Tuesday, 6 February 2024

बदायूं महिला जज ने मौत से पहले इन लोगों से की थी फोन पर बात कॉल डिटेल से नया मोड़


 बदायूं महिला जज ने मौत से पहले इन लोगों से की थी फोन पर बात



कॉल डिटेल से नया मोड़




उत्तर प्रदेश बदायूं की सिविल जज जूनियर डिवीजन ज्योत्सना राय ने अपनी मौत से पहले अपने मोबाइल फोन से कई नंबरों पर बात की थी। पुलिस तफ्तीश में वे परिजनों और उनके दोस्तों के निकले हैं। फिलहाल शहर कोतवाली पुलिस हत्या के एंगल पर जांच कर रही है। अगर इसमें साक्ष्य नहीं मिले तो मुकदमा आत्महत्या में तरमीम कर दिया जाएगा।


शनिवार सुबह सिविल जज जूनियर डिवीजन ज्योत्सना राय का शव उनके सरकारी आवास में फंदे से लटका मिला था। पुलिस की सूचना पर उनके परिजनों को पहुंचने के बाद ही शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था। उनके पिता अशोक राय ने हत्या का आरोप लगाते हुए अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी।


दूसरे दिन यानी रविवार सुबह करीब 11 बजे उनके शव का पैनल में पोस्टमार्टम कराया गया था। एसएसपी आलोक प्रियदर्शी के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हैंगिंग की पुष्टि हुई थी। इससे मामला आत्महत्या की ओर भी इशारा कर रहा था लेकिन कोतवाली पुलिस अभी हत्या का मामला मानते हुए विवेचना कर रही है।


बताते हैं कि पुलिस ने मामले की सच्चाई जानने के लिए महिला जज के मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल भी निकलवाई है। जिस तरह लोगों का कहना है कि वह देर रात किसी से मोबाइल पर बात करती रहीं थीं उसका अभी कोई खुलासा नहीं हुआ है। कोतवाली पुलिस मामले की तह तक जाने की पूरी कोशिश कर रही है।

आजमगढ़ बाएं पैर में लगी गोली, मेडिकल रिपोर्ट में दिखा दिया दाहिना पैर डीएम के निर्देश पर पुन: घायल युवक का कराया गया मेडिकल


 आजमगढ़ बाएं पैर में लगी गोली, मेडिकल रिपोर्ट में दिखा दिया दाहिना पैर


डीएम के निर्देश पर पुन: घायल युवक का कराया गया मेडिकल



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ जिला अस्पताल में तैनात डॉक्टरों की एक बड़ी लापरवाही सामने आई है। गोली से घायल एक युवक की गलत मेडिकल रिपोर्ट डॉक्टरों ने बना दिया। इसका लाभ घटना को अंजाम देने वाले आरोपियों को मिला और पुलिस ने उनका मामूली धाराओं में चालान कर दिया। पीड़ित ने डीएम से शिकायत की तो डीएम के निर्देश पर अस्पताल प्रशासन ने चार सदस्यीय कमेटी से सोमवार को पुन: घायल युवक का मेडिकल कराया।


सरायमीर थाना के खानपुर गांव निवासी अरविंद यादव को 24 जनवरी 2024 को गोली मार दी गई थी। उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराया गया, जहां वह आर्थों वार्ड में बेड संख्या 16 पर भर्ती रहा। मामला गोली मारे जाने का था तो पुलिस को मेडिकल रिपोर्ट की दरकार थी। इस पर डॉक्टर ने पुलिस को गलत मेडिकल रिपोर्ट उपलब्ध करा दिया। इसमें बाएं पैर में गोली लगने के बाद भी रिपोर्ट में दाएं पैर में गोली लगने की बात लिख दी गई। इस गलत रिपोर्ट का आरोपियों को फायदा मिला और पुलिस ने उनका मात्र 151 में ही चालान कर दिया। इस बात की जानकारी जब घायल के परिजनों को हुई तो परिजनों ने जिलाधिकारी से गुहार लगाई। जिलाधिकारी के निर्देश पर सोमवार को घायल युवक का पुन: चार सदस्यीय कमेटी ने मेडिकल कर अपनी रिपोर्ट पुलिस को प्रेषित किया। टीम में डॉ0 एसके विमल, डॉ0 बीके श्रीवास्तव, डॉ0 एससी कन्नौजिया व डॉ0 पीबी प्रसाद शामिल थे।


