Tuesday, 1 February 2022

आजमगढ़ जीयनपुर शॉर्ट सर्किट से अगलगी में गृहस्थी खाक, हजारों का हुआ नुकसान।


 आजमगढ़ जीयनपुर शॉर्ट सर्किट से अगलगी में गृहस्थी खाक, हजारों का हुआ नुकसान।




उत्तर प्रदेश आजमगढ़ जीयनपुर कोतवाली अंतर्गत जोगियाबीर का पुरवा मेहदीपट्टी में बीती रात शॉर्ट सर्किट से लगी आग से पूरी गृहस्थी जलकर खाक हो गई।



 गरीब परिवार का हजारों का नुकसान हुआ है। जानकारी के अनुसार बीती रात रामअवध राजभर पुत्र शिव बदन के रिहायशी मंडई में बीती रात आग लग गई। अचानक से भड़की आग से पूरी मंडई धू-धू कर जलने लगी। करीब 11 बजे रात लगी आग से अगल-बगल पूरी अफरा-तफरी मच गई।



 लोग आग बुझाने को दौड़ पड़े दमकल को भी सूचना दी गई पर दमकल मौके पर नहीं पहुंच पाई। जिसमें रखा रजाई गद्दा चौकी खाद्यान्न मोटरसाइकिल,40000 रुपया नगद सहित गृहस्थी का सारा सामान जलकर राख हो गया। 



ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद किसी तरह से आग पर काबू पाया पर आग बुझाने के पूर्व घर में रखा हुआ सारा सामान जलकर राख हो चुका था।


 सुबह पहुंचे लेखपाल ने आग की घटना की जानकारी लेते हुए आपदा कार्यालय में रिपोर्ट प्रस्तुत की।

आजमगढ़ असलहा फैक्ट्री का हुआ खुलासा मिला हथियारों का जाखीरा तमंचे तैयार कर रहे दो गिरफ्तार।


 आजमगढ़ असलहा फैक्ट्री का हुआ खुलासा मिला हथियारों का जाखीरा तमंचे तैयार कर रहे दो गिरफ्तार।




उत्तर प्रदेश आजमगढ़ विधान सभा चुनाव से पूर्व सिधारी थाने की पुलिस को मंगलवार के दिन बड़ी कामयाबी हाथ लगी। पुलिस ने इलाके के हथिया गांव में नदी के किनारे संचालित अवैध असलहे की फैक्ट्री का खुलासा करते हुए तमंचा निर्माण में जुटे दो व्यक्तियों को धर दबोचा।



 पुलिस ने मौके से एक दर्जन तैयार असलहों व कारतूसों के साथ तमंचा निर्माण में प्रयुक्त औजार भी बरामद किया है।

सिधारी थाने पर तैनात उपनिरीक्षक कमलनयन दूबे मंगलवार को हाईडिल चौराहे पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें क्षेत्र के हथिया गांव में तमसा नदी के किनारे चल रही अवैध असलहा फैक्ट्री के बारे में जानकारी मिली। 



सटीक सूचना मिलने पर एसआई कमलनयन दुबे ने इस बात को अपने अधिकारियों से साझा किया और फैक्ट्री का पर्दाफाश करने की रणनीति तैयार की गई। मंगलवार को पुलिस टीम ने हथिया गांव में तमसा नदी के किनारे बताए गए स्थान पर दबिश दी। नदी किनारे झाड़ियों के बीच असलहा तैयार कर रहे दो लोगों को पुलिस ने दबोच लिया। साथ ही मौके से एक दर्जन तैयार किए गए तमंचे व कारतूसों के साथ ही भारी मात्रा में असलहा निर्माण में प्रयुक्त औजार भी बरामद किए गए। 




पूछताछ के दौरान पकड़े गए लोगों ने बताया कि विधानसभा चुनाव में अवैध असलहों की मांग बढ़ने के कारण मिले आर्डर के अनुरूप हम लोग अवैध असलहा तैयार कर रहे थे। पकड़े गए आरोपियों में जयप्रकाश सिंह उर्फ पासे पुत्र महातम सिंह ग्राम ममारखापुर थाना क्षेत्र शहर कोतवाली तथा राजेश पुत्र सुधई राम ग्राम रोशनगंज देवारा थाना क्षेत्र रौनापार के निवासी बताए गए हैं। 





पुलिस के अनुसार पकड़े गए दोनों व्यक्तियों के खिलाफ कई संगीन अभियोग पंजीकृत हैं। खुलासे के संबंध में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान पुलिस अधीक्षक नगर ने बताया कि उपलब्धि हासिल करने वाली पुलिस टीम को पुरस्कृत किया जाएगा। साथ ही गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्यवाही की जाएगी।

