Tuesday, 2 January 2024

आजमगढ़ 4 जनवरी तक बंद रहेंगे जनपद के ये सभी विद्यालय डीएम के निर्देश पर बीएसए ने जारी किया आदेश


 आजमगढ़ 4 जनवरी तक बंद रहेंगे जनपद के ये सभी विद्यालय


डीएम के निर्देश पर बीएसए ने जारी किया आदेश



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज ने अत्यधिक ठंड एवं शीतलहर को देखते हुए जनपद में नर्सरी से कक्षा 8 तक के समस्त स्ववित्तपोषित मान्यता प्राप्त, सीबीएसई, आईसीएसई एवं अन्य बोर्ड से संचालित विद्यालय में 3 जनवरी और 4 जनवरी को शिक्षण कार्य बंद रखने का निर्देश दिया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर ने सभी विद्यालयों के प्रबन्धकों को उक्त आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

मैनपुरी हिंसक हुई ट्रक चालकों की हड़ताल पुलिस पर पथराव, आंसू गैस छोड़ी, फायरिंग


 मैनपुरी हिंसक हुई ट्रक चालकों की हड़ताल


पुलिस पर पथराव, आंसू गैस छोड़ी, फायरिंग



उत्तर प्रदेश मैनपुरी हिट एंड रन को लेकर बनाए गए नए कानून के खिलाफ ट्रक और बस चालकों की हड़ताल यूपी के मैनपुरी में हिंसक हो गई। यहां हड़ताली चालकों और पुलिस के बीच कहासुनी के बाद मामला बिगड़ गया। इसी दौरान चालकों की तरफ से पथराव शुरू हुआ तो पुलिस ने लाठीचार्ज किया। इसके बाद भी मामला नहीं संभला को पुलिस ने पहले आंसू गैस के गोले छोड़े। इसके बाद हवा में फायरिंग भी की। पथराव और लाठीचार्ज में कुछ पुलिस वालों और कई चालकों के घायल होने की भी खबर है। आला अधिकारी मामले को शांत करने में जुटे हैं। हालांकि अफसर फायरिंग से इनकार कर रहे हैं।


मिली जानकारी के मुताबिक मैनपुरी जिले में केन्द्र सरकार के नए कानून के विरोध में ट्रांसपोर्टर की हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रही। इस बीच ट्रक ड्राइवरों ने सड़क जाम करने का प्रयास किया। पुलिस ने जाम खुलवाया तो मामला उग्र हो गया। आक्रोशित ट्रक ड्राइवरों की भीड़ ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया। इस दौरान पुलिस ने स्थित को काबू में करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे। स्थिति अनियंत्रित होते देख हवाई फायरिंग की। पुलिस का कहना है कि करहल बाईपास मार्ग पर जाम के दौरान प्रदर्शनकारी और पुलिस में झड़प हुई। नए कानून के विरोध में ट्रक चालकों और अन्य वाहन चालकों ने जाम लगाया था। सूचना पर पहुंची पुलिस के साथ भी झड़प हुई। पुलिस ने प्रदर्शन करने वालों पर लाठियां फटकारीं। सूचना मिलते ही करहल थाने के साथ ही घिरोर और धन्नाहर थाना क्षेत्र की फोर्स भी मौके पर पहुंची है।


केंद्र की मोदी सरकार ने रोड रेज या हिट एंड रन (रोड एक्सीडेंट) करके भागने वालों के खिलाफ कानून में बड़े बदलाव किए हैं। नए कानून के तहत, अगर कोई रोड एक्सीडेंट करके भाग जाता है और घायल को सड़क पर ही छोड़ देता है तो उसे 10 साल की सजा होगी और 7 लाख रुपए तक का जुर्माना किए जाने का प्रावधान है। हालांकि, मानवीयता दिखाने पर कुछ राहत का भी प्रावधान किया गया है। अगर एक्सीडेंट करने वाला ड्राइवर घायल व्यक्ति को हॉस्पिटल तक पहुंचाता है तो उसकी सजा कम कर दी जाएगी। सरकार का कहना है कि इससे मौतों की संख्या में कमी आएगी और लोगों को सही समय पर उपचार मिल सकेगा। इसी कानून के खिलाफ बस और ट्रक के चालक हड़ताल कर रहे हैं।


 मंगलवार को हड़ताल का दूसरा दिन है। दिल्ली, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, यूपी, बिहार पंजाब, गुजरात, हिमाचल प्रदेश में ड्रक ड्राइवरों ने चक्काजाम किया हुआ है। ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन से जुड़े लोगों का कहना है कि देश में 95 लाख ट्रक-टैंकर हैं। इनमें से 30 लाख से ज्यादा ट्रक-टैंकर की सेवाएं ठप हो गई हैं। चालकों का कहना है कि हर बार हादसे में उनकी गलती नहीं होती है। अगर वह घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए रुकेंगे तो मॉब लिचिंग का शिकार हो सकते हैं। इसलिए कानून का विरोध कर रहे हैं।

आजमगढ़ सरायमीर नए मोटर व्हीकल एक्ट के विरोध में ट्रक चालकों ने किया चक्काजाम आटो चालकों ने भी सड़क पर उतरकर दर्ज कराया अपना विरोध


 आजमगढ़ सरायमीर नए मोटर व्हीकल एक्ट के विरोध में ट्रक चालकों ने किया चक्काजाम



आटो चालकों ने भी सड़क पर उतरकर दर्ज कराया अपना विरोध



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ नए मोटर व्हीकल एक्ट के खिलाफ मंगलवार को ट्रक चालकों ने दो स्थानों पर चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया। ट्रक चालकों के साथ आटो चालकों ने भी सड़क पर उतरकर अपना विरोध दर्ज कराया। हालांकि पुलिस ने कुछ देर बाद मौके पर पहुंच कर दोनों स्थानों पर चक्काजाम खत्म करा दिया। वहीं, रोडवेज की बसें भी आंशिक रूप से प्रभावित रहीं।


 केंद्र सरकार के नए मोटर व्हीकल एक्ट के खिलाफ रोडवेज बस चालक और निजी ट्रांसपोर्टरों ने तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल की घोषणा की है। नए एमवी एक्ट के नियमों में बदलाव को लेकर हड़ताल में शामिल हो गए हैं। राष्ट्रव्यापी इस हड़ताल का असर जिले में भी दूसरे दिन देखने को मिला। रोडवेज की बसें दूसरे दिन मंगलवार को आंशिक रूप से प्रभावित रहीं। वहीं, सरायमीर क्षेत्र के संजरपुर व मुबारकपुर क्षेत्र के सठियांव मुख्य मार्ग पर मंगलवार को पूर्वाह्न ट्रकों चालकों ने नए एमवी एक्ट के विरोध में सड़क पर उतरकर चक्काजाम कर दिया। चालकों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। संजरपुर में ट्रक चालकों के समर्थन में आटो चालक भी सड़क पर उतर आए। कुछ देर बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को हटा कर जाम खुलवा दिया। जाम के चलते दोनों स्थानों पर वाहनों की लाइन लग गई थी।

Monday, 1 January 2024

आजमगढ़/जौनपुर कोचिंग क्लास में लटकता मिला टीचर का शव ब्लैक बोर्ड पर लिखा था सुसाइड नोट


 आजमगढ़/जौनपुर कोचिंग क्लास में लटकता मिला टीचर का शव


ब्लैक बोर्ड पर लिखा था सुसाइड नोट



उत्तर प्रदेश आजमगढ़/जौनपुर जिले के शाहगंज क्षेत्र के मदरहां गांव स्थित एक विद्यालय में सोमवार को कोचिंग टीचर का शव फंदे से लटकता मिला। मौके पर पहुंची पुलिस को ब्लैक बोर्ड पर सुसाइड नोट लिखा मिला। इस दौरान पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल करते हुए पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया।


आजमगढ़ के दीदारगंज थाना क्षेत्र के पकड़वल गांव निवासी नवीन कुमार (19) पुत्र पवन कुमार अपने ननिहाल शाहगंज के मदरहां में रहकर कोचिंग पढ़ाता था। सोमवार की सुबह घर से 500 मीटर स्थित माता मरजादी देवी इंटर कालेज में कोचिंग पढ़ाने पहुंचा था। बच्चे जब कोचिंग के लिए पहुंचे तो नवीन का शव पंखे के सहारे फंदे पर लटक रहा था। छात्रों ने इसकी सूचना ग्रामीणों को दी तो लोगों में हड़कंप मच गया। पुलिस के अनुसार उसने विद्यालय स्थित बोर्ड पर सुसाइड नोट लिखा था कि मैं अपनी जिंदगी से तंग आकर आत्महत्या कर रहा हूं। पुलिस ने नोट की फोटो लेने के बाद शव को कब्जे में लेकर पूछताछ के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया। मौत की खबर सुनकर परिजनों में कोहराम मच गया।


मृतक नवीन कुमार के अलावा उसके एक भाई व एक बहन हैं। बड़ा भाई प्रवीन कुमार कहीं बाहर रहकर पढ़ाई करता है। छोटी बहन उसी विद्यालय में कक्षा 11 की छात्रा है। पिता पवन कुमार दिल्ली में ट्रांसपोर्ट में काम करके अपना और परिवार का भरण- पोषण करते हैं। मां रामावती देवी का कोई भाई न रहने की वजह से अपने दोनों बेटे नवीन, प्रवीन और बेटी प्रतिमा के साथ मायके में रहकर अपनी मां की देखभाल करती हैं। बेटे की मौत की खबर से मां का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। इस बाबत कोतवाल आदेश कुमार त्यागी ने बताया कि युवक का फंदे से शव लटकने की जानकारी मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ब्लैक बोर्ड पर सुसाइड नोट में जिंदगी से तंग आकर ऐसा कदम उठाने की बात लिखी थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।

