Tuesday, 25 April 2023

आजमगढ़ गरीब परिवार ने पहले ही प्रशासनिक अधिकारियों से की थी लिखित शिकायत पीड़ित परिवार के पैतृक गांव जाते ही दबंगों ने घटनाक्रम को दिया अंजाम पूरे महीने की इबादत और अचानक बन गए हैवान


 आजमगढ़ गरीब परिवार ने पहले ही प्रशासनिक अधिकारियों से की थी लिखित शिकायत



पीड़ित परिवार के पैतृक गांव जाते ही दबंगों ने घटनाक्रम को दिया अंजाम


पूरे महीने की इबादत और अचानक बन गए हैवान



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ शहर के हृदय स्थल पर स्थित मातबरगंज मोहल्ले में शंकर जी तिराहे के समीप रहने वाले गरीब परिवार ने घर पर कब्जा का अंदेशा जताते हुए कुछ समय पूर्व प्रशासनिक अधिकारियों से लिखित शिकायत की थी। पुलिस द्वारा शिकायत को संज्ञान में लिया गया और पीड़ित परिवारों को आश्वस्त किया था कि कहीं कुछ नहीं होगा। वहां कई दशकों से रह रहे परिवारों को मिली आश्वासन की घुट्टी भी काम नहीं आई जब सोमवार की देर रात दबंगों द्वारा दर्जनों की संख्या में उस समय धावा बोल दिया गया जब एक परिवार के लोग कुछ घंटों के लिए अपने मकान में ताला जड़कर पैतृक गांव गए हुए थे। घर में तोड़फोड़ और लूटपाट की जानकारी पाकर मौके पर पहुंची परिवार की महिला ने रोते हुए बताया कि मेरा तो सबकुछ लुट गया। 


रात के अंधेरे में आए दबंगों ने सबसे पहले इलाके के प्रकाश व्यवस्था को भंग कर दिया और फिर घर में छत के रास्ते आंगन में उतर गए। उस दौरान गहरी नींद में सोए अगल बगल के लोगों की इसकी आहट नहीं लग सकी। देर रात तोड़फोड़ की आवाज सुनकर जबतक पड़ोसी जगे तबतक घर में मौजूद सामान को घर ढहा रहे लोग ठिकाने लगा चुके थे। पूरे महीने की इबादत और अचानक बन गए हैवान


मिली जानकारी के अनुसार सूबे की राजधानी में रहने वाले धनाढ्य परिवार की शह पर सोमवार की रात ढहाए गए मकान में रखे सामानों को लूट ले जाने वाले दबंग भू-माफिया व उसके लोग रमजान के मौके पर पीड़ित परिवार के साथ घुल-मिल कर ईश्वर का वास्ता देते हुए उनका विश्वास जीतने की कोशिश में लगे थे। उनका कहना था कि हमें अल्लाह के कोप से डर लगता है हम ऐसा कुछ नहीं करेंगे जिससे किसी को कोई तकलीफ़ हो। पीड़ित परिवार को क्या पता था कि खुद को ईश्वर का दूत बताने वाले लोग इबादत का पवित्र महीना गुजरते ही हैवान बन जाएंगे। 


पिछले कुछ समय से शहर की बेशकीमती जमीन पर नजर गड़ाए लोगों के इस कृत्य से इलाके के लोगों में जबरदस्त आक्रोश देखने को मिल रहा है। लोगों का कहना है कि योगी राज में भूमाफियाओं के खिलाफ चल रहे अभियान के मद्देनजर नजर अब यह देखना होगा कि अपने मेहनत की गाढ़ी कमाई लुटा बैठे पीड़ित परिवार को इस मामले में आखिर कैसा न्याय मिल पाता है।

आजमगढ़ देर रात कोतवाली पहुंचे भाजयुमो नेता, नत मस्तक हुई पुलिस नेता जी के दबाव में छोड़े गए हिरासत में लिए गए लोग


