Thursday, 10 August 2023

आजमगढ़ 18 लाख की ठगी करने वाला सिविल इंजीनियर गिरफ्तार फेसबुक पर विदेशी महिला बनकर लोगों से करता था दोस्ती 50 हजार रूपये, 2 लैपटाप और आईफोन बरामद


 आजमगढ़ 18 लाख की ठगी करने वाला सिविल इंजीनियर गिरफ्तार


फेसबुक पर विदेशी महिला बनकर लोगों से करता था दोस्ती


50 हजार रूपये, 2 लैपटाप और आईफोन बरामद


उत्तर प्रदेश आजमगढ़ थाना साइबर क्राइम आजमगढ़ ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक साइबर अपराधी सिविल इंजीनियर को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी फेसबुक पर विदेशी महिला बनकर लोगों से दोस्ती करता था। आरोपी द्वारा महंगे गिफ्ट व करोड़ों रुपये देने के बहाने 18 लाख की साइबर ठगी की घटना को अंजाम दिया गया।


मिली जानकारी के मुताबिक 19 अक्टूबर 2022 को राजेश कुमार, सिधारी आजमगढ़ ने साइबर क्राइम थाना आजमगढ़ में प्रार्थना पत्र दिया की फेसबुक पर विदेशी महिला लूसी चार्लाेट ने दोस्ती कर 25,000 यूके पाउण्ड व महंगे उपहार देने के नाम पर मुझसे करीब 18 लाख रूपये की साइबर धोखाधड़ी की गयी हैं। मामले में मुकदमा दर्ज कर अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु अपर पुलिस महानिदेशक, साइबर क्राइम मुख्यालय लखनऊ, पुलिस अधीक्षक, साइबर क्राइम मुख्यालय लखनऊ, एंव पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ के निर्देशानुसार तकनीकी संसाधनो का प्रयोग करते हुए विवेचना के मध्य प्रभारी निरीक्षक साइबर क्राइम थाना परिक्षेत्र आजमगढ़ द्वारा अभिसूचना संकलन करके कार्यवाही प्रारम्भ की गयी। उक्त अभियोग की विवेचना से नवादा व नालन्दा बिहार अंतर्राज्यीय साइबर गैंग के 07 अभियुक्तों का नाम प्रकाश में आया था, जिसमें 5 अभियुक्तों को पूर्व में बिहार राज्य के नवादा व नालंदा से गिरफ्तार किया गया था। मुख्य अभियुक्त सिविल इंजीनियर धीरज सिंह की तलाश की जा रही थी। 9 अगस्त को वांछित मुख्य अभियुक्त धीरज सिंह पुत्र मोहन सिंह निवासी केएच नं0 1273 गली नं. 15 के ब्लाक स्वरूप नगर लिबास पुर नार्थ वेस्ट दिल्ली व स्थायी पता ग्राम भटौला थाना हरदुआगंज पोस्ट शेखुपुर जलाली जिला अलीगढ़ उत्तर प्रदेश को मोबाइल लोकेशन के आधार पर कानपुर देहात के रनिया थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया।


अभियुक्त से पूछताछ में यह तथ्य सामने आया कि गिरफ्तार अभियुक्त धीरज सिंह 1 वर्ष पूर्व बुरारी दिल्ली में रहता था जहां उससे नेपाल का रहने वाला अमन शाह व अभिषेक से मुलाकात हुई और उसी के साथ मिलकर गिफ्ट फ्रॉड व फाइनेंस के नाम पर साइबर ठगी करना सिखा था।


 उपरोक्त मुकदमे में विदेशी महिला बनकर फेसबुक पर दोस्ती कर यूके पाउण्ड व महंगे उपहार देने के नाम पर अधिवक्ता शुल्क, कस्टम शुल्क, फाइल शुल्क इत्यादि के नाम पर करीब 18 लाख रूपये की साइबर धोखाधड़ी की गयी थी। जाँच के दौरान ज्ञात हुआ की गिरफ्तार अभियुक्त धीरज सिंह के 13 बैंक खाते अलग अलग बैंको में खोले गये है जिनकी गहराई से जाँच की जा रही है. गिरफ्तार अभियुक्त धीरज सिंह ने बतया की इस अपराध में अमन शाह की महिला मित्र सोनिया जो दिल्ली की रहने वाली है, जो साइबर अपराध में सहयोग करती है. अभियुक्तों के अन्य बैंक खातो व साइबर अपराध से कमाई हुई सम्पतियो के बारे में जाँच की जा रही हैं।

