Wednesday, 15 January 2025

बदायूं परेड के बाद आपस में भिड़ गईं 2 महिला सिपाही पहले बाल पकड़कर खींचा, फिर एक-दूसरे को थप्पड़ मारे, एसएसपी ने किया निलंबित


 बदायूं परेड के बाद आपस में भिड़ गईं 2 महिला सिपाही



पहले बाल पकड़कर खींचा, फिर एक-दूसरे को थप्पड़ मारे, एसएसपी ने किया निलंबित



उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने मारपीट करने वाली दोनों महिला सिपाहियों को अनुशासनहीनता करने के आरोप में निलंबित कर दिया है। एसएसपी ने सीओ सिटी की जांच के आधार पर यह कार्रवाई की है। पुलिस लाइन मैदान में मंगलवार को 26 जनवरी की परेड की रिहर्सल शुरू हुई थी। परेड में एंटी भू-माफिया सेल में तैनात महिला सिपाही पूजा यादव और फैजगंज बेहटा थाने में तैनात लक्ष्मी सिंह जादौन भी शामिल हुईं। रिहर्सल समाप्त होने के बाद दोनों में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते दोनों एक-दूसरे से हाथापाई करने लगीं।


दोनों सिपाहियों ने पहले बाल पकड़कर खींचा, फिर एक-दूसरे के थप्पड़ मारे। जमकर लात-घूंसे चलाए। अन्य मौजूद पुलिसकर्मियों ने बमुश्किल महिला सिपाहियों को एक-दूसरे से अलग किया। मारपीट में दोनों महिला सिपाहियों के चेहरे पर खरोंच के निशान आ गए थे।

घटना की जानकारी एसएसपी तक पहुंची तो उन्होंने सीओ सिटी शक्ति सिंह को जांच सौंपी। सीओ सिटी की जांच में दोनों महिला सिपाही दोषी पाई गईं। इस पर एसएसपी ने महिला सिपाहियों को निलंबित कर दिया है। हालांकि अधिकारी यह नहीं बता रहे कि झगड़ा किस बात पर हुआ था।

आजमगढ़ गंभीरपुर घायल होमगार्ड की हुई मौत 23 दिसंबर को थाने में काटा था पागल सियार


 आजमगढ़ गंभीरपुर घायल होमगार्ड की हुई मौत


23 दिसंबर को थाने में काटा था पागल सियार


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के गंभीरपुर थाना परिसर में पागल सियार के हमले से घायल होमगार्ड की मंगलवार की शाम को वाराणसी में इलाज के दौरान मृत्यु हो गई, उसके बाद परिजन शव लेकर घर आए, सूचना पर पहुंची गंभीरपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


 जानकारी के मुताबिक गंभीरपुर थाना परिसर में 23 दिसंबर 2024 की रात्रि लगभग 9:00 बजे एक पागल सियार के हमले में कांस्टेबल अजीत पटेल व थाना क्षेत्र के अम्बरपुर गांव निवासी होमगार्ड चंद्र बदन चौहान पुत्र दिल्लू चौहान घायल हो गए थे। कांस्टेबल और होमगार्ड को बचाने में वहां पर मौजूद अन्य पुलिस कर्मियों को सियार को मारना पड़ गया था। वहीं मंगलवार को इलाज के दौरान चंद्र बदन चौहान 45 वर्ष पुत्र दिल्लू चौहान की बीएचयू में इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। सूचना पर पहुंची गंभीरपुर पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेज दिया। मृतक चार पुत्र व तीन पुत्री का पिता था पत्नी लालती देवी समेत पूरे परिवार का रो रो कर बुरा हाल है।

लखनऊ अब ये पुलिसकर्मी वेतन से होंगे वंचित डीजीपी मुख्यालय ने सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को 15 जनवरी तक का दिया समय


 लखनऊ अब ये पुलिसकर्मी वेतन से होंगे वंचित



डीजीपी मुख्यालय ने सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को 15 जनवरी तक का दिया समय



उत्तर प्रदेश लखनऊ अपनी चल और अचल संपत्तियों का ब्याेरा नहीं देने वाले पुलिसकर्मियों का जनवरी माह का वेतन जारी नहीं होगा। डीजीपी मुख्यालय ने सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बुधवार तक मानव संपदा पोर्टल पर वर्ष 2024 में अर्जित अपनी सभी चल-अचल संपत्तियों का ब्योरा देने का आदेश दिया है।


