Thursday, 21 March 2024

बिजनौर चन्द्रशेखर आजाद इस सीट से लड़ेंगे चुनाव, नामांकन दाखिल करने पहुंचे


 बिजनौर चन्द्रशेखर आजाद इस सीट से लड़ेंगे चुनाव, नामांकन दाखिल करने पहुंचे




उत्तर प्रदेश बिजनौर आजाद समाज पार्टी सुप्रीमो चंद्रशेखर आजाद नगीना सुरक्षित सीट से चुनाव लड़ेंगे। बृहस्पतिवार को चंद्रशेखर आजाद नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए कलक्ट्रेट पहुंचे। नामांकन पत्र दाखिल का समय दोपहर तीन बजे तक है, लेकिन चंद्रशेखर 3.02 मिनट पर पहुंचे। इस कारण उनका नामांकन पत्र दाखिल नहीं हुआ। अब वह शुक्रवार को दाखिल करेंगे। आजाद समाज पार्टी के सुप्रीमो चंद्रशेखर आजाद ने बृहस्पतिवार को नामांकन पत्र दाखिल करने से पहले पत्रकार वार्ता की। उन्होंने कहा कि पार्टी के सीनियर नेताओं ने नगीना सीट से नामांकन कराने को कहा, वह नामांकन कराने आए हैं।


 कहा कि वह लंबे समय से नगीना की जनता के बीच है। उन्हें विश्वास है कि वह यहां से सांसद बनकर संसद पहुंचेंगे और यहां कि जनता की आवाज को उठाएंगे और उनके विकास के लिए काम करेंगे। सपा व बसपा पार्टी से गठबंधन के सवाल पर चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि आपस में अच्छे रिश्ते बनाने की कोशिश होती है, लेकिन नहीं हुई। उन्होंने जो निर्णय लिया वह अच्छा ही होगा। उन्होंने नगीना की जनता से गठबंधन कर लिया और वह जितनी मेहनत करेंगे उन्हें उतना फायदा होगा। कहां की भाजपा के राज में विकास कोशो दूर है और जनता परेशान है। उन्होंने कहा कि आज भी उनके नगीना क्षेत्र में कई कार्यक्रम है और वह जनता के बीच में है। उन्हें अच्छा समर्थन मिल रहा है। कहां कि अभी तक नगीना की जनता ने जिसे भी सांसद चुना वह लौटकर नहीं आया। मैं ही एक ऐसा व्यक्ति हूं जो बिना बुलाए जनता के बीच में रहता हूं।

आजमगढ़ गैंगस्टर मामले में मुख्तार अंसारी की हुई पेशी दरोगा की गवाही के बाद मिली तारीख


 आजमगढ़ गैंगस्टर मामले में मुख्तार अंसारी की हुई पेशी


दरोगा की गवाही के बाद मिली तारीख



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ मुख्तार अंसारी के खिलाफ जिले में दो मुकदमें चल रहे हैं। जिसमें पहला मजदूर हत्याकांड तो दूसरा इसी मामले में मुख्तार व उसके गुर्गों पर लगाए गए गैंगस्टर का मामला है। गैंगस्टर एक्ट में माफिया मुख्तार की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से गुरुवार को एमपीएमएलए कोर्ट के न्यायाधीश ओम प्रकाश वर्मा की अदालत में पेशी थी। जिसमें एक दरोगा की गवाही हुई और इसके बाद सुनवाई की अगली तारीख निर्धारित कर दी गई।


 तरवां थाना के ऐराकला में सड़क ठेके के विवाद को लेकर ठेकेदार पर मुख्तार अंसारी के गुर्गों ने फायरिंग किया था। संयोग से गोली ठेकेदार को नहीं लगी, लेकिन उसके दो मजदूर गोली से घायल हो गए। जिसमें एक की इलाज के दौरान वाराणसी में मौत हो गई थी। इस मामले में ठेकेदार ने तरवां थाने में हत्या का मुकदमा पंजीकृत कराया था। 


इसी मामले में पुलिस ने मुख्तार व उसके गैंग के सदस्यों पर गैंगस्टर की कार्रवाई की थी। गैंगस्टर का मुकदमा भी एमपीएमएलए कोर्ट के न्यायाधीश ओम प्रकाश वर्मा की अदालत में चल रहा है। गुरुवार को इस मुकदमें में तारीख थी। वीसी के माध्यम से मुख्तार बांदा जेल से कोर्ट में पेश हुआ। गुरुवार को इस मामले में गवाह के रूप में दरोगा प्रशांत कुमार की गवाही हुई। इसके बाद न्यायाधीश ने इस मामले में अगली सुनवाई के लिए 2 अप्रैल 2024 की तारीख निर्धारित कर दी।

