Monday, 26 January 2026

आजमगढ़ कप्तानगंज किराना दुकान से नकदी समेत लाखों का सामान पार पीछे की दीवार काटकर चोरों ने दिया वारदात को अंजाम, व्यापारी दहशत में


 आजमगढ़ कप्तानगंज किराना दुकान से नकदी समेत लाखों का सामान पार



पीछे की दीवार काटकर चोरों ने दिया वारदात को अंजाम, व्यापारी दहशत में



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के कप्तानगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत हेतुगंज बाजार में बीती रात चोरों ने एक किराना दुकान को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर दुकान की पिछली दीवार काटकर भीतर घुसे और नकदी समेत हजारों रुपये का सामान लेकर फरार हो गए। घटना के बाद से क्षेत्र के व्यापारियों में दहशत और आक्रोश का माहौल व्याप्त है। 


प्राप्त जानकारी के अनुसार, हेतुगंज बाजार निवासी किराना दुकानदार उमेश निषाद ने बताया कि वह रोज की तरह सुबह दुकान खोलने पहुंचे तो देखा कि दुकान की पिछली दीवार कटी हुई थी। अंदर जांच करने पर गल्ले में रखे करीब 71 हजार रुपये नकद गायब मिले। इसके अलावा सिगरेट, साबुन सहित अन्य रोजमर्रा के जरूरी सामान भी चोरी हो चुके थे। चोरी गए सामान की कुल कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही कप्तानगंज पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। 


इस संबंध में थानाध्यक्ष कप्तानगंज जय प्रकाश ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही मोबाइल फोरेंसिक टीम की मदद से भी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। उन्होंने जल्द ही घटना के खुलासे का भरोसा दिलाया है। वहीं स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि हेतुगंज बाजार में इससे पहले भी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन रात्रि गश्त में लापरवाही के चलते चोरों के हौसले बुलंद हैं। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से रात्री गश्त बढ़ाने और बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की है।

मऊ पुलिस मुठभेड़ में 50-50 हजार के 2 इनामी को लगी गोली स्वर्ण व्यवसायी लूटकांड के आरोपी, लूटे गए जेवर, तमंचा और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद


 मऊ पुलिस मुठभेड़ में 50-50 हजार के 2 इनामी को लगी गोली



स्वर्ण व्यवसायी लूटकांड के आरोपी, लूटे गए जेवर, तमंचा और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद



उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के कोपागंज थाना क्षेत्र के टड़ियाव के पास स्वर्ण व्यवसायी से हुई लूट की घटना में वांछित चल रहे दो इनामी बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। रविवार रात करीब 11 बजे एसओजी और कोपागंज पुलिस की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर देईथान के पास कार्रवाई करते हुए दोनों अभियुक्तों को दबोचा। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान 50-50 हजार रुपये के इनामी रविकांत उर्फ रवि चौहान (21) निवासी कोइरियापार और राहुल यादव (25) निवासी नगरीपार, थाना मुहम्मदाबाद गोहना के रूप में हुई है। 


मुठभेड़ के दौरान रविकांत के बाएं पैर और राहुल के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद दोनों को कोपागंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने बताया कि अभियुक्तों के पास से लूटे गए स्वर्ण आभूषण, दो तमंचे 315 बोर, जिंदा व खोखा कारतूस तथा लूट की घटना में प्रयुक्त बाइक यूपी 50 सीसी 0139 (स्प्लेंडर) बरामद की गई है। घोसी क्षेत्राधिकारी जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि दोनों अभियुक्तों के खिलाफ कोपागंज थाने में दो-दो मुकदमे दर्ज हैं और लूट की घटना के बाद से पुलिस को उनकी सरगर्मी से तलाश थी।

आप सभी देश वासियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं