Saturday, 17 June 2023

बरेली महिला दरोगा पर चढ़ा इश्क का बुखार ड्राइवर को दे बैठी दिल, एसडीएम के यहां कोर्ट मैरिज के लिए किया आवेदन


 बरेली महिला दरोगा पर चढ़ा इश्क का बुखार


ड्राइवर को दे बैठी दिल, एसडीएम के यहां कोर्ट मैरिज के लिए किया आवेदन


उत्तर प्रदेश बरेली में शहर के एक थाने में तैनात महिला दरोगा मुस्लिम युवक के प्रेम में पड़ गई। दोनों ने एसडीएम सदर के यहां कोर्ट मैरिज के लिए आवेदन किया तो इस पर बखेड़ा हो गया। महिला दरोगा के भाई ने इसे लव जेहाद बताकर कोर्ट मैरिज पर आपत्ति लगा दी है।


मिली जानकारी के अनुसार महिला दरोगा मेरठ में थाना किला परी क्षेत्र की है और इन दिनों शहर के एक थाने में तैनात है। कुछ समय पहले वह थाना बहेड़ी में तैनात थी और उसी दौरान वहां रहने वाले दूसरे समुदाय युवक के संपर्क में आ गई। युवक ड्राइवर है। दोनों में प्रेम संबंध हो गए और फिर कुछ समय पहले महिला दरोगा की तैनाती शहर के एक थाने में हो गई।


मगर दोनों के बीच संबंध बने रहे और 18 मई को दोनों ने कोर्ट मैरिज करने के लिए एसडीएम सदर प्रत्यूष पांडेय के यहां आवेदन कर दिया। आवेदन के बाद दोनों के परिवारों को नोटिस भेजकर आपत्ति मांगी गई तो इस पर खलबली मच गई। शुक्रवार को महिला दरोगा के परिवार के कई लोग बरेली पहुंच गए और उनके भाई ने एसडीएम को प्रार्थना पत्र देकर इस शादी पर आपत्ति जता दी है।


अपनी आपत्ति में महिला दरोगा के भाई ने कहा है कि उनकी बहन का पिछले एक साल से मानसिक संतुलन ठीक नहीं है। इसका फायदा उठाकर दूसरे समुदाय के युवक ने लव जेहाद के तहत उनकी बहन को फंसा लिया और विशेष विवाह अधिनियम के तहत शादी करने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने इस पर रोक लगाने की मांग की है।

Friday, 16 June 2023

आजमगढ़ अतरौलिया 5 साल के बच्चे की संदिग्ध मौत, पिता पर हत्या का आरोप पैसा मांगने पर पत्नी से हुआ था विवाद


 आजमगढ़ अतरौलिया 5 साल के बच्चे की संदिग्ध मौत, पिता पर हत्या का आरोप


पैसा मांगने पर पत्नी से हुआ था विवाद


आजमगढ़ जिले के अतरौलिया थाना क्षेत्र के भदेवा मझौली गांव स्थित पोखरे में कलयुगी पिता ने अपने पांच साल के छोटे बेटे को पोखरी मे डूबो कर मार डाला। आरोपी पिता शराब पीने के लिए पत्नी से पैसे की मांग कर रहा था। पत्नी ने पैसा देने से मना किया तो बेटे को डूबो कर मार डाला। घटना की खबर लगते ही गांव में हड़कंप मच गया। मृतक की मां की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

 अतरौलिया थाना क्षेत्र के मड़ोही गांव निवासी कार्तिक (5) इन दिनों अपनी मां डाली के साथ ननिहाल भदेवा मझौली आया हुआ था। शुक्रवार को पिता शनि रस्तोगी पत्नी व बच्चों से मिलने के लिए अपनी ससुराल पहुंचा। ससुराल में वह अपनी पत्नी से शराब पीने के लिए पैसे की मांग की। पत्नी डाली ने पैसा देने से मना कर दिया तो वह अपने दोनों पुत्रों कार्तिक व कुनाल को लेकर घर से निकल गया। गांव के बाहर स्थित पोखरी के पास पहुंचने पर शनि ने अपने दोनों पुत्रों को पकड़ कर पोखरी में डूबोने लगा। बड़ा पुत्र कुनाल किसी तरह पिता से हाथ छुड़ाकर भाग निकला लेकिन पांच साल का कार्तिक खुद को नहीं बचा पाया। पिता ने अपने ही बेटे को पोखरी में डूबो डूबो कर मार डाला।


