Thursday, 8 May 2025

जौनपुर थाना बक्सा पुलिस टीम द्वारा अपहरण के आरोपी अभियुक्त को किया गया गिरफ्तार



 जौनपुर थाना बक्सा पुलिस टीम द्वारा अपहरण के आरोपी अभियुक्त को किया गया गिरफ्तार



उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के थाना बक्सा पुलिस द्वारा थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक राकेश कुमार राय मय हमराही कर्मचारीगण के थाना स्थानीय पर पंजीकृत मु.अ.सं. 324/2024 धारा 137(2) बीएनएस आरोपी अभियुक्त करन कुमार गिरी पुत्र रामसागर गिरी निवासी ग्राम कसेरवा थाना मीरगंज, जनपद जौनपुर उम्र करीब 24 वर्ष को मुखबिर की सुचना पर भोलेनाथ मन्दिर तिराहा धनियामऊ से आज दिनांक 08.05.2025 को समय 09.15 बजे गिरफ्तार कर अग्रेतर विधिक कार्यवाही की जा रही है।


गिरफ्तार अभियुक्त का नाम पता-

1. करन कुमार गिरी पुत्र रामसागर गिरी निवासी ग्राम कसेरवा थाना मीरगंज, जौनपुर।


गिरफ्तार करने वाली टीम का  विवरण-

1. उपनिरीक्षक राकेश कुमार राय थाना बक्शा, जौनपुर।

2. का. अमरजीत कन्नौजिया थाना बक्शा, जौनपुर।

3. म.का. सरिता यादव थाना बक्शा, जौनपुर।

कन्नौज देवर के लिए पति को छोड़ा, उसने भी घर से निकाला अब महिला खुद को अकेला पाकर एसपी से लगाई न्याय की गुहार


 कन्नौज देवर के लिए पति को छोड़ा, उसने भी घर से निकाला


अब महिला खुद को अकेला पाकर एसपी से लगाई न्याय की गुहार



उत्तर प्रदेश के कन्नौज से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां एक महिला ने देवर के प्यार में पति से दूरी बना ली। लेकिन चार साल बाद देवर ने भी महिला का साथ छोड़ दिया। अब महिला खुद को अकेला पाकर एसपी से न्याय की गुहार लगाई है। उधर, पुलिस ने भी तहरीर मिलने के बाद मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।


ऐ मामला छिबरामऊ क्षेत्र के सौरिख थाना क्षेत्र का है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक एक महिला ने एसपी को शिकायती पत्र देते हुए बताया कि उसी शादी करीब 20 साल पहले हुई थी। उसके दो बच्चे भी हैं। महिला का पति बाहर प्राइवेट नौकरी करता है। पति की गैर मौजूदगी में उसका देवर उस पर बुरी नजर रखता था। धीरे-धीरे उसने दबाव में लेकर उससे शारीरिक संबंध बना लिए। फिर उसे हमेशा शादी करने का झांसा देता रहा। देवर से उसके संबंधों की जानकारी होने पर उसके पति ने भी उसे छोड़ दिया पिछले 4 साल से उसका देवर उसका शारीरिक शोषण कर रहा है अब उसने शादी से मना कर दिया।


महिला का आरोप है कि उसका देवर कही और शादी करने जा रहा है। ऐसे में अब वो उसके बिना नहीं रह सकती। उधर, पुलिस ने भी तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही ये मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। आसपास के लोगों का कहना है कि महिला अब न घर की रही और न घाट कि जैसा किया वैसा उसे मिला है।

Wednesday, 7 May 2025

आजमगढ़ सर्वोदय पब्लिक स्कूल में राष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ी प्रिया चौहान को किया गया सम्मानित कोटा राजस्थान में आयोजित कुश्ती प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीत उत्तर प्रदेश का नाम किया रोशन


 आजमगढ़ सर्वोदय पब्लिक स्कूल में राष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ी प्रिया चौहान को किया गया सम्मानित



कोटा राजस्थान में आयोजित कुश्ती प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीत उत्तर प्रदेश का नाम किया रोशन


उत्तर प्रदेश, आजमगढ़ कोटा राजस्थान में आयोजित अण्डर-20 जूनियर पुरुष/महिला राष्ट्रीय चैम्पियनशिप 2025 में आजमगढ़ की प्रिया चौहान ने 55 किग्रा0 भार में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया तथा कांस्य पदक जीत कर उत्तर प्रदेश का नाम रौशन किया। प्रिया चौहान वर्तमान समय में सुखदेव पहलवान स्पोर्ट्स स्टेडियम में तैनात जय प्रकाश यादव उप क्रीडाधिकारी एवं गोविन्द यादव कुश्ती प्रशिक्षक की देख रेख में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। 