आजमगढ़ कई व्यापारियों के ठिकानों पर इनकम टैक्स का छापा आईटी टीम की छोपेमारी से व्यापारियों में मचा हड़कंप


 आजमगढ़ कई व्यापारियों के ठिकानों पर इनकम टैक्स का छापा


आईटी टीम की छोपेमारी से व्यापारियों में मचा हड़कंप



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ जिले में गुरुवार की सुबह इनकम टैक्ट की टीम ने कई बड़े व्यापारियों के ठिकानों पर छापेमारी की कार्रवाई की। शहर से लेकर लालगंज कस्बे के व्यापारियों के ठिकानों पर आईटी टीम पहुंची। आईटी टीम की छोपेमारी से व्यापारियों में हड़कंप मच गया। कई बड़े प्रतिष्ठानों के ताले ही नहीं खुले। वहीं जो खुल चुके थे उन्होंने छापेमारी की जानकारी होते ही अपने-अपेन शटर गिरा दिए। इनकम टैक्स चोरी की सूचना पर आईटी टीम ने गुरुवार की सुबह एक साथ कई टीम गठित कर अलग-अलग व्यापारियों के यहां छापा मारने पहुंच गई। सुबह होते ही आईटी टीम की धमक से व्यापारियों में हड़कंप मच गया। टीम द्वारा शहर के पहाड़पुर व लालगंज कस्बा के गोला बाजार स्थित गल्ला व्यवसायी के यहां छापेमारी की सूचना है। 


बताया जाता है कि उक्त दोनों गल्ला व्यवसायी एफसीआई से जुड़ कर बड़े स्तर पर गेहूं व चावल की कालाबाजारी करते है। इन दोनों व्यापारियों के अलावा भी कई अन्य व्यापारियों के यहां टीम के दस्तक देने की सूचना आ रही है। हालांकि अभी कोई इसकी पुष्टि नहीं कर रहा है। फिलहाल आजमगढ़ के गल्ला व्यवसायी मनोज गुप्ता व लालगंज के गोलाबाजार निवासी गल्ला व्यवसायी राजेश गुप्ता के यहां आईटी टीम के दबिश की सूचना आ रही है। वहीं बड़े कारोबारियों के यहां आईटी टीम की दबिश के चलते कई बड़े कारोबारियों के प्रतिष्ठानों पर सुबह के 11 बजे तक ताले लटक रहे थे। जिन कारोबारियों ने अपने प्रतिष्ठान खोले भी थे वे शटर गिरा कर लापता हो गए।

Wednesday, 20 March 2024

आजमगढ़ बिलरियागंज पुलिस मुठभेड़ में टापटेन हिस्ट्रीशीटर व डी-87 गैंग के मुखिया को लगी गोली तमंचा कारतूस व एक मोटर साइकिल बरामद, एक अन्य साथी भी गिरफ्तार


 आजमगढ़ बिलरियागंज पुलिस मुठभेड़ में टापटेन हिस्ट्रीशीटर व डी-87 गैंग के मुखिया को लगी गोली


तमंचा कारतूस व एक मोटर साइकिल बरामद, एक अन्य साथी भी गिरफ्तार



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ जनपद के बिलरियागंज थाना पुलिस की बुधवार की भोर में अपराधियों से मूठभेड़ हो गई। इस घटना में डी-87 गैंग का मुखिया जहां पुलिस की गोली से घायल हो गया वहीं दूसरा आरोपी भी गिरफ्तार कर लिया गया। घायल अपराधी शातिर गोतस्कर है। पुलिस ने उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। मौके से पुलिस ने एक बाइक, तमंचा कारतूस व अपराधियों के पास से 850 रुपये नकद बरामद किया है। एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि बिलरियागंज पुलिस बुधवार की भोर में नसीरपुर मोड़ पर वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि शातिर अपराधी व गोतस्कर मोहम्मदपुर की तरफ से नसीरपुर की तरफ आने वाला है। 