 कुछ देर बाद वह कार्तिक को मृत हाल में कंधे पर लादकर ससुराल पहुंच गया। इसके बाद पत्नी को पुनः धमकी दी कि पैसा दे दो नहीं तो बड़े को भी मार डालूंगा। इस पर पत्नी ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी और कार्तिक को लेकर डॉक्टर के पास गई। जहां डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक दो भाईयों में छोटा था। घटना से परिजनों के सथ गांव में कोहराम मच गया है।

आजमगढ़ सरायमीर चोरी करने वाले गिरोह का सदस्य गिरफ्तार


 आजमगढ़ सरायमीर चोरी करने वाले गिरोह का सदस्य गिरफ्तार



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ सरायमीर थाने की पुलिस ने संगठित गिरोह बनाकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले गैंग के एक सदस्य को शुक्रवार की सुबह क्षेत्र के खरेवां मोड़ से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पकड़े गए अभियुक्त से की गई पूछताछ के बाद बीते वर्ष नवंबर माह में क्षेत्र के फत्तनपुर ग्राम सभा में पंचायत भवन का ताला तोड़कर उसमें लगे कंप्यूटर सिस्टम, इन्वर्टर -बैट्री की चोरी का खुलासा कर दिया।


बताते चलें कि विगत 9 नवंबर  2022 को फत्तनपुर ग्राम सभा के प्रधान नूरुद्दीन पुत्र इसरार की तहरीर पर पुलिस ने पंचायत भवन का ताला तोड़कर की गई चोरी के मामले में अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी। इस मामले में गैंग लीडर सरायमीर थाना क्षेत्र के नई बाजार निवासी लौटू मौर्य पुत्र स्व० रामाश्रय के साथ ही इसी क्षेत्र के हाजीपुर निवासी शनि कुमार पुत्र विश्राम व दीपक उर्फ रिंकू पुत्र राधेश्याम तथा निजामाबाद थाना क्षेत्र के निकामुद्दीनपुर गांव निवासी विजय कुमार पुत्र हरिलाल के नाम प्रकाश में आए। पुलिस द्वारा जुटाए गए साक्ष्य व आख्या रिपोर्ट के आधार पर बीते 23 मई को जिला प्रशासन द्वारा इस गिरोह के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।


 शुक्रवार की सुबह पुलिस को इस मामले में सफलता मिली जब गिरोह का सदस्य शनि कुमार खरेवां मोड़ पर सरायमीर पुलिस के हत्थे चढ़ गया।

आजमगढ़ चेकिंग की जद में आए 2041 वाहन, 557 का चालान जहानागंज पुलिस ने 2 वाहनों को किया सीज


 आजमगढ़ चेकिंग की जद में आए 2041 वाहन, 557 का चालान


जहानागंज पुलिस ने 2 वाहनों को किया सीज



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा अवांछित गतिविधियों पर लगाम लगाने के क्रम में शुक्रवार को पुलिस द्वारा चलाए गए अभियान के दौरान जनपद में कुल 94 स्थानों पर वाहन चेकिंग की गई। इसकी जद में आए कुल 2041 वाहनों को चेक किया गया।


 पुलिस ने इस दौरान बिना नंबर प्लेट के वाहन का संचालन बाइक पर तीन सवारी तथा बगैर हेलमेट लगाए वाहन चलाने वाले 557 वाहनों का ई-चालान किया गया। वहीं जहानागंज थाने की पुलिस ने यातायात नियमों का अनुपालन न करने वाले दो वाहनों को सीज कर दिया।

