Tuesday, 22 April 2025

आजमगढ़ सहित 11 जिलों के डीएम बदले प्रदेश सरकार ने देर रात 33 आईएएस अफसरों का किया तबादला नवनीत सिंह चहल विशेष सचिव मुख्यमंत्री कार्यालय, रविंद्र कुमार सेकेंड जिलाधिकारी आजमगढ़ बनाए गए


 आजमगढ़ सहित 11 जिलों के डीएम बदले


प्रदेश सरकार ने देर रात 33 आईएएस अफसरों का किया तबादला


नवनीत सिंह चहल विशेष सचिव मुख्यमंत्री कार्यालय, रविंद्र कुमार सेकेंड जिलाधिकारी आजमगढ़ बनाए गए


उत्तर प्रदेश, लखनऊ प्रदेश सरकार ने सोमवार की देर रात 33 आईएएस अफसरों का तबादला कर दिया। इनमें वाराणसी, हापुड़, आजमगढ़, बरेली, अंबेडकरनगर, गाजीपुर, झांसी, महोबा, कुशीनगर, संतकबीरनगर व भदोही के जिलाधिकारी और वाराणसी के मंडलायुक्त बदले गए हैं। निदेशक सूचना शिशिर की भी जिम्मेदारी बदल दी गई है।


एल वेंकटेश्वरलू से प्रमुख सचिव परिवहन और अध्यक्ष उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम का प्रभार हटा दिया गया है। उनके पास समाज कल्याण एवं सैनिक कल्याण विभाग तथा अध्यक्ष उत्तर प्रदेश प्रशासन एवं प्रबंधन अकादमी व दीनदयाल उपाध्याय राज्य ग्राम विकास संस्थान तथा निदेशक अनुसूचित जाति शोध एवं प्रशिक्षण संस्थान तथा निदेशक छत्रपति शाहूजी महाराज का प्रभार रहेगा। अमित गुप्ता को प्रमुख सचिव स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन के साथ प्रमुख सचिव परिवहन और उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम अध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।


प्रेरणा शर्मा डीएम हापुड़ से निदेशक सूडा, अभिषेक पांडे उपाध्यक्ष मेरठ विकास प्राधिकरण से डीएम हापुड़, संजय कुमार मीणा सीडीओ गोरखपुर से उपाध्यक्ष मेरठ विकास प्राधिकरण मेरठ, शाश्वत त्रिपुरारी संयुक्त मजिस्ट्रेट अलीगढ़ से मुख्य विकास अधिकारी गोरखपुर, रविंद्र कुमार सेकेंड जिलाधिकारी बरेली से जिलाधिकारी आजमगढ़ बनाए गए हैं। 


नवनीत सिंह चहल डीएम आजमगढ़ से विशेष सचिव मुख्यमंत्री कार्यालय, अविनाश सिंह डीएम अंबेडकर नगर से डीएम बरेली, अनुपम शुक्ला विशेष सचिव ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा विभाग, निदेशक यूपीनेडा एवं प्रबंध निदेशक उत्तर प्रदेश रिनुवेवेल एंड ईवी इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड से डीएम अंबेडकर नगर बनाए गए हैं। इंद्रजीत सिंह नगर आयुक्त लखनऊ से विशेष सचिव ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा विभाग व निदेशक यूपीनेडा एवं प्रबंध निदेशक उत्तर प्रदेश रिनुवेवेल एंड ईवी इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड बनाए गए हैं। गौरव कुमार मुख्य विकास अधिकारी प्रयागराज एवं संभागीय खाद्य नियंत्रक प्रयागराज से नगर आयुक्त लखनऊ, हर्षिका सिंह संयुक्त मजिस्ट्रेट चंदौली से मुख्य विकास अधिकारी प्रयागराज एवं संभागीय खाद्य नियंत्रक प्रयागराज बनाई गई हैं।