उत्तर प्रदेश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल 2 फरवरी 2022 को आजमगढ़ में वर्चुअल रैली करेंगे।


 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल 2 फरवरी 2022 को आजमगढ़ में वर्चुअल रैली करेंगे।



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ भारतीय जनता पार्टी जिला अध्यक्ष ध्रुव सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल 2 फरवरी 2022  को सुबह 11:00 बजे आत्मनिर्भर अर्थव्यवस्था पर कार्यकर्ताओं को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करेंगे। 




पांचों विधानसभा में भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन को बड़ी स्क्रीन के माध्यम से सुनेंगे। 



उक्त कार्यक्रम में विधानसभा में निवास करने वाले सभी राष्ट्रीय, प्रदेश, क्षेत्र एवं जिले के पदाधिकारी व कार्यसमिति सदस्य, मोर्चा के पदाधिकारी व कार्यसमिति सदस्य, प्रकोष्ठ विभागों व प्रकल्पों के संयोजक तथा सहसंयोजक मंडल अध्यक्ष व मंडल पदाधिकारी, कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे। 



कार्यक्रम की सफलता के लिए 347 आजमगढ़ सदर विधानसभा में चंदेसर राय को संयोजक पवन सिंह मुन्ना और शोभित श्रीवास्तव को सहसंयोजक बनाया गया है।  आजमगढ़ सदर विधानसभा का कार्यक्रम किशोर ग्रीन गार्डन निकट पुराना पुल हरबंशपुर आजमगढ़ में होगा। 




352 मेहनगर विधानसभा में आदित्य नारायण राय को कार्यक्रम संयोजक, नन्हकूराम सरोज व अभय दुबे को सहसंयोजक बनाया गया है। मेहनगर विधानसभा का कार्यक्रम गौरा इंटर कॉलेज गौरा मेहनगर आजमगढ़ में होगा। 



344 गोपालपुर विधानसभा में प्रेम नारायण पांडे को संयोजक, विनोद उपाध्याय व अश्वनी मिश्रा को सह संयोजक बनाया गया है। गोपालपुर विधानसभा का कार्यक्रम संगम मैरिज हॉल बिलरियागंज आजमगढ़ में होगा।




 345 सगड़ी विधानसभा में दुर्ग विजय राय को संयोजक , नागेंद्र पटेल व राज बहादुर सिंह को सह संयोजक बनाया गया है। सगड़ी विधानसभा का कार्यक्रम सेंट जेवियर स्कूल जीयनपुर आजमगढ़ में होगा। 




मुबारकपुर विधानसभा में विजय नारायण शर्मा को संयोजक आनंद सिंह व ज्ञान पाल सिंह को सहसंयोजक बनाया गया है। मुबारकपुर विधानसभा का कार्यक्रम शेखर नर्सिंग होम के सामने मैदान में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के क्रॉसिंग के पास सठियांव ,आजमगढ़ में होगा।

उत्तर प्रदेश वीआरएस के बाद आज भाजपा में शामिल होंगे ईडी के संयुक्त निदेशक राजेश्वर सिंह


 उत्तर प्रदेश वीआरएस के बाद आज भाजपा में शामिल होंगे ईडी के संयुक्त निदेशक राजेश्वर सिंह





लखनऊ उत्तर प्रदेश में नौकरी छोड़कर राजनीति में जुड़ने वाले अधिकारियों की सूची में अब राजेश्वर सिंह का नाम भी जुड़ गया है।


 प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) लखनऊ के संयुक्त निदेशक राजेश्वर सिंह ने सोमवार को अपना वीआरएस (स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति योजना) आवेदन स्वीकृत होने के बाद ट्वीट कर इसकी घोषणा भी कर दी। 


लिखा है कि अब मैं राजनीति के क्षेत्र में पदार्पण करना चाहता हूं। लगभग 24 वर्षों की सरकारी सेवा कर चुके राजेश्वर सिंह का अभी 11 वर्ष का सेवाकाल शेष था। 


माना जा रहा है कि राजेश्वर सिंह मंगलवार को भाजपा की सदस्यता ग्रहण करेंगे। उन्हें लखनऊ की सरोजनीनगर सीट या फिर गृह जिले सुलतानपुर से भाजपा प्रत्याशी बना सकती हैं।



प्रांतीय पुलिस सेवा (पीपीएस) के 1994 बैच के अधिकारी राजेश्वर सिंह लखनऊ में सीओ गोमतीनगर व सीओ महानगर के पद पर तैनात रहे। 




