Tuesday, 3 March 2026

उन्नाव महिला दारोगा ने भाजपा विधायक पर लगाए गंभीर आरोप कहा इंसाफ न मिला तो त्याग दूंगी वर्दी, सियासी सरगर्मी तेज


 उन्नाव महिला दारोगा ने भाजपा विधायक पर लगाए गंभीर आरोप



कहा इंसाफ न मिला तो त्याग दूंगी वर्दी, सियासी सरगर्मी तेज


उत्तर प्रदेश उन्नाव, यूपी पुलिस में ‘मिशन शक्ति’ के तहत महिला सशक्तिकरण की मिसाल मानी जाने वाली उन्नाव में तैनात एक महिला सब-इंस्पेक्टर ने सिस्टम से परेशान होकर इस्तीफे की पेशकश कर दी है। बिहार थाने में तैनात एसआई रेखा दुबे द्वारा एसपी और आईजी को इस्तीफा भेजे जाने की चर्चा से महकमे में खलबली मच गई है। रेखा दुबे ने अपने इस्तीफे में आरोप लगाया है कि लखीमपुर खीरी में तैनाती के दौरान एक भाजपा विधायक और कुछ रसूखदार पुलिसकर्मियों के खिलाफ आवाज उठाने के कारण उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है। इस पूरे मामले पर उन्नाव के एसएसपी जयप्रकाश सिंह ने कहा कि प्रकरण उनके संज्ञान में है, लेकिन अब तक संबंधित महिला दरोगा की ओर से कोई औपचारिक प्रार्थना पत्र प्राप्त नहीं हुआ है और न ही वह व्यक्तिगत रूप से पेश हुई हैं।


 इस्तीफे में दर्ज आरोपों के अनुसार, 29 मार्च 2024 को जब रेखा दुबे की तैनाती लखीमपुर खीरी में थी, तब कथित तौर पर एक स्थानीय भाजपा विधायक के इशारे पर कुछ अराजकतत्वों और तत्कालीन एसपी के ड्राइवर समेत तीन पुलिसकर्मियों ने उनके किराए के आवास में घुसकर तोड़फोड़ और अभद्रता की। रेखा दुबे का आरोप है कि उनके एसआई पति और नाबालिग बेटी ने जब हस्तक्षेप किया तो उनके साथ भी मारपीट की गई। उन्होंने यह भी दावा किया कि जब वे शिकायत लेकर थाने पहुंचीं, तो वहां करीब दो सौ लोगों की भीड़ ने पुलिस की मौजूदगी में उनके परिवार पर दोबारा हमला किया। महिला दरोगा के अनुसार, राजनीतिक दबाव के चलते शुरुआत में मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। बाद में मामला सोशल मीडिया और मीडिया में उछलने पर एफआईआर दर्ज की गई, लेकिन आरोप है कि मूल तहरीर में दर्ज विधायक का नाम हटा दिया गया। उन्हें भरोसा दिलाया गया कि विवेचना के दौरान नाम जोड़ा जाएगा, लेकिन अब तक ऐसा नहीं हुआ। रेखा दुबे ने यह भी आरोप लगाया है कि उन पर और उनके पति पर समझौते के लिए लगातार दबाव बनाया गया। समझौता न करने पर दोनों का अलग-अलग जिलों में तबादला कर दिया गया और मामले की जांच ठंडे बस्ते में डाल दी गई।

झांसी देवर से अफेयर, युवक ने भाभी को चाकू से गोदा, फिर खुद ने भी दी जान 7 साल पहले लव मैरिज करके लाया था राकेश


 झांसी देवर से अफेयर, युवक ने भाभी को चाकू से गोदा, फिर खुद ने भी दी जान


7 साल पहले लव मैरिज करके लाया था राकेश



उत्तर प्रदेश के झांसी शहर के प्रेमनगर थाना क्षेत्र के नैनागढ़ इलाके में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां मौसेरे देवर ने अपनी भाभी पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के कुछ घंटों बाद आरोपी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जानकारी के अनुसार, नैनागढ़ निवासी राकेश साहू लोडिंग गाड़ी चलाने का काम करता है। शनिवार सुबह वह रोज की तरह काम पर निकल गया था। घर पर उसकी पत्नी माया (32) और पांच साल की बेटी मौजूद थीं। इसी दौरान राकेश का मौसेरा भाई महेंद्र साहू (36) पीछे के रास्ते से घर में घुस आया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उसके हाथ में चाकू था। बिना कुछ कहे उसने माया पर पेट और सीने में कई वार कर दिए। हमले में माया गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ी। बच्ची के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था। 