मेडिकल रिपोर्ट में गलती से बाएं के स्थान पर दायां पैर लिख गया था। डीएम के निर्देश पर चार डॉक्टरों की टीम से पुन: मेडिकल करा कर रिपोर्ट पुलिस को सौंप दी गई है। ताकि पीड़ित के साथ न्याय हो सके और अनुचित लाभ आरोपी न उठा सके। - डॉ0 आमोद कुमार, प्रभारी एसआईसी, जिला-मंडलीय अस्पताल।

Monday, 5 February 2024

आजमगढ़/बाराबंकी माफिया मुख्तार अंसारी के गुर्गे की एक करोड़ की जमीन कुर्क जिलाधिकारी के आदेश पर कार्रवाई करते हुए थाना मेहनाजपुर की पुलिस ने जमीन को किया कुर्क


 आजमगढ़/बाराबंकी माफिया मुख्तार अंसारी के गुर्गे की एक करोड़ की जमीन कुर्क


जिलाधिकारी के आदेश पर कार्रवाई करते हुए थाना मेहनाजपुर की पुलिस ने जमीन को किया कुर्क



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ माफिया मुख्तार अंसारी के गुर्गे शाहजमां पर जनपद पुलिस की कार्रवाई जारी है। दिनांक 04/02/2024 को बाराबंकी जिला में शाहजमा की एक करोड़ कीमत की जमीन को जनपद पुलिस ने बाराबंकी पुलिस की मदद से कुर्क कर लिया। इसके पूर्व लखनऊ में स्थित लगभग तीन करोड़ कीमत की भूमि कुर्क की गई थी।


माफिया मुख्तार अंसारी प्रदेश स्तर पर चिन्हित आईएस-191 गैंग का लीडर है। इस गैंग के सदस्य व मुख्तार के गुर्गे के रूप में बरदह थाना क्षेत्र के मोहमदपुर फेटी गांव निवासी शाहजमां उर्फ नैय्यर चिन्हित है। वर्तमान में शाहजमां जेल में सलाखों के पीछे है। जनपद पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत उसकी अपराध से अर्जित कमाई से बाराबंकी जिले में स्थित जमीन को कुर्क किया।


शाहजमां ने बाराबंकी जिले में कुल तीन भूखंड लगभग आधा हेक्टेयर क्रय किया था। पुलिस ने इसे कुर्क करने की संस्तुति के साथ जिलाधिकारी को पत्र दिया था। जिलाधिकारी आजमगढ़ की संस्तुति पर उक्त भूमि को थाना मेहनाजपुर पुलिस ने बाराबंकी पुलिस की मदद से कुर्क कर लिया।


एसपी आजमगढ़ अनुराग आर्य ने बताया कि कुर्क की गई जमीन का सर्किल रेट लगभग 28 लाख रुपये है और उसकी बाजार की कीमत लगभग एक करोड़ है। इसके पूर्व भी पुलिस ने लखनऊ में स्थित शाहजमां व उसके भाई की लगभग तीन करोड़ कीमत की भूमि कुर्क किया था।



आजमगढ काले बादलों की आगोश में आया जनपद, बूंदाबादी जारी जानिए कब तक होगी बारिश, कब होगी धूप


 
आजमगढ काले बादलों की आगोश में आया जनपद, बूंदाबादी जारी


जानिए कब तक होगी बारिश, कब होगी धूप



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ रविवार की सुबह से बदले मौसम के मिजाज ने सोमवार की सुबह अपना पूरा असर दिखा दिया। रात को शुरू हुई बारिश छिटपुट तरीके से सुबह तक होती रही। हवा और कोहरे के साथ जनपद पूरी तरह काले बादलों की आगोश में आ गया। मौसम बदलने के कारण तीन-चार दिनों से दिन में हल्की गर्मी महसूस कर रह लोग फिर से जैकेट-स्वेटर में लदे नजर आए।

रात से चल रही बारिश सोमवार को सुबह भी जारी रही। जिले के कई इलाकों में तेज बूंदाबादी हो रही है। आसमान में काले बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने बारिश के साथ ही ओलावृष्टि की आशंका जताई है। 