सर्वोदय पब्लिक स्कूल में प्रिया चौहान को जनपद एवं प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए जिला कुश्ती संघ के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद यादव द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर पदक प्राप्त खिलाड़ी को साल, मोमेंटो एवं आर्थिक सहयोग करके सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विजय शंकर यादव एवं आनंद देव उपाध्याय उपाध्यक्ष कुश्ती संघ, शंभू नाथ यादव पूर्व प्रमुख ,राधा मोहन गोयल, जयप्रकाश यादव, राम अवध यादव, युगांत उपाध्याय, प्रवीण कुमार यादव, सत्यवान यादव, रामवृक्ष यादव ,विमल यादव,गोविन्द यादव, आदि कुश्ती प्रेमियों ने हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

Tuesday, 6 May 2025

आजमगढ़ कंधरापुर बाइक-ट्रक की टक्कर में एक की मौत, महिला के दोनों पैर क्षतिग्रस्त ओवरटेक करते समय नियंत्रण खोने से हुआ हादसा


 आजमगढ़ कंधरापुर बाइक-ट्रक की टक्कर में एक की मौत, महिला के दोनों पैर क्षतिग्रस्त



ओवरटेक करते समय नियंत्रण खोने से हुआ हादसा



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के कंधरापुर थाना क्षेत्र के नामदारपुर के पास मंगलवार को सुबह करीब 11 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बाइक सवार ने ट्रक को ओवरटेक करने के दौरान नियंत्रण खो दिया और बाइक ट्रक के पिछले चक्के में जा घुसी। इस हादसे में बाइक पर सवार 19 वर्षीय सलीम की मौके पर ही कुचलकर मौत हो गई, जबकि 30 वर्षीय आरफा के दोनों पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और बाइक चालक 45 वर्षीय हसीब गंभीर रूप से घायल हो गया।


मुबारकपुर थाना क्षेत्र के असाऊर गांव निवासी हसीब अपने छोटे भाई की पत्नी आरफा और उनके बेटे सलीम को लेकर बाइक से आजमगढ़ सलीम के इलाज के लिए डॉक्टर के पास जा रहे थे। नामदारपुर के पास ट्रक को ओवरटेक करने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर ट्रक के पिछले चक्के में जा घुसी। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल एंबुलेंस बुलाकर घायल आरफा और हसीब को जिला चिकित्सालय भिजवाया।


सूचना मिलते ही कंधरापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया। पुलिस ने ट्रक और बाइक को भी कब्जे में ले लिया है। हादसे की सूचना मृतक और घायलों के परिजनों को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

Monday, 5 May 2025

आजमगढ़ निजी स्कूलों में एनसीईआरटी की पुस्तकों का उपयोग अनिवार्य उल्लंघन पर 1 लाख रुपये का जुर्माना, स्कूल प्रबंधक और प्रधानाध्यापक होंगे जिम्मेदार-बीएसए


 आजमगढ़ निजी स्कूलों में एनसीईआरटी की पुस्तकों का उपयोग अनिवार्य




उल्लंघन पर 1 लाख रुपये का जुर्माना, स्कूल प्रबंधक और प्रधानाध्यापक होंगे जिम्मेदार-बीएसए



उत्तर प्रदेश, आजमगढ़ जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने निजी स्कूलों में निजी प्रकाशकों की महंगी किताबों के उपयोग पर कड़ा रुख अपनाते हुए एक महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है। यह आदेश उत्तर प्रदेश अभिभावक महासंघ की शिकायत के आधार पर जारी किया गया है, जिसमें निजी स्कूलों और प्रकाशकों के बीच सांठ-गांठ की बात सामने आई थी। इस सांठ-गांठ के कारण अभिभावकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा था।


उत्तर प्रदेश अभिभावक महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष युधिष्ठिर दूबे और प्रदेश महासचिव गोविंद दूबे ने समन्वित जन शिकायत पोर्टल के माध्यम से 3 अप्रैल को जिलाधिकारी, जो स्ववित्तपोषित स्वतंत्र विद्यालय शुल्क समिति के अध्यक्ष भी हैं, को एक शिकायती पत्र सौंपा था। पत्र में आरोप लगाया गया कि निजी स्कूल प्रबंधक और निजी प्रकाशकों की मिलीभगत से स्कूलों में महंगी निजी प्रकाशकों की किताबें पढ़ाई जा रही हैं। इससे अभिभावकों को अत्यधिक खर्च वहन करना पड़ रहा है, जो उनकी आर्थिक स्थिति पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रहा है।


शिकायत के आधार पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने जनपद के सभी अशासकीय सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त, और अन्य निजीतंत्र के प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों के प्रबंधकों और प्रधानाध्यापकों को सख्त निर्देश जारी किए कि स्कूलों को एनसीईआरटी की पुस्तकों का उपयोग अनिवार्य रूप से करना होगा। निजी प्रकाशकों की पुस्तकों का उपयोग या छात्रों को बुक सेलर से किताबें खरीदने के लिए बाध्य करने पर उत्तर प्रदेश स्ववित्तपोषित स्वतंत्र विद्यालय (शुल्क विनियम) अधिनियम, 2018 के तहत पहली बार 1 लाख रुपये का जुमार्ना लगाया जाएगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी स्कूल प्रबंधक और प्रधानाध्यापक की होगी। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी स्कूलों को निर्देश दिया है कि इस आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें, अन्यथा कठोर कार्रवाई की जाएगी।

