Friday, 6 May 2022

वाराणसी में आजमगढ़ के व्यापारी से पांच लाख की लूट, जांच में जुटी पुलिस


 वाराणसी में आजमगढ़ के व्यापारी से पांच लाख की लूट, जांच में जुटी पुलिस




उत्तर प्रदेश वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस जहां एक तरफ ठगों और टप्पेबाजों के नेटवर्क को तोड़ने और उनकी गिरफ्तारी में लगी हुई है वहीं दूसरी ओर शहर में आए दिन कोई ना कोई टप्पेबाजी का शिकार हो रहा है। 



कोतवाली थाना क्षेत्र के कबीरचौरा इलाके में शुक्रवार दोपहर आजमगढ़ निवासी किराना व्यापारी के साथ पांच लाख की टप्पेबाजी हो गई। व्यापारी को जब घटना की जानकारी हुई तो उसने पुलिस और अपने परिचितों को सूचित किया। घटना के संबंध में इंस्पेक्टर कोतवाली भरत उपाध्याय ने बताया कि व्यापारी से तहरीर लेकर घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।




दरअसल, आजमगढ़ के सरदहा निवासी रामजनम किराना व्यापारी हैं। रामजनम ने बताया कि वह सुबह विशेश्वरगंज किराना मंडी में दुकान का सामान खरीदने के लिए निकले थे। चौकाघाट से वो ऑटो में बैठ कर मैदागिन की ओर बढ़े। इस दौरान ऑटो में पिछली सीट पर उनके साथ दो अन्य व्यक्ति भी बैठे थे। दोनों कबीरचौरा अस्पताल के पास ऑटो से उतर गए। कुछ दूर जाने पर जब रामजनम ने अपना बैग चेक किया तो उसमें रखा पांच लाख नकद गायब था। जानकारी होते ही रामजनम शोर मचाने लगे और घटना की सूचना पुलिस को दी।


कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक दोनों टप्पेबाजों सहित चालक ऑटो समेत फरार हो चुका था। पुलिस के मुताबिक मुकदमा दर्ज कर कबीरचौरा क्षेत्र के साथ ही चौकाघाट के भी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। टप्पेबाज जल्द ही गिरफ्त में होंगे और उनसे पूरा पैसा बरामद किया जाएगा। 


पुलिस की पूछताछ में रामजनम ने बताया कि दुकान की खरीदारी करने के लिए वह अक्सर विशेश्वरगंज किराना मंडी आता है। माना जा रहा है कि टप्पेबाज पहले से ही रामजनम के ऊपर नजर बनाए हुए थे। कबीरचौरा के पास रामजनम के बैग से पैसा निकाल कर ऑटो से उतर गए।



 दोपहर तक पुलिस व्यापारी से पूछताछ करने के साथ मंडलीय अस्पताल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही थी।

आजमगढ़ जीयनपुर तमंचे के साथ युवक गिरफ्तार


 आजमगढ़ जीयनपुर तमंचे के साथ युवक गिरफ्तार 




उत्तर प्रदेश आजमगढ़ जीयनपुर कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार को स्थानीय कस्बा स्थित बेरमा मोड़ के समीप एक तमंचाधारी युवक को गिरफ्तार कर लिया।


 उसके कब्जे से .303 बोर तमंचा और कारतूस बरामद किया गया। पकड़ा गया विनय प्रताप पुत्र नामवर सिंह मुबारकपुर थाना क्षेत्र के गांव का निवासी बताया गया है। आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत विधिक कार्रवाई की गई है।

आजमगढ़ फांसी के फंदे पर झूला बावर्ची, टूटी सांस एक माह पूर्व पंजाब से कमा कर लौटा था घर


 आजमगढ़ फांसी के फंदे पर झूला बावर्ची, टूटी सांस


एक माह पूर्व पंजाब से कमा कर लौटा था घर



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ पारिवारिक विवाद के चलते एक माह पूर्व पंजाब से कमा कर घर लौटे बावर्ची ने गुरुवार की रात घर को  रोशनदान के सहारे फांसी लगाकर अपनी जिवन लीला समाप्त कर ली। 



पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बरदह थाना क्षेत्र के बर्रा ग्राम निवासी 30 वर्षीय अनिल राजभर पंजाब प्रांत के किसी शहर में बावर्ची का काम करता था। एक माह पूर्व वह कमाकर घर लौटा। इस समय घर पर रहकर वह शादी विवाह के अवसर पर भोजन बनाने का कार्य करता था। 



बताते हैं कि घर पर आए दिन परिवार में हो रहे विवाद से आजिज आकर गुरुवार की रात उसने अपने घर के रोशनदान में रस्सी के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिया। 