आजमगढ़ टॉप टेन माफिया कुंटू सिंह की पत्नी ने किया कोर्ट में सरेंडर घोषित था 25 हजार का इनाम


 आजमगढ़ टॉप टेन माफिया कुंटू सिंह की पत्नी ने किया कोर्ट में सरेंडर


घोषित था 25 हजार का इनाम


आजमगढ़ उत्तर प्रदेश के टॉप-टेन अपराधियों में शामिल कुख्यात माफिया ध्रुव कुमार सिंह उर्फ कुंटू सिंह की पत्नी वंदना सिंह ने शुक्रवार को आजमगढ़ कोर्ट में सरेंडर कर दिया। कोर्ट ने वंदना को न्यायिक अभिरक्षा में लेते हुए जेल भेज दिया। धोखाधड़ी व जालसाजी के मामले में लंबे समय से फरार चल रही वंदना पर 25 हजार रू का इनाम घोषित था। उस पर गैंगस्टर का भी मुकदमा दर्ज है। डी-11 गैंग का लीडर माफिया कुंटू सिंह के अपराध का ग्राफ काफी बड़ा है। हत्या, लूट, छिनैती समेत अन्य सभी प्रकार के अपराधों में उसका नाम शामिल है। प्रदेश सरकार ने उसे प्रदेश के टॉप-टेन अपराधियों की सूची में शामिल कर रखा है। वह सुर्खियों में तब आया, जब 2013 में पूर्व विधायक सर्वेश सिंह सीपू की हत्या हुई।


हत्याकांड के बाद से ही जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के छपरा सुल्तानपुर गांव निवासी कुंटू जेल की सलाखों के पीछे है। 17 मई 2022 को कोर्ट ने उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। उसके जेल में रहते हुए भी रंगदारी, हत्या, लूट व छिनैती जैसी घटनाएं उसके गैंग के लोग लगातार अंजाम दे रहे थे।

अपराध की कमाई से कुंटू सिंह ने कई विद्यालय भी स्थापित किए। जिसका प्रबंधक उसने अपनी पत्नी वंदना सिंह को बनाया। वंदना पर फर्जीवाड़ा कर स्कूलों की मान्यता लेने समेत कई मुकदमे आजमगढ़ पुलिस ने दर्ज किया। इतना ही नहीं वंदना सिंह पर तत्कालीन एसपी सुधीर कुमार सिंह ने 25 हजार रू का इनाम भी घोषित किया था। पुलिस उसकी तलाश में लगातार जुटी रही लेकिन शातिर ध्रुव कुमार सिंह की तरह उनकी पत्नी भी काफी शातिर थी। जिसका परिणाम रहा कि पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर सकी। 


शुक्रवार को वंदना सिंह अचानक दीवानी न्यायालय के कोर्ट संख्या 24 में न्यायाधीश हर्ष आनंद के समक्ष पेश होकर आत्म समर्पण कर दिया। कोर्ट ने भी वंदना सिंह को न्यायिक अभिरक्षा में लेते हुए जेल भेज दिया।

आजमगढ़ मजदूर हत्याकांड और गैंगेस्टर केस में नहीं हो सकी मुख्तार की पेशी, पड़ी अगली तारीख


 आजमगढ़ मजदूर हत्याकांड और गैंगेस्टर केस में नहीं हो सकी मुख्तार की पेशी, पड़ी अगली तारीख



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ जिले की एमपी-एमएलए कोर्ट में शुक्रवार को माफिया मुख्तार की पेशी नहीं हो सकी। न्यायाधीश ने दो अगल-अलग मामलों में पेशी के लिए अगली तारीख तय की। तरवां के ऐराकला गांव में हुए मजदूर हत्याकांड व गैंगस्टर के मामले में मुकदमा एमपी-एमएलए कोर्ट में चल रही है। 2014 में तरवां थाना के ऐराकला में सड़क ठेके के विवाद को लेकर ठेकेदार पर मुख्तार अंसारी के लोगों ने जानलेवा हमला किया था। जिसमें दो मजदूर घायल हुए थे। इलाज के दौरान एक मजदूर की मौत हो गई थी। इस मामले में ठेकेदार की तहरीर पर माफिया मुख्तार समेत उसके लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। मामला एमपी-एमएलए कोर्ट में चल रहा था।


