देने का फैसला न लें, अगर परिजनों को यह लग रहा है कि उनके साथ अन्याय हुआ है और पुलिस द्वारा सही तरीके से काम नहीं किया गया तो आगे न्यायालय है। वे पीड़ित परिजनों से मिलेंगे, जो संभव सहायता होगी वह की जाएगी। उन्होंने बताया कि जानकारी मिली है कि पीड़ित परिजन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिले हैं। अब उनको जरूर न्याय मिलेगा।


 विभीषिका दिवस पर विस्थापन का दर्द झेलने उन भारतवासियों को श्रद्धापूर्वक याद करते हुए भारतीय जनता पार्टी द्वारा एक शोक यात्रा मौन जुलूस के रूप में निकाली गयी जो हरिऔध कला भवन ऑडोटोरियम तक गई।

लखनऊ शराब पिलाने के बाद गर्लफ्रेंड की गला दबाकर कर दी हत्या सुष्मिता हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा


 लखनऊ शराब पिलाने के बाद गर्लफ्रेंड की गला दबाकर कर दी हत्या


सुष्मिता हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा


उत्तर प्रदेश लखनऊ की वृन्दावन कॉलोनी में बर्थडे पार्टी के दौरान विवाद होने पर विष्णु ने पहले सुष्मिता को शराब पिलाई। फिर कमरे में ले जाकर गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद विष्णु दोस्त अनुज उर्फ सूरज गुप्ता के साथ कार से वृन्दावन कॉलोनी, सेक्टर-19 में छोड़ आया था। विष्णु से पूछताछ के बाद यह खुलासा होने पर पीजीआई पुलिस ने सूरज को भी गिरफ्तार कर लिया है। सूरज पर हत्या के साक्ष्य मिटाने का आरोप है। दोनों को जेल भेज दिया गया है।


मिली जानकारी के अनुसार सुष्मिता मूल रूप से उड़ीसा की रहने वाली थी। उसका शव वृन्दावन कॉलोनी सेक्टर-19 में कार के अंदर मिला था। कार में मिले सुष्मिता के मोबाइल नम्बर से उसके दोस्त कानपुर, बरा निवासी विष्णु द्विवेदी का पता चला था। इसके बाद पीजीआई पुलिस की सूचना पर विष्णु को धनबाद रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ ने पकड़ लिया था। विष्णु रट लगाये रहा कि सुष्मिता झगड़ा होने पर कमरा बंद कर फांसी लगा ली थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई।


एडीसीपी, एसीपी और इंस्पेक्टर ने विष्णु से शनिवार रात और रविवार दोपहर कई बार पूछताछ की। इसमें पता चला कि विष्णु कार से सुष्मिता का शव ठिकाने लगाने के लिए जगह ढूंढ़ रहा था तो उसके साथ इटावा, जसवंत नगर निवासी सूरज भी था। इससे पहले सूरज ने तीन दिन हिरासत में रहने के दौरान यह तथ्य छिपाए रखा। एडीसीपी सै. अली अब्बास ने बताया कि सूरज के खिलाफ हत्या के साक्ष्य छिपाने के तहत कार्रवाई की गई है। अन्य तीन दोस्तों की भूमिका खंगाली जा रही है।


पेशे से किसान सुष्मिता के पिता सूरजा मणि राउत गांव से सात हजार रुपये ब्याज पर और कुछ रिश्तेदारों से उधार लेकर लखनऊ आये थे। गाड़ी किराये पर कर उड़ीसा जाने का खर्चा भी उनके पास नहीं था । इसलिए लखनऊ में ही बेटी के शव का अंतिम संस्कार कर दिया। सूरजा मणि और उनके दो रिश्तेदार शनिवार को उड़ीसा रवाना हो गये। पुलिस अफसरों ने उन्हें अपना नम्बर देकर कहा कि आरोपितों को सख्त सजा दिलायेंगे।

Sunday, 13 August 2023

सहारनपुर 50 हजार रुपए की रिश्वत में दरोगा के साथ सीओ भी फंसे दर्ज हुआ मुदकमा


 सहारनपुर 50 हजार रुपए की रिश्वत में दरोगा के साथ सीओ भी फंसे


दर्ज हुआ मुदकमा


 उत्तर प्रदेश सहारनपुर में मुकदमे में फाइनल रिपोर्ट लगाने के लिए 50 हजार रुपए लेते हुए दरोगा को रंगेहाथ गिरफ्तार करने के मामले में सीओ नकुड़ भी फंस गए हैं। सीओ नकुड़ नीरज सिंह पर भी मुकदमा दर्ज कर लिया। इस मुकदमे में सीओ को दरोगा के साथ ही नामजद किया गया है। मुकदमा दर्ज होने के बाद एंटी करप्शन टीम ने विवेचना शुरू कर दी है।