सूचना पर सीओ सदर रामवीर सिंह और प्रेमनगर थाना प्रभारी तुलसी राम पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घायल माया को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां देर रात तक उसकी हालत नाजुक बनी रही। घटना के कुछ घंटे बाद ही महेंद्र का शव प्रेमनगर थाने के पीछे एक गली में पेड़ से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर कब्जे में लिया। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सीओ सदर रामवीर सिंह के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि माया और महेंद्र के बीच करीब दो वर्षों से प्रेम संबंध थे। हाल के दिनों में दोनों के बीच विवाद और दूरी बढ़ गई थी। इसी से आक्रोशित होकर महेंद्र ने वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि माया मूल रूप से अहमदाबाद (गुजरात) की रहने वाली है। राकेश और महेंद्र पहले वहीं साथ में नौकरी करते थे। इसी दौरान राकेश की माया से पहचान हुई और दोनों ने प्रेम विवाह कर लिया। विवाह के बाद दंपती झांसी लौट आए। बाद में महेंद्र भी झांसी आकर उसी मोहल्ले में रहने लगा। 


पति राकेश के अनुसार, दो साल पहले महेंद्र और माया के बीच संबंध बन गए थे। माया कुछ समय के लिए महेंद्र के साथ दिल्ली भी गई, जहां उसके साथ मारपीट हुई। इसके बाद वह झांसी लौट आई और रिश्तेदारों के समझाने पर राकेश ने उसे दोबारा अपने साथ रख लिया। राकेश ने यह भी बताया कि दो दिन पहले महेंद्र ने फोन कर उसे और उसकी पत्नी को जान से मारने की धमकी दी थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। इलाके में घटना के बाद दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है।

आजमगढ़ एसएसपी डॉ. अनिल कुमार की सख्त चेतावनी, शरारत या बाधा पड़ेगी महंगी CCTV निगरानी और विशेष टीमों की तैनाती से चाक-चौबंद इंतजाम होली पर आजमगढ़ में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, हर होलिका स्थल पर बनी सुरक्षा समितियां


 आजमगढ़ एसएसपी डॉ. अनिल कुमार की सख्त चेतावनी, शरारत या बाधा पड़ेगी महंगी



CCTV निगरानी और विशेष टीमों की तैनाती से चाक-चौबंद इंतजाम


होली पर आजमगढ़ में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, हर होलिका स्थल पर बनी सुरक्षा समितियां


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि होली पर्व के मद्देनज़र जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। प्रत्येक होलिका दहन स्थल पर सुरक्षा समितियों का गठन किया गया है। 


स्थानीय प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा समुचित सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है ताकि त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हो सके। सभी प्रमुख होलिका दहन स्थलों पर CCTV कैमरों के माध्यम से निगरानी की जा रही है। साथ ही फोटो एवं वीडियो रिकॉर्डिंग की भी व्यवस्था की गई है। सिविल डिफेंस के सदस्यों और संभ्रांत पुलिस मित्र नागरिकों के सहयोग से विशेष टीमें गठित की गई हैं, जो पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखेंगी। 


पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रत्येक होलिका दहन निर्धारित समय और विधि-विधान के अनुसार ही सम्पन्न कराया जाएगा। यदि कोई शरारती तत्व समय पूर्व आग लगाने, विवाद उत्पन्न करने या किसी भी प्रकार से त्योहार में बाधा डालने का प्रयास करता है, तो उसे चिन्हित कर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने जनपदवासियों से अपील की है कि होली पर्व को आपसी सौहार्द, भाईचारे और शांति के साथ मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।