 आर्यका अखौरी डीएम गाजीपुर से विशेष सचिव चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, अविनाश कुमार डीएम झांसी से डीएम गाजीपुर, मृदुल चौधरी डीएम महोबा से डीएम झांसी, गजल भारद्वाज सचिव उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड से डीएम महोबा, महेंद्र सिंह तंवर डीएम संत कबीरनगर से डीएम कुशीनगर बनाए गए हैं। विशाल भारद्वाज डीएम कुशीनगर से विशेष सचिव मुख्यमंत्री, आलोक कुमार विशेष सचिव माध्यमिक शिक्षा से डीएम संत कबीरनगर, डॉ. उज्ज्वल कुमार विशेष सचिव एमएसएमई तथा निर्यात प्रोत्साहन विभाग एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड से प्रबंध निदेशक उत्तर प्रदेश मेडिकल सप्लाई कॉरपोरेशन, पुलकित खरे विशेष सचिव नियोजन से मिशन निदेशक कौशल विकास मिशन बनाए गए हैं। शिशिर विशेष सचिव संस्कृति एवं निदेशक सूचना तथा संस्कृति से विशेष सचिव सूचना लघु एवं मध्यम उद्यम तथा निर्यात प्रोत्साहन विभाग एवं मुख्य कार्यपालक आधिकारी खादी ग्रामोद्योग बोर्ड बनाए गए हैं। विशाल सिंह जिलाधिकारी भदोही से विशेष सचिव संस्कृति विभाग एवं निदेशक सूचना तथा संस्कृति बनाए गए हैं। 


शैलेश कुमार उपाध्यक्ष मुरादाबाद विकास प्राधिकरण एवं संभागीय खाद्य नियंत्रक मुरादाबाद से डीएम भदोही, अनुभव सिंह मुख्य विकास अधिकारी श्रावस्ती से उपाध्यक्ष मुरादाबाद विकास प्राधिकरण एवं संभागीय खाद्य नियंत्रक मुरादाबाद, शाहिद अहमद संयुक्त मजिस्ट्रेट बस्ती से मुख्य विकास अधिकारी श्रावस्ती, जगदीश प्रबंध निदेशक उत्तर प्रदेश मेडिकल सप्लाई कॉरपोरेशन से सचिव गृह बनाए गए हैं। अभय सचिव उत्तर प्रदेश राज्य सूचना आयोग से सदस्य (न्यायिक) राजस्व परिषद और डॉ. वेदपति मिश्रा सचिव राजस्व विभाग से सचिव उत्तर प्रदेश राज्य सूचना आयोग बनाए गए हैं। राजलिंगम को वाराणसी का मंडलायुक्त बनाया गया है। मंडलायुक्त कौशलराज शर्मा को सचिव मुख्यमंत्री बनाया गया है। मुख्यमंत्री के विशेष सचिव सत्येंद्र कुमार को वाराणसी का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। यह दूसरा मौका है, जब वाराणसी के डीएम को ही वाराणसी का मंडलायुक्त बनाया गया है। इससे पहले वाराणसी के डीएम रहे कौशलराज शर्मा को मंडलायुक्त बनाया गया था।

Monday, 21 April 2025

आजमगढ़ सिधारी दर्दनाक हादसे में युवक सहित 2 की हुईं मौत मोटर साइकिल से दवा लेने के लिए आए थे शहर


 आजमगढ़ सिधारी दर्दनाक हादसे में युवक सहित 2 की हुईं मौत



मोटर साइकिल से दवा लेने के लिए आए थे शहर



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के सिधारी थाना क्षेत्र के चण्डेश्वर छतवारा के मध्य बयासी गांव के पास दोपहर करीब तीन बजे कार और मोटर साइकिल में भीषण टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार चाची भतीजे की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।


जानकारी के अनुसार जहानागंज थाना क्षेत्र के धरवारा निवासी सुजीत चौहान (24 वर्ष), पुत्र रविन्द्र चौहान अपनी चाची बिन्दू देवी (40 वर्ष) पत्नी पंचदेव के साथ मोटर साइकिल से शहर आजमगढ़ दवा लेने के लिए आए थे, दवा लेकर वापस लौटते समय सिधारी थाना क्षेत्र के चण्डेश्वर छतवारा के मध्य बयासी गांव के पास मोटर साइकिल की ब्रेजा कार से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि सुजीत चौहान की मौके पर ही मौत हो गई। घायल बिंदु देवी को स्थानीय लोगों ने इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहां डॉक्टरों ने बिंदु देवी को भी मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताते चलें कि सुजीत चौहान की 28 नवंबर को शादी होने वाली थी।


