Tuesday, 27 May 2025

आजमगढ़ कप्तानगंज अजय देवगन को पुलिस ने किया गिरफ्तार नाबालिग पीड़िता और उसकी सहेली को भगाने के मामले में था वांछित


 आजमगढ़ कप्तानगंज अजय देवगन को पुलिस ने किया गिरफ्तार



नाबालिग पीड़िता और उसकी सहेली को भगाने के मामले में था वांछित



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के कप्तानगंज थाना पुलिस ने एक नाबालिग पीड़िता और उसकी सहेली को भगाने के मामले में वांछित अभियुक्त अजय उर्फ अजय देवगन को गिरफ्तार किया है। अभियुक्त की पहचान अजय उर्फ अजय देवगन, पुत्र सुरेश उर्फ भग्गल, निवासी लतीरपुर, थाना शाहगंज, जनपद जौनपुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, 11 दिसंबर 2024 को पीड़िता के परिजनों ने शिकायत दर्ज की थी कि 10 दिसंबर 2024 को दोपहर करीब 1 बजे उनकी नाबालिग बेटी और उसकी सहेली बाजार से सामान खरीदने गई थीं, जहां से अजय उर्फ अजय देवगन उन्हें भगा ले गया। इस शिकायत के आधार पर थाना कप्तानगंज में मुकदमा दर्ज किया गया था। 


विवेचना के दौरान उप-निरीक्षक विवेक कुमार ने पीड़िता और उसकी सहेली को पहले ही बरामद कर लिया था। पीड़िता के बयान के आधार पर एक अन्य अभियुक्त रिसाल उर्फ पप्पू, पुत्र सुरेश उर्फ भग्गल का नाम भी सामने आया, जिसके बाद मुकदमे में धारा 3/4 पॉक्सो एक्ट की बढ़ोतरी की गई। मंगलवार को उप-निरीक्षक विवेक कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने खालिसपुर मोड़ के पास से अजय उर्फ अजय देवगन को सुबह 10:30 बजे गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में कांस्टेबल देवकीनंदन पाल और पवन कुमार शामिल थे। पुलिस ने बताया कि अभियुक्त के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

आजमगढ़ बरदह पुल के नीचे मिली एक भाई की लाश, दूसरा गंभीर दोनों के ऊपर गिरी पड़ी थी मोटरसाइकिल, आधार कार्ड से हुई पहचान


 आजमगढ़ बरदह पुल के नीचे मिली एक भाई की लाश, दूसरा गंभीर



दोनों के ऊपर गिरी पड़ी थी मोटरसाइकिल, आधार कार्ड से हुई पहचान



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के बरदह थाना क्षेत्र के त्रिवेणी पुल के नीचे मंगलवार को एक अधेड़ की लाश मिलने और एक अन्य व्यक्ति के घायल अवस्था में पाए जाने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 50 वर्षीय अच्छेलाल पुत्र रामआसरे और घायल की पहचान 45 वर्षीय बृजेश पुत्र तुरंती, निवासी गण टीकापुर, थाना तहबरपुर के रूप में हुई। दोनों चचेरे भाई बताए जा रहे हैं।



पुलिस के अनुसार, अच्छेलाल औंधे मुंह पड़ा था, जबकि बृजेश पीठ के बल बेहोश पाया गया। दोनों के ऊपर एक मोटरसाइकिल पड़ी थी। पास में मिले आधार कार्ड से उनकी पहचान की गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया, वहीं घायल बृजेश को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। परिजनों ने बताया कि बृजेश की तबीयत अक्सर खराब रहती थी। अच्छेलाल उसे सोमवार दोपहर 12 बजे जौनपुर के गौराबादशाहपुर में सोखा ओझा को दिखाने ले गया था। शाम पांच बजे के बाद दोनों से संपर्क टूट गया था। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

बलिया प्रेमिका के घर के सामने प्रेमी ने खुद को किया आग के हवाले युवती द्वारा शादी से इनकार करने पर घटना को दिया अंजाम, हालत गंभीर