प्रयागराज में भी अहम पदों पर जिम्मेदारी संभाली। राजेश्वर वर्ष 2009 में प्रतिनियुक्ति पर ईडी में गए थे। और बाद में उन्हें ईडी में समायोजित कर लिया गया था। लगभग 10 वर्ष उत्तर प्रदेश पुलिस में और 14 वर्ष ईडी में अपनी सेवाएं देने के बाद अब वह नौकरी छोड़कर दूसरी पारी की शुरुआत करने जा रहे हैं।



 तेजतर्रार अधिकारियों में गिने जाने वाले राजेश्वर सिंह को ईडी के दिल्ली मुख्यालय की कुछ अहम जांचों का जिम्मा सौंपा गया था।

Monday, 31 January 2022

अखिल भारतीय विश्वकर्मा में शैलेंद्र विश्वकर्मा जी को जिला अध्यक्ष मनोनित


 अखिल भारतीय विश्वकर्मा में शैलेंद्र विश्वकर्मा जी को जिला अध्यक्ष मनोनित




उत्तर प्रदेश आजमगढ़ अखिल भारतीय विश्वकर्मा महासभा 1968 उत्तर प्रदेश में आदरणीय सौरभ विश्वकर्मा प्रदेश अध्यक्ष की संस्तुति से कमेटी में जिला अध्यक्ष आजमगढ़ मनोनित किया गया

नई दिल्ली चुनाव आयोग की नई गाइडलाइन 1000 लोगों की सभा को दी अनुमति


 नई दिल्ली चुनाव आयोग की नई गाइडलाइन 1000 लोगों की सभा को दी अनुमति



नई दिल्ली भारत निर्वाचन आयोग ने आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर नई गाइडलाइन जारी की है। इसके मुताबिक अब डोर टू डोर कैंपेन के लिए 10 की जगह 20 लोगों की इजाजत होगी। वहीं इनडोर बैठक में अब 300 की जगह 500 लोग शामिल हो सकते हैं। 




बता दें कि COVID-19 मामलों में वृद्धि के बीच, चुनाव आयोग ने 22 जनवरी को फिजिकल रैलियों और रोड शो पर प्रतिबंध को 31 जनवरी तक बढ़ा दिया था।




पिछली बैठक में पहले-दूसरे चरण के लिए रैली की इजाजत मिली थी। आयोग ने 22 जनवरी को राजनीतिक दलों या चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों की फिजिकल जनसभाओं के लिए 28 जनवरी से अनुमति दी थी और चरण 2 के लिए 1 फरवरी से छूट दी थी। इसके मुताबिक अब 500 की जगह 1000 लोगों की सभा की इजाजत होगी।  





चुनाव आयोग की नई गाइडलाइन 

( 1 )11 फरवरी, 2022 तक किसी भी रोड शो, पद-यात्रा, साइकिल/बाइक/वाहन रैलियों और जुलूसों की अनुमति नहीं दी जाएगी।



( 2 )आयोग ने अब राजनीतिक दलों या चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों की अधिकतम 1000 व्यक्तियों (मौजूदा 500 व्यक्तियों के बजाय) या एसडीएमए द्वारा निर्धारित सीमा या जमीन की क्षमता के 50% के साथ (जो भी कम हो) निर्दिष्ट खुले स्थानों में फिजिकिल सार्वजनिक बैठकों की अनुमति देने का निर्णय लिया है। 


( 3 ) आयोग ने घर-घर जाकर प्रचार करने की सीमा भी बढ़ा दी है। घर-घर जाकर प्रचार करने के लिए अब 10 लोगों की जगह सुरक्षाकर्मियों को छोड़कर 20 लोगों को अनुमति दी जाएगी। घर-घर जाकर अभियान चलाने के अन्य निर्देश जारी रहेंगे।



( 4 ) आयोग ने अब राजनीतिक दलों के लिए अधिकतम 500 व्यक्तियों (मौजूदा 300 व्यक्तियों के बजाय) या हॉल की क्षमता का 50% या एसडीएमए द्वारा निर्धारित निर्धारित सीमा की इनडोर बैठकों की अनुमति है।



( 5 ) राजनीतिक दल और चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवार चुनाव से जुड़ी गतिविधियों के दौरान सभी अवसरों पर COVID उचित व्यवहार और दिशा-निर्देशों और आदर्श आचार संहिता का अनुपालन सुनिश्चित करेंगे।



( 7 ) 8 जनवरी 2022 को जारी चुनावों के संचालन के लिए संशोधित व्यापक दिशा-निर्देश, सभी शेष प्रतिबंध लागू रहेंगे।

इससे पहले COVID प्रतिबंधों के साथ निर्दिष्ट खुले स्थानों पर प्रचार के लिए सुरक्षा कर्मियों और वीडियो वैन को छोड़कर, डोर टू डोर अभियान के लिए पांच व्यक्तियों की सीमा को 10 व्यक्तियों तक किया गया था। जिसे अब बढ़ाकर 20 कर दिया है। 