आजमगढ़ बिलरियागंज करेंट की चपेट में आने से संविदा लाइनमैन झुलसा ट्रांसफार्मर ठीक करते समय बिजली आ जाने से हुआ हादसा


 आजमगढ़ बिलरियागंज करेंट की चपेट में आने से संविदा लाइनमैन झुलसा


ट्रांसफार्मर ठीक करते समय बिजली आ जाने से हुआ हादसा


उत्तर प्रदेश आजमगढ़ बिलरियागंज थाना क्षेत्र के पांती खुर्द गांव में गुरुवार की सुबह ट्रांसफार्मर ठीक करते समय बिजली आ जाने से संविदा लाइनमैन झुलस गया। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। जैगहर गांव निवासी राजेश प्रजापति (35) क्षेत्र के पटवध विद्युत सबस्टेशन पर संविदा लाइनमैन है। 


पाती खुर्द गांव में ट्रांसफार्मर में फाल्ट हो गया था। परिजनों ने बताया कि वह गुरुवार को विद्युत सबस्टेशन से शटडाउन लेकर पोल पर चढ़कर फाल्ट ठीक कर रहा था। इस दौरान बिजली प्रवाहित हो गई। करंट लगने से वह झुलस कर नीचे गिर गया। घटना के बाद अफरातफरी मच गई। घायल राजेश को लेकर लोग सीएचसी बिलरियागंज पहुंचे। डॉक्टर ने हालत गंभीर देख रेफर कर दिया। मंडलीय अस्पताल में उसका उपचार चल रहा है।

लखनऊ पहली बार एक साथ सीएम योगी से मिले रालोद विधायक जयंत चौधरी के एनडीए में जाने की चर्चाएं तेज


 लखनऊ पहली बार एक साथ सीएम योगी से मिले रालोद विधायक


जयंत चौधरी के एनडीए में जाने की चर्चाएं तेज


उत्तर प्रदेश लखनऊ राष्ट्रीय लोकदल के विधायकों ने बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके सरकारी आवास पर मुलाकात की। ऐसा पहली बार हुआ है जब रालोद विधायक एक साथ सीएम से मिले हैं। ऐसे में सियासी चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।


कहा जा रहा है कि राज्यसभा में दिल्ली बिल पर हुई वोटिंग में पहले रालोद प्रमुख जयंत चौधरी गायब रहे। अब विधायक सामूहिक रूप से सीएम से मिले। इस घटनाक्रम के सियासी मतलब निकाले जा रहे हैं। सियासी गलियारों में पहले ही जयंत के बीजेपी के साथ जाने की अटकलें चल रही हैं। ऐसे में जयंत वोटिंग में नहीं पहुंचे तो इन अटकलों को और बल मिलने लगा। चर्चा है कि जयंत भाजपा आलाकमान के संपर्क में हैं। इधर बुधवार को रालोद के नौ में से आठ विधायक सीएम से मिले। केवल गुलाम मोहम्मद शामिल नहीं हो पाए क्योंकि, उस समय सदन में उनका प्रश्न लगा था।

हालांकि रालोद विधायक कहते हैं कि वे प्रदेश में बाढ़ से हुए नुकसान का मुआवजा देने, बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान करने, गन्ना मूल्य में वृद्धि करने, किसानों को फ्री बिजली देने जैसे मामलों पर सीएम से मिले थे।

