Saturday, 14 February 2026

आजमगढ़ सरायमीर स्कूली वैन में शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग चालक की सतर्कता से सभी बच्चे सुरक्षित बचे, वैन पूरी तरह जली


 आजमगढ़ सरायमीर स्कूली वैन में शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग


चालक की सतर्कता से सभी बच्चे सुरक्षित बचे, वैन पूरी तरह जली



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के सरायमीर थाना क्षेत्र में बच्चों को घर छोड़ने जा रही एक स्कूली वैन में अचानक शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। चालक की सतर्कता के चलते बड़ा हादसा टल गया और वाहन में सवार सभी बच्चे सुरक्षित बचा लिए गए। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। 


प्राप्त जानकारी के अनुसार वैन में तकनीकी खराबी के चलते शॉर्ट सर्किट हुआ, जिसके बाद वाहन से धुआं उठने लगा। देखते ही देखते आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। स्थिति को भांपते हुए चालक मोहम्मद फैसल ने तत्काल सूझबूझ का परिचय दिया और गाड़ी को सड़क किनारे रोककर उसमें सवार करीब आधा दर्जन बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम भी रवाना हुई, लेकिन जब तक दमकल कर्मी मौके पर पहुंचते, वैन पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी। बताया जा रहा है कि यह वाहन मदरसा उस्मानिया का था। प्रशासन द्वारा घटना की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

आजमगढ़ बरदह युवक का संदिग्ध हाल में मिला शव शरीर पर कई चोटों के निशान, दाहिना पैर टूटा पुलिस ने पोस्टमार्टम को भेजा शव, हादसा या हत्या, जांच जारी


 आजमगढ़ बरदह युवक का संदिग्ध हाल में मिला शव



शरीर पर कई चोटों के निशान, दाहिना पैर टूटा


पुलिस ने पोस्टमार्टम को भेजा शव, हादसा या हत्या, जांच जारी



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के बरदह थाना क्षेत्र के जिवली बाजार स्थित यूबीआई बैंक के निकट जौनपुर–आजमगढ़ मुख्य मार्ग पर महताब आलम के मकान के सामने नीम के पेड़ के पास लगभग 30 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने पहले मृतक की पहचान का प्रयास किया, लेकिन सफलता न मिलने पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने भी शिनाख्त की कोशिश की और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शव के पास चप्पल रखी होने से स्थानीय लोग तरह-तरह की अटकलें लगाते रहे। काफी प्रयास के बाद मृतक की पहचान 24 वर्षीय नीतीश यादव पुत्र योगेंद्र, ग्राम सेनुरी थाना सरायमीर आजमगढ़ के रूप में हुई। 


वह ठेकमा स्थित एक टेंट हाउस में कर्मचारी था और अधिकतर वहीं रहता था। बताया गया कि वह ठेकमा से अपनी मौसी मीना देवी (पत्नी स्व. उदयराज), ग्राम कुरेथू थाना गौरा बादशाहपुर, जनपद जौनपुर जाने के लिए निकला था। परिजनों से बातचीत के आधार पर पुलिस का अनुमान है कि बीती रात किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आने से युवक की मौत हुई होगी। मृतक दो भाइयों में बड़ा था। छोटे भाई नितिन यादव ने स्थानीय थाने में अज्ञात वाहन के विरुद्ध तहरीर दी है।

आजमगढ़ शहर कोतवाली फंदे से लटका मिला विवाहिता का शव, हत्या का आरोप पति ने बताया आत्महत्या, मायके वालों ने ससुराल पर उठाए सवाल


 आजमगढ़ शहर कोतवाली फंदे से लटका मिला विवाहिता का शव, हत्या का आरोप



पति ने बताया आत्महत्या, मायके वालों ने ससुराल पर उठाए सवाल



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के शहर कोतवाली क्षेत्र के हरैया मोहल्ले में 35 वर्षीय विवाहिता रानू देवी का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। हरैया निवासी रानू देवी (35), पत्नी बृजेश कुमार, का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पंखे से साड़ी के सहारे लटका मिला। सूचना पाकर मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए।