सुबह जब लोगों की नींद खुली तो पूरे आसमान में काले बादल छाए हुए थे। हो रही बूंदाबांदी से ठंड के पुनः वापस होने का डर लोगों के चेहरे पर साफ नजर आ रहा है। बादलों की स्थिति को देखते हुए लग रहा है कि पूरे दिन ऐसे ही बारिश का मौसम बना रहेगा। काले बादलों ने पूरी तरह आसमान पर अपना कब्जा बना लिया है। मौसम विभाग के अनुसार दोपहर 12:30 बजे तक बारिश का यह दौर चलता रहेगा। दोपहर बाद से मौसम में कुछ नरमी नजर आएगी और धीरे-धीरे बादल साफ होने के संकेत हैं। इस बाबत किसानों ने बताया कि यह बारिश गेहूं की फसल के लिए काफी लाभदायक है, लेकिन दलहन के लिए नुकसानदायक साबित होगी। अगर ओलावृष्टि हुई तो काफी नुकसान होगा।

आजमगढ़ अहरौला आबादी के पास दिखा तेंदुआ, मचा हड़कंप पुलिस के साथ वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची


 आजमगढ़ अहरौला आबादी के पास दिखा तेंदुआ, मचा हड़कंप


पुलिस के साथ वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ अहरौला थाना क्षेत्र के खादारामपुर गांव के पास से गुजरे पूर्वांचल एक्सप्रेस के पास रविवार की देर शाम लोगों ने एक तेंदुआ को देखा। इसे लेकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। टीम ने उसे पकड़ने की कवायद शुरू की तो तेंदुआ भागकर पूर्वांचल एक्सप्रेस वे में जलनिकासी के लिए लगे पाइप में घुस कर बैठ गया। अब टीम उसके बाहर निकलने का इंतजार कर रही है। वहीं मौके पर लोगों की भीड़ भी जुट गई है।


खादारामपुर गांव से पूर्वांचल एक्सप्रेस वे गुजरा हुआ है। इसके पास आबादी के निकट रविवार की शाम ग्रामीणों ने एक तेंदुआ को देखा तो हड़कंप मच गया। आनन-फानन में सूचना यूपी 112 के साथ ही वन विभाग को दी गई। कुछ ही देर में अहरौला थाना पुलिस के साथ ही वन विभाग की टीम डीएफओ गंगा दत मिश्रा के नेतृत्व में पहुंच गई। टीम ने तेंदुआ को पकड़ने की कवायद में जुटी तो वह भाग कर एक्सप्रेस वे में जल निकासी के लिए लगे मोटे पाइप में घुस कर बैठ गया।


 इसके बाद टीम अब पाइप लाइन के दोनों तरफ मुहानों पर जाल डाल कर उसके बाहर निकलने का इंतजार कर रही है ताकि उसे पकड़ा जा सके। डिप्टी रेंजर ज्ञान प्रकाश वर्मा ने बताया कि लखनऊ से ट्रेकुलाइजर गन के स्पेशिलिस्ट टीम को बुलाया गया है। ताकि उसे बेहोश कर पकड़ा जा सके। मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई है तो वहीं डीएफओ के नेतृत्व में विभागीय टीम जुटी हुई है। वहीं आसपास के ग्रामीणों में तेंदुआ को लेकर दहशत देखने को मिल रही है।

बस्ती टैंकर से भिड़ी सीओ की गाड़ी, फिर 2 किलोमीटर तक घिसटी सीओ सहित 3 घायल, चालक और गनर की हालत गंभीर


 बस्ती टैंकर से भिड़ी सीओ की गाड़ी, फिर 2 किलोमीटर तक घिसटी


सीओ सहित 3 घायल, चालक और गनर की हालत गंभीर



उत्तर प्रदेश के बस्ती में रविवार की शाम को बड़ा हादसा हो गया। हाईवे पर हुए हादसे में कुशीनगर में तैनात सीओ की गाड़ी टैंकर से टकराकर उसमें फंस गई और दो किमी तक घिसटते चली गई। इस दुर्घटना में सीओ को मामूली चाटें आईं। हालांकि उनका चालक और गनर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सीओ कुशीनगर जितेंद्र सिंह कालरा अपनी बोलेरो से लखनऊ की तरफ जा रहे थे। मुंडेरवा क्षेत्र के परसा हज्जाम के पास बोलेरो में पीछे से किसी अज्ञात वाहन ने ठोकर मार दी। सीओ की गाड़ी आगे-आगे चल रहे टैंकर के पिछले हिस्से में घुस गई और उसी में फंस गई। वह टैंकर के साथ घिसटते हुए तकरीबन दो किमी आगे तक चली गई।