 आजमगढ़ देर रात कोतवाली पहुंचे भाजयुमो नेता, नत मस्तक हुई पुलिस


नेता जी के दबाव में छोड़े गए हिरासत में लिए गए लोग



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ शहर के मातबरगंज मोहल्ले में सोमवार की देर रात जब इलाके के लोग गहरी नींद में थे तभी अचानक शुरू हुई तेज आवाज सुनकर लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। दर्जनों लोगों को एक सुनसान मकान को ढहाते देख लोग अवाक रह गए। कोई मकान में रहने वाले परिवार को तो कोई पुलिस को घटना की जानकारी फोन पर देने में जुट गया। रात में पुलिस अधिकारियों को सूचना देने की कोशिश की गई लेकिन सारी कोशिश नाकाम। 


भला हो क्षेत्राधिकारी नगर का जिनका फोन उठा और कुछ ही देर बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। पड़ोसियों का विरोध देख ढहाए गए घर में छिपे लोगों को पुलिस अपने साथ कोतवाली ले गई। तभी भाजयुमो के एक जिला पदाधिकारी का लक्जरी वाहन कोतवाली पहुंचता है और नेता जी वहां मौजूद पुलिस कर्मियों से कुछ लोगों को अलग बुलाए और खुसुर-फुसुर शुरू हो गई। फिर क्या पीड़ित पक्ष के लोगों के प्रति पुलिस का व्यवहार बदल गया। पुलिस ने सवालों की झड़ी ऐसी लगाई कि लग रहा था कि पीड़ित पक्ष ही मानो गुनाहगार बन गया।


 पुलिस का तेवर देख देर रात मौके पर पहुंचा पीड़ित परिवार अपने घर की हालत देख विलाप करने लगा। मौके पर मची चीख पुकार सुनकर आस पास के लोग एक बार फिर पीड़ितों को ढांढस बंधाने पहुंच गए। घर में बिखरे सामान मौके पर लूट की कहानी बयां कर रहे थे। पीड़ित परिवार के अनुसार उनके घर से लाखों के सामान लूटे गए हैं।

आजमगढ़ रात के अंधेरे में दर्जनभर हथियारबंद लोगों ने घर पर बोला धावा, मकान को किया धरासाई

आजमगढ़ रात के अंधेरे में दर्जनभर हथियारबंद लोगों ने घर पर बोला धावा, मकान को किया धरासाई



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ जिला मुख्यालय पर जहां निकाय चुनाव को संपन्न कराने के लिए भारी भरकम पुलिस फ़ोर्स को मुस्तैद रखा गया है। वहीं शहर के मातबरगंज मोहल्ले में ठीक शंकर जी तिराहे के सामने गली में सोमवार की देर रात एक भू-माफिया के गुर्गे लाठी, हथौड़ा और हथियारों के साथ अचानक धावा बोल दिए। रात के अंधेरे में दर्जन भर की संख्या में आए हथियारबंद लोगों ने एक मकान को ढहाना शुरू कर दिया। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हुए और इस वजह से विरोध किया कि मकान में रहने वाला परिवार पड़ोसियों को पैतृक गांव जाने की बात कहकर देर शाम निकला था। गुंडों को शायद इस बात की जानकारी हो गई थी। रात करीब 12 बजे शुरू हुई तोड़फोड़ की आवाज सुनकर पड़ोसियों ने इस बात की जानकारी मकान में रहने वालों को देते हुए मौके पर तत्काल पुलिस बुलाने की गुहार लगाते हुए शोर मचाना शुरू किया।


 रात में शहर कोतवाल एवं पुलिस अधीक्षक के सीयूजी नंबर पर घटना की जानकारी देने की कोशिश की गई और फोन नहीं उठा। मजबूर होकर अन्य अधिकारियों के नंबर पर कोशिश की गई और संयोग वश क्षेत्राधिकारी नगर से बात हुई और उन्हें घटना से अवगत कराया गया। कुछ ही देर बाद पुलिस भी पहुंच गई लेकिन उनके सवालों की झड़ी ने वहां मौजूद लोगों को चुप रहने के लिए मजबूर कर दिया। पुलिस ने ढहाए गए मकान में छिपे दर्जन भर लोगों को हिरासत में ले लिया। इस दौरान भू-माफिया के हथियारबंद कुछ लोग मौके से फरार हो गए। लोगों का आरोप है कि पुलिस ने उन्हें भागने का भरपूर मौका दिया। साख बचाने के लिए पुलिस मजदूर लोगों को अपने साथ कोतवाली ले गई है।


