आजमगढ़ सिधारी, तमंचे से हर्ष फायरिंग का वीडियो वायरल
कानून से खिलवाड़ करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई : सीओ सिटी
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद में अवैध असलहों की बरामदगी और हर्ष फायरिंग पर रोक लगाने के लिए आजमगढ़ पुलिस लगातार अभियान चला रही है। पुलिस समय-समय पर अवैध हथियारों के साथ आरोपियों की गिरफ्तारी कर रही है और सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई कर रही है। इसके बावजूद जिले में हर्ष फायरिंग और अवैध असलहों के प्रदर्शन से जुड़े वीडियो लगातार सामने आ रहे हैं, जिससे कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। ताजा मामला सिधारी थाना क्षेत्र का है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में एक युवक खुलेआम तमंचे से हर्ष फायरिंग करता दिखाई दे रहा है। वीडियो में युवक बिना किसी भय के लगातार फायरिंग करता नजर आ रहा है। वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में इसकी चर्चा तेज हो गई है और पुलिस की कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि फायरिंग करने वाले युवक की पहचान सिधारी थाना क्षेत्र के तिवारीपुर निवासी अभिनव के रूप में हुई है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। ऐसे में खुलेआम हर्ष फायरिंग का वीडियो सामने आने के बाद यह चर्चा तेज हो गई है कि लगातार पुलिस अभियान के बावजूद अपराधियों में कानून का भय क्यों नहीं दिखाई दे रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
सीओ सिटी शुभम तोदी ने बताया कि हर्ष फायरिंग करने वाले युवक की पहचान कर ली गई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर हर्ष फायरिंग करना कानूनन अपराध है और ऐसे मामलों में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है। गौरतलब है कि हर्ष फायरिंग के कारण प्रदेश के विभिन्न जिलों में कई बार गंभीर हादसे हो चुके हैं, जिनमें लोगों की जान तक गई है। ऐसे में इस तरह की घटनाएं न केवल कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती हैं, बल्कि आम लोगों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर चिंता का विषय बनी हुई हैं। अब लोगो की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि पुलिस अपने दावे के अनुरूप आरोपी को कितनी जल्द गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचाती है।

No comments:
Post a Comment