Sunday, 8 September 2024

आजमगढ़ शहर कोतवाली पुरानी रंजिश को लेकर दबंगों ने युवती को पीटा परिजनों का आरोप, पुलिस के सामने हुई घटना


 आजमगढ़ शहर कोतवाली पुरानी रंजिश को लेकर दबंगों ने युवती को पीटा


परिजनों का आरोप, पुलिस के सामने हुई घटना




उत्तर प्रदेश आजमगढ़ शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के गुरूटोला मोहल्ले में शनिवार की देर रात पुरानी रंजीश को लेकर दो पक्षो में मारपीट हो गई। इस मारपीट में 18 वर्षीय शालीनी गौंड पुत्री विरेन्द्र गौड निवासी गुरूटोला गम्भीर रूप से घायल हो गई। जिसे इलाज हेतु परिजनों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़िता के परिजनों ने कोतवाली में तहरीर देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है। 


पीड़िता की मां का कहना था कि पुराने झगड़े के मामले में मेरे देवर जमानत करा कर घर आये थे। जिसे पूछते हुए पुलिस भी आ गई। जमानत के कागजात दिखाने पर उसे फर्जी बताते हुए ले जाने लगी। तो हम लोग भी पीछे जाने लगे तभी ये विपक्षी लोग आये और पुलिस वालों के सामने ही हम लोगों को मारने पीटने लगे। जिसमें मेरी बेटी शालीनी गम्भीर रूप से घायल हो गई। जिसे इलाज के लिए हम लोग देर रात जिला अस्पताल में भर्ती कराए। यह सब पुलिस के सामने होता रहा मगर पुलिस कुछ नहीं बोली। आज हम लोगों ने शहर कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग किये है।

आजमगढ़ लालगंज एक ही परिवार के 3 लोगों को सांप ने डंसा, मासूम की मौत, 2 गंभीर बीती रात बिस्तर पर चढ़कर सांप ने बनाया निशाना


 आजमगढ़ लालगंज एक ही परिवार के 3 लोगों को सांप ने डंसा, मासूम की मौत, 2 गंभीर


बीती रात बिस्तर पर चढ़कर सांप ने बनाया निशाना




उत्तर प्रदेश आजमगढ़ लालगंज विकास खण्ड में सर्पदंश की घटना ने सबको झकझोर कर रख दिया। सर्पदंश से जहां एक मासूम की मौत हो गयी, वहीं दो अन्य लोग अभी अभी जिन्दगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं। सबसे बड़ी बात यह है कि यह घटना एक ही परिवार में घटित हुई। घटना के बाद परिवार सहित गांव में कोहराम मचा हुआ है।


ग्राम सलेमपुर के दलित बस्ती निवासी बाबूलाल पुत्र नहकू के घर शनिवार को रात करीब लगभग 10 बजे बहू इंद्रकला उम्र 32 वर्ष पत्नी शेखर राज अपने छोटे बेटे विराट उम्र 1 वर्ष को बिस्तर पर सुला कर घर का कार्य समेट रही थी। इस दौरान बिस्तर पर सो रहे विराट को सर्प ने काट लिया, काटने के बाद सर्प बिस्तर पर ही पड़ा रहा, जब मां इन्द्रकला सब काम निपटाने के बाद बेटी स्वीटी उम्र 8 वर्ष को लेकर बिस्तर पर सोने गई तो सर्प को नहीं देख पाई। मौका पाकर सर्प ने बेटी स्वीटी को लपेट कर काटना शुरू कर दिया। मां ने बच्ची से सर्प से छुड़ाने का अथक प्रयास किया, इस दौरान सर्प ने मां को भी काट लिया। आवाज सुनकर परिजन दौड़े हुए आए, सर्प घर में कहीं छिप गया। आनन-फानन में ग्रामीणों ने संयुक्त सौ शैय्या अस्पताल मां, बेटी, बेटे को इलाज के लिए लाया जहां डाक्टर द्वारा तीनों को जौनपुर के लिए रेफर कर दिया गया। 


जौनपुर में हालत बिगड़ने पर डाक्टरों ने वाराणसी के लिऐ रेफर कर दिया जहां इलाज के दौरान आज सुबह लगभग 5 बजे पुत्र विराट 1 वर्ष का देहांत हो गया, जबकि मां-बेटी की अवस्था नाजुक बताई जा रही है। दोनों आईसीयू में भर्ती हैं। मृतक विराट को घर लाया गया। पिता शेखर राज जो कि मुंबई में हैं उनके आने का इंतजार हो रहा है, जिसके बाद अंतिम संस्कार किया जायेगा। मौके पर ग्रामवासी रात से ही मौके पर मौजूद हैं।