बताते चलें कि शहर के बीच इस कीमती इमारत को किसी भू-माफिया की मदद से शापिंग मॉल बनाने की तैयारी लंबे समय से चल रही थी। देर रात हुई इस घटना को अंजाम देने वालों ने प्रदेश और जिला प्रशासन के सामने जबरन भूमि कब्जा करने वालों के खिलाफ अभियान चला कर सख्त कार्रवाई करने के दाव की पोल खोल कर रख दिया है। अब देखना यह है कि पीड़ित पक्ष को इस मामले में न्याय कैसा मिलता है। रात के ढाई बजे तक क्षेत्र में लोग इस चर्चा में मशगूल नजर आए।

 

शामली सीएम योगी की जनसभा से लौट रहे ग्रामीणों पर हमला गाड़ी में तोड़फोड़, उखाड़ फेंके भाजपा के झंडे


 शामली सीएम योगी की जनसभा से लौट रहे ग्रामीणों पर हमला


गाड़ी में तोड़फोड़, उखाड़ फेंके भाजपा के झंडे

उत्तर प्रदेश शामली में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की रैली से लौट रहे कुछ लोगों पर गांव मालैंडी में हमला बोल गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई। इतना ही नहीं विरोध करने पर कई लोगों को मारपीट कर घायल कर दिया। आरोपियों ने गाड़ियों पर लगे भाजपा के झंडे भी उखाड़ फेंके। इसके बाद सभी फरार हो गए। घटना के संबंध में हसनपुर के ग्राम प्रधान ने गढ़ीपुख्ता थाने पर तहरीर दी है।

ऊन क्षेत्र के गांव हसनपुर के ग्रामीण नाथीराम सैनी, महेंद्र सैनी, श्याम सिंह शर्मा, अक्षय, कालूराम, प्रेम सिंह कौरी, सूरज, बलजोर सिंह वाल्मीकि, आकाश कुमार आदि अपनी गाड़ियों में सवार होकर शामली में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की रैली में भाग लेने के लिए आए थे।

Monday, 24 April 2023

आजमगढ़ बरदह घर में संदिग्धावस्था में मृत मिली विवाहिता मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप


 आजमगढ़ बरदह घर में संदिग्धावस्था में मृत मिली विवाहिता


मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप



आजमगढ़ बरदह थाना क्षेत्र के चकचोर्रा गांव निवासी एक विवाहिता रविवार शाम अपने कमरे में बिस्तर पर मृत हाल में मिलीं। ग्रामीणों की सूचना पर मायके वाले पहुंचे और ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भेज दिया। वहीं मृतका के भाई की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल में जुट गई है।


जौनपुर जिले के सरपतहां थाना क्षेत्र के सदरूद्दीनपुर निवासी सोनू बिंद ने अपनी बहन पूनम की शादी 2019 में बरदह थाना के चकचोर्रा गांव निवासी राकेश बिंद पुत्र रामजतन के साथ किया था। पूनम रविवार की शाम अपने बिस्तर पर ही संदिग्धावस्था में मृत हाल में मिली।


ग्रामीणों के माध्यम से सूचना मायके पहुंची तो मृतका का भाई मौके पर पहुंचा। उसने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया और सूचना पुलिस को दिया। तहरीर में उसने बताया कि उसके बहनोई रोजी-रोटी के लिए दिल्ली रहते हैं। उसकी बहन घर पर जेठ संजय, जेठानी लक्ष्मीना, ससुर रामजतन व ननद सुनीता के साथ रहती थी। ग्रामीणों की सूचना पर वह बहन के घर पहुंचा तो वह बिस्तर पर मृत हाल में पड़ी थी। सोनू की सूचना पर बरदह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भेज दिया। मृतका के भाई की तहरीर पर पुलिस ने ससुर, जेठ, जेठानी व ननद के खिलाफ सम्बन्धित धारा मे मुकदमा भी दर्ज कर लिया है।