इस सूचना पर पुलिस टीम ने नसीरपुर मोहम्मदपुर रोड पर बिलरियागंज मोड़ के पास घेराबंदी कर बदमाशों के आने का इंतजार कर रही थी। कुछ ही देर में एक बाइक सवार दो बदमाश आते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायर कर दिया। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लगी तो दूसरे को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। घायल बदमाश की पहचान डी-87 गैंग के मुखिया नौशाद निवासी मोहम्मदपुर थाना बिलरियागंज जनपद आजमगढ़ के रूप में की गई। उसे तत्काल जिला अस्पताल इलाज के लिए भेज दिया। 


वहीं पकड़े गए बदमाश ने अपना नाम शहनवाज निवासी नसीरुपुर थाना बिलरियागंज जनपद आजमगढ़ बताया। इनके पास से पुलिस ने बाइक, तमंचा-कारतूस व 850 रुपये नकद बरामद किया है। एएसपी चिराग जैन ने बताया कि पुलिस की गोली से घायल नौशाद डी-87 गैंग का लीडर है और उस पर 15 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। इतना ही नहीं वह थाने का टापटेन हिस्ट्रीशीटर अपराधी है।

प्रयागराज भाभी से झगड़ा होने पर बुआ ने 2 भतीजों की कर दी हत्या परिवार में मचा कोहराम


 प्रयागराज भाभी से झगड़ा होने पर बुआ ने 2 भतीजों की कर दी हत्या


परिवार में मचा कोहराम


उत्तर प्रदेश प्रयागराज मेजा थाना क्षेत्र के हरगढ़ गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। भाभी से झगड़ा होने पर आक्रोशित होकर महिला ने अपने भाई के दो बेटों को मौत के घाट उतार दिया। महिला मानसिक रूप से बीमार बताई जा रही है। उसने दोनों बच्चों के सिर पर पटरे से प्रहार कर दिया। जिससे दोनों लहूलुहान हो गए। अस्पताल में दोनों की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। 


घटना मंगलवार देर शाम की बताई जा रही है। बच्चों की मौत अस्पताल में देर रात हुई। संजय पुत्र शंकर भारतीय गांव हरगढ़ थाना मेजा के हरगढ़ गांव निवासी संजय के दो बच्चों लकी (5) और अभि (3) वर्ष को मौत के घाट उतार दिया गया। संजय की बहन पूजा (35) ने घटना को अंजाम दिया। पूजा करीब 10 वर्ष से मानसिक रूप से बीमार है। अपनी भाभी पार्वती से झगड़ा होने पर वह आपा खो बैठी और अपने दोनों भतीजों को पटरी से मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। जानकारी पाकर परिजन प्रयागराज अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां पर इलाज के दौरान दोनों बच्चों की मौत हो गई। परिजन मृतक बच्चों को लेकर वापस घर आए। बच्चों के पिता संजय मुंबई में मजदूरी करने गया था। जानकारी पाकर वापस घर आ रहे हैं।

बदायूं 2 भाइयों की हत्या का मुख्य आरोपी साजिद मुठभेड़ में ढेर इंस्पेक्टर को लगी गोली, आईसीयू में कराया गया भर्ती


 बदायूं 2 भाइयों की हत्या का मुख्य आरोपी साजिद मुठभेड़ में ढेर



इंस्पेक्टर को लगी गोली, आईसीयू में कराया गया भर्ती



उत्तर प्रदेश बदायूं की मंडी समिति पुलिस चौकी से लगभग 500 मीटर दूर बाबा कॉलोनी में मंगलवार शाम लगभग साढ़े छह बजे ठेकेदार विनोद ठाकुर के दो बेटों आयुष (13) और अहान (6) की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी गई। उनके मकान के सामने हेयर सैलून चलाने वाले साजिद ने अपने दो साथियों के साथ वारदात को अंजाम दिया। वारदात के तीन घंटे के बाद पुलिस ने मौके से करीब दो किमी दूर घेराबंदी कर आरोपी साजिद को मुठभेड़ में मार गिराया। मुठभेड़ में इंस्पेक्टर गौरव विश्नोई भी घायल हुए हैं।


