Thursday, 25 June 2026

आजमगढ़ निजामाबाद पुलिस टीम पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला पत्नी को दौड़ाकर मारने की सूचना पर गई थी पुलिस चौकी प्रभारी व सिपाही ने भाग कर बचाई अपनी जान

आजमगढ़ निजामाबाद पुलिस टीम पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला


पत्नी को दौड़ाकर मारने की सूचना पर गई थी पुलिस


चौकी प्रभारी व सिपाही ने भाग कर बचाई अपनी जान



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के निजामाबाद थाना क्षेत्र के चकिया हुसैनाबाद गांव में घरेलू विवाद की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम पर एक युवक द्वारा बांका से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार 23 जून 2026 की रात करीब 12:13 बजे डायल-112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि चकिया हुसैनाबाद निवासी आयशा पत्नी अबू ओसामा ने शिकायत की है कि उसका पति बांका लेकर उसे जान से मारने के लिए दौड़ा रहा है। 


सूचना मिलने पर चौकी प्रभारी फरिहा उपनिरीक्षक चित्रांशु मिश्रा अपने हमराह कांस्टेबल रवि कुमार मौर्य के साथ मौके पर पहुंचे। मौके पर पहुंचने पर पुलिस ने देखा कि अबू ओसामा पुत्र इदरीश अपनी पत्नी का पीछा कर रहा था। पुलिस द्वारा हस्तक्षेप कर मामला शांत कराने का प्रयास किया गया, लेकिन आरोपी घर के अंदर जाकर दरवाजा बंद कर लिया। काफी समझाने-बुझाने और प्रयास के बाद जब दरवाजा खुलवाया गया तो आरोपी ने पुलिस टीम के साथ गाली-गलौज करते हुए कथित रूप से बांका से चौकी प्रभारी पर हमला कर दिया। पुलिसकर्मियों ने किसी तरह अपना बचाव किया, हालांकि इस दौरान चौकी प्रभारी और उनके हमराह सिपाही जमीन पर गिर गए, जिससे उन्हें चोटें भी आईं। पुलिस के मुताबिक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। घायल पुलिसकर्मियों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रानी की सराय में चिकित्सीय परीक्षण कराया। इस संबंध में चौकी प्रभारी की तहरीर पर निजामाबाद थाने में आरोपी अबू ओसामा के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, जानलेवा हमला करने और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है।

 

आजमगढ़ फूलपुर पुलिस मुठभेड़ में 25-25 हजार के 2 इनामी लुटेरे घायल दोनों के पैर में लगी गोली, फायरिंग के बाद दबोचे गए अवैध तमंचे, लूट का सामान और केटीएम बाइक बरामद


 आजमगढ़ फूलपुर पुलिस मुठभेड़ में 25-25 हजार के 2 इनामी लुटेरे घायल



दोनों के पैर में लगी गोली, फायरिंग के बाद दबोचे गए

अवैध तमंचे, लूट का सामान और केटीएम बाइक बरामद



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के फूलपुर थाना क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। महिलाओं से लूट और छिनैती की कई घटनाओं को अंजाम देने वाले 25-25 हजार रुपये के दो इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में घायल होने के बाद गिरफ्तार कर लिए गए। दोनों बदमाशों ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस की कार्रवाई में उनके पैर में गोली लगी। पुलिस ने उनके कब्जे से लूट का माल, अवैध असलहे, कारतूस तथा वारदात में प्रयुक्त केटीएम मोटरसाइकिल बरामद की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना फूलपुर पुलिस को यह सफलता मिली। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान समीर पुत्र अफसर निवासी सहजेरपुर थाना फूलपुर तथा शिव कुमार राजभर उर्फ लाला पुत्र ललई राजभर निवासी चकबहार थाना फूलपुर के रूप में हुई है। दोनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। 


पुलिस के मुताबिक 17 जून 2026 को फूलपुर थाना क्षेत्र में एक महिला ऑटो रिक्शा से फूलपुर से दुर्वाषा की ओर जा रही थी। रास्ते में सदरपुर बरौली के पास केटीएम बाइक सवार दो बदमाशों ने असलहा दिखाकर महिला का पर्स छीन लिया था। पर्स में मोबाइल फोन, मंगलसूत्र, सोने की झुमकी, चांदी की पायल, नकदी और अन्य जरूरी दस्तावेज रखे हुए थे। इस मामले में थाना फूलपुर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके अलावा 14 जून को सरायमीर थाना क्षेत्र में भी इसी गिरोह ने ऑटो से जा रही एक महिला का पर्स छीन लिया था, जिसमें मोबाइल फोन, नकदी, आधार कार्ड और अन्य सामान रखा हुआ था। दोनों घटनाओं के बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि दोनों वारदातों के पीछे एक ही गिरोह सक्रिय था। 24 और 25 जून 2026 की रात थाना फूलपुर पुलिस क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि लूट और छिनैती की घटनाओं में शामिल दो बदमाश बिना नंबर प्लेट की केटीएम मोटरसाइकिल से मुड़ियार ईदगाह के पास मौजूद हैं और किसी नई वारदात की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी की, लेकिन पुलिस को देखते ही दोनों बदमाश बाइक लेकर भागने लगे। पीछा किए जाने पर उन्होंने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों की गोली से पुलिस वाहन की हेडलाइट भी क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस द्वारा कई बार आत्मसमर्पण की चेतावनी देने के बावजूद वे फायरिंग करते रहे। इसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों बदमाशों के दाहिने पैर में गोली लगी और वे घायल होकर गिर पड़े। पुलिस ने मौके पर ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया और उपचार के लिए सीएचसी फूलपुर भेजा, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। 


