Wednesday, 22 March 2023

उत्तर प्रदेश 3 मैसेज के बाद कट जाएगी बिजली ऊर्जा मंत्री एके शर्मा का निर्देश


 उत्तर प्रदेश 3 मैसेज के बाद कट जाएगी बिजली


ऊर्जा मंत्री एके शर्मा का निर्देश


लखनऊ ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने बिजली उपभोक्ताओं के मोबाइल पर ड्यू डेट के पहले और ड्यू डेट के बाद दो से तीन अलर्ट मैसेज भेजने को कहा है। अंतिम मैसेज भेजने के बाद बिल न जमा करने पर उपभोक्ता का कनेक्शन काट दिया जाए। निर्देश दिए कि किसी भी उपभोक्ता का बिल बनने पर शीघ्र ही उसको कम से कम 6 से 7 अलर्ट मैसेज भेजें जाएं। ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने बिजली उपभोक्ताओं को मोबाइल कम्पनियों की तरह अलर्ट संदेश भेजने के लिए उनके मोबाइल नंबर को बिलिंग सिस्टम में एकीकरण करने के अभियान की मंगलवार को शक्ति भवन में शुरुआत की। इस व्यवस्था से प्रदेश के तीन करोड़ उपभोक्ताओं को फायदा होगा। अब वे जहां भी होंगे उनकी विद्युत व्यवस्था, बिल, कनेक्शन, डिस्कनेक्शन एवं अन्य समस्याओं के संबंध में उनके मोबाइल पर मैसेज मिल जाएगा।


 उन्होंने कहा कि प्रदेश में 15 दिन चले केवाईसी अभियान के दौरान 2.50 करोड़ उपभोक्ताओं का केवाईसी अपडेट किया गया। उन्होंने निर्देश दिए कि आगामी त्योहारों के मद्देनजर प्रदेश के सभी धार्मिक स्थलों में निर्वाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा इसमें कहीं पर भी ढिलाई न बरतें। फाल्ट की सूचना पर तत्काल टीम भेजकर आपूर्ति ठीक कराएं।


ऊर्जा मंत्री ने राजस्व वसूली के कार्यों में और तेजी लाने तथा कामर्शियल टीम को 24 घण्टे कार्य में एक्टिव रखने को कहा। उन्होंने कहा कि बड़े बकायेदारों से वसूली के लिए विशेष रूप से सम्पर्क करें। फोन करके रातों की उनकी नींद उड़ाने की तैयारी करें। उन्होंने लाइन लॉस कम करने तथा विद्युत चोरी रोकने के निरन्तर प्रयास करने को कहा। उन्होंने मार्च में मात्र 25 प्रतिशत राजस्व वसूली पर नाराजगी व्यक्त की और कहा कि इस महीने के बाकी दिनों में मासिक लक्ष्य की वसूली को पूरा करें।


उन्होंने कहा प्रदेश में निकाय चुनाव शीघ्र ही होने वाले हैं। इस वजह से नवसृजित व नवविस्तारित नगरीय निकायों में विद्युत व्यवस्था को बहाल करने के लिए शुरू किए गए कार्यों में तेजी लाई जाए। पैसे की कमी नहीं है। इसके लिए 1096 करोड़ रुपये दिये गये हैं। उन्होंने विद्युत व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण के लिए संचालित आरडीएसएस स्कीम के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए, जिससे कि जनता को इसका शीघ्र ही लाभ मिले।


ऊर्जा मंत्री ने कहा कि पूरे प्रदेश के फीडर व उपकेन्द्र मिलाकर कुल 32 हजार छोटी-बड़ी इकाइयां हैं, जहां से विद्युत आपूर्ति की जाती है। हड़ताल के दौरान ज्यादा से ज्यादा ऐसी 400 यूनिट ही बंद थीं, जो कि पूरे प्रदेश के विद्युत व्यवधान का एक प्रतिशत से भी कम मात्र 0.8 प्रतिशत रही।? उन्होंने कहा कि 19 मार्च को अपराह्न 3 बजे हड़ताल समाप्ति के पश्चात जहां कहीं पर भी विद्युत बाधित थी वहां सभी जगह 10 घंटे में विद्युत आपूर्ति रात्रि में ही बहाल करा दी गई थी। 


प्रदेश में बेमौसम बारिश, आंधी व ओलावृष्टि के कारण जहां कहीं पर भी विद्युत व्यवधान हुआ उसे भी ठीक कराने की कोशिश की गई। फिर भी कहीं पर भी खराब मौसम के चलते आपूर्ति में गड़बड़ी या फॉल्ट की शिकायतें हो तो पीड़ित उपभोक्ता शीघ्र ही टोल फ्री नम्बर 1912 पर सम्पर्क करें।

