Thursday, 29 May 2025

आजमगढ़ निजामाबाद फरिहा चोरों का आतंक, 3 दुकानों से ₹60,000 की चोरी 3 दुकानों से नकदी और सामान गायब, पुलिस की कार्यशैली पर सवाल


 आजमगढ़ निजामाबाद फरिहा चोरों का आतंक, 3 दुकानों से ₹60,000 की चोरी



3 दुकानों से नकदी और सामान गायब, पुलिस की कार्यशैली पर सवाल




उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहा कयामुद्दीनपट्टी परसहां में चोरों ने बुधवार रात दद्दननगर बाजार में तीन दुकानों को निशाना बनाया। चोरों ने ताले तोड़कर करीब ₹60,000 की नकदी और कीमती सामान चुरा लिया। यह घटना 26 मई को जन सेवा केंद्र संचालक से ₹85,000 की लूट के बाद उसी मार्ग पर करीब 1 किलोमीटर की दूरी पर हुई, जिससे क्षेत्र में खौफ का माहौल है।


चोरों ने रेहान पुत्र फखरुद्दीन की किराना दुकान से ₹10,000 नकद और ₹30,000 कीमत का सामान, अब्दुल्लाह पुत्र नसीम अहमद के जन सेवा केंद्र से ₹10,000 नकद, और हफीज पुत्र अबुलकैस की वेस्टर्न यूनियन दुकान से भी ₹10,000 नकद चुराया। सुबह टूटे ताले देख ग्रामीणों ने दुकान मालिकों को सूचित किया, जिन्होंने डायल 112 के जरिए पुलिस को बुलाया। पुलिस ने मौके पर जांच की, लेकिन कार्रवाई का केवल आश्वासन देकर लौट गई।


स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार चोरी और लूट की घटनाओं के बावजूद पुलिस न गश्त कर रही है और न ही अपराधियों पर कोई ठोस कार्रवाई हो रही है। क्षेत्रवासियों में दहशत के साथ पुलिस की निष्क्रियता पर गुस्सा बढ़ रहा है।

हापुड़ मुठभेड़ में लॉरेंस बिश्नोई गैंग का शार्प शूटर ढेर एसटीएफ का जवान और स्पेशल सेल का एक सिपाही घायल


 हापुड़ मुठभेड़ में लॉरेंस बिश्नोई गैंग का शार्प शूटर ढेर


एसटीएफ का जवान और स्पेशल सेल का एक सिपाही घायल



उत्तर प्रदेश, हापुड़ यूपी एसटीएफ की नोएडा यूनिट और दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने बुधवार देर रात हापुड़ के कोतवाली इलाके में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के शार्प शूटर नवीन कुमार को मुठभेड़ में मार गिराया। मुठभेड़ में एसटीएफ का एक जवान और दिल्ली स्पेशल सेल का एक सिपाही घायल हो गया। नवीन गाजियाबाद के लोनी का निवासी था और उसके खिलाफ यूपी व दिल्ली में 20 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज थे। वह दिल्ली के फर्श बाजार थाने में हत्या और मकोका के मामले में वांछित था। 



पुलिस के अनुसार, रात करीब 11 बजे दिल्ली रोड पर आनंद विहार आवासीय कॉलोनी के पास मुठभेड़ हुई। नवीन अपने एक साथी के साथ बाइक पर जा रहा था, जब पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया। उसने पुलिस पर गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस की फायरिंग में नवीन को गोली लगी और वह मौके पर गिर गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसका साथी मौके से फरार हो गया।


 पुलिस ने बताया कि नवीन लॉरेंस गैंग का सक्रिय सदस्य और शार्प शूटर था। वह गैंग के कुख्यात सदस्य हाशिम बाबा के साथ मिलकर अपराध करता था। उसकी लोकेशन हापुड़ में मिलने के बाद यूपी एसटीएफ, दिल्ली स्पेशल सेल और हापुड़ पुलिस ने संयुक्त ऑपरेशन चलाया। पुलिस अब फरार साथी की तलाश में छापेमारी कर रही है।

Wednesday, 28 May 2025

आजमगढ़ महाराजगंज, डीएम ने ग्राम पंचायत अधिकारी को किया निलंबित ग्राम प्रधान की निधि से कराए गए कार्यों में भ्रष्टाचार का आरोप जांच में सही मिलने पर हुई कारवाई