गोण्डा थाना इटियाथोक क्षेत्रान्तर्गत हुई महिला की हत्या की घटना का सफल अनावरण, 01 अभियुक्त गिरफ्तार, आलाकत्ल चाकू व खूनालूदा कपड़े बरामद


 

गोण्डा थाना इटियाथोक क्षेत्रान्तर्गत हुई महिला की हत्या की घटना का सफल अनावरण,


 01 अभियुक्त गिरफ्तार, आलाकत्ल चाकू व खूनालूदा कपड़े बरामद



उत्तर प्रदेश गोण्डा पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल द्वारा अपराध एवं अपराधियों के विरूद्ध चलाये जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी मनोज कुमार रावत के पर्यवेक्षण व क्षेत्राधिकारी सदर सुश्री शिल्पा वर्मा के नेतृत्व में थाना इटियाथोक पुलिस टीम द्वारा थाना स्थानीय में पंजीकृत मु0अ0सं0-316/24, धारा 103(1) बीएनएस की घटना का सफल अनावरण करते हुए आरोपी अभियुक्त अलाउद्दीन उर्फ अलाऊ पुत्र अय्यूब नि0 धर्मेई थाना इटियाथोक जनपद गोण्डा को ग्राम धर्मेई से गिरफ्तार कर आलाकत्ल चाकू व खूनालूदा कपड़े बरामद किया गया। 


दिनांक 05.09.2024 को समय करीब 16ः30 बजे ग्राम धर्मेई के पूर्व प्रधान द्वारा थाना इटियाथोक पर सूचना दी गयी कि उसके गांव की रहने वाली परवीन बेगम पत्नी अलाउद्दीन उर्फ अलाऊ पुत्र अय्यूब की किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा धारदार हथियार से गले में वार कर हत्या कर दी गयी है। सूचना पर थाना स्थानीय पुलिस एवं उच्चाधिकारीगणों द्वारा मौके पर पहुॅचकर घटना स्थल की जांच की गयी तथा फील्ड यूनिट/डाॅग स्क्वायड को घटना स्थल पर बुलाकर साक्ष्य संकलन की कार्यवाही की गयी। शव के पंचायतनामा की कार्यवाही कर पोस्टमार्टम हेतु भिजवाया गया। मृतका के भाई शकील अहमद पुत्र खलील अहमद नि0 हर्रैया झूमन थाना इटियाथोक जनपद गोण्डा की तहरीर पर थाना इटियाथोक में अज्ञात अभियुक्त के विरूद्ध सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत हुआ। 


पुलिस अधीक्षक गोण्डा विनीत जायसवाल द्वारा अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी मनोज कुमार रावत के पर्यवेक्षण में पुलिस टीमों का गठन कर प्र0नि0 इटियाथोक को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए थे तथा घटना के जल्द से जल्द अनावरण हेतु एस0ओ0जी0/सर्विलांस टीम को भी लगाया गया था। आज दिनांक 08.09.2024 को थाना इटियाथोक व एस0ओ0जी0/सर्विलांस की संयुक्त टीम द्वारा विवेचना के दौरान प्राप्त साक्ष्य संकलन व इलेक्ट्रानिक/मैनुअल साक्ष्यों के आधार पर घटना का सफल अनावरण करते हुए आरोपी अभियुक्त अलाउद्दीन उर्फ अलाऊ पुत्र अय्यूब को ग्राम धर्मेई से गिरफ्तार कर आलाकत्ल चाकू व खूनालूदा  कपड़े बरामद किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त के विरूद्ध थाना इटियाथोक पुलिस द्वारा अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। 


पूछताछ का विवरण-

अभियुक्त से पूछताछ के दौरान ज्ञात हुआ कि उसके और उसकी पत्नी के बीच आए दिन किसी न किसी बात को लेकर झगड़ा होता था। घटना वाले दिन दिनांक 05.09.2024 की सुबह खाना बनाने की बात को लेकर उसकी पत्नी (परवीन बेगम) से उसका विवाद हुआ था। विवाद के उपरान्त अभियुक्त बिना खाना खाये ई-रिक्शा लेकर काम पर चला गया था। कुछ देर उपरान्त पुनः मोबाइल से खाना खाने की बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ जिसमे पत्नी द्वारा फोन पर पति को काफी भला बुरा कहा गया। अभियुक्त अलाउद्दीन उर्फ अलाऊ लगभग 1ः00 बजे पुनः घर वापस आया और पत्नी को सोता देखकर गुस्से में किचन से चाकू लेकर अपनी पत्नी के गले में वार कर उसकी हत्या कर दी थी। 