लखनऊ नवरात्र पर बड़ा तोहफा, आंगनबाड़ी के 52 हजार पदों पर नियुक्ति का रास्ता साफ; जानें डिटेल


 लखनऊ नवरात्र पर बड़ा तोहफा, आंगनबाड़ी के 52 हजार पदों पर नियुक्ति का रास्ता साफ; जानें डिटेल



उत्तर प्रदेश लखनऊ चैत्र नवरात्र पर योगी आदित्यनाथ सरकार ने आंगनबाड़ी भर्ती प्रक्रिया शुरू होने का इंतजार करने वालों को बड़ा तोहफा दिया है। शासन की ओर से आंगनबाड़ी के 52 हजार खाली पदों पर नियुक्ति के लिए चयन प्रक्रिया का पुनर्निर्धारण करते हुए मंगलवार को आदेश जारी कर दिया गया। अब बाल विकास परियोजना कार्यक्रम के तहत आंगनबाड़ी, मिनी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं की नियुक्ति में भी आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) को आरक्षण का लाभ मिलेगा।


 बता दें उत्तर प्रदेश शासन ने जनवरी 2021 में 52 हजार पदों पर भर्ती निकाली थी। उस समय ईडब्ल्यूएस आरक्षण का प्रावधान नहीं था। यह मामला कोर्ट में चला गया था जिसकी वजह से भर्ती प्रक्रिया रुक गई। मंगलवार को नया शासनादेश जारी किया गया। इसमें अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, ओबीसी, दिव्यांग और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रितों के साथ-साथ ईडब्ल्यूएस के लिए भी आरक्षण का प्रावधान कर दिया गया है।


 अब इसमें 10 प्रतिशत पद ईडब्ल्यूएस के लिए आरक्षित होंगे। इस शासनादेश के जारी होने से दो साल से रुकी हुई भर्ती प्रक्रिया को फिर शुरू करने का रास्ता साफ हो गया है। आंगनबाड़ी कार्यकत्री के कुल एक लाख 89 हजार 897 स्वीकृत पद हैं। इनमें से करीब 52 हजार पद देहांत, साठ साल की उम्र पूरी होने पर सेवानिवृत्त होने, नौकरी छोड़ देने से रिक्त चल रहे हैं।

आजमगढ़ महराजगंज डीएम ने अभियुक्त का शस्त्र लाइसेंस किया निरस्त


 आजमगढ़ महराजगंज डीएम ने अभियुक्त का शस्त्र लाइसेंस किया निरस्त



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ प्रभारी निरीक्षक, थाना महराजगंज, की आख्या व पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ की संस्तुति के आधार पर अभियुक्त चन्द्रेश यादव पुत्र नरमा यादव, निवासी महाजी सिंघवारा, थाना महराजगंज, जनपद आजमगढ़ के विरूद्ध थाना महराजगंज पर गंभीर धाराओं में मामला पंजीकृत है।


 चन्द्रेश यादव शस्त्र लाइसेंस धारक था, जिसने एसबीबीएल गन नं0- 14789, लाइसेंस नं0- 894/06 ले रखा था। जिला मजिस्ट्रेट आजमगढ़ विशाल भारद्वाज द्वारा अभियोजन पक्ष के बहस एवं तर्कों के आधार पर शस्त्र लाइसेंसी अभियुक्त चन्द्रेश यादव उपरोक्त के शस्त्र के लाइसेंस को निरस्त किया गया।

Tuesday, 21 March 2023

प्रयागराज अतीक अहमद के दफ्तर पर पुलिस का छापा करोड़ों रुपये कैश, असलहों का जखीरा बरामद


 प्रयागराज अतीक अहमद के दफ्तर पर पुलिस का छापा


करोड़ों रुपये कैश, असलहों का जखीरा बरामद


प्रयागराज अतीक अहमद के चकिया स्थित ऑफिस पर मंगलवार को बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ छापा मारा गया। इस दौरान कई असलहा एवं करोड़ों रुपये कैश बरामद हुए हैं। 


पुलिस को सूचना मिली थी कि अतीत गैंग के लोगों ने और उसके परिवार के सदस्यों ने अपने असलहे है और कैश को खंडहर हो चुके दफ्तर में छुपा कर रखा है, ताकि किसी को यहां पर शक ना हो आशंका जाहिर की जा रही है कि उमेश पाल की हत्या में प्रयुक्त असलहे यहीं पर छुपा कर रखे गए थे। छापेमारी में असलहों का जखीरा बरामद हुआ है। 


भारी मात्रा में कैश मिलने के बाद अधिकारियों की आंखें भी फटी रह गईं। नोटों को गिनने के लिए मशीन मंगाई गई है। बताया जा रहा है खंडहर हो चुके आफिस में असलहों को छिपाकर रखा गया था। दीवारों के भीतर से भी कैश और असलहे बरामद हुए हैं। भारी मात्रा में कारतूस और गन जमीन के अंदर दबाकर भी रखे गए थे। बता दें कि चकिया स्थित इस दफ्तर को बुलडोजर से ढहा दिया गया था।

