Friday, 13 March 2026

आजमगढ़ डीजल-पेट्रोल की कोई कमी नहीं है, रसोई गैस की कमी से संबंधित अफवाहों से बचें-डीएम गैस सिलेण्डर डिलीवरी की तिथि से अगली गैस बुकिंग का अंतराल ग्रामीण क्षेत्र में 45 तथा शहरी क्षेत्र में 25 दिन निर्धारित


 आजमगढ़ डीजल-पेट्रोल की कोई कमी नहीं है, रसोई गैस की कमी से संबंधित अफवाहों से बचें-डीएम


गैस सिलेण्डर डिलीवरी की तिथि से अगली गैस बुकिंग का अंतराल ग्रामीण क्षेत्र में 45 तथा शहरी क्षेत्र में 25 दिन निर्धारित


उत्तर प्रदेश के आजमगढ जनपद में घरेलू गैस, डीजल एवं पेट्रोल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार की अध्यक्षता में संबंधित विभागों एवं गैस एजेंसियों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में वर्तमान परिदृश्य को देखते हुए जनपद में आवश्यक ईंधन की उपलब्धता, आपूर्ति व्यवस्था एवं उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने के संबंध में विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने निर्देशित किया कि जनपद की सभी गैस एजेंसियां घरेलू गैस सिलेण्डरों की डिलीवरी गैस बुकिंग के सापेक्ष ही सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि आगामी दिनों में प्रशासन द्वारा निरीक्षण एवं छापेमारी की कार्यवाही की जाएगी। यदि किसी स्थान या संस्थान पर घरेलू गैस का अनधिकृत वितरण पाया जाता है, तो संबंधित आपूर्तिकर्ता गैस एजेंसी के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।


 जिलाधिकारी ने सभी गैस एजेंसियों को निर्देशित किया कि वे अपने कॉल सेंटर को सक्रिय रखें तथा उपभोक्ताओं द्वारा संपर्क किए जाने की स्थिति में उनसे नियमित संवाद स्थापित करें। साथ ही यदि कोई उपभोक्ता ई-केवाईसी (e-KYC) के लिए संपर्क करता है, तो उसकी प्रक्रिया तत्काल पूर्ण कराना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बताया कि जनपद की सभी गैस एजेंसियों पर पर्याप्त पुलिस बल की व्यवस्था की गई है, जिससे व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो सके। गैस एजेंसियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्र के उपभोक्ताओं को यह सूचित करें कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा गैस बुकिंग करने के बाद डीएसी (Delivery Authentication Code) नंबर के साथ ही सिलेण्डर की डिलीवरी प्राप्त करें। 


जिलाधिकारी ने जनपद आजमगढ़ के समस्त घरेलू गैस उपभोक्ताओं को आश्वस्त करते हुए कहा कि जनपद में घरेलू गैस सिलेण्डरों की पर्याप्त उपलब्धता है, अतः किसी भी उपभोक्ता को परेशान होने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने बताया कि जनपद में तीनों प्रमुख गैस कंपनियों आईओसीएल (IOCL), बीपीसीएल (BPCL) एवं एचपीसीएल (HPCL) के माध्यम से गैस एजेंसियों को नियमित रूप से गैस सिलेण्डर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए उन्होंने बताया कि सभी घरेलू उपभोक्ता निम्न पंजीकृत नंबरों पर मिस्ड कॉल देकर गैस बुकिंग कर सकते हैं—आईओसीएल (IOCL) : 8454955555, बीपीसीएल (BPCL) : 7715012345, 771801234, एचपीसीएल (HPCL) : 9493602222, जिला पूर्ति अधिकारी सीमा सिंह ने अवगत कराया कि वर्तमान व्यवस्था के अनुसार गैस सिलेण्डर डिलीवरी की तिथि से अगली गैस बुकिंग का अंतराल भारत सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्र में 45 तथा शहरी क्षेत्र में 25 दिन कर दिया गया है। अतः उपभोक्ता इस नियम का पालन करें। उन्होंने कहा कि सभी उपभोक्ता यह भी सुनिश्चित करें कि गैस बुकिंग के पश्चात प्राप्त डीएसी संबंधित गैस एजेंसी के साथ साझा करने के उपरांत ही सिलेण्डर की डिलीवरी संभव होगी। जनपद में किसी भी गैस एजेंसी द्वारा बिना पूर्व बुकिंग और डीएसी प्राप्त किए सिलेण्डर की डिलीवरी नहीं की जाएगी। भारत सरकार द्वारा अस्थायी रूप से घरेलू गैस उपभोक्ताओं को प्राथमिकता दिए जाने की व्यवस्था लागू की गई है। 


इसके अतिरिक्त ऐसे उपभोक्ता जिन्होंने अभी तक अपने गैस कनेक्शन की ई-केवाईसी नहीं कराई है, उनसे अनुरोध किया गया है कि वे अपनी संबंधित गैस एजेंसी से संपर्क कर शीघ्र ही ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूर्ण करा लें। सभी उपभोक्ता ध्यान दे जनपद के किसी भी वितरक के गोदाम पर भीड़ लगाने की आवश्यकता नहीं है। सिलेण्डर बुकिंग के पश्चात उपभोक्ता के घर तक पहुंचाने की जिम्मेदारी वितरक की है। जनपद में किसी भी प्रकार का घरेलू सिलेण्डर का प्रयोग व्यावसायिक संस्थान द्वारा किये जाने पर कठोरतम कानूनी कार्यवाही सुनिश्चित की जायेगी। बैठक में यह भी अवगत कराया गया कि जनपद में डीजल एवं पेट्रोल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है तथा संबंधित ऑयल कंपनियों द्वारा रिटेल आउटलेट्स को नियमित रूप से आपूर्ति की जा रही है। इसलिए जनपद के नागरिकों को किसी भी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।