गिरफ्तार बदमाशों के कब्जे से पुलिस ने 2 अवैध देशी तमंचे, 2 जिंदा कारतूस, 2 खोखा कारतूस, 4 एंड्रॉयड मोबाइल फोन, एक जोड़ी चांदी की पायल, 1577 रुपये नकद तथा केटीएम-250 मोटरसाइकिल संख्या UP50DL3584 बरामद की है। पूछताछ के दौरान दोनों अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे केटीएम बाइक की तेज रफ्तार का फायदा उठाकर महिलाओं और राहगीरों को निशाना बनाते थे। सुनसान स्थानों पर वारदात को अंजाम देकर असलहा दिखाकर लोगों को आतंकित करते और तुरंत फरार हो जाते थे। अभियुक्तों ने फूलपुर और सरायमीर क्षेत्र की दोनों लूट की घटनाओं को स्वीकार किया है। इसके अलावा माहुल, पवई और अन्य क्षेत्रों में मोबाइल छिनैती की कई घटनाओं में भी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस को उनके अन्य सहयोगियों और कई पुरानी घटनाओं के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिली है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस फायरिंग और अवैध हथियार रखने के मामले में थाना फूलपुर पर दोनों अभियुक्तों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं तथा आयुध अधिनियम के तहत नया मुकदमा दर्ज किया गया है।

प्रतापगढ़ राजा भैया, उनके पिता और 13 समर्थक किए गए नजरबंद सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए प्रशासन की कार्रवाई, भारी पुलिस बल तैनात


 प्रतापगढ़ राजा भैया, उनके पिता और 13 समर्थक किए गए नजरबंद



सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए प्रशासन की कार्रवाई, भारी पुलिस बल तैनात


उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में मोहर्रम के दौरान जिले में सांप्रदायिक सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया, उनके पिता राजा उदय प्रताप सिंह तथा 13 समर्थकों को एहतियातन हाउस अरेस्ट (नजरबंद) कर दिया है। इस कार्रवाई के तहत भदरी कोठी के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।


 पुलिस सूत्रों के अनुसार कुंडा क्षेत्र के शेखपुर गांव में वर्ष 2012 में एक बंदर की मौत के बाद ग्रामीणों ने सड़क किनारे हनुमान मंदिर का निर्माण कराया था। राजा उदय प्रताप सिंह द्वारा इसी मंदिर में प्रत्येक वर्ष मोहर्रम के दिन हनुमान पाठ और भंडारे का आयोजन किया जाता है। प्रशासन को आशंका थी कि इस आयोजन और मोहर्रम जुलूस के एक ही समय पर होने से तनाव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। 


बताया जा रहा है कि वर्ष 2013 और 2014 में भी जुलूस और भंडारे के एक साथ आयोजित होने के दौरान क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई थी। इसी को देखते हुए प्रशासन ने इस बार पहले से ही एहतियाती कदम उठाते हुए नजरबंदी की कार्रवाई की है। पुलिस ने राजा भैया के आवास के बाहर हाउस अरेस्ट का नोटिस चस्पा कर दिया है। नजरबंद किए गए समर्थकों में निर्भय सिंह बेंती, जुगनू विश्वकर्मा (हथिगवां), हनुमान पांडेय (कुंडा), जीतेंद्र यादव, आनंद पाल, रमाकांत मिश्रा, भवानी विश्वकर्मा, रवि सिंह, केशरी नंदन पांडेय, जमुना प्रसाद मौर्य, गया प्रसाद प्रजापति तथा मोहन (हथिगवां) शामिल हैं। क्षेत्राधिकारी कुंडा शिव नारायण वैस ने बताया कि सभी संबंधित लोगों के घरों पर नोटिस चस्पा कर दी गई है तथा सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुलिस बल की तैनाती भी की गई है। उन्होंने कहा कि शुक्रवार रात नौ बजे तक हाउस अरेस्ट की कार्रवाई प्रभावी रहेगी।