गिरफ्तार अभियुक्त-

01. अलाउद्दीन उर्फ अलाऊ पुत्र अय्यूब नि0 धर्मेई थाना इटियाथोक जनपद गोण्डा।


पंजीकृत अभियोग-

01. मु0अ0सं0-316/24, धारा 103(1) बीएनएस थाना इटियाथोक जनपद गोण्डा। 


बरामदगी-

01. आलाकत्ल चाकू।

02. खूनालूदा कपड़े।


गिरफ्तार कर्ता टीम-

01. प्र0नि0 दुर्ग विजय सिंह थाना इटियाथोक।

02. व0उ0नि0 गोपाल सिंह।

03. उ0नि0 धर्मराज शर्मा।

04. हे0का0 दिनेश मद्देशिया।

05. हे0का0 संजय निषाद।

06. का0 आदित्य राय।

07. का0 शशांक द्विवेदी।

08. एस0ओ0जी0/सर्विलांस टीम।

आजमगढ़ मुबारकपुर मार्ग दुर्घटना में शिक्षक की हुई मौत मोटर साईकिल से जाते समय अज्ञात वाहन ने मारा धक्का


 आजमगढ़ मुबारकपुर मार्ग दुर्घटना में शिक्षक की हुई मौत


मोटर साईकिल से जाते समय अज्ञात वाहन ने मारा धक्का




उत्तर प्रदेश आजमगढ़ जिले के मुबारकपुर थाना क्षेत्र के बनकट बाजार में रविवार की भोर में अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। मिली जानकारी के मुताबिक इस घटना में अजमतगढ़ ब्लाक के इंग्लिश मीडियम प्राइमरी स्कूल भरौली प्रथम में शिक्षक के पद पर तैनात राजू प्रसाद घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। 


मऊ जिले के मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के वलीदपुर भीरा निवासी राजू प्रसाद (39) अजमतगढ़ ब्लाक के इंग्लिश मीडियम प्राइमरी स्कूल भरौली प्रथम पर सहायक अध्यापक पद पर कार्यरत थे। वह किराये का मकान लेकर जीयनपुर बाजार में रहते थे। रविवार की भोर में वह बाइक से आजमगढ़ जा रहे थे। अभी वह मुबारकपुर थाना क्षेत्र के बनकट बाजार में पहुंचे ही थे कि अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल आजमगढ़ में भर्ती कराया गया, जहां सुबह लगभग पांच बजे उनकी मौत हो गई।


सूचना मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। घरवालों का रो-रो कर बुरा हो गया है। मृतक राजू कुमार तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। पुलिस ने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के भाई अजय गुप्ता ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मुबारकपुर थाने में तहरीर दी।

मथुरा यूपी पुलिस के सिपाही को मारी गोली, हालत गंभीर 4 आरोपियों पर दर्ज हुआ मुकदमा


 मथुरा यूपी पुलिस के सिपाही को मारी गोली, हालत गंभीर


4 आरोपियों पर दर्ज हुआ मुकदमा



उत्तर प्रदेश मथुरा के सदर बाजार थाने के सैन्य क्षेत्र स्थित टैंक चौराहा के पास शनिवार देर रात बदायूं में तैनात सिपाही को उसके परिचितों ने झगड़े के दौरान गर्दन में गोली मार दी। घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है । घायल सिपाही को महिला थाना इंस्पेक्टर रंजना सचान ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से उसे हालत गंभीर होने पर एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया है। सूचना पर एसएसपी, एसपी सिटी समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की टीम लगातार दबिश दे ही है। शनिवार देर रात बदायूं जिले में तैनात सिपाही अजीत पुत्र कमल सिंह निवासी रोशन विहार कॉलोनी लक्ष्मी नगर थाना जमुनापार का चार नामजद युवकों से झगड़ा हो गया था। ये सभी आपस में परिचित बताए जाते है। 


झगड़े के दौरान अनिल चौधरी नामक युवक ने तमंचा से सिपाही पर फायरिंग कर दी। गोली सिपाही के गर्दन में जा लगी। गोली लगते ही वह लहुलुहान हालात में सड़क पर गिर पड़ा। इस बीच क्षेत्र में भ्रमण कर रही महिला थाना प्रभारी निरीक्षक रंजना सचान वहा गस्त के दौरान पहुंच गई। वह घायल सिपाही के साथी सौरभ पुत्र वासुदेव व अनूप पुत्र चंद्रपाल निवासीगण प्रीति विहार कॉलोनी थाना जमुनापार के साथ उपचार के लिए जिला अस्पताल ले गई।