 पुलिस कर्मियों ने नरियांव गांव के पास बैरिकेडिंग कर टैंकर को रोका और उसमें फंसे सीओ, उनकी गाड़ी के चालक तथा गनर को बाहर निकाला। सीओ अपनी गाड़ी में बीच की सीट पर बैठे थे। उन्हें मामूली चोटें आईं। हालांकि बोलेरो चालक दिव्यमान यादव (27) और गनर गुलाम अफसर अंसारी (35) गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस कर्मियों ने एंबुलेंस बुलवाकर चालक दिव्यमान यादव और गनर गुलाम अफसर अंसारी को जिला अस्पताल बस्ती पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक इलाज के बाद दोनों घायलों को रेफर कर दिया।


 एएसपी ने बताया कि टैंकर चालक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। उसके खिलाफ मुंडेरवा पुलिस की ओर से जरूरी विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Sunday, 4 February 2024

मेरठ उत्तर प्रदेश में एक और बदमाश का खेल खत्म पुलिस ने एनकाउंटर में किया ढेर, दारोगा को मारी थी गोली


 मेरठ उत्तर प्रदेश में एक और बदमाश का खेल खत्म



पुलिस ने एनकाउंटर में किया ढेर, दारोगा को मारी थी गोली




उत्तर प्रदेश में पुलिस ने एक और बदमाश का खेल खत्म कर दिया। मेरठ के कंकरखेड़ा क्षेत्र में दारोगा को गोली मारने वाले बदमाश को शनिवार की शाम जंगेठी के जंगल में ढेर कर दिया। पुलिस बदमाश को लेकर पिस्टल बरामदगी के लिए कंकरखेड़ा में जंगेठी के पास खेतों में पहुंची थी, जहां बदमाश ने पुलिस पर गोलीबारी कर दी और कस्टडी से फरार हो गया। बाद में मुठभेड़ में बदमाश को गोली लगी और उसकी मौत हो गई। इस दौरान एक सिपाही भी गोली लगने से घायल हुआ है।


कंकरखेड़ा में 22 जनवरी 2024 की रात कुछ बदमाश कार लूट के दौरान दरोगा मुनेश को गोली मारकर फरार हो गए थे। इन बदमाशों की पहचान नरेश सागर निवासी माधवपुरम, विनय वर्मा निवासी मेहंदी मोहल्ला कंकरखेड़ा और अनुज निवासी नंगलाताशी कंकरखेड़ा के रूप में हुई। एसओजी मेरठ ने नरेश सागर और विनय वर्मा को शनिवार शाम करीब 5.30 बजे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद विनय ने बताया कि उसने जंगेठी के जंगल में पिस्टल को छिपाया है, जिससे दरोगा मुनेश को गोली मारी थी। पुलिस विनय को लेकर जंगेठी पहुंची।


विनय ने मौका देखकर उसी पिस्टल से पुलिस पर गोलीबारी कर दी और कस्टडी से फरार हो गया। सिपाही सुमित चपराना को गोली लगी। पुलिस ने घेराबंदी की और कई थानों की फोर्स बुलाकर कांबिंग शुरू कराई। घटनास्थल से करीब एक किमी. दूर पुलिस और विनय के बीच आमने सामने की गोलीबारी हुई। पुलिस की गोली लगने से विनय की मौत हो गई। नरेश सागर से पुलिस पूछताछ जारी है।


एसएसपी रोहित सिंह सजवाण के अनुसार दरोगा मुनेश को गोली मारने वाले बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। विनय वर्मा को पिस्टल बरामदगी के लिए जंगेठी के जंगल में लाया गया था। इसी पिस्टल से विनय ने पुलिस पर हमला कर दिया। जवाबी कार्रवाई में विनय की पुलिस की गोली लगने से मौत हो गई।