आजमगढ़ मुबारकपुर ननद-भौजाई को पुलिस ने किया गिरफ्तार डीएलएड परीक्षा के दौरान दूसरे के स्थान परीक्षा देने का मामला पकड़े जाने के बाद अधिकारियों को चकमा देकर हो गई थी फरार


 आजमगढ़ मुबारकपुर ननद-भौजाई को पुलिस ने किया गिरफ्तार



डीएलएड परीक्षा के दौरान दूसरे के स्थान परीक्षा देने का मामला


पकड़े जाने के बाद अधिकारियों को चकमा देकर हो गई थी फरार


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद की मुबारकपुर थाना पुलिस ने बीते 9 अप्रैल 2025 को जनपद में सम्पन्न हुई डीएलएड परीक्षा में भाभी की जगह पर परीक्षा दे रही ननद सहित भाभी को गिरफ्तार कर लिया। बता दें कि परीक्षा के दौरान पकड़े जाने के बाद अभियुक्ता अधिकारियों को चमका देकर फरार हो गयी थी।


बताते चलें कि जनपद में 9 अप्रैल 2025 को डीएलएड की परीक्षा सम्पन्न कराई गई। इस दौरान राजकीय इण्टर कालेज जमुड़ी में निरीक्षण के दौरान कक्ष संख्या चार में एक छात्रा का आधार संदिग्ध मिलने पर जांच की गई तो पाया कि वह अपनी भाभी के स्थान पर परीक्षा दे रही थी। परीक्षा दे रही रितू चौहान पुत्री मनमोहन चौहान निवासी कोकिलपार थाना जीयनपुर के खिलाफ प्रधानाचार्य अंगद मौर्य की तहरीर पर मुबारकपुर थाने मुकदमा दर्ज किया गया। मामले में दिलचस्प पहलू यह रहा कि पकड़े जाने के बाद सह जिला विद्यालय निरीक्षक व विद्यालय प्रबन्धन तंत्र की उपस्थिति में ही रितू चौहान सबको चकमा देते हुए मौके से फरार हो गयी थी। उक्त मामले में मुबारकपुर थाने के उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने अभियुक्ता रितू चौहान पुत्री मनमोहन चौहान व किरन चौहान पुत्री जयराम चौहान निवासी सिरही सुरहिया थाना रौनापार को सठियांव चौराहे के पास से सुबह 08.05 बजे पकड़ लिया गया।

बदायूं शादी से पहले हार्ट अटैक से दुल्हन की मौत रात में अचानक बिगड़ी थी तबीयत, मातम में बदलीं खुशियां


 बदायूं शादी से पहले हार्ट अटैक से दुल्हन की मौत



रात में अचानक बिगड़ी थी तबीयत, मातम में बदलीं खुशियां



उत्तर प्रदेश के बदायूं जनपद के इस्लामनगर थाना क्षेत्र के गांव नूरपुर पिनौनी में शादी से चंद घंटे पहले दुल्हन की मौत हो गई। सोमवार को मुरादाबाद से बरात आनी थी, लेकिन रविवार की रात अचानक दुल्हन की तबीयत बिगड़ गई। कुछ ही पलों में उसकी सांसें थम गईं। हार्ट अटैक से मौत की आशंका जताई गई है। इस घटना से शादी की खुशियां मातम में बदल गई। लड़का पक्ष को सूचना मिली तो वहां भी मातम छा गया।


नूरपुर पिनौनी निवासी दिनेश पाल सिंह की 20 वर्षीय बेटी दीक्षा की शादी मुरादाबाद में तय हुई थी। सोमवार को उसकी बरात गांव में ही आनी थी। इसको लेकर तैयारियां चल रही थीं। परिवार के सभी सदस्य डांस करके रात 12 बजे सोने को गए। परिजनों ने बताया कि रात को करीब डेढ़ बजे दीक्षा के पेट में दर्द उठा और वह टॉयलेट गई। वहीं उसकी हालत ज्यादा खराब हो गई।


घरवालों ने बताया कि टॉयलेट में ही उसकी बहुत तेजी से सांस आ रही थी। लड़की की मां सरोज ने उसे संभाला, तब तक उसकी गर्दन अकड़ गई। आनन फानन गांव के ही चिकित्सक को बुलाया, तब तक दीक्षा की सांस थम गईं। दुल्हन की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। दिनेश पाल सिंह के चार बेटों में से दीक्षा इकलौती और सबसे बड़ी थी। वह इस्लामनगर के एक डिग्री कॉलेज से बीए की पढ़ाई कर रही थी। परिवार वालों के मुताबिक उसे दिल की बीमारी थी। दिल्ली से उसका उपचार चल रहा था। आशंका है कि हार्ट अटैक से दुल्हन की मौत हुई है। दीक्षा ने अपनी हल्दी में खूब फोटो शूट कराएं। इसको परिवार के व्हाट्सएप ग्रुप और सोशल मीडिया में भी शेयर किया। इसी तरह मेहंदी में भी दुल्हन की तरह सजकर फोटो शूट कराया। शादी से पहले दुल्हन की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।