आजमगढ़ सठियाव मार्केट मे नवरात्रि के पूजा के लिए मार्केट मे खरीदारी करने के लिए श्रद्धालुओ का लगा हुजूम दिखा खुशियों का माहौल।


 आजमगढ़ सठियाव मार्केट मे नवरात्रि के पूजा के लिए मार्केट मे खरीदारी करने के लिए श्रद्धालुओ का लगा हुजूम दिखा खुशियों का माहौल।




आजमगढ़ सठियाव से संजय चौहान की रिपोर्ट।

आजमगढ़ लापरवाही और हड़ताल को अप्रत्यक्ष समर्थन पर चीफ इंजीनियर निलंबित उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन के चेयरमैन ने की कार्रवाई


 आजमगढ़ लापरवाही और हड़ताल को अप्रत्यक्ष समर्थन पर चीफ इंजीनियर निलंबित



उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन के चेयरमैन ने की कार्रवाई



आजमगढ़ में बिजली कर्मचारियों के हड़ताल के चलते विभाग को हुए नुकसान व हड़ताल को अप्रत्यक्ष समर्थन देने के आरोप में चीफ इंजीनियर को शासन ने निलंबित कर दिया है। उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन के चेयरमैन ने यह कार्रवाई की है। इस कार्रवाई से बिजली विभाग के अन्य जिम्मेदारों में भी हड़कंप मच गया है।


उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन के अध्यक्ष एम देवराज ने सोमवार की देर रात मुख्य अभियंता वितरण मंडल आजमगढ़ अनिल नरायण सिंह को कई गंभीर आरोप के चलते निलंबित कर दिया। उन्होंने अपने आदेश में बताया कि बिजली कर्मचारियों के हड़ताल को मुख्य अभियंता ने अप्रत्यक्ष रुप से समर्थन दिया। जिसके चलते पारेषण एवं वितरण के अनेक विद्युत पोषक बंद हो गए और इससे विद्युत आपूर्ति व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई।


 हड़ताल के दौरान बिजली कटौती के चलते आम जनता को काफी परेशानी उठानी पड़ी। बिजली आपूर्ति न होने से अनेक आवश्यक सेवाओं में व्यवधान आया और कानून व्यवस्था भी भंग होने की स्थिति उत्पन्न हो गई। इतना ही नहीं कारपोरेशन को वित्तीय हानि भी हुई और राजस्व वसूली घटने के कारण वित्तीय संकट भी खड़ा हो गया। हड़ताल व कार्य बहिष्कार का अप्रत्यक्ष रुप से समर्थन कर चीफ इंजीनियर ने अपने सरकारी सेवक आचरण नियमावली का घोर उल्लंघन किया है। जिसके चलते उन्हें निलंबित कर दिया। निलंबन की अवधि में चीप इंजीनियर अनिल नारायण सिंह को पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेट वाराणसी से संबद्ध किया गया है।

कानपुर ट्रेन के आगे कूदकर सिपाही ने की आत्महत्या परिजनों में मचा कोहराम


 कानपुर ट्रेन के आगे कूदकर सिपाही ने की आत्महत्या



परिजनों में मचा कोहराम


उत्तर प्रदेश कानपुर में चकेरी लाल बंगला एनटू रोड निवासी हेड कांस्टेबल राहुल वर्मा ने खपरा मोहाल रेलवे ट्रैक पर मंगलवार सुबह ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। घटना के बाद मौके पर पहुंची जीआरपी ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।


 परिजनों के अनुसार वह 7-8 माह से हर्ष फायरिंग के मामले में निलंबित चल रहा था। जिससे वह काफी परेशान रहता था। वह मानसिक परेशानी के चलते तीन-चार दिन से उर्सला अस्पताल में भर्ती था। जानकारी के अनुसार राहुल 2006 बैच का सिपाही था। वह लाल बंगला स्थित एनटू रोड में किराए के मकान में रहता था। घर में उसकी पत्नी बबली, 9 साल का बेटा कुणाल व 5 साल की बेटी है। परिजनों ने बताया कि मोहल्ले के कुछ लोगों ने उसे हर्ष फायरिंग में फंसा दिया था। जिसकी जांच चल रही थी। इस बीच में कई बार अफसरों से बहाली के लिए मिला, लेकिन कोई रास्ता नहीं निकला।


 इससे वह डिप्रेशन में चला गया था। आखिरकार उसने यह कदम उठा लिया। बताया कि वह निलंबित होने के दौरान बेकरगंज में तैनात था। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।