आजमगढ़ एसएसपी डॉ. अनिल कुमार की सख्त चेतावनी, शरारत या बाधा पड़ेगी महंगी
CCTV निगरानी और विशेष टीमों की तैनाती से चाक-चौबंद इंतजाम
होली पर आजमगढ़ में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, हर होलिका स्थल पर बनी सुरक्षा समितियां
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि होली पर्व के मद्देनज़र जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। प्रत्येक होलिका दहन स्थल पर सुरक्षा समितियों का गठन किया गया है।
स्थानीय प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा समुचित सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है ताकि त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हो सके। सभी प्रमुख होलिका दहन स्थलों पर CCTV कैमरों के माध्यम से निगरानी की जा रही है। साथ ही फोटो एवं वीडियो रिकॉर्डिंग की भी व्यवस्था की गई है। सिविल डिफेंस के सदस्यों और संभ्रांत पुलिस मित्र नागरिकों के सहयोग से विशेष टीमें गठित की गई हैं, जो पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखेंगी।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रत्येक होलिका दहन निर्धारित समय और विधि-विधान के अनुसार ही सम्पन्न कराया जाएगा। यदि कोई शरारती तत्व समय पूर्व आग लगाने, विवाद उत्पन्न करने या किसी भी प्रकार से त्योहार में बाधा डालने का प्रयास करता है, तो उसे चिन्हित कर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने जनपदवासियों से अपील की है कि होली पर्व को आपसी सौहार्द, भाईचारे और शांति के साथ मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

No comments:
Post a Comment