 साजिद ने बड़ी ही बेरहमी से दोनों बच्चों का कत्ल किया। उसके हाथ बच्चों के खून से सने हुए थे। उसके पूरे शरीर पर खून ही खून लगा था। पुलिस के मुताबिक हत्यारोपी साजिद उनके घर से निकलकर भागा था। जब थाना पुलिस मौके पर पहुंची तो लोगों ने बताया कि हत्यारोपी खून से सना हुआ घर से बाहर निकलकर भागा हुआ है। इससे पुलिस उसके पीछे लग गई। इंस्पेक्टर गौरव बिश्नोई और एसओजी टीम उसे खोजती हुई शेखूपुर के जंगल में पहुंच गई। पुलिस के मुताबिक पहले आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिससे पुलिस को फायरिंग करनी पड़ी। इसमें हत्यारोपी साजिद मारा गया। तो वहीं इंस्पेक्टर गौरव बिश्नोई को भी गोली लग गई। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालत गंभीर होने पर इंस्पेक्टर को आईसीयू वार्ड में भर्ती कराया गया है। जहां उनका उपचार चल रहा है।


 आईजी डॉ. राकेश कुमार का कहना है कि हत्यारोपी घर से निकलकर भागा था। पुलिस उसका पीछा कर रही थी। पहले उसने गोली चलाई, फिर पुलिस ने फायरिंग की। इसमें आरोपी पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। घटना के तीन घंटे के भीतर आरोपी मुठभेड़ में ढेर हो गया। उसे दो गोलियां लगी हैं।

Tuesday, 19 March 2024

लखनऊ 2 लाख रूपया घूस लेते डिप्टी कमिश्नर गिरफ्तार 20 लाख के जीएसटी रिफंड के बदले मांगे थे रुपये


 लखनऊ 2 लाख रूपया घूस लेते डिप्टी कमिश्नर गिरफ्तार


20 लाख के जीएसटी रिफंड के बदले मांगे थे रुपये



उत्तर प्रदेश लखनऊ विजिलेंस ने राज्य कर विभाग के डिप्टी कमिश्नर धनेंद्र कुमार पांडेय को दो लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए मंगलवार को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। वह एक कंपनी से 20 लाख रुपये का जीएसटी रिफंड देने के बदले दो लाख रुपये मांग रहे थे। कंपनी ने इसकी शिकायत विजिलेंस की हेल्पलाइन पर की, जिसके बाद डिप्टी कमिश्नर को रिश्वत की रकम लेते हुए रंगे हाथों दबोच लिया गया। मिली जानकारी के मुताबिक विजिलेंस की टीम उससे विभूति खंड थाने में पूछताछ कर रही है। उन्हें बुधवार को अदालत में पेश किया जाएगा। बता दें कि विजिलेंस की हेल्पलाइन 9454401866 पर एक्सपोर्ट का काम करने वाली कंपनी आर्डेम डाटा सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधि ने शिकायत की थी कि राज्य कर के डिप्टी कमिश्नर धनेंद्र कुमार पांडेय उनकी कंपनी का जीएसटी रिफंड स्वीकृत करने के बदले दो लाख रुपये रिश्वत मांग रहे हैं। 


विजिलेंस के एसपी डॉ. अरविंद चतुर्वेदी ने शिकायतकर्ता को कार्यालय बुलाकर पूछताछ की तो उसने बताया कि केंद्र सरकार ने वस्तुओं और सेवाओं के निर्यात को बढ़ावा देने के लिए निर्यातकों को जीएसटी में विशेष छूट का प्राविधान किया है। यदि कोई फर्म निर्यात करने के प्रयोजन से विभिन्न वस्तुओं एवं सेवाओं के क्रय पर विभिन्न दरों से जीएसटी का भुगतान करती है, तो वह फर्म अपने ऐसे खर्चों पर दिए गये जीएसटी का रिफंड क्लेम कर सकती है। शिकायतकर्ता ने बताया कि उनकी कंपनी पिछले कई वर्षों से अमेरिका की कंपनी द्वारा उपलब्ध कराए गये स्कैन्ड डाटा शीट्स को एक डैशबोर्ड में डिजिटल फार्म में तैयार कर वापस भेजती है।


 शिकायत सही पाए जाने पर एसपी डॉ. अरविंद चतुर्वेदी ने अपनी टीम को डिप्टी कमिश्नर को ट्रैप करने भेजा। टीम ने शिकायतकर्ता को शाम चार बजे दो लाख रुपये देकर भेजा, जिस पर केमिकल लगा था। जैसे ही डिप्टी कमिश्नर ने रिश्वत की रकम अपने हाथ में ली, उसे दबोच लिया गया। डिप्टी कमिश्नर के खिलाफ विजिलेंस के लखनऊ सेक्टर में मुकदमा दर्ज किया गया है।