बलिया प्रेमिका के घर के सामने प्रेमी ने खुद को किया आग के हवाले



युवती द्वारा शादी से इनकार करने पर घटना को दिया अंजाम, हालत गंभीर



उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के फेफना थाना क्षेत्र अंतर्गत अमडरिया गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आयी है, जहां प्रेमिका के घर के सामने प्रेमी ने फिल्मी अंदाज में सुसाइड का प्रयास किया। प्रेमी ने न सिर्फ अपने शरीर पर पेट्रोल डाला, बल्कि आग भी लगा लिया। इससे अफरा-तफरी मच गई। किसी तरह आग बुझाकर ग्रामीणों ने युवक को जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे वाराणसी रेफर कर दिया। अमडरिया गांव की यह घटना सीसीटीवी में कैद है। कैमरा फुटेज को देख लोगों का कलेजा कांप जा रहा है।


बताया जा रहा है कि युवक कही बाहर कमाने गया था, जहां से मंगलवार की सुबह गांव आया और फिल्मी स्टाइल में तथाकथित प्रेमिका के दरवाजे पर पहुंचा। हाथ में पेट्रोल लिए युवक युवती पर शादी करने के लिए हामी भरने का दबाव बनाने लगा। युवती ने इनकार कर दिया तो नाराज युवक उसके घर के सामने ही अपने शरीर पर पेट्रोल डालकर खुद को आग के हवाले कर दिया। युवक को जलता देख अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने उसे बचाने का भरपूर प्रयास किया, लेकिन आग की लपटें देख लोग भाग खड़े हुए। बहुत प्रयास से आग पर काबू पाकर ग्रामीणों ने झुलसे युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया। घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चा है। फेफना थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

 

Monday, 26 May 2025

आजमगढ़ सरायमीर सड़क हादसे मे मोटर साइकिल सवार युवक की मौत, एक घायल


 आजमगढ़ सरायमीर सड़क हादसे मे मोटर साइकिल सवार युवक की मौत, एक घायल 



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के सरायमीर थाना क्षेत्र के नंदाव के समीप रविवार की दोपहर मे नरदा पुल पर हुए एक सड़क हादसे मे मोटर साइकिल सवार प्रवीण यादव (21) की मौत हो गई एवं मोटर साइकिल पर पीछे बैठा कोठिया गांव निवासी गुलशन कुमार (22) घायल हो गया।


घटना उस समय हुईं जब एक अज्ञात चार पहिया वाहन ने पीछे से मोटर साइकिल मे टक्कर मार दी। गंगापुर बिजौरा गांव निवासी प्रवीण यादव पुत्र जगधारी यादव अपने गांव से नंदाव किसी काम से जा रहा था। मोटर साइकिल पर दो लोग सवार थे नरदा पुल पर अज्ञात वाहन की टक्कर से दोनों मोटर साइकिल से गिर गए। स्थानीय लोगो ने घायलों को नजदीकी प्राइवेट हास्पिटल लें गये लेकिन रास्ते मे प्रवीण यादव ने दम तोड़ दिया। और घायल गुलशन कुमार का ईलाज हास्पिटल मे चल रहा हैं। मृतक प्रवीण यादव तीन भाई एवं दो बहन मे सबसे छोटा था।


थाना प्रभारी सरायमीर यादवेन्द्र पांडेय ने बताया की शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर घटना की जाँच की जा रही हैं।

आजमगढ़ बरदह महिलाओं ने पुलिस के सामने तोड़ी 5 फीट ऊंची दीवार पुलिस ने महिलाओं को हिरासत में लिया, मामला दीवानी न्यायालय में विचाराधीन

आजमगढ़ बरदह महिलाओं ने पुलिस के सामने तोड़ी 5 फीट ऊंची दीवार



पुलिस ने महिलाओं को हिरासत में लिया, मामला दीवानी न्यायालय में विचाराधीन



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के मार्टिनगंज तहसील क्षेत्र के जीवली गांव में जमीन विवाद को लेकर बड़ा बवाल हो गया। रवि सोनकर और रीना जायसवाल द्वारा बैनामे की जमीन पर बनाई गई पांच फीट ऊंची दीवार को दूसरे पक्ष की महिलाओं ने पुलिस की मौजूदगी में ही तोड़ दिया। पुलिस के मना करने के बावजूद महिलाएं नहीं मानीं, जिसके बाद हंगामा बढ़ गया। आखिरकार पुलिस ने गुत्थम-गुत्था के बीच दीवार गिराने वाली महिलाओं को हिरासत में लेकर थाने ले गई।