Wednesday, 9 August 2023

आजमगढ़ सरायमीर हवाला कारोबार का पर्दाफाश, लाखों रुपए समेत 7 गिरफ्तार 7 मोबाइल, 10 एटीएम कार्ड, एसबीआई ग्रीन कार्ड व अन्य सामान बरामद 2 जनसेवा केंद्र संचालक भी धराए


 आजमगढ़ सरायमीर हवाला कारोबार का पर्दाफाश, लाखों रुपए समेत 7 गिरफ्तार


7 मोबाइल, 10 एटीएम कार्ड, एसबीआई ग्रीन कार्ड व अन्य सामान बरामद


2 जनसेवा केंद्र संचालक भी धराए



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ सरायमीर थाना क्षेत्र में पुलिस ने लंबे समय से चल रहे हवाला कारोबार का पर्दाफाश करते हुए इस काले कारोबार में शामिल सात लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए लोगों के कब्जे से पुलिस ने पांच लाख 50 हजार रुपए, सात मोबाइल फोन तथा विभिन्न बैंकों के दस एटीएम कार्ड, ग्रीन कार्ड, आधार कार्ड व लेन-देन से संबंधित अभिलेख बरामद किया है। पकड़े गए लोगों से की गई पूछताछ में गैंग के अन्य सात सदस्यों की तलाश में पुलिस की छापेमारी कर रही है। पकड़े गए लोगों में दो जनसेवा केंद्र संचालक भी शामिल हैं।


थाना प्रभारी सरायमीर विवेक कुमार पाण्डेय ने मंगलवार को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर स्थानीय कस्बे में एसबीआई एटीएम बूथ के समीप काले रंग का बैग लेकर खड़े व्यक्ति को अपनी गिरफ्त में ले लिया। तलाशी के दौरान पुलिस ने बैग में रखे 500-500 के 1100 नोट (कुल 5.50 लाख रुपए), विभिन्न बैंकों से जारी 10 एटीएम कार्ड, एक अदद एसबीआई ग्रीन कार्ड, एक पैन कार्ड तथा दो आधार कार्ड बरामद किए।


मिली जानकारी के मुताबिक पकड़े गए अब्दुल हलीम निवासी स्थानीय ग्राम मंजीरपट्टी से की गई पूछताछ के बाद पुलिस ने हवाला कारोबार से जुड़े छह अन्य लोगों को विभिन्न स्थानों से पकड़ा। इन लोगों से की गई पूछताछ में जानकारी मिली कि इस कारोबार को अब्दुल हलीम का मौसेरा भाई साकिब निवासी ग्राम बीनापारा एवं आफताब दुबई व सऊदी अरब से संचालित करते हैं। उनके द्वारा बताए गए बैंक खातों में जनसेवा केंद्रों के माध्यम से पैसे ट्रांसफर किए जाते हैं। 


पकड़े गए लोगों में सरायमीर क्षेत्र के राजापुर निवासी बेलाल, सरायमीर कस्बे के सिद्दीकी मोहल्ला निवासी सैफ, ओहदारीपुर निवासी जनसेवा केंद्र संचालक जितेन्द्र कुमार एवं रामरायपुर निवासी प्रदीप प्रजापति, पवई थाना क्षेत्र के हाजीपुर कुदरत ग्राम निवासी गुफरान एवं मोहम्मद अहमद शामिल हैं। पुलिस को इस मामले में सात अन्य आरोपियों की तलाश है जिनकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने इस मामले में पकड़े गए जनसेवा केंद्र संचालकों के यहां से लेन-देन से संबंधी कागजात भी कब्जे में ले लिया है। बुधवार को सभी अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

आजमगढ़ दीदारगंज घर में घुसकर विवाहिता से दुष्कर्म की कोशिश अचेत अवस्था में परिजनों ने जिला अस्पताल में कराया भर्ती आरोपित 3 युवकों को पुलिस ने लिया हिरासत में, मुकदमा दर्ज