घटना की जानकारी परिवार वालों को शुक्रवार की सुबह हुई। फंदे से लटक रहे शव को देख परिवार में चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना स्थानीय थाने को दी गई। आत्महत्या की जानकारी पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। घटना से मृतक की पत्नी सविता देवी और बुजुर्ग मां लालमनी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।



 मृतक के एक पुत्र अंश और एक पुत्री अंशिका बताए गए हैं। मृतक सात भाइयों में सबसे बड़ा था। पुलिस आत्महत्या की वजह जानने के लिए छानबीन कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

आजमगढ़ रोडवेज बस ने बाइक को मारी टक्कर, महिला की हुई मौत, दो घायल आक्रोशित लोगों ने शव को सड़क पर रखकर आजमगढ़-गोरखपुर राजमार्ग किया जाम


 आजमगढ़ रोडवेज बस ने बाइक को मारी टक्कर, महिला की हुई मौत, दो घायल


आक्रोशित लोगों ने शव को सड़क पर रखकर आजमगढ़-गोरखपुर राजमार्ग किया जाम



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ शहर कोतवाली क्षेत्र के बंसी बाजार के पास आज सुबह गोरखपुर की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार रोडवेज बस ने बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया। 



बाइक पर सवार एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, व बाइक चला रहा युवक और बैठी एक अन्य महिला घायल हो गई।



जानकारी के अनुसार रीता देवी 40 वर्ष पत्नी जमुना निवासी बड़िहारी थाना कोतवाली अपने पड़ोसी युवक संत विजय 25 निवासी बड़िहारी, अपनी सास चनौती 60 वर्ष पत्नी रंजू राम के साथ बाइक से शहर दवा लेने जा रहे थी। 



बाइक संत विजय चला रहा था। तभी पीछे से तेजी से आ रही रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में रीता देवी की मौके पर ही मौत हो गई है। संत विजय और चनौती गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद चालक बस लेकर फरार हो गया। घटना के बाद मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई।



घटना से आक्रोशित लोगों ने शव को सड़क पर रख आजमगढ़ गोरखपुर राजमार्ग जमा कर दिया। वहीं जख्मी को उपचार के लिए भेजा गया। मौके पर शहर कोतवाली पुलिस पहुंच गई थी और शव को कब्जे में लेने के लिए प्रयास जारी था।

उत्तर प्रदेश लखनऊ 36 जिलों की 113 लड़कियों के साथ की छेड़खानी, गिरफ्तार


 उत्तर प्रदेश लखनऊ 36 जिलों की 113 लड़कियों के साथ की छेड़खानी, गिरफ्तार



लखनऊ वुमेन पावर लाइन (1090) की शिकायत पर लड़कियों से छेड़छाड़, ब्लैकमेल करने के आरोपी रावेन्द्र मौर्य को कौशाम्बी में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी रावेन्द्र के खिलाफ 36 जिलों में 113 लड़कियों ने शिकायत दर्ज करायी थी। रावेन्द्र मोबाइल से लड़कियों से अभद्र भाषा में बात करता था। कई लड़कियों को ब्लैकमेल भी कर रहा था। 1090 की टीम ने  उसे चेताया लेकिन वह हरकत से बाज नहीं आ रहा था। इसके बाद ही यह कार्रवाई की गई।



एडीजी बाल सुरक्षा संगठन के मुताबिक आरोपी रावेन्द्र (45)कौशाम्बी के सैनी थाना क्षेत्र का है। उसके खिलाफ कई जिलों से शिकायतें आने लगी तो कार्रवाई के लिये टीम बनायी गई। इसमें इंस्पेक्टर शेरबहादुर मौर्य, सिपाही सत्यवीर सचान, विक्रम, अनुराग त्रिवेदी रहे।



पुलिस 1090 टीम के मुताबिक रावेन्द्र के खिलाफ जब शिकायत आयी तो उसकी काउन्सलिंग की गई। उसके परिचितों को भी उसकी करतूत के बारे में बताया गया लेकिन वह अपनी हरकत से बाज नहीं आया। जब उसके खिलाफ शिकायतें बढ़ती गई तो सख्त कार्रवाई की गई। रावेन्द्र अलग-अलग नम्बर का इस्तेमाल कर रहा था। उसने ये नम्बर फर्जी आईडी पर लिये थे। एडीजी ने इस कार्रवाई के लिये टीम व कौशाम्बी पुलिस की सराहना की है।