 मृतका के भाई विशाल कुमार, निवासी रोहुआं मुस्तफाबाद थाना गंभीरपुर आजमगढ़ , ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बहन का शव घर के बाहर अंधेरे में रखा गया था और गले पर फंदे का निशान स्पष्ट था। उन्होंने आरोप लगाया कि ससुराल वालों ने पहले कहा कि रानू खाना खाकर सो रही थी, बाद में आत्महत्या की बात कही। साथ ही दरवाजा तोड़कर अंदर जाने की बात भी कही गई, जबकि मौके पर दरवाजा टूटा नहीं मिला। 


वहीं पति बृजेश कुमार का कहना है कि उनकी पत्नी पिछले चार वर्षों से सोशल मीडिया पर रील बनाती थीं। घटना के समय वह दुकान पर थे। घर लौटने पर उन्होंने पत्नी को पंखे से लटका देखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। शहर कोतवाल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मायके पक्ष की ओर से कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

आजमगढ़ महराजगंज पुलिस-मुठभेड़ में 2 गोतस्कर गोली लगने से घायल सहित 3 गिरफ्तार घायल आरोपियों पर गोवध, चोरी व अन्य गंभीर धाराओं में पहले से दर्ज हैं मुकदमे


 आजमगढ़ महराजगंज पुलिस-मुठभेड़ में 2 गोतस्कर गोली लगने से घायल सहित 3 गिरफ्तार



घायल आरोपियों पर गोवध, चोरी व अन्य गंभीर धाराओं में पहले से दर्ज हैं मुकदमे


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के थाना महराजगंज क्षेत्र में शुक्रवार तड़के पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो आरोपियों के पैर में गोली लगी, जबकि एक अन्य को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। तीनों पर गोवंश वध और अन्य आपराधिक मामलों में संलिप्तता का आरोप है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन और क्षेत्राधिकारी सगड़ी अनिल वर्मा के पर्यवेक्षण में 13/14 फरवरी 2026 की रात करीब 2:40 बजे महराजगंज पुलिस क्षेत्र में गश्त व चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि ग्राम अहरिगांव नहर पुलिया के पास कुछ संदिग्ध व्यक्ति किसी वारदात की तैयारी में हैं। 


पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस द्वारा आत्मसमर्पण की चेतावनी देने के बावजूद फायरिंग जारी रहने पर आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की गई। इसमें अबु जैद (23) के दाहिने पैर और अनिल नोना (21) के बाएं पैर में गोली लगी। तीसरे आरोपी अब्दुला (19) को पुलिस ने दबोच लिया। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। मौके से पुलिस ने दो देशी तमंचा (.315 बोर), दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, एक चापड़, दो चाकू, चार एंड्रॉइड मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। फील्ड यूनिट ने घटनास्थल से साक्ष्य संकलित किए हैं। पुलिस के अनुसार पूछताछ में घायल आरोपी ने बताया कि वह साथियों के साथ सुनसान स्थानों पर छुट्टा गोवंश को ले जाकर अवैध वध करते थे और मांस को ऊंचे दामों पर बेचते थे। अवशेषों को नदी-नालों में फेंककर या जमीन में गाड़कर साक्ष्य नष्ट करने का प्रयास किया जाता था। पुलिस का दावा है कि आरोपी निगरानी से बचने के लिए बार-बार स्थान बदलते थे। पुलिस ने तीनों के खिलाफ थाना महराजगंज में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।


 पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार घायल आरोपी अनिल नोना पर पहले से मारपीट, हत्या के प्रयास, चोरी और गोवध निवारण अधिनियम समेत कई धाराओं में पांच मुकदमे दर्ज हैं। अन्य दोनों आरोपियों पर भी पूर्व में गोवध निवारण अधिनियम और आर्म्स एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं। मुठभेड़ में थाना महराजगंज के प्रभारी निरीक्षक केदारनाथ मौर्य सहित कई पुलिसकर्मी शामिल रहे।