आजमगढ़ मेहनाजपुर में तड़तड़ाई गोलियां, हिस्ट्रीशीटर सहित 3 बदमाश हुए शिकार
अवैध असलहा व हथियार बरामद
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के मेहनाजपुर थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में गोकशी की घटना में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें से तीन बदमाश पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल हो गए, जबकि एक को मौके से दबोच लिया गया।
पुलिस के अनुसार, 23/24 मार्च 2026 की रात ग्राम झिन्झपुर सरैया में प्रतिबंधित पशु के अवशेष मिलने के मामले में आरोपी फिर से वारदात की फिराक में थे। मुखबिर की सूचना पर 1/2 अप्रैल 2026 की रात करीब 2:20 बजे पुलिस टीम ने सिधौना मार्ग होते हुए मानिकपुर सिवान की ओर जा रहे संदिग्धों की घेराबंदी की। घिरते ही बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मसमर्पण की चेतावनी के बावजूद जब वे नहीं माने, तो पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान तीन बदमाशों के दाहिने पैर में गोली लगी, जबकि चौथे को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहित उर्फ मोहीद, अमन गोड़, एकलाख उर्फ पतरका और मोबिन उर्फ कलाम के रूप में हुई है। घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। इनमें एकलाख उर्फ पतरका थाना देवगांव का हिस्ट्रीशीटर है और उस पर गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।
मौके से पुलिस ने दो अवैध तमंचे, जिंदा और खोखा कारतूस, चापड़, छूरी और रस्सी बरामद की है। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे सुनियोजित तरीके से प्रतिबंधित पशुओं को पकड़कर सुनसान स्थानों पर उनका वध कर मांस की बिक्री करते थे और साक्ष्य छिपाने के लिए अवशेषों को नदी-नालों या जमीन में दबा देते थे। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

No comments:
Post a Comment