डीजीपी मुख्यालय ने सभी जिलों को इस बाबत निर्देश दिया है कि वह अपने अधीनस्थ पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से 15 जनवरी तक मानव संपदा पोर्टल पर उनकी संपत्तियों का ब्योरा दर्ज कराना सुनिश्चित करें। मुख्यालय ने बेहद कम तादाद में पुलिसकर्मियों द्वारा ब्याेरा उपलब्ध कराने पर नाराजगी जताते हुए चेतावनी दी है कि जिन पुलिसकर्मियों द्वारा तय समय पर अपनी चल-अचल संपत्ति का विवरण पोर्टल पर दर्ज नहीं किया जाएगा, उनके विरुद्ध उत्तर प्रदेश सरकारी सेवक (अनुशासन एवं अपील) नियमावली 1999 के प्राविधानों के तहत नियमानुसार अनुशासनिक कार्यवाही की जाएगी। जिसके बाद उनका जनवरी माह का वेतन जारी नहीं किया जाएगा। मुख्यालय ने इस संबंध में किसी भी प्रकार की शिथिलता नहीं बरतने को लेकर आगाह भी किया है।


बता दें कि बीते वर्ष भी पुलिसकर्मियों से उनकी संपत्तियों का ब्योरा तलब किया गया था। मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह द्वारा सख्ती बरतने के बाद अन्य विभागों की अपेक्षा पुलिस (गृह विभाग) के सर्वाधिक कर्मियों ( 99 फीसद से अधिक) ने संपत्तियों का ब्योरा उपलब्ध करा दिया था।






आजमगढ़ 26 जनवरी से इन मोटर साइकिल चालकों को नहीं मिलेगा पेट्रोल जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल ने सभी पेट्रोल पंप स्वामियों को जारी किया आदेश


 आजमगढ़ 26 जनवरी से इन मोटर साइकिल चालकों को नहीं मिलेगा पेट्रोल



जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल ने सभी पेट्रोल पंप स्वामियों को जारी किया आदेश


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल ने बताया कि जनपद में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता उत्पन्न करने तथा हेल्मेट न पहनने के कारण सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मृत्यु पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से परिवहन आयुक्त, उत्तर प्रदेश के द्वारा "नो हेल्मेट, नो फ्यूल" की रणनीति लागू करने की अपेक्षा की गयी है। केन्द्रीय मोटरयान अधिनियम, 1988 की धारा-129 एवं उ0प्र0 मोटर यान नियमावली-1998 के नियम-201 के अनुसार सभी मोटर साइकिल चालकों एवं सवारियों के लिए भारतीय मानक ब्यूरो (बी0आई0एस0) द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप प्रोटेक्टिव हेडगियर (हेल्मेट) पहनना अनिवार्य है। इन प्राविधानों का उल्लंघन केन्द्रीय मोटर यान अधिनियम-1988 की धारा-194 (घ) के तहत दण्डनीय है, जिसमें जुर्माने का प्राविधान है। 


इस सम्बन्ध में जनपद में स्थित सभी पेट्रोल पम्प संचालकों एवं स्वामियों को निर्देश दिये जाते हैं कि आगामी 7 दिवसों में अपने प्रांगण में इस आशय से बड़े-बड़े होर्डिंग लगायेंगे कि 26 जनवरी 2025 से किसी भी ऐसे दो पहिया वाहन चालक को पेट्रोल का विक्रय नहीं किया जायेगा, जिसके चालक एवं सहयोगी ने हेल्मेट नहीं पहना हो। सभी पेट्रोल संचालक एवं स्वामी यह भी सुनिश्चित करेंगे कि उनके प्रतिष्ठान में सी0सी0टी0वी0 कैमरा सदैव सक्रिय रहे ताकि किसी भी विवाद की स्थिति में सी0सी0टी0वी0 फुटेज का अवलोकन कर आवश्यक निर्णय लिया जा सके।

आजमगढ़ 16 जनवरी तक बंद रहेंगे कक्षा 8 तक के सभी स्कूल शीतलहर को देखते हुए जिलाधिकारी ने शीतकालीन अवकाश को बढ़ाया


 आजमगढ़ 16 जनवरी तक बंद रहेंगे कक्षा 8 तक के सभी स्कूल


शीतलहर को देखते हुए जिलाधिकारी ने शीतकालीन अवकाश को बढ़ाया



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल ने शीतलहर को देखते हुए सभी विद्यालयों में कक्षा आठ तक के विद्यार्थियों के शीतकालीन अवकाश को और बढ़ाया है। ठंड व शीतलहर को देखते हुए कक्षा 08 तक के विद्यालयों को 15 और 16 जनवरी 2025 को बंद रखने का निर्देश जारी किया गया है। 


इस संबंध में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राजीव पाठक ने निर्देश जारी किया है कि उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद के नियंत्रणाधीन संचालित समस्त परिषदीय विद्यालयों व मान्यता प्राप्त हिंदी व अंग्रेजी माध्यम के विद्यालयों को 16 जनवरी 2025 तक के लिए बंद किया गया है। सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे आदेश का कड़ाई से अनुपालन कराएंगे। प्रधानाध्यापक व शिक्षक पूर्व की भांति विभागीय कार्रवाई संपादित कराएंगे।