 अंत में जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और आवश्यकतानुसार ही ईंधन की खरीद करें। साथ ही जनपद के सभी गैस एजेंसी संचालकों को निर्देशित किया गया है कि यदि किसी भी प्रकार की कानून-व्यवस्था से संबंधित समस्या उत्पन्न होती है तो वे तत्काल नजदीकी थाने को सूचित करें, जिसके संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं। बैठक में एडीएम प्रशासन राहुल विश्वकर्मा, सहायक खाद्य आयुक्त द्वितीय,समस्त एआरओ व सप्लाई इंस्पेक्टर सहित जनपद में कुल 83 गैस एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

लखनऊ सिपाही पर आय से अधिक संपत्ति का केस दर्ज 36 लाख की आय के मुकाबले 68 लाख खर्च करने का आरोप


 लखनऊ सिपाही पर आय से अधिक संपत्ति का केस दर्ज


36 लाख की आय के मुकाबले 68 लाख खर्च करने का आरोप


उत्तर प्रदेश, लखनऊ बीबीडी थाने में तैनात सिपाही चालक राहुल कुमार शुक्ला के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में एफआईआर दर्ज की गई है। आरोप है कि तय अवधि के दौरान सिपाही ने अपनी आय से करीब 91.04 प्रतिशत अधिक खर्च किया। मूल रूप से प्रतापगढ़ जिले के कुंडा शहाबपुर निवासी राहुल कुमार शुक्ला की भर्ती 26 अप्रैल 2003 को उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी चालक के पद पर हुई थी। वर्तमान में वह पीजीआई क्षेत्र की पंचमखेड़ा मीरा विहार कॉलोनी में रहता है और बीबीडी थाने में तैनात है। 


बताया गया कि सिपाही के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की गोपनीय शिकायत शासन को मिली थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए शासन ने भ्रष्टाचार निवारण संगठन को मामले की जांच का आदेश दिया। जांच के दौरान सामने आया कि निर्धारित अवधि में सिपाही की कुल आय वेतन, भत्ते और एरियर सहित लगभग 35,73,314 रुपये थी, जबकि उसी अवधि में उसने 68,26,496.34 रुपये खर्च किए। इस प्रकार उसने अपनी वैध आय से 32,53,182.34 रुपये अधिक खर्च किए। भ्रष्टाचार निवारण संगठन में तैनात इंस्पेक्टर वकील पांडेय की तहरीर पर बुधवार को सिपाही राहुल कुमार शुक्ला के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 13(2) और 13(1)(बी) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

आजमगढ़ सरायमीर में जमीनी विवाद में फायरिंग का आरोपी 31-A हिस्ट्रीशीटर एहसान खान गिरफ्तार आरोपी पर पहले से 21 आपराधिक मुकदमे दर्ज


 आजमगढ़ सरायमीर में जमीनी विवाद में फायरिंग का आरोपी 31-A हिस्ट्रीशीटर एहसान खान गिरफ्तार


आरोपी पर पहले से 21 आपराधिक मुकदमे दर्ज


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के सरायमीर थाना क्षेत्र में जमीनी विवाद के दौरान हुई फायरिंग और मारपीट के मामले में पुलिस ने एक हिस्ट्रीशीटर आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी पर पहले से कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार 11 मार्च 2026 को ग्राम छित्तेपुर में जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था। विवाद के दौरान दोनों पक्षों के बीच फायरिंग और मारपीट की घटना हुई थी। इस मामले में उपनिरीक्षक धीरज कुमार की तहरीर पर थाना सरायमीर में मुकदमा संख्या 63/2026 धारा 3(5), 109(1) बीएनएस तथा 3/5/25/27 शस्त्र अधिनियम के तहत दोनों पक्षों के कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।


 मामले की जांच के दौरान 12 मार्च 2026 को पुलिस ने दबिश देकर दूसरे पक्ष के नामित आरोपी एहसान खान को गिरफ्तार कर लिया। इसी क्रम में देर रात करीब 10:05 बजे उपनिरीक्षक उदय बहादुर यादव पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग और वांछित अभियुक्तों की तलाश में थे। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि मुकदमे से संबंधित एक आरोपी नन्दांव मोड़ पर मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और चाय की दुकान के पास खड़े व्यक्ति से पूछताछ की। उसने अपना नाम एहसान खान पुत्र स्वर्गीय मतिउद्दीन निवासी ग्राम छित्तेपुर थाना सरायमीर बताया।


 पहचान की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी थाना सरायमीर का 31-A हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में कुल 21 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें बलवा, मारपीट, आर्म्स एक्ट, एससी-एसटी एक्ट, लोक संपत्ति क्षति और महामारी अधिनियम से जुड़े मामले शामिल हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।