Thursday, 5 May 2022

उत्तर प्रदेश आजमगढ़ लालगंज खुम्भादेवरी में चल रहे यज्ञ एवं भागवत कथा में भक्तो की उमड़ी भीड़।


 उत्तर प्रदेश आजमगढ़ लालगंज खुम्भादेवरी में चल रहे यज्ञ एवं भागवत कथा में भक्तो की उमड़ी भीड़। 



यज्ञ के आयोजन कर्ता संतोष कुमार सिंह,भूप नारायण सिंह,अनिल सिंह,संजय सिंह,विनय सिंह  ने बताया कि महन्त राम अखण्ड दास जी महाराज के नेतृत्व में यज्ञ तथा भागवत कथा हो रही है।



 कथावाचक राम दास जी महाराज ने कहा कि भागवत कथा संसारिक कष्टों से मुक्ति का  एक मात्र उपाय है। 



गोकर्ण ने अपने भाई धुंधकारी को प्रेत योनि से  मुक्ति दिलाने के लिए महाभारत की कथा सुनाई। 


महन्त राम अखण्ड दास जी महाराज  ने कहा कि भक्ति ही जीवन का सार है। भवसागर से पार जाने का सबसे उत्तम मार्ग है। 


इस अवसर पर संतोष कुमार सिंह, पूर्व प्रधानाचार्य ओम प्रकाश सिंह, भूप नारायण सिंह, अनिल सिंह, संजय सिंह,विनय सिंह, रमाशंकर सिंह, राम अवध पाण्डेय, राम चन्द्र दास,श्याम सुंदर सिंह, गोपाल तिवारी, नंदन सिंह, अखिलेश, विवेकानंद, चंदन 

सुधीर सिंह आदि लोग  विशेष रूप से उपस्थित थे।



लालगंज से प्रशांत शुक्ला की खास रिपोर्ट

उत्तर प्रदेश में मौसम का कहर, अलग अलग हादसों मे 6 लोगो की हुई मौत कहीं बारिश तो कहीं गिरे ओले, हादसों में कई लोग घायल


 उत्तर प्रदेश में मौसम का कहर, अलग अलग  हादसों मे 6 लोगो की हुई मौत 



कहीं बारिश तो कहीं गिरे ओले, हादसों में कई लोग घायल



उत्तर प्रदेश लखनऊ पश्चिमी यूपी समेत प्रदेश के कई हिस्सों में बुधवार शाम अचानक मौसम बदला। आंधी के साथ कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश हुई, ओले भी गिरे। इस दौरान अलग-अलग हादसों में छ: लोगों की जान चली गई।



मेरठ में बुधवार को दोपहर बाद आई बारिश और आंधी ने जिले की बिजली आपूर्ति ठप कर दी। हस्तिनापुर क्षेत्र में कई जगह पेड़ टूटकर रोड पर गिर गए। शाम साढ़े छह बजे शहर में आंधी के साथ बारिश हुई।


 बागपत में तेज बारिश हुई। बालैनी क्षेत्र में ओलावृष्टि भी हुई। गांव खट्टा प्रहलादपुर में एक मकान पर बिजली गिर गई। इसमें गांव के पुष्पा (40) पत्नी बिट्टू की मौत हो गई। पूजा पत्नी पवन और परी (8) पुत्री पप्पू झुलस गईं। 


मवीखुर्द गांव में खेत से लौट रहे अक्षित (18) की भी बिजली गिरने से मौत हो गई।


मुजफ्फरनगर में दिल्ली-देहरादून, मेरठ-करनाल हाईवे और शहर में सर्कुलर रोड पर पेड़ गिर गए, जिसके चलते यातायात परिवर्तन करना पड़ा। बुढ़ाना में एक मकान पर बिजली गिर गई और उसकी चपेट में आकर शिफा (8) बेहोश हो गई। 


हाथरस जिले के सहपऊ में दीवार के नीचे दबने से एक युवक गिरीश कुमार यादव (30) की मौत हो गई और दो अन्य स्थानों पर टिनशेड गिरने से पांच लोग घायल हो गए।



शाहजहांपुर के अली अकबरपुर गांव में आंधी से सीमेंट का खंभा गिर गया। इससे श्रीदेवी (50) की मौके पर ही मौत हो गई। 



संभल में बिजली गिरने से हाफिज असद (28) की जान चली गई। कासगंज में पटियाली के गांव खदुईया में आंधी में टूटकर गिरी पेड़ की डाल से दबकर अजय (11) की मौत हो गई। 


एटा, मैनपुरी, मथुरा और फिरोजाबाद में आंधी-बारिश हुई व ओले भी गिरे। वहीं, आगरा में भी आंधी ने नुकसान किया।