 आजमगढ़ दीदारगंज घर में घुसकर विवाहिता से दुष्कर्म की कोशिश 


अचेत अवस्था में परिजनों ने जिला अस्पताल में कराया भर्ती


आरोपित 3 युवकों को पुलिस ने लिया हिरासत में, मुकदमा दर्ज



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ दीदारगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में बीती मंगलवार की रात बरामदे में सोई 20 वर्षीय विवाहित युवती के साथ दुष्कर्म की कोशिश मामला सामने आया है। पीड़िता के साथ जबरदस्ती करते देख शोर मचाने पर तीन आरोपी मौके से फरार हो गये। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपित तीन युवकों को हिरासत में ले लिया है। पीड़ित युवती को अचेत अवस्था में परिजनों ने उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।


जौनपुर जिले के खेतासराय क्षेत्र निवासी परिवार दीदारगंज थाना क्षेत्र के एक गांव मे नेवासे पर रहता है। तीन दिन पहले गृहस्वामी अपने पैतृक गांव चला गया। घर पर 20 वर्षीय विवाहित पुत्री, 15 एवं 8 वर्षीय दो पुत्र मौजूद थे। मंगलवार की रात युवती घर के बरामदे और दोनों भाई कमरे में सोने चले गये। देर रात छोटे भाई को लघुशंका लगी तो उसने बड़े भाई को जगाया। बड़े भाई ने उससे दीदी को जगाने की बात कही। छोटा भाई जब अपनी दीदी के पास गया तो देखा कि तीन युवक, युवती के साथ जबरदस्ती कर रहे थे। उसने बड़े भाई से यह बात बताई। बड़े भाई ने शोर मचाया तो तीनों युवक मौके से भाग निकले। 


शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर आए तो युवक ने लोगों को घटनाक्रम से अवगत कराया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों आरोपियों को रात में पकड़ कर थाने ले गई। वहीं अचेत मिली विवाहित युवती को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मार्टिनगंज पर ले जाया गया, जहां रात भर उसका इलाज चलता रहा। बुधवार की सुबह तक जब युवती को होश नहीं आया तो उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। दोपहर में जब युवती को होश आया तो उसे जिला महिला अस्पताल भेज दिया गया।


इस मामले में थानाध्यक्ष दीदारगंज नदीम अहमद फरीदी ने बताया कि तीनों आरोपियों को रात में ही गिरफ्तार कर लिया गया है। पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पीड़िता के बयान एवं मेडिकल परीक्षण के बाद स्थिति स्पष्ट होने पर अगली कार्रवाई की जाएगी।

आजमगढ़ चिल्ड्रेन गर्ल्स कालेज पहुंची स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम डीआईओएस, मजिस्ट्रेट समेत 4 अधिकारी रहे शामिल कॉलेज परिसर में बारीकी से की छानबीन, जरूरी पत्रावलियों को किया तलब।


 आजमगढ़ चिल्ड्रेन गर्ल्स कालेज पहुंची स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम


डीआईओएस, मजिस्ट्रेट समेत 4 अधिकारी रहे शामिल


कॉलेज परिसर में बारीकी से की छानबीन, जरूरी पत्रावलियों को किया तलब।


उत्तर प्रदेश आजमगढ़ शहर के सिधारी थाना क्षेत्र के हरबंशपुर में चिल्ड्रेन गर्ल्स कॉलेज में 31 जुलाई को संदिग्ध हालत में 11वीं की छात्रा श्रेया तिवारी की मौत के मामले में आज जिला प्रशासन के द्वारा गठित स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम घटनास्थल वाले स्कूल में पहुंची। चार सदस्यीय टीम ने कई घंटे तक कॉलेज परिसर में बारीकी से छानबीन की और जरूरी पत्रावलियों को तलब किया।


कॉलेज पहुंची टीम में जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज मिश्रा, जिला अल्पसंख्यक अधिकारी वर्षा अग्रवाल, एक मजिस्ट्रेट और एक अभियंता थे। इस दौरान कॉलेज के मुख्य गेट को बंद कर दिया गया था और बाहर से मीडिया समेत किसी भी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश को रोक दिया गया था। कई घंटे की पड़ताल के बाद टीम बाहर निकली। जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि टीम विद्यालय में मानकों के परीक्षण के लिए गई थी।