Tuesday, 14 January 2025

आगरा चाची ने करंट लगाकर नौ साल के भतीजे का किया कत्ल बचने के लिए शव को बाथरूम में छिपाया, गिरफ्तार


 आगरा चाची ने करंट लगाकर नौ साल के भतीजे का किया कत्ल


बचने के लिए शव को बाथरूम में छिपाया, गिरफ्तार



उत्तर प्रदेश के आगरा के थाना जगदीशपुरा के प्रेम नगर में नौ साल के आरव की बेरहमी से हत्या कर दी गई। कातिल कोई और नहीं बल्कि आरव की चाची निकली। चाचा का आरव को लेकर बेइंतहा प्यार उसके कत्ल की वजह बन गया। चाची गजना ने ईर्ष्या में भतीजे को कमरे में बुलाकर करंट लगाकर तड़पा-तड़पाकर मार डाला। बचने के लिए शव को बाथरूम में छिपा दिया। बाथरूम में बिजली का बोर्ड न होने से पुलिस ने हत्या की गुत्थी सुलझा ली। पुलिस ने आरोपी को जेल भेजा है।


पूजा वाली गली, प्रेम नगर निवासी जूता कारीगर रमेश का नौ वर्ष का बेटा आरव शनिवार दोपहर छत पर पतंग उड़ाने गया था। तभी लापता हो गया था। परिवार के लोगों ने तलाश की, लेकिन मिला नहीं। बाद में छत पर बने बाथरूम में वो मृत मिला। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में माैत का कारण करंट लगना आया। पुलिस ने फॉरेंसिक एक्सपर्ट की मदद से जांच की।


छत पर मृतक के चाचा राजवीर उर्फ वीर सिंह और उनकी पत्नी गजना रह रही थीं। परिवार के लोगों ने गजना पर ही शक जताया। वह घटना के समय अपने कमरे में माैजूद थी। परिवार के लोग बेटे की तलाश में सबसे पहले उसी से पूछने गए थे, उसने जानकारी होने से मना कर दिया था। बाद में बाथरूम में शव मिला।


एसीपी लोहामंडी मयंक तिवारी ने बताया कि जांच में पता चला कि बाथरूम के बाहर बिजली का बोर्ड था। आरव को करंट भी हाथ के पिछले हिस्से में लगा था। इससे हत्या का शक हुआ। आरव को करंट कैसे लगा, इस बिंदु पर जांच की गई। पुलिस ने प्रथम तल पर रहने वाली गजना से पूछताछ की।

कुशीनगर पुलिस मुठभेड़ में आजमगढ़ निवासी 2 बदमाशों को लगी गोली 3 गो तस्करों को पुलिस ने किया गिरफ्तार


 कुशीनगर पुलिस मुठभेड़ में आजमगढ़ निवासी 2 बदमाशों को लगी गोली



3 गो तस्करों को पुलिस ने किया गिरफ्तार




उत्तर प्रदेश के कुशीनगर मे तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के मधुरिया चौहान पट्टी घाघी नदी प्राचीन कुकुत्था नदी के करीब हाईवे पर सोमवार सुबह पुलिस और तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। इसमें पुलिस ने तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। मुखबिर की सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस ने हाईवे के करीब नाकाबंदी कर वाहन रोकने का प्रयास किया। इस पर फायरिंग कर तस्कर भागने की कोशिश करने लगे। जवाबी फायरिंग में पुलिस की गोली से दो तस्कर घायल हो गए। जबकि एक अन्य को पुलिस ने दौड़ाकर दबोच लिया। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्रा और एएसपी रितेश सिंह मौके का मुआयना किए।


पुलिस को सोमवार को भोर में सूचना मिली कि गोरखपुर के रास्ते कुछ शातिर पशु तस्कर ट्रक व पिकअप वाहन से एनएच-28 के रास्ते कुशीनगर में एंट्री कर चुके हैं। उनकी योजना गोवंश पशुओं को चोरी छिपे लादकर बिहार ले जाने की है। इस सूचना पर तत्काल योजना बनाते हुए पुलिस ने टीमों का गठन कर, कोतवाली हाटा, तुर्कपट्टी, तरयासुजान व थाना तमकुहीराज की संयुक्त पुलिस टीम ने थाना तुर्कपट्टी के घाघी पुल के पास घेराबंदी की। चेकिंग के दौरान एक ट्रक व एक पिकअप वाहन आते दिखाई दिए। इसको पुलिस टीम की ओर से रोकने का प्रयास किया गया तो वाहन में सवार पशु तस्कर ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग में दो तस्कर घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक इनकी पहचान जुम्मन पुत्र जूल्फन निवासी मेहियापार थाना अहरौला जनपद आजमगढ़, अंशु पुत्र राजू निवासी अम्बारी थाना फूलपुर जनपद आजमगढ़ और भोलू शिल्पकार पुत्र रामजीत निवासी रकबा जलालपुर थाना अहरौला जनपद आजमगढ़,के रूप में हुई।