 आजमगढ़ महाराजगंज, डीएम ने ग्राम पंचायत अधिकारी को किया निलंबित



ग्राम प्रधान की निधि से कराए गए कार्यों में भ्रष्टाचार का आरोप जांच में सही मिलने पर हुई कारवाई



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के विकास खंड महाराजगंज के जूड़ा रामपुर गांव में विकास कार्यों में अनियमितता की शिकायत के बाद ग्राम पंचायत अधिकारी मोहम्मद आलम को निलंबित कर दिया गया है। गांव के एक व्यक्ति ने ग्राम प्रधान की निधि से कराए गए कार्यों में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया था।


 शिकायत में दो चक मार्ग निर्माण, कैटल शेड, तालाब खोदाई समेत अन्य कार्यों में अनियमितता की बात सामने आई थी। मामले को डीपीआरओ ने संज्ञान में लिया और जांच शुुरू करा दी। जांच में आरोप सिद्ध हो गया। जांच रिपोर्ट के आधार पर डीएम ने तत्काल प्रभाव से ग्राम पंचायत अधिकारी मोहम्मद आलम को निलंबित कर दिया। साथ ही, उन्हें विकास खंड महाराजगंज से संबद्ध किया गया है। डीपीआरओ कुंवर सिंह यादव ने बताया कि विकास खंड महाराजगंज के जूड़ा रामपुर गांव में हुए विकास कार्यों में अनियमितता की शिकायत मिली थी। जांच हुई तो दोष सिद्ध पाया गया। इसे लेकर तत्काल प्रभाव से जूड़ा रामपुर के ग्राम पंचायत अधिकारी मोहम्मद आलम को निलंबित करते हुए महाराजगंज ब्लाक से संबद्ध कर दिया गया।

उत्तर प्रदेश में लागू हुई केंद्र की राहवीर योजना पात्रों को 25 हजार रुपए प्रोत्साहन राशि देगी योगी सरकार

उत्तर प्रदेश में लागू हुई केंद्र की राहवीर योजना



पात्रों को 25 हजार रुपए प्रोत्साहन राशि देगी योगी सरकार



उत्तर प्रदेश, लखनऊ, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रारंभ की गई "राहवीर योजना" को उत्तर प्रदेश में लागू कर दिया गया है, जिसके तहत दुर्घटना में घायल व्यक्ति को "गोल्डन-ऑवर" में अस्पताल पहुंचाने वाले मददगार को 25,000 रुपए का इनाम मिलेगा। इस योजना के तहत सरकार सड़क हादसों में घायल लोगों को अस्पताल पहुंचाने वाले लोगों को इनाम देगी। यह योजना लखनऊ सहित पूरे उत्तर प्रदेश में लागू की गई है। योजना के तहत, अगर कोई नागरिक घायल व्यक्ति को 'गोल्डन ऑवर' या दुर्घटना के तुरंत बाद अस्पताल या ट्रॉमा सेंटर पहुंचाता है तो उसे 25 हजार रुपये तक की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।


यदि कोई नागरिक सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को "गोल्डन-ऑवर" (पहले 1 घंटे) के भीतर अस्पताल पहुंचाता है और घायल की जान बच जाती है, तो उस मददगार को 25,000 रुपए का इनाम दिया जाएगा। यह पुरस्कार राशि पहले 5,000 थी, जिसे अब बढ़ाकर 25,000 कर दिया गया है। घायल को सीधे अस्पताल पहुंचाने पर अस्पताल द्वारा पुलिस को सूचना दी जाएगी और इसकी एक प्रति उस नागरिक को भी सौंपी जाएगी। पुलिस कलेक्टर को भी इस संबंध में पत्र लिखेगी और इसके बाद परिवहन विभाग द्वारा मददगार के बैंक खाते में सीधे राशि ट्रांसफर की जाएगी।

 

आजमगढ़ जहानागंज पारिवारिक विवाद में चाकूबाजी, एक की मौत, दूसरा गंभीर जहानागंज थाना के भरपुरा गांव में रात 8 बजे हुआ खूनी संघर्ष


 आजमगढ़ जहानागंज पारिवारिक विवाद में चाकूबाजी, एक की मौत, दूसरा गंभीर



जहानागंज थाना के भरपुरा गांव में रात 8 बजे हुआ खूनी संघर्ष



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के जहानागंज थाना क्षेत्र के भरपुरा गांव में मंगलवार रात करीब आठ बजे दो पक्षों के बीच पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। विवाद में एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर चाकू से हमला कर दिया, जिसमें दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां एक की मौत हो गई, जबकि दूसरे का इलाज चल रहा है।