 एसएसपी शैलेश पांडेय ने बताया कि घायल अजीत जनपद बदायूं में पुलिस में आरक्षी के पद पर तैनात है। घायल अजीत के साथी अनूप ने बताया कि चार आरोपियों में से तीन को पहचानता है जिसमें तीन आरोपी टेंपो चालक है और एक सरकारी नौकरी में तैनात है। बताया जाता है कि घायल सिपाही और नामजद युवकों के बीच घटना के पहले झगड़ा हुआ था और फोन पर भी काफी कहासुनी हुई थी। रात को भी टैंक चौराहे पर मिलने आए आरोपियों का घायल से काफी झगड़ा हुआ था। अनिल चौधरी ने तमंचे से सिपाही पर फायरिंग कर दी। फायरिंग में गोली सिपाही की गर्दन में लगी।

जौनपुर भाजपा नेता के गनर को लगी गोली, हुई मौत रविवार सुबह भाजपा नेता के फार्म हाउस पर हुई घटना


 जौनपुर भाजपा नेता के गनर को लगी गोली, हुई मौत


रविवार सुबह भाजपा नेता के फार्म हाउस पर हुई घटना




उत्तर प्रदेश जौनपुर जिले के बरसठी थाना क्षेत्र के बबुरी गांव निवासी भाजपा नेता मनोज सिंह की सुरक्षा में तैनात सिपाही रत्नेश प्रजापति की रविवार की सुबह गोली लगने से मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस छानबीन में जुट गई। 


भाजपा नेता के बबुरी गांव स्थित फार्म हाउस पर यूपी पुलिस के 2018 का सिपाही रत्नेश अपनी कार्बाइन की सफाई कर रहा था। इस दौरान अचानक गोली चल गई। आनन-फानन उसे अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टर ने रत्नेश को मृत घोषित कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस जांच में जुटी है। गनर रत्नेश प्रजापति मऊ जनपद का रहने वाला था। एसपी ग्रामीण शैलेंद्र सिंह ने बताया कि मनोज सिंह के यहां दो आरक्षी रत्नेश प्रजापति व रजत पांडेय सुरक्षा में तैनात थे। 


सुबह लगभग 6 बजे मनोज सिंह के रसोइया अवनीश शुक्ला और रजत पांडेय ने सूचना दी कि उनका साथी अपने असलहे की साफ- सफाई कर रहा था, तभी गोली चल गई जिससे वह घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने घायल सिपाही को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस की टीम जांच में जुट गई। घर वालों को सूचना दे दी गई है, उनके आने पर आगे कार्यवाही की जाएगी।



https://youtu.be/wbp_lwulprU?si=yAQTzkWVAaD96GAQ

आजमगढ़ निजामाबाद कार सवार ने पत्रकार की मोटर साइकिल में मारी 3 बार टक्कर हालत गंभीर निजी अस्पताल में कराया गया भर्ती


 आजमगढ़ निजामाबाद कार सवार ने पत्रकार की मोटर साइकिल में मारी 3 बार टक्कर


हालत गंभीर निजी अस्पताल में कराया गया भर्ती




उत्तर प्रदेश आजमगढ़ जनपद की निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहा में बीती रात ब्रेजा कार सवार पत्रकार की मोटर साइकिल में तीन बार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में पत्रकार गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


बता दें कि निजामाबाद थाना क्षेत्र के फत्तनपुर ग्राम निवासी अमरजीत यादव की फरिहा में कपड़ा की दुकान है और वह एक अखबार के पत्रकार भी हैं। शनिवार की रात्रि 9 बजे के करीब वे मोटर साइकिल से फरिहा से मुहम्मदपुर की तरफ जा रहे थे। अभी वे उम्मा के पूरा गांव के मोड़ पर पहुंचे ही थे कि पीछे से आ रही ब्रेजा कार सवार ने टक्कर मार दिया। 


बताया जा रहा है कि कार सवार ने कार को तीन बार आगे पीछे कर इनको रौंद डाला, जिससे वह गम्भीर रूप से घायल हो गए, उनकी बाइक पूरी तरह क्षत्रिग्रस्त हो गई। घटना के बाद कार सवार भाग गए थे। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंचकर एंबुलेंस से ब्लॉक मोहम्मदपुर इलाज के लिए भेजा, जहां पर डॉक्टरों ने स्थिति को गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल भेज दिया। वहां पर स्थिति में सुधार न होने पर एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पर स्थिति गंभीर बनी हुई है। परिवार वालों ने बताया कि यह एक्सीडेंट नहीं है, जानबूझ कर किसी ने प्राण घातक हमला किया है। 


थाना प्रभारी निजामाबाद सचितानंद यादव ने बताया है कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जायेगा और रोड पर सीसी कैमरा की जांच पड़ताल किया जा रहा है।