इस बाबत सिधारी थानाध्यक्ष ने बताया कि परिजनों से तहरीर प्राप्त हो गई है, मुकदमा दर्ज करने की कारवाई की जा रही है।

आजमगढ़ जीयनपुर जमीन विवाद में गोलीबारी वर्षों पुराना जमीन का विवाद, तीसरी बार किया जानलेवा हमला


 आजमगढ़ जीयनपुर जमीन विवाद में गोलीबारी



वर्षों पुराना जमीन का विवाद, तीसरी बार किया जानलेवा हमला


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के धौरहरा गांव में सोमवार तड़के चार बजे फजर की नमाज पढ़ने जा रहे 55 वर्षीय सरफराज पुत्र हुसैन को जमीन विवाद में उनके पटीदार अनीश पुत्र सगीर ने गोली मार दी। गोली सरफराज के कुल्हे में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्वजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।


पुलिस ने सरफराज की तहरीर पर अनीश के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाल जितेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल भिजवाया गया। पुलिस के अनुसार, दोनों पटीदारों के बीच मुंबई और गांव में पुश्तैनी जमीन के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। 2016 में भी मस्जिद में नमाज पढ़ते समय सरफराज पर गोली चलाई गई थी, जिसमें वह घायल हुए थे। बताया जाता है कि अनीश द्वारा बनाए गए एक मकान को सरफराज ने पूर्व में किसी अन्य को बेच दिया था, जिसके बाद विवाद और गहरा गया।


गांव में चर्चा है कि सरफराज पर अब तक तीन बार जानलेवा हमला हो चुका है। जमीन बंटवारे का मसला अब तक अनसुलझा है, जिसके चलते दोनों पक्षों में तनाव बना हुआ है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपित की तलाश में जुटी है।

आजमगढ़ जिला महिला अस्पताल में झड़प, पहुंची कोतवाली पुलिस पुलिस के सामने भी चलती रही गर्मागर्मी, दोनों पक्ष लाये गये कोतवाली


 आजमगढ़ जिला महिला अस्पताल में झड़प, पहुंची कोतवाली पुलिस



पुलिस के सामने भी चलती रही गर्मागर्मी, दोनों पक्ष लाये गये कोतवाली



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के अस्पतालों में तैनात सुरक्षाकर्मियों से आये दिन किसी न किसी मरीज के परिजनों से उलझने के मामले चर्चा में आते रहते हैं। सोमवार को इसी कड़ी में जिला महिला अस्पताल में तैनात सुरक्षाकर्मी से लाइन में क्रम से खड़ा होकर पर्ची बनवाने की बात को लेकर तथाकथित आर्मी जवान भिड़ गया और मौके पर तैनात सुरक्षाकर्मी के कंधे पर लगे लैनयार्ड को नोच दिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी तथा अन्य सुरक्षाकर्मियों सहित अस्पताल के जिम्मेदारों के पहुंचने पर मरीज के परिजन व तथाकथित आर्मी मैन सुरक्षा गार्ड पर महिलाओं से असभ्यता की बात कहते हुए धमकी देते हुए कोतवाली चला गया। 


बाद में पुलिस के साथ अस्पताल पहुंचे तथाकथित आर्मी मैन पुलिस की मौजूदगी में सुरक्षागार्ड को अपशब्द कहने लगा। दोनों पक्षों को लेकर पुलिस कोतवाली चली गयी। कोतवाली प्रभारी शशिमौली पाण्डेय ने बताया कि मामले में दोनों पक्षों ने आपस में सहमति से सुलह समझौता कर लिया था और इस विषय में किसी की तरफ से कोई तहरीर नहीं दी गयी।

