Friday, 27 February 2026

आजमगढ़ चर्चित हत्याकाण्ड में आरोपी को आजीवन कारावास आपरेशन कनविक्शन के तहत प्रभावी पैरवी से कोर्ट ने सुनाया सख्त फैसला, 50 हजार का जुर्माना भी लगा


 आजमगढ़ चर्चित हत्याकाण्ड में आरोपी को आजीवन कारावास



आपरेशन कनविक्शन के तहत प्रभावी पैरवी से कोर्ट ने सुनाया सख्त फैसला, 50 हजार का जुर्माना भी लगा



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद में चलाए जा रहे आपरेशन कनविक्शन अभियान के तहत जनपदीय पुलिस की गुणवत्तापूर्ण विवेचना, मॉनिटरिंग सेल की सतत निगरानी और अभियोजन पक्ष की प्रभावी पैरवी के फलस्वरूप हत्या के एक मामले में आरोपी को सजा दिलाने में सफलता मिली है। 


थाना बिलरियागंज में पंजीकृत वर्ष 2019 के हत्या प्रकरण में न्यायालय जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश, कोर्ट संख्या-1 ने आरोपी को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास एवं 50,000 रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है। घटना 16 अगस्त 2019 की है, जब वादिनी किरन सिंह पत्नी अवनीश सिंह निवासी ग्राम बरोही फतेहपुर थाना बिलरियागंज ने थाने पर लिखित तहरीर देकर आरोप लगाया था कि गांव के ही अंकित सिंह पुत्र रामनाथ सिंह ने जमीनी विवाद को लेकर उनके पति अवनीश सिंह की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। इस संबंध में थाना बिलरियागंज पर मु0अ0सं0 116/2019 धारा 302 भादवि के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया था। विवेचना पूर्ण कर आरोप पत्र न्यायालय में प्रेषित किया गया। सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष द्वारा 10 गवाहों को परीक्षित कराया गया। साक्ष्यों एवं गवाहों के आधार पर 27 फरवरी 2026 को न्यायालय ने आरोपी अंकित सिंह को दोषसिद्ध पाते हुए आजीवन कारावास तथा 50,000 रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई। पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने बताया कि आॅपरेशन कनविक्शन के तहत गंभीर अपराधों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि अपराधियों को समयबद्ध सजा दिलाई जा सके।

आजमगढ़ फूलपुर, हाईस्कूल गणित का परीक्षा देने जा रहे छात्र की सड़क हादसे में मौत लखनऊ–बलिया राजमार्ग पर कार से आमने-सामने भिड़ंत, साथी गंभीर इकलौते बेटे की मौत से परिवार में कोहराम, गांव में शोक की लहर

आजमगढ़ फूलपुर, हाईस्कूल गणित का परीक्षा देने जा रहे छात्र की सड़क हादसे में मौत

लखनऊ–बलिया राजमार्ग पर कार से आमने-सामने भिड़ंत, साथी गंभीर


इकलौते बेटे की मौत से परिवार में कोहराम, गांव में शोक की लहर


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के इब्राहिमपुर गांव के पास लखनऊ–बलिया राजमार्ग पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में यूपी बोर्ड हाईस्कूल की गणित परीक्षा देने जा रहे एक छात्र की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल छात्र को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।


 प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना अहरौला क्षेत्र के सूक्खीपुर गांव निवासी समीर (20) पुत्र नसीम और आकिब (19) पुत्र नसीर अहमद बाइक से अपने परीक्षा केंद्र जा रहे थे। जैसे ही वे इब्राहिमपुर गांव के पास पहुंचे, सामने से आ रही एक कार से उनकी बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फूलपुर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने समीर को मृत घोषित कर दिया। वहीं आकिब की हालत नाजुक देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।


 बताया जा रहा है कि दोनों छात्र रिसेंट पब्लिक इंटर कॉलेज गनवारा माहुल में कक्षा 10 के छात्र थे। उनका परीक्षा केंद्र जनता इंटर कॉलेज अम्बारी में निर्धारित था। शुक्रवार को हाईस्कूल की गणित की परीक्षा देने के लिए दोनों घर से निकले थे, लेकिन रास्ते में ही हादसे का शिकार हो गए। मृतक समीर अपने माता-पिता की इकलौती संतान था और उसकी एक बहन है। उसके पिता सऊदी अरब में रहकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। इकलौते बेटे की असमय मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना मिलते ही फूलपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।