शुक्रवार को एंटी करप्शन की सहारनपुर और मेरठ की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 50 हजार की रिश्वत लेते हुए सीओ नकुड़ के पेशकार दरोगा हरपाल सिंह को रंगेहाथ गिरफ्तार किया था। इसके बाद थाना सदर बाजार में दरोगा हरपाल सिंह से पूछताछ की गई थी। दरोगा ने बताया कि सरसावा थाने में महेश कुमार सैनी के खिलाफ दर्ज एससी/एसटी एक्ट का मुकदमा झूठा पाया गया था। जिस कारण मुकदमे में एफआर लगानी थी। इसके लिए सीओ के निर्देशानुसार ही मुकदमे को खत्म करने के लिए लेन-देन की बात की थी। फाइनल रिपोर्ट लगाने के लिए एक लाख रुपये की मांग की थी। इसके बाद बात 80 हजार रुपये में तय हो गई थी। एंटी करप्शन टीम ने दरोगा के बयान को भी फर्द में शामिल कर सदर थाने में तहरीर दी, जिसमें सीओ नकुड़ नीरज सिंह को भी अभियुक्त बनाया गया है। इंस्पेक्टर मंडलीय भ्रष्टाचार निवारण संगठन सहारनपुर सुभाष सिंह ने बताया कि सीओ पर भी मुकदमा दर्ज किया गया है।


महेश कुमार सैनी ने तीन दिन पहले भ्रष्टाचार निवारण संगठन मंडल सहारनपुर कार्यालय पर एक शिकायती पत्र दिया था। महेश कुमार सैनी का कहना था कि प्रदीप कुमार ने उसके खिलाफ झूठा मुकदमा एससी/एसटी एक्ट में दर्ज कराया था। जबकि, पहले इस मुकदमे की सरसावा थाने में तैनात दरोगा ने रिपोर्ट लगा दी थी।


एंटी करप्शन की टीम दरोगा हरपाल सिंह को गिरफ्तार कर मेरठ पहुंची। टीम ने शनिवार को दरोगा को एंटी करप्शन कोर्ट में पेश किया। वहां से दरोगा को जेल भेज दिया गया। दरोगा मूलरूप से मुरादाबाद जिले के रहने वाले हैं।


इंस्पेक्टर मंडलीय भ्रष्टाचार निवारण संगठन सहारनपुर ने बताया कि इस मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है। मुकदमे में सीओ नकुड़ नीरज सिंह को भी अभियुक्त बनाया गया है। विवेचना में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

आजमगढ़ मार्टिनगंज अमृत सरोवर के निर्माण से पर्यटन को मिलेगा प्रोत्साहन - जिला पंचायत सदस्य संतोष कुमार यादव


 आजमगढ़ मार्टिनगंज अमृत सरोवर के निर्माण से पर्यटन को मिलेगा प्रोत्साहन - जिला पंचायत सदस्य संतोष कुमार यादव



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ मार्टिनगंज तहसील क्षेत्र के खरसनकला दीदारगंज में शासन के निर्देश पर जिला पंचायत सदस्य पल्थी संतोष कुमार यादव के द्वारा अमृत सरोवर का निर्माण कराया जा रहा है, जिसका कार्य प्रगति पर है। अमृत सरोवर का शुभारंभ वीएस पांडेय अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत आजमगढ़ व अभियंता तथा अवर अभियंता जिला पंचायत के द्वारा अमृतसरोवर का स्थलीय निरीक्षण कर कराया गया था।


 अमृत सरोवर के तालाब के किनारे बंधा सहित सीढ़ी निर्माण कार्य तेजी से चालू है जिला पंचायत सदस्य संतोष ने बताया कि अमृत सरोवर के निर्माण से पर्यटन को प्रोत्साहन मिलेगा तथा पशु पक्षियों के लिए पानी के साथ ही लोगों को आकर्षित करने के लिए सुंदरीकरण कराया जाएगा। सरोवर पर रैंप, सीढ़ी, विद्युत प्रकाश, हरियाली के लिए पेड़ पौधों सहित बैठने के लिए बेंच की व्यवस्था कराई जाएगी।



आजमगढ़ मार्टिनगंज से विवेकानन्द पांडेय कि रिपोर्ट।

Saturday, 12 August 2023

आजमगढ़ देवगांव करेंट की चपेट में आने से युवक की हुई मौत हैण्डपम्प में लगे समर सेबुल के जरिए उतरा था करेंट