 इंफ्रास्ट्रक्चर और सुरक्षा मानकों की जांच की गई थी। कॉलेज की मान्यता के संबंध में उन्होंने बताया कि इस संबंध में कॉलेज प्रबंधन से कहा गया है। जिसमें प्रबंधन ने शाम तक का समय मांगा है। कल तक इसका इंतजार किया जाएगा फिर किसी निष्कर्ष पर पंहुचा जा सकता है। जिला विद्यालय निरीक्षक ने यह भी कहा कि तमाम गाइडलाइंस के अनुसार काउंसलर की व्यवस्था स्कूल में होनी चाहिए लेकिन यह मैंडेटरी है या नहीं यह देखना होगा। कॉलेज परिसर की फोटोग्राफी की गई है । कल तक निर्णय लिया जाएगा। कक्षा 8 तक की मान्यता के बाद भी 12वीं तक पढ़ाने की चर्चा के सवाल पर उन्होंने कहा कि अगर ऐसा है तो यह नहीं होना चाहिए।

लखनऊ पुलिस कमिश्नर ऑफिस की तीसरी मंजिल से कूदकर फोरेंसिक लैब के कर्मचारी ने दी जान पत्नी बोली- खुदकुशी नहीं कर सकते वो


 लखनऊ पुलिस कमिश्नर ऑफिस की तीसरी मंजिल से कूदकर फोरेंसिक लैब के कर्मचारी ने दी जान


पत्नी बोली- खुदकुशी नहीं कर सकते वो


उत्तर प्रदेश लखनऊ महानगर स्थित पुलिस कमिश्नर कार्यालय की तीसरी मंजिल से मंगलवार शाम फोरेंसिक साइन्स लैब (एफएसएल) के कर्मचारी राजू (45) ने छलांग लगा दी। वहां मौजूद पुलिसकर्मियों की मदद से राजू को ट्रामा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।


राजू ने ऐसा क्यों किया, इस बारे में घर वाले और विभाग के कर्मचारी कुछ नहीं बोल रहे हैं। पत्नी ने सिर्फ इतना ही कहा कि उनके पति खुदकुशी नहीं कर सकते। इस घटना से परिसर में हड़कम्प मच गया था। महानगर पुलिस ने एफएसएल कर्मी का मोबाइल फोन जांच के लिए भेज दिया है।


अयोध्या निवासी राजू फोरेंसिक लैब में चतुर्थ श्रेणी कर्मी था। मंगलवार दोपहर दो बजे वह खाना खाने घर गया था। पत्नी विमला के मुताबिक आधे घंटे बाद राजू ऑफिस जाने की बात कह कर चला गया। शाम चार बजे बेटे आदित्य को पता चला कि पुलिस कमिश्नर कार्यालय की तीसरी मंजिल से पिता गिर गये हैं। आदित्य ने मां विमला को बताया, फिर परिचतों के साथ मौके पर पहुंचे।


कर्मचारी राजू के पुलिस कमिश्नर ऑफिस के तीसरी मंजिल से गिरने का पता चलते ही महानगर पुलिस पहुंच गई। एडीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि पड़ताल में राजू के खुदकुशी करने की बात सामने आई है। पत्नी विमला और बेटे आदित्य से बात करने का प्रयास किया जा रहा है। पोस्टमार्टम हाउस पर पत्नी विमला ने बताया खान खाने के लिए जब राजू घर आए तो वह सामान्य तरीके से बात कर रहे थे। उन्हें देख कर ऐसा नहीं लगा कि खुदकुशी जैसा कदम उठा सकते हैं।


एफएसएल कर्मियों ने हादसे के बारे में कोई बात नहीं की। उन्होंने कहा पति खुदकुशी नहीं कर सकते हैं। खुदकुशी का कारण भी स्पष्ट नहीं हो सका है। महानगर पुलिस का कहना है कि बुधवार को एफएसएल के कर्मचारियों से पूछताछ की जाएगी। वजह पता करने का प्रयास किया जायेगा।