आजमगढ़ रौनापार बड़ौदा यूपी बैंक का ताला तोड़कर लॉकर तक पहुंचे चोर नहीं मिले रूपये तो बैंक में की तोड़फोड़, पुलिस छानबीन में जुटी


 आजमगढ़ रौनापार बड़ौदा यूपी बैंक का ताला तोड़कर लॉकर तक पहुंचे चोर


नहीं मिले रूपये तो बैंक में की तोड़फोड़, पुलिस छानबीन में जुटी


उत्तर प्रदेश आजमगढ़ जिले के खोजौली बाजार स्थित बड़ौदा यूपी बैंक की शाखा में बीती रात चोरों ने धावा बोला। ताले तोड़कर चोर अंदर घुसे। आलमारी और दो कमरों का ताला तोड़ कर रुपयों की तलाश की। रुपये नहीं मिलने पर गुस्से में सीसी टीवी कैमरे को नुकसान पहुंचाया। साथ ही वहां रखें सामानों को इधर से उधर पटक दिया। चोर खाली हाथ ही बैरंग लौट गए। सोमवार सुबह बैंक कर्मी पहुंचे तो घटना की जानकारी हुई। सूचना पर पुलिस पहुंची और जांच-पड़ताल में जुट गई।


रौनापार थाना क्षेत्र के खोजौली बाजार में यूपी बड़ौदा बैंक की हाजीपुर शाखा है। रविवार रात अज्ञात चोर बैंक की एक दीवार में सेंध काट कर अंदर घुस गए। इसके बाद चोरों ने अंदर रखे आलमारी व दो अन्य कमरों का भी ताला चटका कर रुपयों की तलाश किया। रुपये नहीं मिले तो सीसीटीवी कैमरे का तार काटा, बैटरी गिराई और आलमारी भी तोड़ दी। सोमवार सुबह बैंक का सफाईकर्मी जब पहुंचा तो अंदर का हाल देख कर सन्न रह गया। उसने तत्काल सूचना शाखा प्रबंधक हिमांशु राज को दिया। शाखा प्रबंधक ने घटना से रौनापार पुलिस को अवगत कराया। सूचना पर रौनापार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन में जुट गई है। 


एसओ रौनापार ने बताया कि पुलिस अपने स्तर से जांच पड़ताल कर रही है। अभी तक शाखा प्रबंधक की तरफ से कोई तहरीर नहीं मिली है।

प्रयागराज डिप्टी सीएमओ का होटल के कमरे में फांसी से लटकता मिला शव पुलिस ने फॉरेंसिक टीम की मदद से छानबीन में जुटी


 प्रयागराज डिप्टी सीएमओ का होटल के कमरे में फांसी से लटकता मिला शव


पुलिस ने फॉरेंसिक टीम की मदद से छानबीन में जुटी



उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में सीएमओ कार्यालय में तैनात डिप्टी सीएमओ की लाश एक होटल के कमरे में लटकती मिली है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने फॉरेंसिक टीम की मदद से छानबीन में जुट गई। कमरे में कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। मिली जानकारी के अनुसार पुलिस ने मृतक का मोबाइल कब्जे में ले लिया है। ये घटना सिविल लाइंस की है। वाराणसी के छोटा लालपुर पांडेयपुर निवासी डॉ सुनील कुमार सिंह प्रयागराज में तैनात थे। वाराणसी से प्रयागराज ड्यूटी पर आते-जाते थे। रविवार को वह अपने ड्राइवर सतीश के साथ प्रयागराज आए और सिविल लाइन स्थित एक होटल में रुक गए। जहां उन्होंने कमरा नंबर 106 में फांसी लगा ली। सोमवार सुबह जब उनके परिजन फोन करने लगे तो बात नहीं हो पा रही थी।


पुलिस की मौजूदगी में होटल कर्मचारियों ने कमरे का दरवाजा तोड़ा गया तो अंदर डॉक्टर फांसी के फंदे पर लटके मिले। पुलिस ने इस घटना की जानकारी उनके परिजनों को दे दी। फांसी लगाने की सूचना पर पुलिस आयुक्त रमित शर्मा, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त आकाश कुलहरि, जिला अधिकारी संजय खत्री समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचकर छानबीन की। पुलिस ने बताया कि अभी आत्महत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।