 आजमगढ़ देवगांव करेंट की चपेट में आने से युवक की हुई मौत


हैण्डपम्प में लगे समर सेबुल के जरिए उतरा था करेंट


उत्तर प्रदेश आज़मगढ़ देवगांव कोतवाली के कैथीशंकरपुर गांव में शनिवार की दोपहर पडोसी के हैण्ड पम्प पर हाथ पैर धुलते समय युवक विद्युत करेंट की चपेट में आ गया, जिससे युवक की मृत्यु हो गयी।


देवगांव कोतवाली क्षेत्र के कैथीशंकरपुर गांव के राजेश कुमार का बड़ा पुत्र संदीप कुमार पड़ोसी की हैण्डपम्प पर हाथ मुह धुलने के लिए गया। हैण्डपम्प में समरसेबल चलता है। जिसके कारण हैण्डपम्प में विद्युत करेंट आ गया। हैण्डपम्प चलाते ही संदीप कुमार को विद्युत का तेज झटका लगा। संदीप वही गिर पड़ा। आस पास के लोगों के शोर मचाने पर स्वजन भी मौके पर पहुंचे। 


संदीप को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक दो भाइयों में बड़ा था। पिता रोजी रोटी के लिए किसी कम्पनी में कार्य करता है। माता मिन्ता देवी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है।

वाराणसी प्रेमी युगल ने सरेराह रचाई शादी घंटों चले ड्रामे के बाद परिजनों को भी उनके प्यार के सामने टेकने पड़े घुटने

वाराणसी प्रेमी युगल ने सरेराह रचाई शादी


घंटों चले ड्रामे के बाद परिजनों को भी उनके प्यार के सामने टेकने पड़े घुटने


उत्तर प्रदेश वाराणसी प्रेमी युगल ने जब एक दूजे का होने की ठानी तो परिवार की बंदिशें और समाज का डर भी बेअसर हो गया। मामला वाराणसी के लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के गोइठहां का है। प्रेमी अपने घर से कुछ ही दूर प्रेमिका के घर आ धमका और शादी करने की बात पर अड़ गया। पहले तो प्रेमिका के घरवाले राजी नहीं हुए। घंटों चले ड्रामे के बाद परिजनों को भी उनके प्यार के सामने घुटने टेकने पड़ गए। प्रेमी युगल ने सरेराह शादी की। पड़ोसी और राहगीर इसके गवाह बने। युवती की मांग में जब युवक ने सिंदूर डाला तो वहां मौजूद लोगों ने हर-हर महादेव का उद्घोष किया। सुखद एवं मंगल दांपत्य जीवन की भी कामना की।


 हालांकि इस पूरे प्रकरण के बाद एक नया मोड़ आ गया। युवती के परिजनों ने बेटी और दामाद से हमेशा-हमेशा के लिए नाता तोड़ लेने की बात कही। परिजनों का कहना था कि सार्वजनिक तौर पर शादी करके सामाजिक मान्यता के लिए उन्होंने ऐसा किया।


गोइठहां के ही सजातीय युवक और युवती लंबे समय से प्रेम संबंध में हैं। दोनों अक्सर मिलते-जुलते थे। दोनों शादी करना चाहते थे लेकिन परिजन तैयार नहीं थे। शनिवार सुबह अचानक युवक अपनी प्रेमिका के घर पहुंचा और शादी की बात कही। पहले तो बात घर में रही लेकिन हंगामा होने पर परेशान युवती के परिजन दोनों को घर के बाहर सड़क पर ले आए। पड़ोसियों को भी बुला लिया।


 हंगामे की सूचना पर पुलिस भी पहुंची। महिला सिपाही को भी बुलाया गया। पूछताछ करने पर युवक और युवती शादी की जिद पर अड़े रहे। इसके बाद पुलिस और युवती के परिजनों की मौजूदगी में सरेराह दोनों की शादी कराई गई। बिना मंत्र, जाप, हवन और फेरे के दोनों ने शादी की औपचारिकताएं की। पड़ोसियों ने माला और सिंदूर लाकर दिया। युवती की मांग भरकर युवक ने उसे अपनी दुल्हन बना लिया।


 जयमाल और सिंदूर के दौरान वीडियोग्राफी व फोटोग्राफी भी कराई। इसके बाद दूल्हा अपनी दुल्हनिया को लेकर रवाना हो गया। पुलिस ने युवती के परिजनों को किसी भी तरह शांतिभंग ना करने की हिदायत दी। थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि दोनों बालिग थे। लिहाजा दोनों की मर्जी से युवती के परिजनों ने शादी करा दी। शादी के बाद युवती युवक के घर चली गई। बाद में परिवार मंदिर से शादी करेंगे।