पीड़ित रवि सोनकर और रीना जायसवाल ने बताया कि उक्त जमीन का सीमांकन एसडीएम मार्टिनगंज के निर्देश पर राजस्वकर्मी और पुलिस की मौजूदगी में किया गया था। वहीं, दूसरे पक्ष का आरोप है कि जमीन का मामला दीवानी न्यायालय में विचाराधीन है और बैनामा फर्जी तरीके से किया गया। निर्माण की सूचना मिलते ही विपक्षी पक्ष की महिलाएं मौके पर पहुंचीं और दीवार को ढहा दिया। पीड़ितों ने ज्ञानती देवी, गुड़िया, बिंदु, मुन्नी, ऊर्मिला देवी, रामचंदर चौहान, सुशील चौहान और रामचेत चौहान के खिलाफ थाना बरदह में तहरीर दी है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।


थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। दीवार तोड़ने वाली महिलाओं का शांति भंग के आरोप में चालान किया गया है।

 

Sunday, 25 May 2025

आजमगढ़ अहरौला में फिर खंडित हुई डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा, ग्रामीणों ने किया सड़क जाम रात के अंधेरे में अज्ञात लोगों ने तोड़ी प्रतिमा पुलिस के आश्वासन के बाद खत्म हुआ प्रदर्शन


 आजमगढ़ अहरौला में फिर खंडित हुई डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा, ग्रामीणों ने किया सड़क जाम



रात के अंधेरे में अज्ञात लोगों ने तोड़ी प्रतिमा


पुलिस के आश्वासन के बाद खत्म हुआ प्रदर्शन



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के अहरौला थाना क्षेत्र के ग्राम बासथान में स्थापित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को बीती रात अज्ञात लोगों ने खंडित कर दिया। रविवार सुबह जब ग्रामीण सड़कों पर निकले, तो उन्होंने प्रतिमा की एक उंगली टूटी हुई देखी। इस घटना की जानकारी फैलते ही गांव में आक्रोश फैल गया, और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।


 आक्रोशित ग्रामीणों ने अहरौला-कप्तानगंज मार्ग को जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे यातायात बाधित रहा। सूचना मिलने पर अहरौला थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को प्रतिमा की मरम्मत, सीसीटीवी कैमरा, लाइट और बाउंड्री वॉल लगवाने का आश्वासन दिया। लगभग दो घंटे बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया, और सड़क पर आवागमन बहाल हुआ। इस घटना ने एक बार फिर प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और अज्ञात दोषियों की तलाश जारी है।

आजमगढ़ में खुले में शराब पीने वालों पर पुलिस की सख्त कार्रवाई, 237 के खिलाफ मुकदमा दर्ज शराब दुकान संचालकों को लाइसेंस रद्द करने की चेतावनी


 आजमगढ़ में खुले में शराब पीने वालों पर पुलिस की सख्त कार्रवाई, 237 के खिलाफ मुकदमा दर्ज


शराब दुकान संचालकों को लाइसेंस रद्द करने की चेतावनी



उत्तर प्रदेश, आजमगढ़ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) आजमगढ़ के निर्देशानुसार, जनपद में खुले में शराब पीने वालों के खिलाफ 24 मई 2025 को व्यापक कार्रवाई की गई। प्रभारी अपर पुलिस अधीक्षक (नगर/यातायात) के नेतृत्व में इस अभियान में 237 व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस एक्ट की धारा 34 के तहत कानूनी कार्रवाई की गई।


पुलिस ने शराब की दुकानों के संचालकों को भी सख्त चेतावनी जारी की है। उन्हें निर्देश दिए गए हैं कि यदि उनकी दुकानों के सामने कोई व्यक्ति खुले में शराब पीते पाया गया, तो उनके लाइसेंस के निरस्तीकरण की विधिक कार्यवाही की जाएगी।


यह अभियान शहर में सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने की बढ़ती प्रवृत्ति पर अंकुश लगाने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए चलाया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी ऐसी कार्रवाइयाँ जारी रहेंगी ताकि जनपद में शांति व्यवस्था कायम रहे।