जानकारी के अनुसार, भरपुरा गांव निवासी सुदर्शन (45) और मऊ जिले के रानीपुर थाना क्षेत्र के भतरी गांव निवासी अमित उर्फ लखेंद्र (36) सुदर्शन के घर के सामने बैठे थे। तभी अमित के भाई के बेटे ने पीछे से दोनों पर चाकू से हमला कर दिया। हमलावर ने दोनों की गर्दन पर वार किया। परिजनों ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां अमित की इलाज के दौरान मौत हो गई। सुदर्शन की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। 


एसएसपी हेमराज मीना ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद को घटना का कारण माना जा रहा है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

Tuesday, 27 May 2025

मुरादाबाद लव मैरिज के 4 महीने बाद युवती ने की आत्महत्या मौत से पहले बनाया वीडियो, ससुराल वालों पर लगाए आरोप


 मुरादाबाद लव मैरिज के 4 महीने बाद युवती ने की आत्महत्या



मौत से पहले बनाया वीडियो, ससुराल वालों पर लगाए आरोप



उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के भोजपुर थाना क्षेत्र के सुंदरनगर पीपलसाना गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। 22 वर्षीय अमरीन, जिसने चार महीने पहले जुनैद के साथ प्रेम विवाह किया था, ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। अमरीन ने मरने से पहले एक वीडियो बनाया, जिसमें उसने अपने पति, ससुर और ननद पर गंभीर आरोप लगाए।


पुलिस के अनुसार, अमरीन ने आत्महत्या से पहले अपने पिता को वीडियो कॉल किया और भावुक होकर अपनी आपबीती सुनाई। बेटी को रोता देख पिता तुरंत उसके ससुराल पहुंचे, लेकिन तब तक अमरीन की मौत हो चुकी थी। उसका शव चारपाई पर पड़ा था। ग्रामीणों ने बताया कि ससुराल वालों ने फंदे से उतारकर शव को चारपाई पर रखा था।


पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। जांच के दौरान अमरीन का मोबाइल फोन बरामद हुआ, जिसमें एक वीडियो मिला। वीडियो में अमरीन ने कहा, "मेरे पति मुझे समझते नहीं हैं। उन्हें हर गलती मेरी नजर आती है। वह मुझसे कहते हैं कि मैं मर जाऊं। मेरी ननद और ससुर भी कहते हैं कि मैं मर जाऊं। मेरी मौत के जिम्मेदार मेरे पति, ससुर और ननद हैं।


पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है और तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं, मृतका की मां ने अपनी बेटी के लिए इंसाफ की मांग की है। इस घटना ने पूरे गांव में सनसनी फैला दी है और लोग इस मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

आजमगढ़ निजामाबाद जन सेवा केंद्र संचालक से 84 हजार की लूट, पुलिस जांच में जुटी लुटेरों ने अंडरपास के पास दिया घटना को अंजाम


 आजमगढ़ निजामाबाद जन सेवा केंद्र संचालक से 84 हजार की लूट, पुलिस जांच में जुटी



लुटेरों ने अंडरपास के पास दिया घटना को अंजाम


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के निजामाबाद थाना क्षेत्र के परसहा अंडरपास के पास सोमवार रात करीब नौ बजे तीन लुटेरों ने जन सेवा केंद्र संचालक सुरेंद्र को निशाना बनाया। कोटिया जहांगीरपुर निवासी सुरेंद्र बनगांव बाजार में जन सेवा केंद्र चलाते हैं। रात में केंद्र बंद कर घर लौटते समय लुटेरों ने उनकी स्कूटी रोककर मारपीट की और 84 हजार रुपये नकद, चेकबुक, फिंगरप्रिंट मशीन व जरूरी दस्तावेजों से भरा बैग लूट लिया। पीड़ित ने बताया कि इस घटना में उन्हें करीब एक लाख रुपये का नुकसान हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 के जरिए पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। हालांकि, लुटेरों का कोई सुराग नहीं मिल सका।


 निजामाबाद थानाध्यक्ष हीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पीड़ित की ओर से अभी तक लिखित तहरीर नहीं मिली है, लेकिन पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और लुटेरों की तलाश में जुटी है।