Tuesday, 19 August 2025

गोरखपुर ऐसे होती थी लड़कियों की डिमांड, व्हाट्सएप पर तय होता था सौदा इंस्टाग्राम के जरिए नाबालिग लड़कियों को फंसाते थे आरोपी जांच में सामने आए बड़े नाम, 14 आरोपियों पर लगा गैंगस्टर


 गोरखपुर ऐसे होती थी लड़कियों की डिमांड, व्हाट्सएप पर तय होता था सौदा


इंस्टाग्राम के जरिए नाबालिग लड़कियों को फंसाते थे आरोपी


जांच में सामने आए बड़े नाम, 14 आरोपियों पर लगा गैंगस्टर



उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के रामगढ़ताल थाना क्षेत्र में हुक्का बार की आड़ में चल रहे देह व्यापार के रैकेट का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। शुक्रवार को 14 आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया। शनिवार को पुलिस ने दो आरोपियों, सहजनवां के शिवपुरी निवासी अजय सिंह और गीडा सेक्टर-22 निवासी विमल विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस की दो टीमें फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही हैं।


पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी इंस्टाग्राम के माध्यम से नाबालिग लड़कियों को अपने जाल में फंसाकर ब्लैकमेल करते थे और उन्हें देह व्यापार में धकेलते थे। शाहपुर क्षेत्र के फ्लाई इन वन होटल के हुक्का बार में एक नाबालिग लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना के बाद यह मामला उजागर हुआ। 2 जनवरी 2025 को रामगढ़ताल थाने में सामूहिक दुष्कर्म का केस दर्ज हुआ था। इसके बाद नौ जनवरी को हुक्का बार पर छापेमारी में बड़े पैमाने पर देह व्यापार की पुष्टि हुई।


पुलिस की जांच में देह व्यापार के इस गिरोह के कई बड़े नाम सामने आए। बेतियाहाता और देवरिया की नाबालिग लड़कियों ने भी शाहपुर थाने में दुष्कर्म की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने गैंग के सरगना अनिरुद्ध ओझा उर्फ सोखा, फ्लाई इन होटल के मालिक अनुराग कुमार सिंह, मोहनापुर के आकाश यादव, बिछिया के रोहित छेत्री, विनय साहनी, आदित्य मौर्या, निखिल सिंह, बस्ती के राजन उर्फ वसीम अहमद, हरदोई के सूरज विश्वकर्मा, मुस्कान और श्रेय शुक्ला को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।


एसएसपी राजकरन नय्यर के निर्देश पर रामगढ़ताल पुलिस ने 14 आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत केस दर्ज किया। इसमें अनिरुद्ध ओझा को गैंग लीडर और प्रियांशु जायसवाल, अनुराग सिंह, राजन उर्फ वसीम अहमद, विमल विश्वकर्मा, सूरज विश्वकर्मा, मुस्कान उर्फ माला पासवान, श्रेय शुक्ला, नंदिनी उर्फ परी, अजय सिंह, अनुराग त्रिपाठी, संजीत कुमार जायसवाल, आकाश गुप्ता और गौरव कुमार को सक्रिय सदस्य बनाया गया। पुलिस के अनुसार, मामले में 25 लोगों के नाम सामने आए हैं, जिनमें तीन होटल संचालक भी शामिल हैं। जल्द ही अन्य आरोपियों के नाम केस में जोड़े जा सकते हैं।


सूत्रों के अनुसार, नाबालिग लड़कियों को फ्लाई इन वन होटल में रखा जाता था। व्हाट्सएप के जरिए उनकी तस्वीरें भेजकर ग्राहकों से सौदा तय किया जाता था। गैंग लीडर अनिरुद्ध ओझा अपनी कार से लड़कियों को ग्राहकों के घरों तक पहुंचाता था। रात भर रहने के बाद लड़कियों को सुबह छोड़ दिया जाता था। पुलिस को इस संबंध में मोबाइल से कई सबूत भी मिले हैं। गोरखपुर से लखनऊ तक और नेपाल की लड़कियों को भी इस रैकेट में शामिल किया गया था।


एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि देह व्यापार के आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट में केस दर्ज कर लिया गया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

No comments:

Post a Comment