बिजनौर बीच सड़क युवती को मारी गोली एकतरफा प्यार में घटना को दिया अंजाम एक मई को आनी थी युवती की बरात


 बिजनौर बीच सड़क युवती को मारी गोली


एकतरफा प्यार में घटना को दिया अंजाम


एक मई को आनी थी युवती की बरात


उत्तर प्रदेश के बिजनौर के कोतवाली देहात इलाके में एकतरफा प्यार में सिरफिरे युवक शिवांग ने कहीं और शादी तय होने पर युवती भावना (25) की गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या करने के बाद आरोपी खुद ही थाने पहुंच गया। पुलिस ने आरोपी के पिता सुशील त्यागी को भी गिरफ्तार कर लिया है।


 पुलिस के मुताबिक, रविवार की सुबह करीब 9:20 बजे गांव करौंदा चौधर निवासी वेदप्रकाश शर्मा अपनी बेटी भावना उर्फ नीशू और छोटी बेटी आकांक्षा को लेकर बाइक से नगीना के बाजार जाने के लिए घर से निकले। गांव हीमपुर मानक उर्फ बढ़ापुर के पास जंगल की ओर से बाइक पर आए शिवांग ने भावना को गोली मार दी। वेदप्रकाश शर्मा तथा बहन आकांक्षा बाइक से ही घायल भावना को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोतवाली देहात ले आए। जहां चिकित्सकों ने उसको मृत घोषित कर दिया।


पुलिस को मृतका के भाई ने बताया कि चार महीने पहले भावना की शादी नूरपुर निवासी एक युवक से तय कर दी थी। 25 अप्रैल 2025 को भावना का लग्न रिश्ता जाना था और एक मई 2025 को बरात आने की तारीख तय हुई। अब शादी की तैयारियों के लिए वे नगीना बाजार में खरीदारी करने जा रहे थे।


 एएसपी सिटी संजीव वाजपेयी ने बताया कि आरोपी शिवांग समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी युवक और उसके पिता को पकड़ लिया गया है। पूछताछ में शिवांग ने कहना था कि वह चार साल से भावना को प्रपोज कर रहा था। जब वह ब्याह के लिए नहीं मानी तो उसे मार डाला। वेदप्रकाश शर्मा दोनों बेटियों को लेकर गांव बढ़ापुर के पास पहुंचे तो टूटी सड़क और बिखरी बजरी के कारण बाइक की गति धीमी करनी पड़ी। तभी पीछे से आए बाइक सवार आरोपी शिवांग ने ओवरटेक करते हुए सटाकर भावना की कनपटी पर गोली मार दी। वेदप्रकाश शर्मा ने आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया। बीस से तीस मीटर तक उसके पीछे दौड़े भी मगर आरोपी शिवांग तेजी से बाइक चलाते हुए भाग निकला जोकि सीधे थाने में आकर रुका।

लखनऊ थाइ स्पा सेंटर पर पुलिस का छापा, 6 विदेशी लड़कियां पकड़ी गईं बिजनेस वीजा पर आई थीं भारत, स्पा सेंटर में कर रही थीं काम


 लखनऊ थाइ स्पा सेंटर पर पुलिस का छापा, 6 विदेशी लड़कियां पकड़ी गईं



बिजनेस वीजा पर आई थीं भारत, स्पा सेंटर में कर रही थीं काम



उत्तर प्रदेश, लखनऊ सुशांत गोल्फ सिटी थाना पुलिस और विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (एफआर आरओ) की संयुक्त टीम ने रविवार को लुलु मॉल के समीप स्काई लाइन प्लाजा में संचालित ब्लू बेरी थाइ स्पा सेंटर पर छापेमारी की। इस दौरान थाइलैंड की छह महिलाओं को हिरासत में लिया गया, जो बिजनेस वीजा पर भारत आई थीं, लेकिन वीजा अवधि समाप्त होने के बाद भी अवैध रूप से स्पा सेंटर में काम कर रही थीं।