लखनऊ योगी सरकार ने 94 आईएएस को दिया प्रमोशन का तोहफा देखें शासन में खास ओहदा पाए अफसरों की लिस्ट


 लखनऊ योगी सरकार ने 94 आईएएस को दिया प्रमोशन का तोहफा



देखें शासन में खास ओहदा पाए अफसरों की लिस्ट


उत्तर प्रदेश लखनऊ योगी आदित्यनाथ सरकार ने नए वर्ष पर यूपी के 94 आईएएस अफसरों को पदोन्नति का तोहफा दिया है इसमें वर्ष 1999 बैच के चार आईएएस अफसर को सचिव से प्रमुख सचिव और वर्ष 2008 बैच के 17 अफसरो को विशेष सचिव से सचिव के पद पर पदोन्नति दी गई है। वर्ष 2011 बैच के 21 आईएएस अफसर को 13 वर्ष की सेवा पूरी करने पर सलेक्शन ग्रेड दिया गया है। वर्ष 2020 के 18 अफसर को 4 साल की सेवा पूरी करने पर सीनियर टाइम स्केल दिया गया है। वहीं 34 आईएएस को जूनियर एडमिनिस्ट्रेटिव ग्रेड दिया गया है।


वर्ष 1999 बैच के नवदीप रिणवा, पी गुरु प्रसाद रविंदर और संयुक्ता समद्दार को सचिव से प्रमुख सचिव बनाया गया है। सचिव/ आयुक्त के पद पर पदोन्नति मिली इनमें किंजल सिंह, सौम्या अग्रवाल, डा. सरोज कुमार, के. विजयेन्द्र पांडियन, पवन कुमार, कुमार रविकांत सिंह, डा. काजल, अमृत त्रिपाठी, बी. चंद्रकला, अनिल ढींगरा, राजेश कुमार, बाल कृष्ण त्रिपाठी, चन्द्र भूषण सिंह, विमल कुमार दुबे, सुख लाल भारती, डा. वेदपति मिश्र और अखिलेश सिंह शामिल हैं।


दो आईएएस और तीन पीसीएस सेवानिवृत्त


यूपी कॉडर के दो आईएएस और तीन पीसीएस अधिकारी रविवार को सेवानिवृत्त हो गए। आईएएस अफसरों में रजनीश गुप्ता और अनिल कुमार मिश्रा और पीसीएस नंदलाल सिंह, अमृत लाल बिंद और श्याम अवध चौहान सेवानिवृत्त हुए हैं। रजनीश गुप्ता अपर मुख्य सचिव नागरिक सुरक्षा, अनिल कुमार मिश्रा रजिस्ट्रार लोहिया विवि में तैनात थे।


दो आईपीएस केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाएंगे


केंद्र सरकार ने यूपी कैडर की दो महिला आईपीएस अफसरों को प्रति नियुक्ति पर संयुक्त सचिव या समकक्ष रैंक के पद के लिए सूचीबद्ध किया है। इनमें वर्ष 2002 बैच की यूपी कैडर की आईपीएस अपर्णा कुमार व शचि घिल्डियाल शामिल हैं।

वाराणसी नए साल की पार्टी में अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या जातिगत टिप्पणी से नाराज था सिक्योरिटी गार्ड


 वाराणसी नए साल की पार्टी में अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या


जातिगत टिप्पणी से नाराज था सिक्योरिटी गार्ड



उत्तर प्रदेश वाराणसी लालपुर पांडेयपुर थाना क्षेत्र के ताड़ीखाना तिराहे के समीप स्थित एक लॉन में नववर्ष की पार्टी के दौरान सिक्योरिटी गार्ड ने अधिवक्ता राघवेंद्र सिंह (36 वर्ष) की गोली मारकर हत्या कर दी। आरोप है कि जातिगत टिप्पणी से सिक्योरिटी गार्ड नाराज था। उसने तीन राउंड फायरिंग की थी। आरोपी पुलिस की हिरासत में है।


ताड़ीखाना तिराहा के समीप गौरव सिंह के लॉन में नदेसर निवासी एडवोकेट राघवेंद्र सिंह (36 वर्ष) अपने दोस्तों और कर्मचारियों के साथ नववर्ष की पार्टी कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पार्टी में शामिल गौरव सिंह के मकान का सिक्योरिटी गार्ड और नगवा निवासी हरदेंदु शेखर त्रिपाठी भी मौजूद था।


आरोप है कि अधिवक्ता की जातिगत टिप्पणी से सिक्योरिटी गार्ड नाराज हो गया। इसके बाद अपनी लाइसेंसी पिस्टल से राघवेंद्र सिंह को गोली मार दी। राघवेंद्र के दोस्त उन्हें तत्काल उपचार के लिए बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस संबंध में लालपुर पांडेयपुर थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। आरोपी पुलिस की हिरासत में है।

नए वर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं