Tuesday, 19 May 2026

आजमगढ़ गंभीरपुर युवक को पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट 2 पक्षों में कहासुनी के बाद हुई घटना, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप


 आजमगढ़ गंभीरपुर युवक को पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट



2 पक्षों में कहासुनी के बाद हुई घटना, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के गंभीरपुर थाना क्षेत्र के बिंद्रा बाजार में मामूली कहासुनी ने उस समय हिंसक रूप ले लिया, जब दो परिवारों के बीच हुआ विवाद मारपीट तक पहुंच गया। घटना में सूरज हलवाई नामक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने दूसरे पक्ष पर पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार, सूरज हलवाई का दूसरे पक्ष के लोगों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और मामला मारपीट में बदल गया। आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने सूरज हलवाई की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई।


घटना की सूचना मिलते ही गंभीरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। क्षेत्र में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। वहीं सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।