आजमगढ़ में न्यायिक अधिकारियों का बड़ा फेरबदल, 10 अधिकारियों के तबादले
वार्षिक ट्रांसफर सूची में कई अपर जिला जज व न्यायिक अधिकारियों का स्थानांतरण
उत्तर प्रदेश आजमगढ़, इलाहाबाद हाईकोर्ट ने रविवार को न्यायिक अधिकारियों की वार्षिक स्थानांतरण सूची जारी कर दी, जिसमें आजमगढ़ जिले के 10 न्यायिक अधिकारी शामिल हैं। इस फेरबदल के तहत कई महत्वपूर्ण पदों पर तैनात अधिकारियों के तबादले किए गए हैं।
सूची के अनुसार, अपर जिला जज संतोष कुमार यादव और फैमिली कोर्ट में तैनात अपर जिला जज संदीपा यादव का स्थानांतरण बरेली कर दिया गया है। वहीं फैमिली कोर्ट के अपर जिला जज प्रेम शंकर को शाहजहांपुर भेजा गया है। इसके अलावा कुशीनगर के पडरौना में तैनात अपर जिला जज दिनेश कुमार द्वितीय, लखनऊ में अपर जिला जज दिनेश मिश्रा और शाहजहांपुर में तैनात अपर जिला जज ओम प्रकाश मिश्रा को आजमगढ़ स्थानांतरित किया गया है।
लखनऊ में स्पेशल सेक्रेटरी एलआर बालकृष्ण एन राजन को भी आजमगढ़ भेजा गया है। अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मिनल वर्मा का तबादला अयोध्या किया गया है। जूनियर डिविजन की मुंसिफ सिटी जागृति को हापुड़ भेजा गया है। बूढ़नपुर ग्रामीण न्यायालय के न्यायिक अधिकारी रविंद्र रावत को बाराबंकी के रामनगर ग्रामीण न्यायालय में तैनाती दी गई है। इसी क्रम में लालगंज ग्रामीण न्यायालय के जज पुनीत मोहन दास को फिरोजाबाद के जसराना, फूलपुर ग्रामीण न्यायालय के जज अर्स आनंद को शाहजहांपुर के पुवायां तथा मेंहनगर ग्रामीण न्यायालय के जज तारिफ मुस्तफा को रायबरेली के लालगंज ग्रामीण न्यायालय स्थानांतरित किया गया है।
वहीं अन्य तबादलों में एडिशनल सीजेएम शोभित बंसल को रामपुर से आजमगढ़, प्रवीण प्रियदर्शी को बागपत के बरौत से मेंहनगर ग्रामीण न्यायालय, जावेद को जसराना से बूढ़नपुर ग्रामीण न्यायालय, अफीफा इरफान को मथुरा से आजमगढ़ के लालगंज ग्रामीण न्यायालय तथा कामाक्षी सागर को मेरठ से आजमगढ़ के फूलपुर ग्रामीण न्यायालय भेजा गया है। इस व्यापक तबादला सूची से न्यायिक व्यवस्था में प्रशासनिक बदलाव की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

No comments:
Post a Comment