Wednesday, 4 February 2026

आजमगढ़ अहरौला दबंगई की हदें पार, पालतू कुत्ते को मारी 2 गोलियां मालिक को बचाने में आगे आया कुत्ता, सीने में फंसी गोली आरोपियों पर मुकदमा दर्ज, गिरफ्तारी के लिए दबिश जारी


 आजमगढ़ अहरौला दबंगई की हदें पार, पालतू कुत्ते को मारी 2 गोलियां



मालिक को बचाने में आगे आया कुत्ता, सीने में फंसी गोली


आरोपियों पर मुकदमा दर्ज, गिरफ्तारी के लिए दबिश जारी



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के अहरौला थाना क्षेत्र अंतर्गत बस्ती भुजबल गांव में सोमवार की रात उस समय सनसनी फैल गई, जब दबंग युवकों ने एक पालतू कुत्ते को गोली मार दी। कुत्ते को दो गोलियां लगी हैं, जिनमें से एक गोली कान के नीचे से निकल गई, जबकि दूसरी गोली उसके सीने में फंसी हुई है। घायल कुत्ते का इलाज जिला पशु अस्पताल आजमगढ़ में चल रहा है, जहां चिकित्सकों के अनुसार गोली निकालने के लिए ऑपरेशन किया जाएगा। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी हृदय नारायण शुक्ला ने अहरौला थाने में तहरीर दी है। उन्होंने बताया कि सोमवार की रात करीब 8 बजे उनका 17 वर्षीय पुत्र ऋषू शुक्ला अपने पालतू कुत्ते को भोजन कराने के बाद घर के सामने टहला रहा था। इसी दौरान गांव के ही दीपक चौबे और विवेक चौबे एक अन्य कुत्ते के साथ वहां पहुंचे। दोनों कुत्तों के आमने-सामने आने पर भौंकने की आवाज़ को लेकर विवाद शुरू हो गया। 


आरोप है कि विरोध करने पर दोनों युवकों ने ऋषू शुक्ला के साथ गाली-गलौज की और पिस्टल निकालकर फायर कर दिया। अपने मालिक को बचाने के प्रयास में कुत्ता आगे आ गया और गोली का शिकार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और रात में ही घायल कुत्ते को राजकीय पशु चिकित्सालय अहरौला ले जाया गया, लेकिन वहां चिकित्सक उपलब्ध नहीं मिले। इसके बाद मंगलवार सुबह पुलिस अभिरक्षा में कुत्ते को जिला पशु अस्पताल आजमगढ़ पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज शुरू हुआ।


 इस संबंध में थानाध्यक्ष अहरौला अमित कुमार मिश्रा ने बताया कि हृदय नारायण शुक्ला की तहरीर पर दीपक चौबे और विवेक चौबे के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि दीपक चौबे पहले भी कई आपराधिक मामलों में आरोपी रहा है। दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।

No comments:

Post a Comment