 इसी मामले में पुलिस ने गैंगस्टर की भी कार्रवाई की। शुक्रवार को दोनों मामलों में सुनवाई थी। जिसमें माफिया मुख्तार को बांदा जेल से वीसी के माध्यम से पेशी थी। अधिवक्ताओं के हड़ताल के चलते न्यायालय बैठने के बाद भी चल नहीं सका। दोनों मामलों में न्यायाधीश ओम प्रकाश वर्मा ने अगली तारीख दे दिया। हत्या के मामले में जहां 27 जून तो वहीं गैंगस्टर के माले में 26 जून की तारीख दी गई है।

पीलीभीत इंसानियत, सड़क पर लहूलुहान पड़े दंपती और मासूम की एसडीएम बनीं मददगार कार से भिजवाया अस्पताल, खुद राहगीर की बाइक से गईं


 पीलीभीत इंसानियत, सड़क पर लहूलुहान पड़े दंपती और मासूम की एसडीएम बनीं मददगार


कार से भिजवाया अस्पताल, खुद राहगीर की बाइक से गईं


उत्तर प्रदेश पीलीभीत में माधोटांडा मार्ग पर शुक्रवार को एक बार फिर हादसा हो गया। सिद्ध बाबा के करीब अज्ञात वाहन की टक्कर ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दंपती और मासूम बच्चा गंभीर घायल हो गए। तीनों लहूलुहान हालत में सड़क पर पड़े थे, लेकिन राहगीर मदद की बजाय तमाशबीन बने रहे। इसी बीच वहां से गुजर रहीं कलीनगर की एसडीएम ने सड़क पर पड़े घायलों को देख गाड़ी रुकवाई। उन्होंने आनन-फानन घायलों को अपनी गाड़ी से जिला अस्पताल भिजवाया। इसके बाद वह एक राहगीर के बाइक पर बैठकर गईं। जिला अस्पताल में दंपती और मासूम को भर्ती कराया गया। तीनों की हालत गंभीर बताई गई है।


माधोटांडा-पीलीभीत मार्ग पर एक माह पूर्व से मरम्मत कार्य चल रहा है। खस्ताहाल होने के चलते आए दिन हादसे हो रहे हैं। पांच दिन पूर्व इसी जगह पर हादसा हुआ था। इस हादसे में पीलीभीत टाइगर रिजर्व के गाइड और सफारी वाहन चालक की मौत हो गई थी। शुक्रवार को दोपहर करीब दो बजे जंगल क्षेत्र में सिद्ध बाबा के निकट अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दंपती और मासूम गंभीर घायल हो गए। सड़क पर पड़े खून से लथपथ घायलों को देख राहगीरों की भीड़ जमा हो गई, लेकिन स्थिति देख कोई मदद को आगे नहीं बढ़ सका। इस दौरान एसडीएम शिखा शुक्ला कलीनगर की ओर से वहां पहुंच गईं। दंपती और मासूम को लहूलुहान देख उन्होंने अपनी गाड़ी रुकवाई। एसडीएम के निर्देश पर गार्ड और चालक ने घायलों को कार में लिटाया। इसके बाद उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। घायलों को अपनी गाड़ी से अस्पताल भिजवाने के बाद एसडीएम खुद बाइक सवार राहगीर से मदद लेकर गईं। एसडीएम ने ड्यूटी के साथ इंसानियत का फर्ज निभाया। उधर, घायल दंपती और बच्चे का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। पीड़ित परिवार कहां का रहने वाला है, इसके बारे में पुलिस जानकारी जुटा रही है। फिलहाल तीनों की हालत गंभीर बनी हुई है।