बता दें कि यूपी, पंजाब, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव 10 फरवरी से 7 मार्च के बीच होंगे। मतों की गिनती 10 मार्च को की जाएगी।



चुनाव आयोग ने कहा कि सभी राज्य मुख्य सचिवों ने आयोग को बताया कि संक्रमण दर में गिरावट दिख रही है और अस्पताल में भर्ती होने के मामलों की संख्या में भी गिरावट दर्ज की जा रही है। राज्य के अधिकारियों ने हला कि कहा कि कोविड प्रोटोकॉल सावधानियों को जारी रखने की आवश्यकता है ताकि अत्यधिक राजनीतिक गतिविधि के कारण तीव्र सार्वजनिक संपर्क के कारण कोरोना मामलों में उछाल न हो।

उत्तर प्रदेश कानपुर में इलेक्ट्रिक बस ने 15 को रौंदा , 6 की हुई मौत



उत्तर प्रदेश कानपुर में इलेक्ट्रिक बस ने 15 को रौंदा , 6 की हुई  मौत



कानपुर घंटाघर से टाटमिल चौराहे तक रविवार की देर रात इलेक्ट्रिक बस अनियंत्रिम होकर आधा दर्जन वाहनों को टक्कर मार दी। इस हादसे में 15 लोगों को रौंद दिया। अंत में बीच चौराहे पर बने ट्रैफिक बूथ से टकराते हुए डंपर में घुस गई। इस हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई। 





जब कि 9 लोग घायल हो गए हैं। घायलों की  हालत गंभीर बनी हुई है। अभी तक मृतकों में चार की 

पहचान हो सकी थी।



मिली जानकारी के अनुसार, रात करीब साढ़े ग्यारह बजे घंटाघर चौराहे से टाटमिल की तरफ एक अनियंत्रित इलेक्ट्रिक बस तेज रफ्तार में जा रही थी। पुल उतरते ही बस विपरीत दिशा में चालक ने दौड़ाना शुरू किया और जो बीच में आया उसको रौंदते हुए निकल गया। टाटमिल चौराहे पर बने ट्रैफिक बूथ में टक्कर मारी और फिर चकेरी की तरफ से आ रहे डंपर से जा टकराई। हादसे में छह लोगों की मौत हो गई। जिसमें से चार की शिनाख्त हो सकी। अन्य मृतकों की पहचान के लिए पुलिस जद्दोजहद में जुटी रही।




शहर के लाटूश रोड निवासी शिवम उर्फ शुभम सोनकर (30) अपने दोस्त ट्विंकल उर्फ सुनील सोनकर (30) व रमेश यादव एक स्कूटी में थे। ये भी बस की चपेट में आ गए। जिसमें शिवम व सुनील की मौत हो गई। वहीं बाइक सवार बेकनगंज निवासी अस्लान (20) भी वहीं से गुजर रहे थे। उनकी भी मौत हो गई। नौबस्ता के केशव नगर निवासी अजीत कुमार (60) की भी मौत हो गई। अन्य की पहचान नहीं हो सकी। ई-बस ने सबसे पहले एक स्विफ्ट कार, फिर दो बाइकों, दो स्कूटी, एक टेंपो, एक जेन कार और फिर डंपर में टक्कर मारी। छह को मौत की नींद सुला दिया।




हादसे में धनकुट्टी निवासी एक परिवार व उसके रिश्तेदार भी घायल हो गए। इसमें विनय शुक्ला, उनकी पत्नी आरती, जीजा राकेश त्रिपाठी व उनकी बहन नीलू जेन कार से रूमा से एक शादी समारोह में शिरकत करने के बाद लौट रहे थे। बेकाबू बस ने इस कार में भी टक्कर मारी थी। ये सभी लोग घायल हैं। इनमें से कइयों की हालत गंभीर है। इसके अलावा बाइक सवार अहिरवां निवासी सौरभ और अमित, टेंपो सवार प्रतापगढ़ निवासी जीतराम समेत अन्य छह सात लोग घायल हैं।





घटना स्थल पर बस चालक नहीं मिला है। हादसा होते ही चालक वहां से फरार हो गया। पुलिस अब संबंधित विभाग से संपर्क कर बस चालक के बारे में पता कर रही है। उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस वहां लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी पुलिस खंगाल रही है। जिससे स्पष्ट हो जाएगा कि किस तरह से हादसा हुआ। डीसीपी पूर्वी प्रमोद कुमार के अनुसार, मृतकों के शव मोर्चरी भिजवा दिए गए हैं।




 घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। बस चालक फरार है। उसकी तलाश की जा रही है।