पुलिस ने स्पा सेंटर की संचालिका सिमरन, जो वाराणसी की रहने वाली है, के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। एसीपी मोहनलालगंज रजनीश वर्मा ने बताया कि दरोगा विपिन प्रताप सिंह की तहरीर पर यह कार्रवाई की गई। स्पा सेंटर दूसरी मंजिल पर चल रहा था। सेंटर की मैनेजर नचुनार्ट टुंगक्राथोक ने बताया कि वह केवल देखरेख करती हैं, जबकि सिमरन मालकिन हैं और उनके निर्देश पर थाइलैंड से महिलाओं को लाया गया था।


इंस्पेक्टर अंजनी कुमार मिश्रा के अनुसार, पकड़ी गई महिलाएं स्पा सेंटर में ही रह रही थीं। उनके पास न तो रेंट एग्रीमेंट था, न ही स्थानीय थाने को कोई सूचना दी गई थी। फार्म सी से संबंधित दस्तावेज भी नहीं मिले। पुलिस ने मौके से मिले दस्तावेजों और पूछताछ के आधार पर जांच शुरू कर दी है। संचालिका सिमरन से पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Sunday, 20 April 2025

सिद्धार्थनगर होने वाली पत्नी से मिलना पड़ा भारी गांव वालों ने चोर समझकर धुना, पुलिस ने पकड़ा


 सिद्धार्थनगर होने वाली पत्नी से मिलना पड़ा भारी



गांव वालों ने चोर समझकर धुना, पुलिस ने पकड़ा



उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर में एक लड़के को अपनी होने वाली पत्‍नी से मिलना भारी पड़ गया। लड़का अपनी होने वाली पत्‍नी से मिलने पहुंचा तो ग्रामीणों ने चोर समझकर पति की धुनाई कर दी और पुलिस को सौंप दिया। युवक की मई में शादी होनी है। दामाद के रूप में पहचान होने के बाद पुलिस ने युवक को छोड़ दिया। इस घटना की इलाके में खूब चर्चा हो रही है। लड़के को पकड़ने और पीटने वाले उसकी ससुराल वाले गांव के ही हैं। इसी गांव में अगले महीने लड़का दूल्‍हा बन बारात लेकर आएगा।


 घटना सिद्धार्थनगर के पथरा बाजार थाना क्षेत्र के एक गांव की है। इस गांव की एक लड़की का विवाह बस्ती जनपद के एक गांव में तय है। मई माह में विवाह होना सुनश्चिति है। शादी तय होने के बाद वह दोनों एक-दूसरे से फोन पर बात करने लगे। बात करने से दोनों की नजदीकियां बढ़ गईं तो शुक्रवार देर रात लड़का, लड़की के गांव पहुंच गया।


गांव के बीच झाड़ियों के पास दोनों बात कर रहे थे तभी कुछ हलचल देख गांव के लोग चोर समझकर शोर मचाने लगे। इस दौरान लड़की वहां से भाग गई। ग्रामीणों ने अपरिचित लड़के को वहां देखा तो चोर समझ लिया। लड़का भी कुछ बता नहीं पाया। तब गांव वालों ने उसे पकड़ कर धुनाई कर दी। रात में ही पुलिस को फोन कर मौके पर बुला लिया। लड़का गांव वालों और पुलिस के सवालों से सकपका गया। गांव वालों ने उसे पुलिस के हवाले कर दिया। थाने पहुंचने के बाद भी लड़के ने लोक लाज के डर से असली बात किसी को नहीं बताई लेकिन शनिवार सुबह लड़की ने सारी बात अपने परिजनों को बताई जिसके बाद लड़की के परिवारीजनों ने थाने पर जाकर लड़के को अपना होने वाला दामाद बताकर थाने से उसे रिहा कराकर उसके घर भेज दिया।


प्रभारी इंचार्ज अवधेश पाण्डेय ने बताया ग्रामीणों की सूचना पर उसे थाने लाया गया था। बाद में उस लड़के के होने वाले ससुर ने आकर अपने होने वाले दामाद के रूप में पहचान की। इसके बाद उसे छोड़ दिया गया।